You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

देश में सीएए कब लागू होगा, मोदी सरकार के मंत्री ने क्या बताया

उन्होंने कहा कि जो लोग इस कानून का विरोध कर रहे हैं वो ऐसा राजनीतिक वजहों से ऐसा कर रहे हैं.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and चंदन शर्मा

  1. जेडीयू नेता केसी त्यागी बोले- कांग्रेस के कारण इंडिया गठबंधन टूट के कगार पर है

    जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा है कि कांग्रेस के रवैये से इंडिया गठबंधन टूट के कगार पर है.

    त्यागी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''जिस मेहनत और इरादों से नीतीश कुमार ने इसे संगठित किया था वो कांग्रेस पार्टी के अड़ियल और गैर-ज़िम्मेदाराना रवैये से तार-तार हो गया है. पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के साथ आने की संभावना बढ़ी है. वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच झगड़े की संभावना बढ़ी है. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के रवैये से अखिलेश यादव भी दुखी हैं.''

    हालांकि अब से कुछ देर पहले अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सपा-कांग्रेस के बीच यूपी में बात बनने की जानकारी दी है.

    केसी त्यागी ने कहा, ''सबसे ख़राब स्थिति पश्चिम बंगाल की है. वहां टीएमसी की सरकार गिराकर राष्ट्रपति शासन लगाने की तैयारी की जा रही है. वहां राहुल गांधी की यात्रा को इजाजत न देकर विवाद और बढ़ा दिया गया है. जो गठबंधन हमने तैयार किया था वो तार-तार हो जाता है.''

    दूसरी ओर जानकार यह भी मानते हैं कि नीतीश कांग्रेस समेत इंडिया के कई दलों में अपने लिए भरोसा नहीं जगा पाए. ऐसे में अगर उनको गठबंधन में कोई बड़ी जिम्मेदारी या पद दे दिया जाता और उसके बाद नीतीश (अगर) पाला बदल लेते तो यह पूरे विपक्ष के लिए बहुत बुरा संकट होता.

    बिहार से ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि नीतीश कुमार अपना सियासी पाला बदल सकते हैं.

    हालांकि इस बारे में औपचारिक या स्पष्ट तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है. न ही जेडीयू और बीजेपी नेताओं की तरफ से ऐसी अटकलों को ख़ारिज किया है.

  2. यूपी: अखिलेश यादव ने सपा-कांग्रेस में डील होने की बात कही, बताया सीटों का प्लान

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों पर बात बन गई है.

    अखिलेश यादव ने बताया कि कांग्रेस 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. हालांकि अभी कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    यूपी में लोकसभा की 80 सीटें हैं. सपा और कांग्रेस दोनों इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं.

    बीते दिनों अखिलेश यादव की ओर से कांग्रेस को लेकर नाराजगी भरे बयान दिए गए थे. इससे इंडिया गठबंधन में दरार पड़ने के संकेत नज़र आ रहे थे.

    अब अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ''कांग्रेस के साथ 11 मज़बूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है.''

    अखिलेश ने लिखा, ''ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा. ‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी.''

    कांग्रेस की प्रतिक्रिया आने पर खबर में जोड़ा जाएगा.

  3. तेजस्वी यादव के आवास पर आरजेडी विधायकों की बैठक, पार्टी के वरिष्ठ नेता क्या बोले?

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बिहार से बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार में जारी सियासी हलचल के मद्देनज़र सूबे के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आवास पर आरजेडी विधायकों और नेताओं की अहम बैठक शनिवार दोपहर शुरू हुई है.

    वरिष्ठ राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीक़ी बोले, ''जो होगा बैठक के बाद मीडिया से साझा करेंगे.''

    कैबिनेट मंत्री ललित यादव बोले, ''हमारे मुख्यमंत्री अभी भी नीतीश कुमार ही हैं और हमने समर्थन वापस लेने जैसी कोई बात अब तक तो नहीं की है.''

    बिहार से ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि नीतीश कुमार अपना सियासी पाला बदल सकते हैं. हालांकि इस बारे में औपचारिक या स्पष्ट तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है. न ही जेडीयू और बीजेपी नेताओं की तरफ से ऐसी अटकलों को ख़ारिज किया है.

    शुक्रवार को 26 जनवरी के कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे थे. इस कार्यक्रम में तेजस्वी यादव नहीं पहुंचे थे.

    जब नीतीश कुमार से इस बारे में पूछा गया तो वो बोले थे- जो नहीं आया है, उनसे पूछिए.

    बिहार बीजेपी में भी आज यानी शनिवार को बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में पार्टी के नेता पहुंचे हैं.

    इधर दिल्ली में चिराग पासवान ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाक़ात की है.

  4. दिल्ली में शाह, नड्डा से मिले चिराग पासवन, बोले- बिहार में का बा?

    बिहार में हो रही सियासी हलचलों के बीच दिल्ली में चिराग पासवान ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाक़ात की है.

    बिहार से ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि नीतीश कुमार अपना सियासी पाला बदल सकते हैं.

    हालांकि इस बारे में औपचारिक या स्पष्ट तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है. न ही जेडीयू और बीजेपी नेताओं की तरफ से ऐसी अटकलों को ख़ारिज किया है.

    ऐसे में जब शनिवार को चिराग पासवान शाह और नड्डा से मिलने पहुंचे तो पत्रकारों ने उनसे सवाल किया.

    चिराग पासवान ने पत्रकारों से कहा, ''देखिए हम सब जानना चाह रहे हैं कि बिहार में का बा? थोड़ी देर में पता चल जाएगा. कुछ वक़्त की बात है.''

    शुक्रवार को भी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने कहा था, ''बदलती परिस्थितियों पर हमने नज़र रखी हुई है. कयास बहुत लगाए जा रहे हैं. ऐसे में किसी सवाल का जवाब देना अभी सही नहीं होगा. एक बार स्थिति साफ हो जाए गठबंधन, नई पुरानी सरकारों को लेकर, उसके बाद ही हम अपनी पार्टी का रुख साफ करेंगे.''

    चिराग बोले थे, ''मौजूदा हालात में 40 की 40 सीटें बिहार में एनडीए जीत सकती है. मुझे नहीं पता कि ऐसे हालात में नीतीश जी गठबंधन का हिस्सा बनते हैं या नहीं. काफी अलग तरह की जानकारियां, अफवाहें, संभावनाएं तैयार हो रही हैं. कुछ वक्त की बात है, उसके बाद तस्वीर साफ हो जाएगी.''

    चंदन जजवाड़े

    बीबीसी संवाददाता

    असल में बिहार में अगर नीतीश कुमार एनडीए में आते हैं तो उनकी मांग पिछले लोकसभा चुनाव की तरह 17 सीटों की हो सकती है. इतनी ही सीटों पर बीजेपी भी लड़ी थी जबकि एलजेपी को 6 सीटें दी गयी थीं.

    इस बार बिहार की 40 सीटों में एचयूएम के जीतनराम मांझी, आरएलजेडी के उपेंद्र कुशवाहा और राष्ट्रीय लोक जन शक्ति पार्टी यानी पशुपति कुमार पारस को भी सीट देनी है.

    छोटे दलों की यह चिंता भी हो सकती है कि नीतीश की वापसी की उनको कितनी कीमत चुकानी पड़ेगी.

    पशुपति पारस ख़ुद को असली एलजेपी बताते हैं और बँटवारे के बाद 6 में से 5 सांसद उनके साथ हैं, जबकि चिराग पासवान भी 6 सीट मांगते रहे हैं.

    2014 के चुनाव में कुशवाहा को 3 सीटें BJP ने दी थी. मांझी भी एक से ज़्यादा सीट का दावा करते रहे हैं.

  5. रणजी ट्रॉफी: तन्मय अग्रवाल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बनाया नया रिकॉर्ड

    फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट में तन्मय अग्रवाल ने 147 बॉल में तिहरा शतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया. तन्मय ने नाबाद 323 रन बनाए.

    ये अब तक का सबसे तेज तिहरा शतक है. इस दौरान तन्मय ने 33 चौके और 21 छक्के लगाए.

    उन्होंने रणजी ट्रॉफी में सबसे तेज दोहरे शतक के रवि शास्त्री के भी एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया.

    रवि शास्त्री ने 123 बॉल में ये रिकॉर्ड बनाया था जबकि तन्मय ने 119 में ये ऐसा कर दिया.

    हैदराबाद के लिए खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ उन्होंने ये रिकॉर्ड बनाया.

  6. बिहार: आरजेडी सांसद मनोज झा बोले- निश्चित तौर पर ये काम तो मुख्यमंत्री जी का ही है

    राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोज झा ने बिहार में नीतीश कुमार के एक बार फिर बीजेपी के साथ जाने की अटकलों पर मीडिया में आ रही ख़बरों पर सफाई मांगी है.

    मनोज झा ने पूछा, ''मीडिया में आ रही ख़बरों पर स्पष्टीकरण जारी करने का दायित्व किसका है?''

    नीतीश कुमार की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि आख़िर गठबंधन का नेता आखिर कौन है?

    उन्होंने कहा, ''आरजेडी के बारे में कहीं ये नहीं सुना जा रहा है कि वो पाला बदलने की तैयारी कर रही है. इसलिए मैं ये कह रहा हूं कि संकट के ये बादल जो बनाए जा रहे हैं या दिखाए जा रहे हैं उसका निराकरण कौन करेगा? निश्चित तौर पर ये काम तो माननीय मुख्यमंत्री जी का ही है.''

    मीडिया में नीतीश कुमार के बीजेपी से गठबंधन की कोशिश की ख़बरों के बाद मनोज झा ने शुक्रवार को भी कहा था कि नीतीश कुमार को असमंजस की स्थिति को खत्म करने की कोशिश करनी चाहिए.

    दरअसल कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में नीतीश कुमार की ओर से वंशवादी टिप्पणी करने के बाद भी मीडिया में ये ख़बरें आने लगी थीं कि नीतीश कुमार अपने पुराने गठबंधन के सहयोगी बीजेपी के साथ जाना चाहते हैं.

    हालांकि इस बारे में औपचारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है. न ही ऐसे दावों को जेडीयू की तरफ से पूरी तरह से ख़ारिज किया गया है.

  7. बिहार के बाद दिल्ली में सियासी अटकल? सीएम केजरीवाल ने किया ये दावा

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बीजेपी पर नया आरोप लगाया है.

    केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''पिछले दिनों इन्होंने हमारे दिल्ली के सात विधायकों को संपर्क कर कहा है- कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लेंगे. उसके बाद विधायकों को तोड़ेंगे. 21 विधायकों से बात हो गई है, औरों से भी बात कर रहे हैं. उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे. आप भी आ जाओ. 25 करोड़ रुपये देंगे और बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे.''

    केजरीवाल बीजेपी पर आरोप लगाते हुए लिखते हैं- ''उनका दावा है कि उन्होंने 21 विधायकों से संपर्क किया है लेकिन हमारी जानकारी के मुताबिक़ उन्होंने अभी तक सात विधायकों से ही संपर्क किया है और सबने मना कर दिया.''

    बीते दिनों ईडी ने केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था. केजरीवाल ईडी के किसी समन पर पूछताछ के लिए हाज़िर नहीं हुए थे.

    ये पूछताछ कथित शराब घोटाले में होनी है. तब केजरीवाल ने कहा था कि लोकसभा चुनाव प्रचार से रोकने के लिए बीजेपी गिरफ्तार करवाना चाहती है.

    केजरीवाल अब इस बारे में लिखते हैं, ''इसका मतलब किसी शराब घोटाले की जाँच के लिए मुझे गिरफ़्तार नहीं किया जा रहा बल्कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं. पिछले नौ सालों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए, लेकिन इन्हें कोई सफलता नहीं मिली.''

    केजरीवाल बोले- भगवान ने और जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया, हमारे सभी विधायक भी मज़बूती से साथ हैं. इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे.

    बीजेपी केजरीवाल के किए दावों को ख़ारिज करती रही है.

    बीजेपी का कहना है कि केजरीवाल ईडी के सामने पेश नहीं हो रहे क्योंकि दाल में कुछ काला है.

  8. बिहार: नीतीश कुमार के पाला बदलने की अटकलों के बीच आरजेडी ने जताई ये उम्मीद

    बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बार फिर से बीजेपी के साथ जाने की अटकलों के बीच सरकार में उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल ने कहा है कि मुख्यमंत्री को मौजूदा राजनीतिक सरगर्मियों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.

    राष्ट्रीय जनता दल के नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, ''तमाम अटकलबाजियों के बावजूद हमारा मानना है कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की सरकार स्थिर है और इसे कोई ख़तरा नहीं है. ये सरकार बिहार के लिए काम करती रहेगी.''

    इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और पार्टी के राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने कहा था कि नीतीश कुमार को असमंजस की स्थिति खत्म करनी चाहिए.

    बिहार में नीतीश कुमार के महागठबंधन से अलग होने की अटकलें तेज़ होने के बाद ही वहां बयानबाज़ी का सिलसिला शुरू हो गया है.

    गणतंत्र दिवस के मौके पर राजभवन में आयोजित कार्यक्रम (हाई टी) के दौरान उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के नाम की कुर्सी खाली दिखने के बाद इन अटकलों को और बल मिला.

    यहां तक कि इस दौरान तेजस्वी के नाम की पर्ची भी वहां से हटा दी गई और उस कुर्सी पर अशोक चौधरी बैठ गए. राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के नेता भी शामिल नहीं हुए.

  9. भारत-इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट : 436 रनों पर सिमटी टीम इंडिया, पहली पारी में 190 रनों की बढ़त

    भारत और इंग्लैंड के बीच हैदराबाद टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत ने 436 रन बना लिए हैं.

    रवींद्र जडेजा, के एल राहुल और यशस्वी जायसवाल की हाफ सेंचुरी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड पर 190 रन की बढ़त बना ली है.

    यशस्वी राहुल और राहुल के सेंचुरी से चूकने के बाद जडेजा भी अपना शतक पूरा नहीं कर पाए. उन्हें जो रूट ने 87 रन पर आउट कर दिया.

    भारत की पारी 436 रन बना कर खत्म हुई. मोहम्मद सिराज नाबाद रहे. हालांकि उन्होंने वो खाता नहीं खोल पाए थे. इससे पहले इंग्लैंड की टीम 246 रन बना कर आउट हो गई थी.

    भारत और इंग्लैंड के बीच हैदराबाद में 5 मैच की सीरीज का पहला टेस्ट खेला जा रहा है.

  10. मराठा आरक्षण: मनोज जरांगे पाटिल ने खत्म की भूख हड़ताल

    महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन करने वाले मनोज जरांगे पाटिल ने अपनी भूख हड़ताल ख़त्म कर दी है.

    महाराष्ट्र सरकार के उनकी मांगें मान लेने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उन्हें जूस का गिलास दिया, जिसके बाद जरांगे ने अपनी भूख हड़ताल ख़त्म की.

    एकनाथ शिंदे की महायुति सरकार ने मराठा आरक्षण के मामले में मनोज जरांगे की सभी मांगों को मंजूर कर लिया है और इस संबंध में एक अध्यादेश भी जारी किया है.

    शुक्रवार आधी रात को राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने वाशी में जरांगे से मुलाक़ात की जिसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इसमें ये घोषणा की गई कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनकी भूख हड़ताल ख़त्म करने के लिए वाशी आएंगे.

    मराठा आरक्षण की मांग को लेकर जरांगे ने 26 जनवरी से मुंबई के आज़ाद मैदान पर अनिश्चितकाल के लिए भूख हड़ताल शुरू करने का एलान किया था.

    मुंबई पुलिस ने उन्हें मुंबई के आज़ाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठने की इजाज़त देने से इनकार कर दिया था लेकिन इसके बावजूद जरांगे अपने हज़ारों समर्थकों के साथ मुंबई पहुंच गए.

    वो शुक्रवार को मुंबई पहुंचे और दोपहर 3.15 बजे उन्होंने अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा था कि सरकार ने एक सूची दी है जो उन लोगों की है जिन्हें प्रमाण पत्र जारी किया गया है.

  11. बिहार में तेज राजनीतिक हलचल के बीच बीजेपी ने बुलाई बैठक

    बिहार में जारी राजनीतिक सरगर्मियों के बीच बीजेपी ने अपने सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई है.

    बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ बिहार बीजेपी के प्रमुख सम्राट चौधरी ने कहा है कि बैठक लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीतियों पर चर्चा होगी. हालांकि बैठक कब होगी ये नहीं बताया गया है.

    सम्राट चौधरी से जब ये पूछा गया है कि क्या बीजेपी नीतीश कुमार के साथ एक और पारी खेलने जा रही है तो उन्होंने कहा,''अभी तक हमारे स्तर पर इस संबंध में कोई चर्चा नहीं हुई है.''

    राज्य में बीजेपी के नेताओं ने शुक्रवार को नीतीश कुमार के पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के संकेत दिए थे. बिहार के वरिष्ठ बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा था कि राजनीति में कोई भी दरवाजा हमेशा के लिए बंद नहीं होता.

    जरूरत पड़ने पर दरवाजा खोला जा सकता है. इस बीच, कांग्रेस नेता शकील अहमद ने पार्टी और मौजूदा और पूर्व विधायकों की शनिवार को बैठक बुलाई है.

    बैठक दोपहर दो बजे पूर्णिया में होगी. उन्होंने कहा कि पूर्णिया में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में ये बैठक बुलाई गई है.

  12. मराठा आरक्षण: मनोज जरांगे आज ख़त्म करेंगे भूख हड़ताल

    महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन करने वाले मनोज जरांगे पाटिल आज अपनी भूख हड़ताल खत्म करने जा रहे हैं.

    सरकार की ओर से उनकी मांग मान लिए जाने के बाद वो मुख्यंत्री एकनाथ शिंदे के सामने नवी मुंबई में अपनी भूख हड़ताल खत्म करेंगे.

    एकनाथ शिंदे की महायुति सरकार ने मराठा आरक्षण के मामले में मनोज जरांगे की सभी मांगों को मंजूर कर लिया है और इस संबंध में एक अध्यादेश भी जारी किया है.

    शुक्रवार आधी रात को राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने वाशी में जरांगे से मुलाक़ात की जिसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इसमें ये घोषणा की गई कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनकी भूख हड़ताल ख़त्म करने के लिए वाशी आएंगे.

    मराठा आरक्षण की मांग को लेकर जरांगे ने 26 जनवरी से मुंबई के आज़ाद मैदान पर अनिश्चितकाल के लिए भूख हड़ताल शुरू करने का एलान किया था.

    मुंबई पुलिस ने उन्हें मुंबई के आज़ाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठने की इजाज़त देने से इनकार कर दिया था लेकिन इसके बावजूद जरांगे अपने हज़ारों समर्थकों के साथ मुंबई पहुंच गए.

    वो शुक्रवार को मुंबई पहुंचे और दोपहर 3.15 बजे उन्होंने अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा था कि सरकार ने एक सूची दी है जो उन लोगों की है जिन्हें प्रमाण पत्र जारी किया गया है.

    जरांगे ने मांग की कि "जिन 54 लाख लोगों के रिकॉर्ड मिले हैं उन्हें कुनबी उप-जाति का प्रमाणपत्र दिया जाए. जिनके पास रिकॉर्ड नहीं हैं उन्हें एक शपथपत्र लिख कर दें कि ये दस्तावेज़ हमारे परिजन के हैं. लिहाज़ा हमें भी प्रमाणपत्र मिलने चाहिए."

  13. ग़ज़ा में जंग को लेकर इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस ने इसराइल से क्या कहा?

    इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस ने अपने फै़सले में इसराइल से कहा है कि वो आम फ़लस्तीनियों को हो रहे किसी भी तरह के नुक़सान को रोकने के लिए कदम उठाए.

    साउथ अफ्रीका ने इसराइल पर जनसंहार का आरोप लगाया था. इस मामले को वो नीदरलैंड के हेग स्थित आईसीजे में ले कर गया था, जिसके बाद क़रीब दो हफ्ते पहले दोनों देशों ने कोर्ट के सामने अपना-अपना पक्ष रखा था.

  14. हूती विद्रोहियों का अदन की खाड़ी में एक और हमला, मिसाइलों की मार से जहाज में लगी आग

    अदन की खाड़ी में एक समुद्री मार्ग पर हूती विद्रोहियों के हमले से एक तेल टैंकर में आग लग गई है.

    हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने तेल टैंकर शिप मर्लिन लुआंडा पर मिसाइलों से हमला किया है.

    जहाज के ऑपरेटर ट्रैफिगरा ने बीबीसी को बताया कि मिसाइल हमले में शिप के कार्गो टैंक में आग लग गई है. आग बुझाने की कोशिश जारी है.

    अमेरिकी अधिकारियों ने बीबीसी के पार्टनर सीबीएस को बताया कि टैंकर पर एंटी शिप बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया गया था. हालांकि जहाज की ओर से भेजे गए संकेत के बाद भेजे गए संदेश के बाद उधर से जवाब मिलने लगा है.

    लाल सागर के इर्द-गिर्द व्यापारिक जहाजों पर हूती विद्रोहियों का किया गया ये ताजा हमला है.

    ईरान और हमास समर्थक हूती विद्रोही पिछले कुछ समय से लाल सागर और इसके आसपास के इलाकों में व्यापारिक जहाजों पर मिसाइल बरसा रहा है.

    ये समुद्री मार्ग यूरोप औैर अमेरिका को सप्लाई के अहम रास्ते के तौर पर इस्तेमाल होता है. अमेरिका ने इन हमलों के जवाब में हमले किए हैं और चेतावनी दी है कि अगर हूती विद्रोहियों ने कार्रवाई नहीं रोकी तो और बड़े हमले होंगे.

  15. ज्ञानवापी मस्जिद मामला: एएसआई का सर्वे सिर्फ़ रिपोर्ट, फै़सला नहीं - मस्जिद कमेटी

    वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे पर भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (एएसआई) की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद मस्जिद कमेटी ने ये कहा है कि ये रिपोर्ट है फैसला नहीं.

    हिंदू पक्ष के वकीलों ने दावा किया है कि रिपोर्ट में कहा गया है कि मस्जिद परिसर में पहले से मंदिर था. मस्जिद इसी के अवशेषों पर बनाया गया है.

    मस्जिद का प्रबंधन देखने वाली अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी ने कहा है कि वो सर्वे रिपोर्ट का अध्ययन कर रही है और इसके बाद ही कोई टिप्पणी करेगी.

    कमेटी के सचिव मोहम्मद यासीन ने समाचार एजेंसी पीटीआई से एएसआई के सर्वे पर कहा, ''ये महज एक रिपोर्ट है फै़सला नहीं. कई तरह की रिपोर्टें होती हैं. ये इस मामले पर कहा गया आख़िरी फ़ैसला नहीं है.''

    उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट पूजास्थल (विशेष प्रावधान) क़ानून 1991 से जुड़े मामले पर सुनवाई करेगा तो मस्जिद कमेटी अपना पक्ष रखेगी.

    वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में सर्वे करने वाले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई ने कहा है कि मौजूदा ढाँचे के निर्माण से पहले वहाँ एक हिंदू मंदिर था.

    वाराणसी ज़िला अदालत ने पिछले साल जुलाई में एएसआई को मस्जिद परिसर का सर्वे करने का निर्देश दिया था.

    अब सार्वजनिक की गई एएसआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि चार महीने के अपने सर्वे में "वैज्ञानिक अध्ययन/सर्वेक्षण, वास्तुशिल्प अवशेषों, विशेषताओं, कलाकृतियों, शिलालेखों, कला और मूर्तियों के अध्ययन के आधार पर यह आसानी से कहा जा सकता है कि मौजूदा संरचना के निर्माण से पहले यहाँ एक हिंदू मंदिर मौजूद था."

  16. डोनल्ड ट्रंप को यौन उत्पीड़न से जुड़े मानहानि केस में देना होगा 8.33 करोड़ डॉलर का हर्जाना, क्या है पूरा मामला

    अमेरिका की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को लेखिका ई जीन कैरल की मानहानि के मुकदमे में 8.33 करोड़ डॉलर का हर्जाना देने को कहा गया है.

    उन पर राष्ट्रपति रहते कैरल की मानहानि करने का आरोप था. ज्यूरी ने इस मानहानि मामले में फै़सला सुनाते हुए कहा है कि उन्हें कैरल को भावानात्मक तौर पर चोट पहुंचाने और उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए हर्जाने के तौर पर 1.83 करोड़ डॉलर देने होंगे.

    इसके अलावा 6.50 करोड़ डॉलर दंड के तौर पर देने होंगे.

    कैरल ने फै़सले के बाद कहा कि यह हर उस 'बुली' के लिए बड़ी हार है जो महिलाओं को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं.

    वहीं ट्रंप ने फै़सले को 'बिल्कुल हास्यास्पद' करार दिया है.

    शुक्रवार को मुकदमे की कार्रवाई के दौरान ट्रंप कोर्ट में मौजूद थे, लेकिन फै़सला सुनाए जाने के वक़्त वो वहां नहीं थे.

    इससे पहले के सिविल फ्रॉड केस में एक ज्यूरी ने पाया था कि कैरल का यौन उत्पीड़न हुआ था.

    लेकिन ये केस कैरल के बारे में 2019 में की गई ट्रंप की टिप्पणियों से जुड़ा था. सोशल मीडिया पर उन्होंने लगातार कैरल को निशाना बनाया था.

  17. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    26 जनवरी, 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.