सचिन तेंदुलकर ने की डीपफ़ेक वीडियो की शिकायत, कहा- 'इनके खिलाफ़ जल्द एक्शन हो'
सचिन तेंदुलकर ने खुद के एक फ़ेक वीडियो की जानकारी देते हुए बताया है कि इस वीडियो में डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है और उन्हें एक ऐप का प्रचार करते हुए दिखाया जा रहा है.
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी मंत्रालय और इस मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर से भी इस पर एक्शन लेने की अपील की है.
उन्होंने एक्स पर लिखा- “ये वीडियो नकली है और आपको धोखा देने के लिए बनाया गया है. टेक्नोलॉजी का इस प्रकार का दुरुपयोग बिल्कुल गलत है. आप सब से विनती है के ऐसे वीडियो या ऐप या विज्ञापन आपको अगर नजर आए तो उन्हें तुरंत रिपोर्ट करें.सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को भी सावधान रहना चाहिए और इनके खिलाफ की गई शिकायत पर जल्द से जल्द एक्शन लेना चाहिए."
"उनकी भूमिका इस बारे में बहुत जरूरी है ताकि गलत सूचना और खबरों को रोका जा सके और डीपफेक का दुरुपयोग खत्म हो.”
इस वीडियो में सचिन तेंदुलकर ये कहते हुए दिखायी दे रहे हैं कि “उनकी बेटी एक ऑनलाइन गेम एविएटर खेलती हैं और उससे एक सौ 80 हज़ार रुपये कमा रही हैं. अब अच्छा पैसा कमाना कितना आसान हो गया है.”
हाल ही में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के भी एक डीपफेक वाला वीडियो वायरल हुआ था.
डीपफे़क आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस(एआई) का इस्तेमाल करता है जिसके ज़रिए किसी की भी फे़क(फ़र्जी) इमेज या तस्वीर बनाई जाती है.
इसमें किसी भी तस्वीर,ऑडियो या वीडियो को फ़ेक(फ़र्ज़ी) दिखाने के लिए एआई के एक प्रकार डीप लर्निंग का इस्तेमाल होता है और इसलिए इसे डीपफेक़ कहा जाता है.