हेमंत सोरेन से ईडी ने 7 घंटे तक पूछताछ की, सीएम ने कहा- हमारी सरकार गाजर मूली नहीं

शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी ने सात घंटे तक पूछताछ की.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा

  1. चीन के हेनान प्रांत में बच्चों के स्कूल में लगी आग से 13 लोगों की मौत

    स्कूल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मध्य चीन के हेनान प्रांत के एक स्कूल की डोरमेट्री में लगी आग से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है.

    वहीं एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनकी हालत फ़िलहाल स्थिर बताई जा रही है.

    चीन के सरकारी समाचार संस्थान शिन्हुआ ने बताया कि शुक्रवार रात हेनान प्रांत के एक गांव स्थित छोटे बच्चों के एक स्कूल में यह घटना हुई.

    अंग्रेज़ी दैनिक ‘चाइना डेली’ के अनुसार, निजी संस्था द्वारा संचालित यह स्कूल नर्सरी और प्राइमरी कक्षा के बच्चों के लिए है.

    इस स्कूल के मैनेजर को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

    आधिकारिक माध्यमों से अभी तक इस इस अग्निकांड में मारे गए लोगों की पहचान उजागर नहीं हो पाई है, न ही आग लगने के कारणों का पता लग पाया है.

    शिन्हुआ के अनुसार, अग्निशमन दल को सूचना दिए जाने के एक घंटे के भीतर ही आग बुझा दी गई.

    चीन में अक्सर आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. बीते 26 नवंबर को भी शांक्सी प्रांत के लुलियांग शहर के एक दफ़्तर में लगी आग में 26 लोग मारे गए थे.

  2. एक दूसरे पर हमले के बाद बहाल हुए ईरान-पाकिस्तान के राजनयिक रिश्ते

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, EPA

    पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवार-उल-हक़ काकड़ के दफ़्तर ने बताया है कि पाकिस्तान और ईरान के राजनयिक संबंध एक बार फिर बहाल हो गए हैं.

    उम्मीद है कि जल्द ही दोनों देशों के राजदूत अपने पद पर वापस लौट आएंगे. हालांकि इस बारे में अभी तक ईरान की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    दोनों देशों के एक दूसरे के इलाक़ों में मौजूद कथित चरमपंथी ठिकानों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद दोनों ने अपने-अपने राजनयिकों को वापस बुला लिया था.

    ईरान ने मंगलवार को बलूचिस्तान प्रांत में हमले किए, जिसके बारे में पाकिस्तान ने बताया था कि हमले में दो लोगों की मौत हो गई.

    उसके बाद पाकिस्तान ने गुरुवार को ईरान पर हमले किए. ईरान ने बताया कि इन हमलों में नौ लोग मारे गए.

    इससे पहले शुक्रवार को दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की फोन पर हुई बातचीत में पाकिस्तान ने ईरान के साथ सभी मसलों पर काम करने की मंशा जाहिर की थी.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, "विदेश मंत्री जलील अब्बास जिलानी ने आपसी विश्वास और सहयोग की भावना के आधार पर ईरान के साथ सभी मसलों पर काम करने की पाकिस्तान की इच्छा व्यक्त की."

    "वे हालात को नरम बनाने पर भी सहमत हुए. दोनों देशों के राजदूतों की एक दूसरे की राजधानियों में वापस बुलाने पर चर्चा की गई."

  3. असम में राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, जोरहाट से, बीबीसी हिंदी के लिए
    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, AICC

    असम में राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' और इसके मुख्य आयोजक केबी बायजू के ख़िलाफ़ एक एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    जोरहाट के पुलिस अधीक्षक मोहन लाल मीणा ने एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि करते हुए बीबीसी से कहा," रूट बदलने को लेकर नियमों का उल्लंघन हुआ है, इसलिए एक मामला दर्ज किया गया है."

    असम पुलिस के अनुसार, यह एफ़आईआर 18 जनवरी को जोरहाट शहर के अंदर इस यात्रा के राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत रास्ते से भटकने के आरोप में दर्ज की गई है.

    जोरहाट में तैनात एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि यह यात्रा शहर के केबी रोड की ओर जाने के बजाय एक अलग मार्ग पर चली गई.

    पुलिस अधिकारी के अनुसार रूट बदलने से लोगों की अचानक भीड़ के कारण वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. ऐसे में निर्धारित नियमों के उल्लंघन के कारण यात्रा के मुख्य आयोजक के ख़िलाफ़ स्वत: संज्ञान लेते हुए जोरहाट सदर पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है.

    इस एफ़आईआर का जवाब देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मीडिया के समक्ष कहा, "मार्ग से जुड़े दिशा-निर्देशों का कोई उल्लंघन नहीं हुआ है और न ही कोई नियम तोड़ा गया है. असम के मुख्यमंत्री पूरा प्रयास कर रहे हैं ताकि लोग यात्रा में शामिल होने न आएं. राहुल जी से न मिल पाएं. लेकिन हमारी इस यात्रा को कोई नहीं रोक पाएगा."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इस बीच शनिवार को सातवें दिन भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम के लखीमपुर से फिर शुरू हो गई है.

    मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू हुई 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' असम के 17 जिलों से होते हुए क़रीब 833 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. इस यात्रा का समापन 20 मार्च को मुंबई में होगा.

  4. वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद के सील वज़ूख़ाने की शुरू हुई सफ़ाई

      • Author, उत्पल पाठक, वाराणसी से
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
    वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर

    इमेज स्रोत, ANI

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ज्ञानवापी मस्जिद के सील वज़ूख़ाने की सफ़ाई ज़िलाधिकारी एस राजलिंगम की देखरेख में शनिवार की सुबह नौ बजे शुरू हो गई है.

    सफ़ाई के दौरान वज़ूख़ाने से मरी हुई मछलियों को बाहर निकाला जाएगा. वहीं ज़िंदा मछलियों को अंजुमन इंतेज़ामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन को सौंप दिया जाएगा.

    वज़ूखाने की सफ़ाई के लिए नगर निगम के 26 सफ़ाईकर्मियों की टीम परिसर में प्रवेश कर चुकी है. यह टीम मजिस्ट्रेट की निगरानी में वज़ूखाने की सफ़ाई करेगी.

    ज़िला प्रशासन का कहना है कि वज़ूखाने की सफ़ाई का काम दो से ढाई घंटे में पूरा कर लिया जाएगा. सबसे पहले पंप लगाकर वज़ूखाने का पूरा पानी निकाला जाएगा. उसकी काई और गंदगी साफ़ कर उसमें चूने का छिड़काव किया जाएगा.

    सफ़ाई कार्य के दौरान सील वज़ूखाने में शिवलिंग जैसी आकृति (हिंदू पक्ष के दावे के अनुसार) को कोई नुकसान न पहुंचे और किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा.

    सील वज़ूखाने की सफ़ाई के दौरान मां शृंगार गौरी केस के वादी पक्ष और मसाजिद कमेटी के दो-दो प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.

    काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार के बाहर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के मद्देनज़र स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है.

  5. जापान ने चांद पर स्पेसक्राफ्ट की साॅफ्ट लैंडिंग की पुष्टि की, ऐसा करने वाला दुनिया का पांचवां देश

    स्पेसक्राफ्ट की साॅफ्ट लैंडिंग की पुष्टि करते जाक्सा के अधिकारी.

    इमेज स्रोत, JAXA

    इमेज कैप्शन, स्पेसक्राफ्ट की साॅफ्ट लैंडिंग की पुष्टि करते जाक्सा के अधिकारी.

    जापान की अंतरिक्ष एजेंसी ने चांद की सतह पर अपने अंतरिक्ष यान की ‘न्यूनतम सफलता’ और 'साॅफ्ट लैंडिंग' की पुष्टि कर दी है.

    जापान की अंतरिक्ष एजेसी जाक्सा ने इस मिशन को ‘बड़ा मील का पत्थर’ और अंतरिक्ष के भावी खोजी अभियान के लिए बड़ा क़दम क़रार दिया है.

    जाक्सा के अध्यक्ष हिरोशी यामाकावा ने लैंडिंग को सफल बताते हुए कहा है कि स्पेसक्राफ्ट से संवाद हो पा रहा है. उन्होंने चांद की सतह पर लैंड करने और कम्युनिकेशन होने को मिशन की ‘न्यूनतम सफलता’ बताया है.

    उन्होंने कहा कि वे कोई और निष्कर्ष निकालने के लिए आंकड़ों का आकलन करेंगे.

    उन्होंने कहा, ‘‘हमें चंद्रमा की सतह तक पहुंचने में सक्षम बनने के लिए विभिन्न देशों के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग चाहिए होगा, जो पहले से ही चल रहा है.’’

    उनका कहना है कि सटीक लैंडिंग सफल रही लेकिन एजेंसी को इसका विश्लेषण करने के लिए लगभग एक महीने का समय चाहिए.

    हिरोशी यामाकावा ने ये भी कहा कि जापान चंद्रमा पर और ऐसे यान भेजेगा. हमारी योजना मंगल ग्रह पर भी जाने की है.

    जाक्सा के अध्यक्ष हिरोशी यामाकावा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जाक्सा के अध्यक्ष हिरोशी यामाकावा

    बाद में जाक्सा के तीन अधिकारियों ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया जिसमें पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए गए.

    जैक्सा के अधिकारी हितोशी कुनिनका ने बताया कि बिजली बचाने के लिए अंतरिक्ष यान के कुछ सिस्टम बंद कर दिए गए हैं, क्योंकि ये इस समय पूरी तरह से बैटरी पर निर्भर है.

    उन्होंने ये भी कहा कि बैटरी के कई घंटों तक चलने की संभावना है और जाक्सा की टीम सौर जनरेटर शुरू करने की हरसंभव कोशिश कर रही है.

    उन्होंने कहा कि यह मिशन पूरी तरह सफल तभी करार दिया जाएगा, जब स्पेसक्राफ्ट तय लक्ष्य के 100 मीटर के दायरे में लैंड होगा. हालांकि इसे कंफर्म होने में एक महीने तक का समय लग सकता है.

    अमेरिका, पूर्व सोवियत यूनियन, चीन और भारत के बाद जापान पांचवां देश है जो चांद की सतह पर पहुंचा है. भारत ने पिछले साल ही चंद्रयान को सफलतापूर्वक चंद्रमा की सतह पर भेजा था.

    नासा के पूर्व वैज्ञानिक डॉ एमा गाटी ने इस प्रयास को अभूतपूर्व बताया.

  6. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने दिया इस्तीफ़ा, कहा- ‘काम करना संभव नहीं’

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अंतरिम अध्यक्ष ज़का अशरफ़ ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    ज़का अशरफ़ ने शुक्रवार को लाहौर में पीसीबी की प्रबंध समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के दौरान अपने इस्तीफ़े का एलान किया.

    पीसीबी की प्रबंध समिति की बैठक के दौरान ज़का अशरफ़ ने छोटे से कार्यकाल में अपना समर्थन करने के लिए पीसीबी के सदस्यों और इसके संरक्षक कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवार-उल हक़ काकड़ का भी शुक्रिया अदा किया.

    इस बैठक के अंत में अशरफ़ ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफ़ा पीसीबी के संरक्षक प्रधानमंत्री को सौंपने का फ़ैसला किया.

    बाद में पाकिस्तान के प्रमुख चैनल जियो न्यूज़ ने बताया कि अशरफ़ ने कहा, ‘‘मैं क्रिकेट की बेहतरी के लिए काम कर रहा था लेकिन अब हमारे लिए इस तरह से काम करना संभव नहीं है. अब ये पीएम पर निर्भर करता है कि वे किसे नाॅमिनेट करते हैं.’’

    पिछले साल जुलाई में उन्होंने नजम सेठी से पीसीबी के अंतरिम चेयरमैन की ज़िम्मेदारी ली थी. उन्हें चार महीने के लिए अंतरिम चेयरमैन बनाया गया था, जिसे बाद में प्रधानमंत्री ने तीन महीने के लिए बढ़ा दिया था.

    पिछले कुछ सालों में पीसीबी प्रमुख के पद पर कई बदलाव हुए हैं. 2021 में रमीज़ राजा चेयरमैन बने थे. उसके बाद नजम सेठी को इसका दायित्व सौंपा गया और फिर ज़का अशरफ़ को. लेकिन इनमें से कोई भी एक साल से ज़्यादा अपने पद पर नहीं रह सके.

    ज़का अशरफ़ के छोटे कार्यकाल के दौरान पाकिस्तानी क्रिकेट टीम कोई उपलब्धि हासिल करने में नाकाम रही है.

  7. गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन में जयशंकर ने इसराइल-फ़लस्तीन मुद्दे पर क्या कहा

    जयशंकर

    इमेज स्रोत, Reuters

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि ग़ज़ा में हिंसा का ‘स्थायी हल’ ढूंढने की आवश्यकता है. उन्होंने इसके लिए दो राष्ट्र के विकल्प पर विचार करने की अपील की.

    एस जयशंकर शुक्रवार को युगांडा की राजधानी कंपाला में गुटनिरपेक्ष आंदोलन के शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.

    उनका ये बयान 19वें गुटनिरपेक्ष आंदोलन के शिखर सम्मेलन के दौरान ग़ज़ा पट्टी पर इसराइली हमलों की आलोचना करने की पृष्ठभूमि में आया है.

    भारतीय विदेश मंत्री ने पश्चिम एशिया में जारी हिंसा की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इसे इलाक़े के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने की कोशिश होनी चाहिए.

    उन्होंने कहा, ‘‘अभी ग़ज़ा में जारी लड़ाई हमारे लिए सबसे ऊपर है. इस मानवीय संकट को दूर करने के लिए एक स्थायी हल की ज़रूरत है, जो सबसे ज़्यादा प्रभावित लोगों को तुरंत राहत दे. यह भी साफ़ होना चाहिए कि आतंकवाद और किसी को बंधक बनाने जैसी घटना अस्वीकार्य है.’’

    उन्होंने यूक्रेन संकट का भी ज़िक्र करते हुए कहा कि आधुनिक संघर्ष ‘दुनिया में कहीं भी हो, उसका असर हर जगह’ होता है.

    उन्होंने कहा, ‘‘गुटनिरपेक्ष आंदोलन अब अपने सातवें दशक में प्रवेश कर चुका है. इस दौरान यह दुनिया बदल गई और हमारी क्षमताएं और आत्मविश्वास भी बदल गया है."

    "हमें अपना हक़ मांगने और अपनी मांगों पर ज़ोर देने के मामले में और अधिक हिम्मती होने की ज़रूरत है. हम जितना अधिक साझेदारी, सहयोग और एक-दूसरे को मज़बूत करेंगे, हम उतना ही अधिक इस दुनिया को बदल सकते हैं.’’

    जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र संघ में सुधार की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया.

  8. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    19 जनवरी, 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.