IND vs AFG T20: दो सुपर ओवर बाद भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को हरा कर 3-0 से किया क्लीन स्वीप

बुधवार को बेंगलुरु में खेले गए टी20 सिरीज के तीसरे मैच में भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में 10 रनों से हरा कर सिरीज़ पर 3-0 से कब्ज़ा कर लिया.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and चंदन शर्मा

  1. मणिपुर: सुरक्षा बलों की संदिग्ध चरमपंथियों से गोलीबारी, एक आईआरबी कमांडो की मौत

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए
    मणिपुर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मणिपुर के टेंगनौपाल ज़िले के सीमावर्ती शहर मोरेह में बुधवार की सुबह संदिग्ध कुकी चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई गोलीबारी में आईआरबी के एक कमांडो की मौत हो गई.

    इस घटना की पुष्टि करते हुए टेंगनौपाल ज़िले के पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता ने बीबीसी से कहा, "इस गोलीबारी की घटना में पुलिस के एक जवान की मौत हुई है. हमारी टीम चरमपंथियों की तलाश में जुटी है."

    इस घटना में मारे गए जवान की पहचान राज्य पुलिस कमांडो से जुड़े आईआरबी जवान वांगखेम सोमरजीत के रूप में की गई है. वे इंफाल पश्चिम जिले के मालोम के रहने वाले थे.

    पुलिस की एक जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों की चरमपंथियों के साथ बुधवार की सुबह मोरेह शहर के तीन अलग-अलग जगहों पर गोलीबारी हुई. इन संदिग्ध चरमपंथियों ने मोरेह के पास सुरक्षाबलों की एक चौकी पर बम फेंके और गोलीबारी की जिसमें पुलिस कमांडो की मौत हो गई. जबकि एक और कमांडो जख्मी हुए है..

    फिलहाल मोरेह शहर में पूरी तरह कर्फ्यू लगा दिया गया है. मोरेह शहर के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उनके शहर की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है. अकसर आसपास के इलाकों में गोलीबारी की आवाज सुनाई देती है.

    उन्होंने बुधवार की सुबह भी काफी समय तक फायरिंग की आवाजें सुनी.

    दरअसल मणिपुर पुलिस की स्पेशल कमांडो टीम ने सोमवार की शाम एक मुठभेड़ के बाद दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा था.

    पुलिस का दावा है कि ये दोनों लोग मोरेह शहर के एसडीपीओ रहे चिंगथम आनंद कुमार की हत्या में शामिल है. एसडीपीओ आनंद कुमार की पिछले साल अक्टूबर में संदिग्ध चरमपंथियों ने हत्या कर दी थी.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों लोग कुकी-ज़ो जनजाति से है.इससे पहले कुकी-ज़ो जनजाति की महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया था. इलाके में हिंसा की संभावना को देखते हुए 16 जनवरी को सुबह 12 बजे से पूर्ण कर्फ्यू लगा दिया.

    मणिपुर में 3 मई से शुरू हुई हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है. अब तक इस हिंसा में 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है

  2. राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने के सवाल पर बोले लालू यादव

    लालू प्रसाद यादव

    इमेज स्रोत, FB/LALU PRASAD YADAV

    अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कई विपक्षी दलों ने ना जाने का फ़ैसला किया है.

    कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने बीजेपी पर राम मंदिर से जुड़े इस कार्यक्रम को राजनीतिक बनाने का आरोप लगाया है.

    22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा आयोजन होना है.

    अब इस बारे में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव की भी प्रतिक्रिया बुधवार को आई है.

    लालू यादव से पत्रकारों ने सवाल पूछा कि क्या आप अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाएंगे?

    इस पर लालू यादव बोले- नहीं जाएंगे.

    'इंडिया' गठबंधन में सीटों के बँटवारे के सवाल पर लालू यादव ने कहा, ''इतना जल्दी हो जाता है? सब हो रहा है.''

  3. पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी? सीएम भगवंत मान किया ये दावा

    भगवंत मान

    इमेज स्रोत, FB/Bhagwant Mann

    पंजाब के सीएम भगवंत मान ने लोकसभा चुनावों को लेकर दावा किया है.

    भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी 13 की 13 लोकसभा सीटें जीतेगी.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    वो कहते हैं- ''इस बार पंजाब आम आदमी पार्टी 13-0. 13 की 13 सीटें हम जीतेंगे.''

    भगवंत मान का ये बयान ऐसे वक़्त में आया है, जब विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' में सीटों के बँटवारे को लेकर बातचीत का सिलसिला चल ही रहा है.

    मंगलवार को आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चढ्ढा ने कहा था कि चंडीगढ़ में मेयर पद के चुनाव के लिए उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन के रूप में चुनाव लड़ेगी.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    हालांकि पहले भी भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पंजाब में आम आदमी पार्टी के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने और जीतने की बात कर चुके हैं.

    एक जनवरी को भी भगवंत मान ने कहा था, ''पंजाब से दिल्ली तक मां अपने बच्चों को छोटी सी कहानी सुना सकती है- एक थी कांग्रेस.''

  4. चीन की जनसंख्या में लगातार दूसरे साल भी गिरावट जारी, पहले नंबर पर कायम है भारत

    चीन की आबादी,

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन की जनसंख्या में लगातार दूसरे साल गिरावट आई है. इसके साथ ही दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के भविष्य के विकास को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

    दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश बीते साल ही दूसरे पायदान पर आ गया और भारत ने उसकी जगह ले ली. ये ट्रेंड अब भी बना हुआ है.

    चीन के डेटा के मुताबिक़, इसकी जनसंख्या 140 करोड़ यानी 1.409 बिलियन है, जो पिछले साल से लगभग 20 लाख कम है.

    वहीं भारत की जनसंख्या 142 करोड़ यानी 1.425 बिलियन है.

    इन आंकड़ों से पता चलता है कि चीन में जन्मदर घट रही है और देश का तेज़ी से शहरीकरण हो रहा है.

    चीन का कहना है कि इसकी जन्म दर प्रति 1,000 लोगों पर 6.39 रह गई है, जो रिकॉर्ड स्तर पर कम है.

    साल 1980 से 2015 तक विवादास्पद वन चाइल्ड नीति के बाद चीन ने बीते सालों में परिवारों को बच्चे पैदा करने के लिए सब्सिडी देने और अन्य नीतियों का सहारा लिया था.

    हालांकि इस तरकीबों का कोई बड़ा असर नहीं पड़ा.

    देश में जीवन की गुणवत्ता और महिलाओं में करियर को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच जन्मदर लगातार घट रही है.

  5. महुआ मोइत्रा को सरकारी बंगला तुरंत खाली करने का आदेश

    महुआ मोइत्रा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    डायरेक्ट्रेट ऑफ़ इस्टेट ने पूर्व टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा को सरकारी बंगला खाली करने का आदेश दिया है.

    बीते महीने महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद से उन्हें तीसरी बार सरकारी घर छोड़ने को कहा गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने ये जानकारी केंद्रीय आवास मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से दी है.

    मोइत्रा को तुरंत घर खाली करने को कहा गया है.

    पीटीआई से बात करते हुए एक सूत्र ने कहा- “ चूंकि उन्हें (मोइत्रा) मंगलवार को घर खाली करने का नोटिस जारी किया गया तो अब डायरेक्ट्रेट ऑफ़ इस्टेट के अधिकारियों की एक टीम यह सुनिश्चित करने के लिए भेजी जाएगी कि सरकारी बंगला जल्द से जल्द खाली हो जाए.”

    महुआ मोइत्रा को पिछले साल 8 दिसंबर को लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था, इसके बाद 7 जनवरी तक उन्हें सरकारी घर खाली करने के लिए कहा गया.

    दूसरी बार 12 जनवरी को भी उन्हें घर खाली करने का नोटिस दिया गया था.

    और अब ये तीसरा नोटिस भेजा गया है.

  6. एनसीपी प्रमुख शरद पवार को मिला राम मंदिर का न्योता, जानिए क्या कहा

    शरद पवार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एनसीपी प्रमुख शरद पवार को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है, लेकिन उन्होंने कहा है कि वो आयोजन के बाद राम मंदिर जा कर सहजता और आराम से रामलला के दर्शन करेंगे.

    शरद पवार की एक चिट्ठी सामने आयी है जिसमें वो राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय को न्योते के लिए शुक्रिया अदा किया है.

    चिट्ठी में कहा गया है, “ 22 जनवरी को अयोध्या में हो रहे प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता मिला, इसके लिए मैं आभारी हूं. राम करोड़ों भक्तों की आस्था का प्रतीक हैं. राम भक्तों में उत्सुकता है और वो बड़ी संख्या में वहां पहुंच रहे हैं, मैं इस ऐतिहासिक समारोह का आनंद उनके माध्यम से उठाउँगा. 22 जनवरी के समारोह के बाद रामलला के दर्शन सहजता और आराम से किए जा सकेंगे. मेरा अयोध्या आने का क्रार्यक्रम है, उस समय श्रद्धा के साथ रामलला के दर्शन करूंगा.”

    राम मंदिर के आयोजन का न्योता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी को भी मिला था लेकिन कांग्रेस ने इस आयोजन में जाने से इंकार कर दिया है. कांग्रेस का कहना है कि ये आयोजन बीजेपी के राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित है इसलिए इसमें कांग्रेस शामिल नहीं होगी.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  7. फ़ुटबॉलर करीम बेंजेमा पहुंचे कोर्ट, फ़्रांस के मंत्री ने लगाया था मुस्लिम ब्रदरहुड से ‘लिंक’ का आरोप

    फ़ुटबॉलर करीम बेंजेमा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    फ्रेंच फ़ुटबॉलर करीम बेंजेमा ने फ्रांस के गृहमंत्री के खिलाफ़ मानहानि का केस किया है.

    मंत्री ने खिलाड़ी पर आरोप लगाया था कि उनका लिंक मुस्लिम ब्रदरहुड संगठन से है.

    गृहमंत्री जेराल्ड डरमानिन ने अक्टूबर में कहा था कि बेंजेमा का सुन्नी मुस्लिम संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड के साथ ‘लिंक’ है.

    बेंजेमा के वकील का कहना है कि मंत्री के इस बयान ने खिलाड़ी की साख को नुकसान पहुंचाया है.

    मुस्लिम ब्रदरहुड को मिस्र,रूस और सऊदी अरब में प्रतिबंधित किया गया है.

    डरमानिन ने ये बयान तब दिया जब बेंजेमा ने ग़ज़ा के समर्थन में ट्वीट किया था.

    उन्होंने लिखा था- ग़ज़ा के लोग अन्यायपूर्ण बमबारी के शिकार हैं, जिसमें न तो महिलाओं को और न ही बच्चों को बख्शा जा रहा है."

    इसके बाद गृहमंत्री ने कहा था कि ‘बेंजेमा का मुस्लिम ब्रदरहुड के साथ पुराना लिंक है.’

    सीटीवी से बात करते हुए उन्होंने कहा था- “हम मुस्लिम ब्रदरहुड नाम के हाइड्रा से लड़ रहे हैं क्योंकि ये जिहाद का माहौल बनाता है.”

    36 साल के बेंजेमा मुसलमान हैं और सऊदी अरब के क्लब के लिए खेलते हैं, इससे पहले वो स्पैनिश क्लब रियल मैड्रिड के खिलाड़ी भी रह चुके हैं.

  8. कनाडा-भारत विवाद के कारण भारतीय छात्रों के परमिट में आई बड़ी कमी- कनाडाई मंत्री

    कनाडा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ बीते साल कनाडा और भारत के बीच हुए राजनयिक विवाद के कारण कनाडा से भारतीय छात्रों तो दिए जाने वाले परमिट में काफ़ी कमी आयी है.

    कनाडा के एक शीर्ष अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया है कि छात्रों को दिये जाने वाले स्टडी परमिट की संख्या में पिछले साल के अंत में तेजी से गिरावट आई.

    उनका कहना है कि भारत ने परमिट की प्रक्रिया में शामिल कनाडाई राजनयिकों को दोनों देशों के बीच पैदा हुए विवाद के चलते हटा दिया और इसके कारण इस संख्या में कमी आयी है.

    कनाडा के इमिग्रेशन मंत्री मार्क मिलर ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनका मानना है कि भारतीय छात्रों के दिए जाने वाले स्टडी परमिट की संख्या जल्द बढ़ने की संभावना नहीं है.

    जून में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा था कि उनकी सरकार के पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं जो इशारा करते हैं कि कनाडाई नागरिक और ख़ालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के अधिकारियों का हाथ है.

    मिलर ने कहा, “भारत के साथ हमारे संबंधों में आए तनाव के कारण भारत से आने वाले बहुत सारे अप्लिकेशन को प्रोसेस करने की हमारी क्षमता को बहुत कम कर दिया.”

    अक्टूबर में कनाडा को भारत के कहने पर 41 राजनयिकों को वापस बुलाना पड़ा.

    भारत का कहना था कि कनाडा में भारत के जितने राजनयिक हैं उसके मुकाबले भारत में कनाडाई राजनयिकों की संख्या काफ़ी अधिक है और कनाडा को इस संख्या को बराबर करने के लिए कहा गया था.

  9. ओवैसी ने कहा- पीएम मोदी उपासना स्थल क़ानून का बचाव कर दें तो कोई विवाद ही नहीं होगा

    ओवैसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के सर्वे कराने के फैसले पर रोक लगा दी.

    हाईकोर्ट ने कोर्ट की निगरानी में मस्जिद के सर्वे का आदेश दिया था.

    सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उपासना स्थल क़ानून के साथ खड़े होने की अपील करते हुए कहा कि वो अगर इस क़ानून का बचाव कर दें तो कोई विवाद ही नहीं होगा. .

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ ओवैसी ने कहा, “जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कह देंगे कि वह उपासना स्थल क़ानून 1991 के साथ खड़े हैं और उसका समर्थन करते हैं, उस दिन से कोई भी विवाद नहीं होगा.”

    हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा, “अगर प्रधानमंत्री ये बात कह देते हैं कि सभी धार्मिक स्थलों की यथास्थिति बनी रहेगी और वो 15 अगस्त, 1947 में जिस धर्म के अधिकार में थे उसी के रहेंगे और अब उनमें कोई बदलाव नहीं होगा तो कोई और मुद्दा नहीं उठेगा. वह इस बात को क्यों नहीं कह रहे हैं?”

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले की तारीफ़ करते हुए ओवैसी ने कहा, “ सुप्रीम कोर्ट ने सही किया है. बाबरी मस्जिद विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उपासना स्थल अधिनियम संविधान के मूल ढांचेका हिस्सा है. जब सुप्रीम कोर्ट यह कहता है तो सरकार उससे सहमत क्यों नहीं होती?”

    मंगलवार को उत्तर प्रदेश में मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मामले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फ़ैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी.

    दिसंबर में हाई कोर्ट ने कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मामले में कोर्ट की निगरानी में सर्वे कराने की मांग स्वीकार कर ली थी लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने इस सर्वे पर रोक लगायी.

    इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर की गई याचिकाओं में दावा किया गया था कि शाही ईदगाह मस्जिद हिंदू समुदाय से जुड़ी है.

  10. सऊदी अरब ने बताया कब इसराइल को दे सकता है मान्यता

    प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान बिन अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान बिन अब्दुल्लाह ने कहा है कि हम इसराइल को तभी मान्यता देंगे जब हालात पूरी तरह से सामान्य हो जाएं और एक ऐसा समझौता हो जिसमें फ़लस्तीन एक देश का दर्जा मिल जाए.

    स्विट्ज़रलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकॉनमिक फ़ोरम में एक पैनल में बात करते हुए प्रिंस फ़रहान बिन अब्दुल्लाह ने कहा, “ हम मानते हैं कि क्षेत्रीय शांति में इसराइल के लिए शांति भी शामिल है, लेकिन यह केवल तभी संभव हो सकता है जब फ़लस्तीनीयों के लिए एक अलग फ़लस्तीन देश बनाया जाए.”

    जब उनसे ये पूछा गया कि क्या तब सऊदी अरब इसराइल को मान्यता देगा? इस पर उन्होंने कहा- “ बिलकुल ”

    प्रिंस फ़ैसल ने कहा कि "फ़लस्तीनीयों के लिए एक अलग देश बनाकर क्षेत्रीय शांति हासिल करने को लेकर हम अमेरिकी प्रशासन के साथ काम कर रहे हैं, और ग़ज़ा के संदर्भ को देखते हुए ऐसा करना और भी ज़्यादा प्रासंगिक हो गया है."

    संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और मोरक्को के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने के बाद सऊदी अरब से मान्यता पाना इसराइल के लिए बड़ी उपलब्धि हो सकती है और इससे मध्य पूर्व की राजनीति पूरी तरह बदल सकती है.

    ख़बर थी कि सात अक्टूबर को हमास के इसराइल पर हमले से पहले सऊदी अरब इसराइल के साथ बातचीत आगे बढ़ाने वाला था और इस पहल के पीछे अमेरिका का हाथ था, लेकिन हमास के हमले के बाद सऊदी ने इसराइल के साथ होने वाली इस संभावित बातचीत को ठंडे बस्ते में डाल दिया.

  11. मध्य प्रदेश के सीएम ने कहा- चित्रकूट को अयोध्या की तरह बनाएंगे

    मोहन यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि चित्रकूट को अयोध्या की तर्ज पर विकसित किया जाएगा क्योंकि यह भगवान राम के जीवन से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण स्थलों में से एक है.

    उन्होंने कहा, ''चित्रकूट सहित राम वन पथ गमन मार्ग' के सभी प्रमुख स्थानों का विकास किया जाएगा और इसके लिए पूरी कार्ययोजना तैयार की जाएगी."

    एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि सीएम ने रामचन्द्र पथ गमन न्यास की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा, “चित्रकूट को भगवान राम के जीवन से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बनाने के लिए इसे अयोध्या की तर्ज पर विकसित किया जाएगा.”

    सीएम ने अधिकारियों से कहा कि भगवान कामतानाथ के परिक्रमा पथ का निर्माण जल्द शुरू किया जाए.

    मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के मंदिरों पर एक किताब भी जारी की जिसमें 155 प्रमुख मंदिरों की तस्वीरें और 6,800 राम मंदिरों के बारे में जानकारी है.

    मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने राज्य में 1450 किलोमीटर वाले राम वन पथ गमन मार्ग की कार्ययोजना भी साझा की.

    इस रूट में सतना, पन्ना, कटनी, अमरकंटक, शहडोल और उमरिया सहित 23 प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं.

  12. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    16 जनवरी, 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.