You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सऊदी अरब के राजदूत ने इसराइल को लेकर पश्चिमी देशों से कही ये बात

ब्रिटेन में सऊदी अरब के राजदूत प्रिंस ख़ालिद बिन बंदर अल सऊद ने कहा है कि इसराइल के अभियान के बाद ग़ज़ा को कैसे चलाया जाएगा इसको लेकर ‘कोई सटीक तत्काल समाधान’ नहीं है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and मोहम्मद शाहिद

  1. नौकरी के बदले ज़मीन घोटाले की चार्जशीट में आया लालू यादव की एक अन्य बेटी हेमा यादव का नाम

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रेलवे में नौकरी के बदले ज़मीन घोटाले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनकी बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती, उनकी एक और बेटी हेमा यादव, रेलवे कर्मचारी हृदयानंद चौधरी और कारोबारी अमित कत्याल के ख़िलाफ़ आरोप पत्र दाख़िल किया है.

    ईडी ने मंगलवार को दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट में दाख़िल इस आरोप पत्र में दो कंपनियों पर भी आरोप लगाए हैं.

    अदालत ने ईडी को आरोप पत्र की ई कॉपी और अन्य दस्तावेज़ भी ज़मा करने के आदेश दिए हैं. अदालत ने इस मामले में संज्ञान लेने के लिए 16 जनवरी की तारीख़ रखी है.

    आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे, तब लोगों को नौकरी देने के बदले उनसे उनकी ज़मीन लिखवाई गई ​थी.

    शुरू में सीबीआई ने एक केस दर्ज करके जांच शुरू की, लेकिन मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के लिए ईडी भी इस मामले में शामिल हो गई.

    इस मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव से ईडी और सीबीआई पूछताछ कर चुकी है.

  2. पीसीबी ने मिकी आर्थर की छुट्टी की, दो सहयोगियों से भी तोड़ा नाता

    वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद से पाकिस्तान टीम की कोचिंग से दूर किए गए मिकी आर्थर की पीसीबी ने स्थायी छुट्टी करने का फ़ैसला किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़़ पीसीबी ने विदेशी कोर्ट मिकी आर्थर, ग्रांट ब्रैडबर्न और एंड्रयू पटिक से नाता तोड़ लिया है.

    पीटीआई ने पीसीबी के एक सीनियर अधिकारी के हवाले से बताया है कि बोर्ड के चेयरमैन ज़का अशरफ़ और चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफ़िसर सलमान नासिर तीनों कोच के साथ फ़ाइनल सेटलमेंट को लेकर बातचीत करेंगे.

    इन तीनों को बीते साल अप्रैल-मई में पीसीबी की क्रिकेट मैनेजमेंट कमेटी के तात्कालिक चेयरमैन नजम सेठी ने नियुक्त किया था.

    वर्ल्ड कप में ख़राब प्रदर्शन के बाद तीनों लाहौर वापस आ गए थे और उन्हें तभी बता दिया गया था कि राष्ट्रीय टीम को उनकी ज़रूरत नहीं है.

    इसके बाद मोहम्मद हफ़ीज़ को पाकिस्तान टीम का डायरेक्टर चुना गया था.

    नए टीम डायरेक्टर और कोचों की नियुक्ति के बाद भी पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन में ख़ास सुधार नहीं आया है और ऑस्ट्रेलिया टीम के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में उसे 3-0 से हार झेलनी पड़ी.

  3. मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू चीन में बोले-' सिल्क रोड के ज़माने से हैं हमारे रिश्ते'

    चीन सरकार के निमंत्रण पर वहां के पांच दिवसीय राजकीय दौरे पर गए मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने कहा है कि चीन के साथ उनके देश के संबंध मैरीटाइम सिल्क रोड के ज़माने से हैं.

    चीन को अपने सबसे क़रीबी सहयोगियों में से एक करार देते हुए राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने उसकी बेल्ट एंड रोड इनिशि​यटिव परियोजना की सराहना की है.

    राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार उन्होंने अपने देश में विकास परियोजनाओं में चीन के योगदान को गिनाया.

    सेंट्रल एयरपोर्ट और कमर्शियल पोर्ट के विस्तार की योजना के बारे में उन्होंने बताया कि उनकी सरकार बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के फ्रेमवर्क के तहत इसके विकास के लिए साझेदारी की संभावना तलाशना चाहती है.

    राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने उम्मीद जताई है कि चीन के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते के कारण दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश में वृद्धि होगी.

  4. भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी को अर्जुन पुरस्कार, वर्ल्ड कप में किया था दमदार प्रदर्शन

    भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी को आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार दिया.

    राष्ट्रपति ने आज देश के आला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया. बीते साल हुए वनडे वर्ल्ड कप में मोहम्मद शमी ने अपनी गेंदबाज़ी से तहलका मचा दिया था.

    उन्होंने वर्ल्ड कप 2023 के सात मैचों में कुल 24 विकेट हासिल किए.

    मोहम्मद शमी 101 वनडे मैचों में 195, 64 टेस्ट में 229 और 23 ट्वेंटी-20 मैचों में 24 विकेट ले चुके हैं.

  5. मालदीव पर्यटन उद्योग संघ ने अपने मंत्रियों के बयानों की निंदा की, भारत के बारे में ये कहा

    भारत के पीएम नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद उन पर मालदीव के मंत्रियों के दिए आपत्तिजनक बयान की मालदीव एसोसिएशन ऑफ़ टूरिज़्म इंडस्ट्री (MATI) ने निंदा की है.

    अपनी वेबसाइट पर जारी किए एक बयान में इस संस्था ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री पर मालदीव के उप मंत्रियों के दिए आपत्तिजनक बयान की वे सख़्त निंदा करते हैं.

    इन मंत्रियों के बयान के बाद भारत में 'बायकॉट मालदीव' अभियान तेज़ हो गया है. इसके कारण कई लोगों और कुछ संस्थाओं ने मालदीव यात्रा की बुकिंग रद्द कर दी है.

    मालदीव एसोसिएशन ऑफ़ टूरिज़्म इंडस्ट्री ने अपने बयान में कहा, "भारत हमारे सबसे क़रीबी पड़ोसियों और सहयोगियों में से एक रहा है. हमारे अतीत में हमेशा विभिन्न संकटों में सबसे पहले जवाब देने वाला देश भारत रहा है. हम भारत सरकार के साथ वहां के लोगों के बहुत आभारी हैं कि उन्होंने हमारे साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखे हैं."

    "भारत मालदीव के पर्यटन उद्योग में भी लगातार और अहम योगदान देता रहा है. कोविड-19 के बाद इससे उबरने के हमारे प्रयासों में भारत ने बहुत मदद की. उसके बाद से भारत मालदीव के लिए शीर्ष बाजारों में से एक बना हुआ है."

    संस्था ने कहा, "हमारी हार्दिक इच्छा है कि दोनों देशों के बीच के घनिष्ठ संबंध आने वाली पीढ़ियों तक बने रहें और हम ऐसे कामों या बयानों से दूर रहें, जिनका हमारे बेहतर रिश्तों पर कोई नकारात्मक असर पड़ता हो."

  6. 'बायकॉट मालदीव' अभियान के बाद भारतीय पर्यटकों में कितनी होगी कमी, क्या कह रहे जानकार

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे और मालदीव के मंत्रियों के उन पर दिए विवादास्पद बयानों के बाद बायकॉट मालदीव अभियान भारत में तेज़ हो गया है.

    इसके कारण कई लोगों ने और कुछ संस्थाओं ने मालदीव यात्रा की बुकिंग रद्द कर दी है.

    ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी ब्लू स्टार एयर ट्रैवल सर्विसेज़ के डायरेक्टर माधव ओज़ा के अनुसार, इस अभियान के कारण मालदीव जाने वाले भारतीय यात्रियों की संख्या में 20 से 30 प्रतिशत की कमी हो सकती है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, "बीते कुछ सालों के दौरान दोनों देशों के संबंध बहुत बेहतर हुए थे. कोविड के बाद मालदीव में टूरिज़्म बढ़ा था. आज की तारीख़ में भारत से कुल आठ डायरेक्ट फ्लाइट रोज़ मालदीव जाती है."

    उन्होंने बताया, "इन फ्लाइट से रोज़ वहां 1,200 से 1,500 या​त्री वहां जाते हैं. हमारे प्रधानमंत्री का लोगों पर जो असर है, उसे देखते हुए इनमें से 20 से 30 फ़ीसदी कैन्सिलेशन की उम्मीद कर सकते हैं."

  7. फिर छलका शिवराज सिंह चौहान का दुख, पद से हटते ही होर्डिंग से फोटो ऐसे गायब होते हैं, जैसे...

    मध्य प्रदेश के फिर से मुख्यमंत्री न बन पाने के बाद शिवराज सिंह चौहान का दर्द एक बार फिर छलक पड़ा.

    अपना दुख जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "राजनीति बड़ा मजेदार क्षेत्र है. यहां जब आप मुख्यमंत्री होते हैं, तो आपके चरण भी कमल के समान होते हैं, लेकिन पद से हटते ही होर्डिंग से फोटो ऐसे गायब होते हैं जैसे गधे के सिर से सींग."

    उन्होंने कहा कि राजनीति में भी बहुत अच्छे समर्पित कार्यकर्ता भी होते हैं, जो देश के लिए जीते हैं, लेकिन कई लोग ऐसे भी होते हैं, जो रंग देखते हैं.

    शिवराज सिंह चौहान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर अभी वायरल हो रहा है. उनका ये संबोधन भोपाल के नीलबड़ स्थित ब्रह्मकुमारी सुख शांति भवन के एक कार्यक्रम का है.

    शिवराज सिंह चौहान ने ये भी कहा कि सीएम पद से हटने के बाद भी वे व्यस्त हैं और लगातार काम कर रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "मैं लगातार काम कर रहा हूं, ये अच्छा हुआ कि राजनीति से हटकर काम करने का मौक़ा भी थोड़ा मिल रहा है."

    उनके अनुसार, "जीवन में जब हम लक्ष्य तय कर दूसरों के लिए काम करते हैं तो जिंदगी आनंद से भर जाती है."

  8. शेख़ हसीना की लगातार चौथी जीत पर बोला अमेरिका, न स्वतंत्र, न ही निष्पक्ष था ये चुनाव

    बांग्लादेश के आम चुनाव में अवामी लीग की अध्यक्ष शेख़ हसीना को लगातार चौथी बार जीत मिलने के बाद अमेरिका ने कहा है कि बांग्लादेश का चुनाव 'स्वतंत्र या निष्पक्ष' नहीं था. अमेरिका ने चुनावों के दौरान हुई हिंसा की निंदा भी की है.

    अमेरिका ने ​इस चुनाव में विपक्ष के भाग न लेने और विपक्षी नेताओं की गिरफ़्तारियों पर अपनी चिंता जताई है.

    अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने सोमवार को कहा, "अमेरिका इस चुनाव के अन्य पर्यवेक्षकों के इस विचार को साझा करता है कि ये चुनाव स्वतंत्र या निष्पक्ष नहीं था. हमें खेद है कि इसमें सभी दलों ने भाग नहीं लिया."

    मैथ्यू मिलर ने अपने बयान में कहा, "अमेरिका चुनावों में और पिछले कुछ महीनों के दौरान हुई हिंसा की निंदा करता है. हम हिंसा की रिपोर्टों की विश्वसनीय तरीके से जांच करने और अपराधियों को सज़ा देने के लिए लिए बांग्लादेश सरकार को प्रोत्साहित करते हैं."

    अमेरिका ने हालांकि ये भी कहा है कि 'स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के लिए हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने' के लिए उसे उम्मीद है कि वो बांग्लादेश के साथ काम करना जारी रखेगा.

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उसे बांग्लादेश में मानवाधिकारों और सिविल सोसाइटी का समर्थन करने और दोनों देशों के लोगों के बीच के संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए काम करने की उम्मीद है.

  9. बांग्लादेश की लगातार चौथी बार पीएम बनने पर शेख़ हसीना को नरेंद्र मोदी ने बधाई दी

    बांग्लादेश के 12वें संसदीय चुनाव में अवामी लीग को जीत मिलने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी अध्यक्ष और वहां की पीएम शेख़ हसीना को फोन कर सोमवार को बधाई दी.

    नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स के अपने हैंडल पर एक पोस्ट कर इस बारे में बताया.

    उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री शेख़ हसीना से बात करके उन्हें संसदीय चुनावों में लगातार चौथी बार ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी. मैं बांग्लादेश के लोगों को भी सफल चुनाव कराने के लिए बधाई देता हूं."

    उन्होंने कहा कि वे बांग्लादेश के साथ अपनी स्थाई और जन-केंद्रित साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    इससे पहले, ढाका में भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने सोमवार की सुबह गणभवन जाकर प्रधानमंत्री शेख़ हसीना से मुलाक़ात की.

    भारतीय उच्चायुक्त ने उम्मीद जताई कि शेख़ हसीना सरकार के नए कार्यकाल के दौरान भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय साझेदारी समृद्ध और मजबूत होगी.

    भारतीय प्रधानमंत्री के अलावा चीन, रूस, श्रीलंका, पाकिस्तान सहित कई देशों के राजदूतों ने सोमवार को शेख़ हसीना से मुलाक़ात की और उन्हें जीत की बधाई दी.

    हालांकि सोमवार शाम तक कोई भी पश्चिमी देश शेख़ हसीना को बधाई देता नजर नहीं आया.

  10. सलमान ख़ान के फार्म हाउस की दीवार फांदकर भीतर घुसने पर पंजाब के दो युवक गिरफ़्तार

    जान के ख़तरे का सामना कर रहे अभिनेता सलमान ख़ान के पनवेल स्थित फार्महाउस में बिना इजाज़त घुसने की कोशिश करने के आरोप में पंजाब के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने नवी मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है. इनके नाम अजेश कुमार गिला और गुरुसेवक सिंह सिख है.

    आरोप है कि ये दोनों झाड़ी और फार्म हाउस की चारदीवारी फांदकर भीतर घुस आए. लेकिन फार्महाउस के मैनेजर ने उन दोनों को पकड़कर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया.

    पुलिस के अनुसार, इन दोनों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है.

    अधिकारी के अनुसार यह घटना 4 जनवरी की है. ये दोनों पंजाब के रहने वाले हैं और कुछ दिन पहले मुंबई आकर बोरीवली में रहने लगे.

    सलमान ख़ान पर 1999 में राजस्थान के जोधपुर में काले हिरण का शिकार करने का आरोप है. इसके कारण 2022 में उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से धमकियां मिली थीं.

    उसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें Y+ श्रेणी की सुरक्षा देने के साथ उन्हें हथियार के लाइसेंस भी जारी किए.

  11. अलास्का एयरलाइंस हादसा: बोइंग विमानों के डोर प्लग बोल्ट और कसने की ज़रूरत

    शिकागो स्थित यूनाइटेड एयरलाइंस ने बताया है कि बोइंग 737 मैक्स 9 विमानों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विभिन्न बोल्ट को 'थोड़ा और कसने' की ज़रूरत है.

    यूनाइटेड एयरलाइंस के अनुसार, इन विमानों का इस्तेमाल करने के पहले डोर प्लग से जुड़ी 'इंस्टॉलेशन की समस्याओं' को 'ठीक' किया जाएगा.

    अलास्का एयरलाइंस के एक 737 मैक्स 9 विमान का एक हिस्सा शुक्रवार को उड़ान के दौरान अलग हो गया था. उसके बाद बोइंग के 737 मैक्स 9 विमानों का निरीक्षण शुरू किया गया.

    अमेरिका में इस घटना के बाद इस मॉडल के 171 विमानों को जांच पूरा होने तक उड़ान भरने से रोक दिया गया है.

    यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा है, "शनिवार को हमने शुरुआती जांच शुरू की, तब से हमें जो उदाहरण मिले उसमें डोर प्लग के इंस्टॉलेशन से जुड़ी दिक्कतें मालूम पड़ती हैं. हमें बोल्ट को थोड़ा और कसने की ज़रूरत है."

    डोर प्लग, विंडो से जुड़ा विमान का ​वो हिस्सा होता है, जिसका इस्तेमाल इमरजेंसी एक्जिट (आपातकालीन निकास) के तौर पर हो सकता है.

    अलास्का एयरलाइंस के उस विमान का यही हिस्सा अमेरिकी राज्य ओरेगॉन से उड़ान भरने के दौरान नाटकीय तौर पर उखड़ कर गिर गया था.

    इससे उस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. हालांकि इस हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ. वहीं विमान से अलग हुए हिस्से को बाद में एक टीचर के बगीचे में पाया गया.

  12. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    8 जनवरी, 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.