इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के प्रमुख नेता शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मिले और अहम मुद्दों पर चर्चा की.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. दक्षिण अफ़्रीका की इसराइल को घेरने की कोशिश

    वीडियो कैप्शन, इसराइल पर आरोप है कि उसने ग़ज़ा में फ़लस्तीनियों का नरसंहार किया है

    इसराइल पर आरोप है कि उसने ग़ज़ा में फ़लस्तीनियों का जनसंहार किया है और इस बारे में इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस में सुनवाई हो रही है.

    दक्षिण अफ़्रीका का आरोप है कि इसराइल, फ़लस्तीनियों के जनसंहार के इरादे से ही ग़ज़ा को तबाह कर रहा है.

    लेकिन इसराइल ने आरोपों को ख़ारिज करते हुए इसे अपनी रक्षात्मक कार्रवाई बताया है. इस बारे में और जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता पॉल एडम्स.

  2. सिटी बैंक ग्रुप अगले दो सालों में 20,000 नौकरियां कम करेगा

    सिटी ग्रुप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के सबसे बड़े पांच बैंकों में से एक सिटी बैंक ने अगले दो सालों में 20,000 नौकरियां कम करने का एलान किया है.

    यह बैंक के दुनिया भर में कुल कर्मचारियों का 10% है.

    चीफ़ फ़ाइनेंशनल ऑफ़िसर मार्क मैसन ने कहा कि 2023 की शुरुआत में 2.40 लाख कर्मचारी थे और 2025 या 2026 तक इनकी संक्या 1.8 लाख तक कम किए जाने की संभावना है.

    सिटी बैंक ने पुनर्गठन करने की घोषणा की है क्योंकि बीते तीन महीनों में उसे 1.8 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था.

    पुनर्गठन में इस साल 1 अरब डॉलर खर्च आएगा और उम्मीद है कि अध्यावधि में 2.5 अरब डॉलर की बचत होगी.

    आर्थिक संकटों से जूझ रहे बैंक ने विदेशों में अपने कई ऑपरेशन बंद कर दिए या बेच दिए और मेक्सिको में उसे अलग फ़र्म बना दिया है.

  3. आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का एक और कमाल

    वीडियो कैप्शन, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का एक और कमाल

    टीवी के रिमोट से लेकर आपके मोबाइल तक और यहां तक कि आपकी गाड़ी को चलाने के लिए भी बैटरी ज़रूरी है.

    बैटरी बनाने के लिए ज़रूरत पड़ती है लीथियम की, लेकिन लीथियम न केवल बहुत महंगा है, बल्कि इसके खनन से पर्यावरण को काफ़ी नुक़सान भी पहुंचता है.

    ऐसे में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस ने एक ऐसे नए पदार्थ को खोजने में मदद की है, जो बैटरी में इस्तेमाल होने वाले लिथियम की मात्रा को 70 फ़ीसद तक कम कर सकता है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता ज़ो क्लेनमैन की रिपोर्ट.

  4. किराना घराने की जानीमानी शास्त्रीय गायिका डॉक्टर प्रभा अत्रे का निधन

    प्रभा अत्रे

    इमेज स्रोत, ANI

    किराना घराने की शास्त्रीय ​संगीत की वरिष्ठ गायिका डॉक्टर प्रभा अत्रे का शनिवार को पुणे में निधन हो गया. वो 91 साल की थीं.

    शनिवार (13 जनवरी) को तड़के सोते समय पुणे स्थित उनके निवास पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा. इसके बाद इलाज के लिए उन्हें वहां के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन उससे पहले ही उनका देहांत हो गया था.

    प्रभा अत्रे के परिजन अमेरिका में हैं, इसलिए उनके भारत आने के बाद इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

    डॉ प्रभा अत्रे एक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायिका थीं. अत्रे ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को विश्व स्तर पर लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई.

    किराना घराने की गायिका अत्रे ने पुणे के आईएलएस लॉ कॉलेज से क़ानून में स्नातक किया. उन्होंने संगीत में डॉक्टरेट की उपाधि भी प्राप्त की थी.

    कुछ वर्षों तक उन्होंने आकाशवाणी में भी काम किया. इसके बाद वो मुंबई में एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और बाद में संगीत विभाग की प्रमुख भी बनीं.

    डॉ अत्रे

    इमेज स्रोत, PIB

    डॉ अत्रे का जन्म 13 सितंबर, 1932 को पुणे में हुआ था. गायन के साथ-साथ उन्होंने नृत्य का भी प्रशिक्षण लिया था.

    उन्होंने विजय करंदीकर, सुरेशबाबू माने, हीराबाई बडोडेकर से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली.

    उन्हें देश का दूसरा सर्वोच्च सम्मान पद्म विभूषण (2022) मिल चुका है. इससे पहले उन्हें पद्म श्री (1990), पद्म भूषण (2002) और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार भी मिले.

    उन्होंने संगीत पर कुल 11 किताबें भी लिखीं.

    अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को बनाए रखने के लिए डॉ प्रभा अत्रे फाउंडेशन की स्थापना की गई थी.

    शास्त्रीय संगीत की शिक्षा के लिए उन्होंने स्वरमयी गुरुकुल नामक संस्था की भी स्थापना की थी.

  5. एक ऐसा क़ैदी जिसने अपना केस ख़ुद लड़ा और जीता

    वीडियो कैप्शन, एक ऐसा क़ैदी जिसने अपने केस ख़ुद लड़ा और जीता

    तारीख थी 23 सितंबर 2023. उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर की ज़िला एवं सत्र न्यायालय में अन्य दिनों की तुलना में माहौल कुछ अलग था. एक मामले में अदालत के फ़ैसले का इंतज़ार था.

    इस केस पर वहां मौजूद एक अभियुक्त की बची हुई ज़िंदगी दांव पर लगी थी. ये थे लगभग तीस साल के अमित चौधरी.

    वो क़त्ल के एक मामले में अभियुक्त थे और अपने केस की पैरवी यानी वकालत ख़ुद ही कर रहे थे. फै़सला आया तो अमित चौधरी ने राहत की सांस ली.

    अदालत ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया. अब इस केस में की गई अपील पर हाई कोर्ट में सुनवाई होगी. अभियोजन पक्ष के वकील का कहना है कि अब केस हाई कोर्ट में चलेगा.

  6. मॉरीशस में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दिन 'विशेष छुट्टी' का एलान

    मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनाथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनाथ

    मॉरीशस सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह वाले दिन हिंदुओं के लिए दो घंटे की विशेष छुट्टी का एलान किया है. शुक्रवार को मॉरीशस सरकार के कैबिनेट ने इससे संबंधित एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी.

    मॉरीशस के प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर जारी नोट्स में कैबिनेट के फ़ैसले की जानकारी दी है.

    बयान के अनुसार, "सोमवार 22 जनवरी, 2024 को भारत में अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन को देखते हुए कैबिनेट, हिंदू अधिकारियों के लिए 14.00 बजे (दोपहर बाद दो बजे) से दो घंटे की विशेष छुट्टी देने पर सहमत हुआ है. यह एक ऐतिहासिक घटना है, जो अयोध्या में भगवान राम की वापसी जैसा है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनाथ ने कैबिनेट के इस फ़ैसले पर कहा कि यह भावनाओं और परंपराओं के सम्मान का छोटा सा प्रयास है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को अयोध्या में नए बने राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेंगे. इस समारोह के लिए देश और दुनिया के कई हज़ार लोगों को आमंत्रित किया गया है.

    लगभग 13 लाख की आबादी वाले मॉरीशस में 48 प्रतिशत से अधिक लोग हिंदू हैं. वहीं भारतीय मूल के लोगों का प्रतिशत लगभग दो तिहाई यानी 67 प्रतिशत है.

  7. COVER STORY: क्या ताइवान की सत्ता में बदलाव से बदलेंगे चीन से रिश्ते?

    वीडियो कैप्शन, क्या ताइवान की सत्ता में बदलाव से बदलेंगे चीन से रिश्ते?

    ताइवान में शनिवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. ये चुनाव बड़ा ख़ास है क्योंकि दुनिया में ऐसी ज़्यादा जगहें नहीं हैं, जहां चुनाव पर दुनिया की दो बड़ी ताक़तों की नज़र है.

    चुनाव लड़ रहीं तीन प्रमुख पार्टियां चाहती हैं कि ताइवान के पास अपने भविष्य को तय करने का हक़ हो.

    लेकिन चीन के साथ ताइवान के संबंध कैसे हों, इसे लेकर नज़रिया अलग-अलग है.

    इस चुनाव में जीत किसी भी पार्टी की हो, दांव पर काफी कुछ लगा है, जिससे ताइवान की दिशा तय होगी.

  8. यूपी: स्कूल में मुस्लिम बच्चे को पिटवाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले साल अगस्त में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था.

    उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर के इस वीडियो में प्राइमरी स्कूल की एक टीचर छात्रों से एक सहपाठी मुस्लिम छात्र को थप्पड़ मारने का आदेश दे रही थीं.

    इसके लिए उस महिला टीचर की खूब आलोचना हुई थी. पुलिस ने भी मामला गरमाने के बाद एक एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू की थी.

    नेहा स्कूल- जहां ये घटना हुई

    इमेज स्रोत, AMIT SAINI

    इमेज कैप्शन, नेहा स्कूल- जहां पिछले साल अगस्त में ये घटना हुई थी

    लेकिन शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच की दशा और दिशा को लेकर अपना असंतोष जताया है.

    जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्जल भुयन ने सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी की एक जनहित याचिका (पीआईएल) की सुनवाई करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले में उस तरह से काम नहीं किया, जिसकी उम्मीद की जाती है.

    तुषार गांधी ने इस मामले की उचित और समयबद्ध तरीके से जांच करने के आदेश देने की मांग अदालत से की थी.

  9. यमन: हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर अमेरिका-ब्रिटेन के हमले के बाद क्या बढ़ेगा संघर्ष?

    वीडियो कैप्शन, यमन: हूथी ठिकानों पर अमेरिका-ब्रिटेन के हमले के बाद क्या बढ़ेगा संघर्ष?

    पिछले साल इसराइल-हमास संघर्ष के शुरू होने के बाद से ही हूती विद्रोही लगातार हमास का समर्थन कर रहे हैं और लाल सागर से गुज़र रहे जहाज़ों को निशाना बना रहे हैं.

    इसी के जवाब में कल रात अमेरिका और ब्रिटेन के फाइटर जेट्स ने यमन में साठ से ज़्यादा हूती विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाया है.

    वहीं हमले के बाद हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता ने कहा है कि हमला करने वालों को इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा.

    देखिए बीबीसी संवाददाता लुइसा पिलबीम की रिपोर्ट.

  10. नेपाल में बस दुर्घटना, दो भारतीयों समेत 12 लोगों की मौत, माधव नेपाल और बिमला चौधरी, बुटवल/नेपालगंज से

    नेपाल

    इमेज स्रोत, RSS

    नेपाल पुलिस ने बताया है कि शुक्रवार रात महेंद्र हाईवे पर दांग ज़िले के भालुबांग में एक यात्री बस के पुल से नदी में गिरने के कारण 12 लोगों की मौत हो गई है.

    पुलिस ने कहा कि ये बस नेपालगंज से काठमांडू जा रही थी.

    पुलिस के मुताबिक, नेपाल ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की बस जब राप्ती नदी पर बने पुल पर पहुंची तो अनियंत्रित होकररेलिंग को तोड़ते हुए नदी में गिर गई.

    नेपाल

    इमेज स्रोत, PRADEEP BASHYAL/BBC

    पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो भारतीय नागरिकों की भी मौत हुई है.

    घटना में घायल होने वाले 14 से अधिक यात्रियों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

    नेपाल

    इमेज स्रोत, RSS

    दांग के ज़िला यातायात पुलिस कार्यालय के पुलिस सहायक निरीक्षक लोकराज न्यौपाने ने बीबीसी को बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, बस में कुछ तकनीकी ख़राबी आ गई थी, जिससे ये नियंत्रण से बाहर हो गई थी.

    अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद करीब तीन दर्जन पुलिसकर्मी जुटे और उन्हें बचाया गया. घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है.

  11. पाकिस्तान चुनाव में सवीरा प्रकाश की चर्चा क्यों

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान चुनाव में सवीरा प्रकाश की चर्चा क्यों

    डॉक्टर सवीरा प्रकाश पाकिस्तान के उत्तर पूर्वी ख़ैबर पख़्तूनख्वा प्रांत में बुनेर की सामान्य सीट से चुनाव लड़ने वाली पहली हिंदू महिला हैं.

    बुनेर एक पश्तून बहुल क़स्बा है और विभाजन से पहले यह स्वात की रियासत का हिस्सा रहा है.

  12. गुजरात से अमेरिका का 'डंकी' रूट: गुजरात में 14 लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    भारत से अवैध तरीके से लोगों को अमेरिका ले जाने के मामले की जांच कर रही गुजरात पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में 14 लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया है.

    इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने कम से कम 60 भारतीयों को अवैध तरीके से अमेरिका ले जाने की कोशिश में मदद की थी.

    ये मामला तब सामने आया जब दुबई से निकारागुआ जा रहे एक चार्टर्ड प्लेन को फ्रांस में रोक लिया गया. फ्रांस के अधिकारियों को ये सुराग मिला था कि उस जहाज के जरिए मानव तस्करी की जा रही थी.

    ऑडियो कैप्शन, पिछले महीने आप्रवासी पिता-पुत्री की विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई, जो मैक्सिको से अमरीक

    उस जहाज में लगभग 300 भारतीय शामिल थे जिन्हें भारत वापस भेज दिया गया.

    गुजरात पुलिस का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े एजेंट मेक्सिको के रास्ते लोगों को अमेरिका में दाखिल कराने वाले थे.

    इन एजेंटों ने लोगों को इस बात के लिए लोगों को ट्रेनिंग दे रखी थी कि अगर अमेरिकी अधिकारी उन्हें रोकते हैं तो वे क्या बहाने बनाकर असाइलम (शरण) मांग सकते हैं.

    पुलिस ने जिन 14 लोगों के ख़िलाफ़ नामजद एफआईआर दर्ज की है, उनमें से अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है.

  13. पुरुलिया में क्या हुआ जिसकी बीजेपी पालघर लिंचिंग से कर रही है तुलना

  14. अमेरिका ने हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर फिर किए हवाई हमले

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका ने यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर शनिवार को भी हवाई हमले किए हैं. अमेरिकी सेना ने बताया है कि शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 3:45 बजे ये हमले किए गए.

    सेना के अनुसार, लाल सागर में मौजूद अमेरिकी नौसेना के युद्धक जहाज़ यूएसएस कार्नी से टोमाहॉक मिसाइलों से हमले किए गए.

    इससे पहले हूती विद्रोहियों के टीवी चैनल अल-मसीरा ने आज तड़के बताया कि यमन की राजधानी सना पर हवाई हमले हुए हैं.

    बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बाइडन ने हूती को कहा 'आतंकवादी'

    इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने हूती विद्रोहियों को 'आतंकवादी' संगठन कहा है.

    उनका ये बयान इसलिए अहम है कि राष्ट्रपति बनने के महीने भर के भीतर ही जो बाइडन ने ट्रंप सरकार फ़ैसला पलट दिया था. उनकी पूर्ववर्ती ट्रंप सरकार ने हूती विद्रोहियों को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' के तौर पर चिह्नित किया था.

    बाइडन ने चेतावनी दी है कि हूती विद्रो​ही अगर ऐसा क्रूर रवैया (जहाज़ों पर हमले) जारी रखेंगे, तो अमेरिका उन्हें जवाब देता रहेगा.

    उन्होंने मध्य पूर्व में कच्चे तेल की क़ीमतों के बारे में कहा कि वे इसे लेकर बहुत चिंतित हैं.

    A satellite image of Hodeidah

    इमेज स्रोत, Maxar Technologies

    30 जगह हुए ये हमले

    पेन्सिलवेनिया के दौरे पर गए बाइडन ने पत्रकारों से बातचीत में यमन में किए गए हमलों को 'सफल' बताया है. उन्होंने दावा किया है कि अब तक इस हमले में किसी आम इंसान की जान नहीं गई है.

    हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ने मीडिया को बताया है कि अमेरिका और ब्रिटेन की इस संयुक्त कार्रवाई में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है और छह घायल हुए हैं. लेकिन उन्होंने ये नहीं बताया कि ये कौन लोग हैं.

    अमेरिकी सेना के सीनियर अधिकारी ने बताया है कि यमन में 30 से कम जगहों पर हवाई हमले किए गए.

    वहीं अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा है कि वो इलाक़े में टकराव बढ़ाना नहीं चाहता, लेकिन हूती विद्रोहियों को हमले करने की इजाज़त भी नहीं दे सकता.

    उधर हूती विद्रोहियों ने कहा है कि वे लाल सागर में जहाज़ों पर हमले करना जारी रखेंगे.

  15. ईडी-सीबीआई को लेकर झारखंड सरकार ने लिया फ़ैसला, क्या होगा असर?

  16. ईडी ने अरविंद केजरीवाल को भेजा चौथा समन, बीजेपी ने लगाए जांच से भागने के आरोप

    अरविंद केजरीरवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली के कथित शराब नीति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथा समन भेजा है. ईडी ने उन्हें 18 जनवरी को पेश होने के लिए कहा है.

    अरविंद केजरीवाल को ईडी अब तक तीन समन भेज चुकी है, लेकिन केजरीवाल कभी पेश नहीं हुए हैं.

    ईडी कथित शराब नीति घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही है.

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह शराब नीति घोटाले में ही अभी जेल में बंद हैं.

    ईडी के इस समन के बाद बीजेपी ने केजरीवाल पर घोटाला करने और जांच से भागने का आरोप लगाया है.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    बीजेपी ने क्या कहा

    दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है, "अरविंद केजरीवाल ने आज जो प्रतिक्रिया दी है, वो अफ़सोसजनक है. हर बार वे (अरविंद केजरीवाल) जांच से बाहर भागने का रास्ता ढ़ूंढते हैं. अब जैसा ही चौथा समन आया है, तो उन्होंने कहा है कि वो गोवा के दौरे पर हैं. मतलब आप राजनीतिक पर्यटन करेंगे, लेकिन जांच से भागेंगे, क्योंकि आपने चोरी की है. आपको जवाब देने से डर लगता है. आपने शराब नीति में घोटाला किया है."

    वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "कब तक भागेंगे आप हर बार बहाना बनाते हैं. आपने संविधान की शपथ ली है. क़ानून की शपथ ली है कि नियमों का पालन करूंगा. जांच एजेंसी आपको समन दे रही है. अगर आप ईमानदार हैं तो जाकर बात कीजिए, अपने साक्ष्य रखिए. आपको भी मालूम है कि आपने चोरी की है और जांच से बचना चाहते हैं, इसलिए गोवा का भ्रमण कर रहे हैं."

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने समाचार एजेंसी एएनआई से हुई बातचीत में केजरीवाल पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा कि 2011 से 2014 के बीच केजरीवाल कांग्रेस के भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने की बात करते थे, आज वो ख़ुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं.

    अनुराग ठाकुर ने तंज़ कसते हुए कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने ठगा नहीं.

  17. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने राम मंदिर के लिए पीएम मोदी की तारीफ़ की

    प्रतिभा सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    कांग्रेस नेता और हिमाचल प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर सामने आए एक वीडियो में प्रतिभा सिंह कहती हैं, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राम मंदिर निर्माण की पहल वाक़ई सराहनीय है."

    उन्होंने ये भी कहा कि उनके दिवंगत पति और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देवताओं में गहरी आस्था थी और उन्होंने राज्य में कई मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया था.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    प्रतिभा सिंह का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल न होने का एलान किया है. पार्टी का बीजेपी पर आरोप है कि वो राम मंदिर के मामले पर राजनीति कर रही है.

    प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को बताया था कि उनके परिवार को राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का न्योता मिला है.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    उन्होंने तब कहा था कि भगवान राम सनातन मानने वाले सभी लोगों के हैं और इस पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए.

    प्रतिभा सिंह के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी नि​मंत्रण मिलने की जानकारी दी थी.

  18. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी मिला राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का न्योता

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

    इमेज स्रोत, ANI

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी अयोध्या में भगवान राम के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का न्योता दिया गया है.

    शुक्रवार को मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार और बीजेपी के पूर्व संगठन महामंत्री राम लाल ने राष्ट्रपति से मिलकर उन्हें इस समारोह में आने का निमंत्रण दिया.

    वीएचपी ने सोशल मीडिया साइट एक्स के अपने हैंडल से यह जानकारी दी है. उसने ये भी बताया कि निमंत्रण मिलने पर राष्ट्रपति ने ख़ुशी ज़ाहिर की और कहा कि वो अयोध्या जाने और दर्शन करने का समय शीघ्र करेंगी.

    वीएचपी ने ट्वीट में लिखा, "आज भारत की महामहिम राष्ट्रपति आदरणीया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को 22 जनवरी को श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण सौंपा. उन्होंने इस पर अत्यंत हर्ष व्यक्त किया तथा कहा कि अयोध्या आने व दर्शन करने का शीघ्र समय तय करेंगी. इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख श्री राम लाल, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय कार्याध्यक्ष श्री आलोक कुमार व मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री नृपेंद्र मिश्रा उपस्थित रहे."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    गुरुवार को नृपेंद्र मिश्रा और आलोक कुमार ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलकर उन्हें राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में आने का न्योता दिया था.

    अयोध्या में 22 जनवरी को दोपहर 12 से 2 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवनिर्मित राम मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा करेंगे.

  19. पेरू में पाई गई 'ममी' के एलियन होने का दावा ख़ारिज, विशेषज्ञों ने ये बताया

    पेरू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले साल अक्टूबर में पेरू की राजधानी लीमा के हवाई अड्डे पर रहस्यमय तरीके से मिलीं दो 'एलियन ममी' को वैज्ञानिकों ने मानव निर्मित क़रार दिया है.

    शुक्रवार को लीमा में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पेरू के संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि ये ममी इंसानों जैसी दिखने वाली गुड़िया (ह्यूमनॉइड डॉल) हैं.

    वैज्ञानिकों ने डीएनए टेस्ट के परिणामों के आधार पर बताया है कि इसे इंसानों और जानवरों की हड्डियों से तैयार किया गया.

    विशेषज्ञों ने पेरू के नाज़्का क्षेत्र से पाए गए एक अन्य 'तीन-उंगली वाले हाथ' का भी विश्लेषण किया. उनके अनुसार, इस जीव का भी एलियन से कोई संबंध नहीं है.

    पेरू के इंस्टीट्यूट फॉर लीगल मेडिसिन एंड फोरेंसिक साइंसेज़ के पुरातत्वविद् फ्लेवियो एस्ट्राडा ने बताया, "वे दूसरी दुनिया के नहीं हैं. वे पृथ्वी पर के जानवरों की हड्डियों से बने डॉल हैं, जो आधुनिक सिंथेटिक गोंद के साथ जुड़ी हुई हैं. इसके एलियन होने की कहानी पूरी तरह से मनगढ़ंत है."

    लगभग तीन महीने पहले एक कार्डबोर्ड बॉक्स में पैक्ड ये दोनों ममी लीमा हवाई अड्डे पर स्थित कूरियर कंपनी डीएचएल के दफ़्तर में मिली थीं.

    ये दोनों पारंपरिक एंडियन पोशाक में थीं. कई मीडिया संस्थानों ने इसके बारे में अनुमान लगाया कि ये एलियन की ममी हो सकते हैं.

    पिछले साल सितंबर में मैक्सिको की संसद में लंबे सिर और तीन उंगलियों वाले हाथों के दो छोटे ममी को लेकर बहस हुई कि क्या ये एलियन के शव हैं या नहीं. लेकिन ज़्यादातर विशेषज्ञों ने एलियन की थ्योरी ख़ारिज कर दी थी.

  20. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले दो टेस्ट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान

    भारतीय क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, ANI

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले जाने वाली पांच मैचों की टेस्ट सिरीज़ के पहले दो मैचों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान शुक्रवार देर रात किया गया.

    भारत की इस 16 सदस्यीय टीम में तीन विकेटकीपर को रखा गया है. लेकिन ईशान किशन टीम में जगह नहीं बना सके. उनकी जगह उत्तर प्रदेश के विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को मौक़ा दिया गया है. हालांकि मुख्य विकेटकीपर की भूमिका में केएल राहुल ही होंगे.

    टीम में केएस भरत, अक्षर पटेल, मुकेश कुमार और आवेश ख़ान को भी शामिल किया गया है.

    टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में ही होगी. तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को उप कप्तान बनाया गया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारतीय टीम इस प्रकार है:

    रोहित शर्मा (कप्तान), ​शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव (चार स्पिनर), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान) मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार और आवेश ख़ान (चार तेज़ गेंदबाज़).

    दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच 25 जनवरी से हैदराबाद में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट मैच 2 फरवरी से विशाखापत्तनम में होगा.

    तीसरा टेस्ट मैच 15 फरवरी से राजकोट में, चौथा मैच 23 फरवरी से रांची में और पांचवां मैच 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा.