You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर बिलकिस बानो ने क्या कहा

सुप्रीम कोर्ट के आए फ़ैसले के बाद बिलकिस बानो ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and प्रेरणा

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, राजस्थान की करणपुर सीट पर कांग्रेस के रुपिंदर की जीत, बीजेपी सरकार के मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह को हराया

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कांग्रेस नेता रुपिंदर सिंह कुन्रर ने राजस्थान के श्रीगंगानगर ज़िले की करणपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है.

    उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार सुरेंद्र पाल सिंह को हराया है. कुनर की जीत का अंतर 12 हज़ार से ज़्यादा वोटों का रहा.

    इस सीट पर पांच जनवरी को मतदान हुआ था. वोटों की गिनती सोमवार को हुई. रुपिंदर ने गिनती के दौरान लगातार बढ़त बनाई हुई थी.

    राजस्थान की नई सरकार में सुरेंद्र पाल को मंत्री बनाया गया था.

    राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रुपेंद्र सिंह को जीत हासिल करने पर बधाई दी है.

    सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर गहलोत ने कहा है, "श्रीकरणपुर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के अभिमान को हराया है"

    बीते साल नवंबर में कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर की मौत की वजह से इस सीट पर चुनाव नहीं हो सके थे.

    नवंबर 2023 में हुए चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 199 में से 115 सीटों पर जीत हासिल कर सरकार बनाई है.

  2. अमेरिका में उड़ान के दौरान अलग हुआ अलास्का एयरलायंस का हिस्सा ढूंढ़ा गया

    अलास्का एयरलायंस के विमान का जो हिस्सा उड़ान के दौरान शुक्रवार की रात अलग हो गया था, उसे जांच करने वालों ने ढ़ूंढ़ निकाला है.

    इस विमान ने अमेरिका के पोर्टलैंड से उड़ान भरी थी. प्रशासन इसी जगह के करीब विमान के अलग हुए हिस्से की खोज कर रहा था.

    इस मामले की जांच कर रही संस्था के अध्यक्ष ने सोमवार को बताया कि बॉब नाम के एक शिक्षक ने अपने यार्ड में विमान के इस हिस्से को पाया.

    इस हादसे के बाद अमेरिका में उड़ानों को रेगुलेट करने वाली नियामक संस्था ने बोइंग 737 मैक्स 9 श्रेणी के सभी विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी.

    यह रोक इस मॉडल के सभी 171 विमानों पर तकनीकी जांच पूरी होने तक के लिए लगाई गई है.

  3. पीएम मोदी पर मालदीव के मंत्रियों की आपत्तिजनक टिप्पणी पर वहाँ के मीडिया में क्या छपा है और लोग क्या कह रहे हैं?

  4. पीएम मोदी पर मंत्रियों के विवादास्पद बयानों के बाद भारत ने मालदीव के उच्चायुक्त को तलब किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मालदीव के मंत्रियों के दिए गए विवादास्पद बयानों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोमवार को वहां के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब को तलब किया.

    समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से जारी एक वीडियो में इब्राहिम शाहीब नई दिल्ली स्थित भारतीय विदेश मंत्रालय के कार्यालय से निकलते दिख रहे हैं.

    पीएम मोदी ने चार जनवरी को लक्षद्वीप के दौरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं.

    पीएम मोदी की तस्वीरों पर मुइज़्ज़ू सरकार में मंत्री मरियम शिउना ने आपत्तिजनक ट्वीट किए थे.

    शिउना ने पीएम मोदी को इसराइल से जोड़ते हुए निशाने पर लिया था. इसके अलावा वो लक्षद्वीप का भी मज़ाक उड़ाते हुए दिखी थीं.

    मालदीव के नेता मालशा शरीफ़ और महज़ूम माजिद भी भारत को घेरते हुए नज़र आए थे. ज़ाहिर रमीज़ मालदीव सीनेट के सदस्य हैं और प्रोग्रेसिव पार्टी ऑफ मालदीव के सदस्य हैं.

    मालदीव के मंत्रियों के विवादास्पद बयान के बाद रविवार को सोशल मीडिया पर बायकॉट मालदीव ट्रेंड करता रहा.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप केस के दोषियों की रिहाई सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की

    गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ हुए गैंगरेप के 11 दोषियों की रिहाई के फ़ैसले को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया.

    15 अगस्त, 2022 को गुजरात सरकार ने 11 दोषियों की सज़ा कम करते हुए उन्हें रिहा करने का फ़ैसला किया था. सभी दोषी गोधरा उपकारा में अपनी सज़ा काट रहे थे. इस मामले में सभी दोषियों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई थी.

    गुजरात सरकार ने स्पष्ट किया कि उनकी ये रिहाई दोषियों की सज़ा कम करने की राज्य सरकार की नीति के तहत हुई थी.

    साल 2002 में गुजरात में हुए दंगों के दौरान बिलकिस बानो के परिवार के 14 सदस्यों की हत्या कर दी गई थी और उनके साथ सामूहिक बलात्कार भी किया गया था.

  6. गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड्स 2024 में 'ओपेनहाइमर' फ़िल्म का जलवा, पांच ख़िताब किए अपने नाम

    81वें गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड्स, 2024 में ओपेनहाइमर का जलवा देखने को मिला है. रविवार रात कैलिफोर्निया में आयोजित पुरस्कार समारोह में इस फ़िल्म में कुल पांच ख़िताब जीते हैं.

    ओपेनहाइमर ने 'ड्रामा' कैटेगरी में बेस्ट मोशन पिक्चर का ख़िताब तो जीता ही, इस फ़िल्म के लिए क्रिस्टोफर नोलन को सबसे बढ़िया निर्देशक का पुरस्कार मिला है.​

    इस फ़िल्म में ओपेनहाइमर की भूमिका निभाने वाले सिलियन मर्फी को 'ड्रामा' मोशन पिक्चर कैटेगरी के सबसे बढ़िया कलाकार का अवॉर्ड दिया गया.

    वहीं लुइस स्ट्रॉस की भूमिका निभाने वाले रॉबर्ट डाउनी जूनियर को मोशन पिक्चर कैटेगरी में सबसे बढ़िया सपोर्टिंग कलाकार माना गया.

    बेस्ट ओरिजिनल स्कोर के लिए भी ओपेनहाइमर के लुडविग गोरानसन को चुना गया है.

    इस अवॉर्ड के लिए ओपेनहाइमर को कुल 8 कैटेगरी में नामांकन मिला था. बार्बी को 8 कैटेगरी में नामांकित किया गया था.

    बार्बी ने दुनिया भर में 1.4 अरब डॉलर की कमाई के कारण 'सिनेमेटिक और बॉक्स ऑफिस अचीवमेंट' का पुरस्कार जीता.

    बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में बिली इलिश और फिनीस ओ'कोनेल को ख़िताब मिला है.

    वहीं टीवी कैटेगरी के लिए 'सक्सेशन' को सबसे ज़्यादा अवॉर्ड मिले.

  7. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता का लंबी बीमारी के बाद निधन

    छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल का लंबी बीमारी के बाद सोमवार की सुबह निधन हो गया.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक ट्वीट कर भूपेश बघेल ने यह जानकारी दी है.

    भूपेश बघेल ने लिखा, "दु:ख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि बाबूजी श्री नंद कुमार बघेल जी का आज सुबह निधन हो गया है. अभी पार्थिव शरीर को पाटन सदन में रखा गया है. मेरी छोटी बहन के विदेश से लौटने के बाद अंतिम संस्कार 10 जनवरी को हमारे गृह ग्राम कुरुदडीह में होगा."

    नंद कुमार बघेल 89 साल के थे. वे पिछले तीन महीनों से राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे.

    भूपेश बघेल पार्टी की एक बैठक में भाग लेने के लिए रविवार को नई ​दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन पिता की निधन के बाद रायपुर वापस लौट गए.

    नंद कुमार बघेल के निधन के बाद सोशल मीडिया पर नेता और अन्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि और भूपेश बघेल को सांत्वना दे रहे हैं.

    कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने लिखा, ''पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी क़े पिता जी श्री नंदकुमार बघेल जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. ईश्वर उन्हें अपने चरणों मे स्थान दे. शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति दे.''

  8. अयोध्या जाने के सवाल पर ख़ुद को कृष्ण भक्त बताते हुए ये बोले राजद नेता तेज प्रताप यादव

    22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के सवाल पर बिहार के वन और पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    राजधानी पटना में रविवार को पत्रकारों ने तेज प्रताप यादव से पूछा था कि क्या वे राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में अयोध्या जा रहे हैं.

    एएनआई के अनुसार, इसके जवाब में तेज प्रताप यादव ने कहा, "नहीं, हम तो कृष्ण भगवान के भक्त हैं न! हम तो कृष्ण भगवान के भक्त हैं, हम वृंदावन जाते हैं."

    अयोध्या में पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों 22 जनवरी को भगवान रामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा होनी है. 16 जनवरी से वहां इस समारोह के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे.

    ​वहीं बिहार में सीट बंटवारे की गहमागहमी पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने अभी निर्णय नहीं लिया है, लेकिन पार्टी जो भी निर्णय लेगी उसे सभी नेताओं को मानना होगा.

  9. ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी ईज़ माई ट्रिप का एलान, मालदीव जाने वाली उड़ानों की ​सभी बुकिंग रद्द

    मालदीव के बायकॉट का अभियान जोर पकड़ने के बीच ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी 'ईज़ माई ट्रिप' ने वहां जाने वाली उड़ानों की सारी बुकिंग सस्पेंड करने का एलान किया है.

    कंपनी ने इसके साथ ही कहा है कि वो लक्षद्वीप में पर्यटन बढ़ाने के लिए कई अनोखे और ख़ास ऑफ़र लेकर आएगी.

    कंपनी के सह संस्थापक और सीईओ निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, "अपने देश के साथ एकजुटता दिखाते हुए Ease My Trip ने मालदीव की सभी उड़ानों की बुकिंग सस्पेंड कर दी है."

    उन्होंने इस कंपनी के एक अन्य सह संस्थापक और अपने भाई प्रशांत पिट्टी के एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए यह बात कही.

    अपने ट्वीट में इस निशांत पिट्टी ने पीएम नरेंद्र मोदी, पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को टैग किया. और लक्षद्वीप टूरिज़्म, सपोर्टिंग नेशन जैसे कई हैश टैग लगाए हैं.

    लक्षद्वीप की तारीफ़

    इससे पहले निशांत पिट्टी के भाई प्रशांत पिट्टी ने 'चलो लक्षद्वीप' का 'हैशटैग' लगाते हुए अपने ट्वीट में लिखा था, "लक्षद्वीप का पानी और बीच (समुद्र तट) मालदीव या सेशेल्स जितने अच्छे हैं."

    "हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में यहां का दौरा किया. हम Ease My Trip के लोग इस प्राचीन गंतव्य को बढ़ावा देने के लिए अनोखे विशेष ऑफ़र लेकर आएंगे!"

    इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने पिछले हफ़्ते भारत के केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप का दौरा किया और वहां की कई सुंदर तस्वीरें अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट की थी.

    उसके बाद मालदीव के बजाय लक्षद्वीप की यात्रा को बढ़ावा देते हुए सोशल मीडिया पर मुहिम शुरू हो गई.

  10. अमेरिका में शटडाउन का ख़तरा टला, सरकारी ख़र्च की मंजूरी के लिए सांसदों के बीच बनी सहमति

    साल 2024 के बाक़ी बचे समय के लिए ख़र्च की जाने वाली राशि बढ़ाने के एक समझौते पर अमेरिका के सांसदों के बीच सहमति बन गई है.

    सरकारी कामकाज ठप न हो, इसके लिए अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य 1.6 ट्रिलियन डॉलर (13.3 लाख करोड़ रुपए) खर्च करने की इजाज़त देने वाले इस समझौते पर सहमत हो गए हैं.

    समझौते पर सहमति बनने के बाद अब इसे संसद के दोनों सदनों प्रतिनिधि सभा और सीनेट से मंजूरी की ज़रूरत होगी.

    सांसदों के पास इस फंडिंग को अंतिम रूप देने और कुछ फेडरल सेवाओं के निलंबन को रोकने के लिए दो सप्ताह से भी कम समय बचा है.

    प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष और रिपब्लिकन नेता माइक जॉनसन ने बताया कि इस 1.6 ट्रिलियन डॉलर में से 886 अरब डॉलर रक्षा क्षेत्र में और 704 अरब डॉलर ग़ैर रक्षा क्षेत्रों में खर्च किए जाएंगे.

    हालांकि आंकड़ों को लेकर थोड़ी उलझन सी दिख रही है.

    डेमोक्रेट सांसद हकीम जेफ़रीज़ और चक शूमर के बयान के अनुसार, ग़ैर-रक्षा ख़र्च के लिए 772 अरब डॉलर पर सहमति बनी है.

  11. बांग्लादेश: विवादास्पद चुनाव में शेख़ हसीना की जीत, लगातार चौथी बार बनेंगी प्रधानमंत्री

    पिछले 15 सालों से बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं शेख़ हसीना ने विवादास्पद चुनाव में जीत दर्ज कर अपना लगातार चौथा कार्यकाल हासिल कर लिया है.

    शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग और उसके सहयोगियों ने 299 संसदीय सीटों में कम से कम 152 सीटें जीत ली हैं. एक उम्मीदवार के निधन के चलते एक सीट पर चुनाव टाल दिया गया था.

    देश की मुख्य विपक्षी दल बीएनपी यानी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और उसके सहयोगियों ने इस चुनाव का बहिष्कार किया है. इस कारण शेख़ हसीना की पार्टी और सहयोगियों के शेष सीटें भी जीतने की उम्मीद है.

    बीएनपी का आरोप है कि मतदान एक दिखावा था. रविवार का परिणाम बीएनपी नेताओं और उनके समर्थकों की सामूहिक गिरफ्तारी के बाद आया.

    चुनाव परिणाम आधिकारिक तौर पर सोमवार को घोषित होने की उम्मीद है.

    आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि मतदान का आंकड़ा बहुत कम रहा और लगभग 40 प्रतिशत ही मतदान हुआ. आलोचकों का तो ये भी कहना है कि ये आंकड़े भी बढ़ाकर बताए गए हैं.

    निर्दलीय उम्मीदवारों ने 45 सीटें जीती हैं. बताया जा रहा है कि ये निर्दलीय भी अवामी लीग के ही हैं. वहीं जातीय पार्टी ने आठ सीटें जीती हैं.

    पहली बार 1996 से 2001 तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं शेख़ हसीना का यह कुल पांचवां और लगातार चौथा कार्यकाल है.

    मतदान करने के बाद शेख़ हसीना ने संवाददाताओं से कहा था, "मैं ये तय करने की पूरी कोशिश कर रही हूं कि इस देश में लोकतंत्र बना रहे."

    दूसरी ओर मानवाधिकार संस्था ह्यूमन राइट्स वॉच (HRW) का अनुमान है कि 28 अक्टूबर को एक विपक्षी रैली में हुई हिंसा के बाद लगभग 10 हज़ार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था. इस हिंसा में 16 लोगों की मौत हुई थी और 5,500 से अधिक घायल हुए थे.

    संस्था ने बांग्लादेश सरकार पर 'सत्तारूढ़ अवामी लीग के राजनीतिक विरोधियों से जेल भरने' का आरोप लगाया है. हालांकि अवामी लीग ने इन आरोपों से इनकार किया है.

  12. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    7 जनवरी, 2024के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.