You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरान ने बेरूत में हमास नेता की हत्या पर दी कड़ी प्रतिक्रिया

ईरानी अधिकारियों ने बेरूत में संदिग्ध इसराइली हमले में हमास के नेता सालेह अल-अरौरी की हत्या की कड़ी निंदा की है.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and अनंत प्रकाश

  1. मोहम्मद सिराज के 'पंजे' से दूसरे टेस्ट में लड़खड़ाई दक्षिण अफ़्रीका की पारी

    केपटाउन में हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने दक्षिण अफ़्रीका की आधी टीम को पहले ही दिन पवेलियन लौटा दिया है.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने अपने आठ विकेट खो दिए हैं.

    मोहम्मद सिराज ने सबसे पहले एडन मारक्रम को चलता किया. वह सिर्फ़ दो रन ही बना सके थे.

    इसके बाद डीन एल्गर, टोनी डीज़ॉर्ज़ी, डेविड बेडिंघम और मार्को यानसन भी सिराज का शिकार हुए.

    वहीं, जसप्रीत बुमराह ने ट्रिस्टन स्टब्स को आउट किया.

    भारत पहला टेस्ट हार चुका है. ये मैच जीतकर वह 1-1 से सिरीज़ बराबरी करने की कोशिश में है.

  2. LIVE: नए 'हिट एंड रन' क़ानून से जुड़े विवाद पर लोगों की क्या राय है?

  3. जंतर-मंतर पर फिर जुटे पहलवान, इस बार निशाने पर हैं साक्षी, विनेश और बजरंग

    भारतीय कुश्ती संघ में बीते एक साल से जारी विवाद बुधवार को एक नए मोड़ पर पहुंच गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सैकड़ों की संख्या में जूनियर पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए हैं.

    ये पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के ख़िलाफ़ एकत्र हुए हैं. इन लोगों का आरोप है कि साक्षी, बजरंग और विनेश के कारण उनके करियर का एक अहम साल बर्बाद हुआ है.

    ये जूनियर पहलवान बसों में सवार होकर यूपी, हरियाणा और दिल्ली के अलग-अलग इलाक़ों से आए. इस बारे में दिल्ली पुलिस को भी जानकारी नहीं थी.

    प्रदर्शन कर रहे इन जूनियर पहलवानों की मांग है कि भारतीय कुश्ती संघ के निलंबन के फ़ैसले को वापस लिया जाए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इन जूनियर पहलवानों और उनके कोचों ने कहा है कि अगर कुश्ती संघ को बहाल नहीं किया जाता तो ये अपने अर्जुन अवॉर्ड वापस करेंगे.

    साक्षी, विनेश और बजरंग के ख़िलाफ़ नारे लगा रहे इन लोगों को काबू करने में सुरक्षाबलों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इन लोगों के हाथों में बैनर है, जिसपर लिखा है कि यूएनएन हमारी रेस्लिंग को इन तीनों से बचाएं.

    एक साल पहले साक्षी, बजरंग और विनेश ने इसी जंतर-मंतर से धरना शुरू किया था. इन लोगों का आरोप था कि भारतीय कुश्ती संघ के पू्र्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न किया था.

    ये धरना काफी वक़्त तक चला. इसके बाद भारतीय कुश्ती संघ में चुनाव हुए. इन चुनावों में बृजभूषण के क़रीबी माने जाने वाले संजय सिंह की जीत हुई थी.

    हालांकि कुछ दिन बाद ही खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ की नई ईकाई को निलंबित कर दिया था.

  4. जापान: जानलेवा आग का शिकार हुआ विमान, मिनटों में ऐसे बची 379 लोगों की जान

    जापान के हनेडा एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम को दो विमानों के टकराने से पांच लोगों की मौत हो गई.

    जिन लोगों की मौत हुई, वो कोस्टगार्ड विमान में सवार अधिकारी थे.

    जिस विमान से इस कोस्टगार्ड विमान की टक्कर हुई, वो एयरबस ए-350 थी. इस विमान में 379 यात्री सवार थे. जब ये विमान लैंड हुआ तो इसमें आग लगी हुई थी.

    जलते हुए विमान की शुरुआती तस्वीरें देखकर यात्रियों के सुरक्षित होने की चिंताएं लोगों के मन में थीं. मगर इस विमान पर सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए.

    ये कैसे संभव हुआ?

    जानकारों का कहना है कि इन लोगों को बचाए जाने में किसी अवरोध के ना आने और नई तकनीक की अहम भूमिका रही.

    दूसरे विमान में जो लोग सवार थे, वो सोमवार को आए भूकंप में प्रभावित हुए लोगों की मदद करने जा रहे थे, मगर किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया.

    यात्री विमान में सवार 17 साल के स्वीडे एंटन ने बताया, ''जैसे ही विमान रनवे पर आया, कुछ मिनट के अंदर विमान धुएं से भर गया. केबिन में भरे धुएं से दम घुटा जा रहा था. हम लोग विमान के फर्श पर लेट गए. तब इमरजेंसी दरवाजें खुल गए और हम बाहर की ओर कूद पड़े.''

    वो कहते हैं- हम नहीं जानते थे कि हम कहां जा रहे हैं, हम बस भागते रहे. अफरा-तफरी का माहौल था.

    एक दूसरे यात्री सातोषी यमाके कहते हैं- मैंने महसूस किया कि विमान एक तरफ झुका हुआ है.

    एक महिला यात्री ने कहा कि विमान के अंदर अंधेरा भर गया था. अंदर बहुत गर्मी थी. सच कहूं तो मुझे लगा कि मैं नहीं बचूंगी.

    विमान में सवार एक यात्री ने कहा कि बाहर निकलना काफी मुश्किल था क्योंकि अनाउंसमेंट करके बताया गया था कि पीछे और बीच वाले दरवाजें खुल नहीं पाए हैं, ऐसे में सबको आगे वाले दरवाजे़ से ही बाहर निकलना था.

    तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान से इमरजेंसी निकासी के दौरान उतरने के लिए खोले गए गए फिसलन भरे रास्ते से लोग कूदकर बाहर निकल रहे हैं.

    इनमें से किसी के भी हाथ में सामान नहीं था. ये एक अहम वजह रही कि लोग विमान जल्दी से खाली करके बाहर निकल पाए.

    एविएशन एक्सपर्ट एलैक्स ने बीबीसी से कहा कि प्लेन का क्रू नियमों को अच्छे से फॉलो करके लोगों को बचा पाया, वो भी शुरुआत के अहम चंद मिनटों में.

    वो कहते हैं कि क्रू ये समझने में सफल रहा कि कौन सा दरवाज़ा आग से दूर है.

    एक यात्री कहते हैं- पांच मिनट में सब बाहर निकल गए. 10-15 मिनट के अंदर आग सब जगह फैल गई.

    एक यात्री त्सुबासा ने कहा कि ये सिर्फ चमत्कार है, वरना हम मर चुके होते.

  5. पाकिस्तान के पूर्व वित्त मंत्री सरताज अज़ीज़ नहीं रहे

    पाकिस्तान के पूर्व वित्त मंत्री सरताज अज़ीज़ अब इस दुनिया में नहीं रहे.

    मंगलवार को इस्लामाबाद में अज़ीज़ ने आख़िरी सांस ली.

    पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज़ ने इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी दी.

    सरताज अज़ीज़ 94 साल के थे. वित्त मंत्री के अलावा वो पाकिस्तान सरकार में कई अहम पदों पर रह चुके हैं.

  6. केजरीवाल के ईडी के सामने पेश ना होने पर बीजेपी और आम आदमी पार्टी में तक़रार

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के सामने पेश ना होने पर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने हैं.

    अरविंद केजरीवाल तीसरी बार प्रवर्तन निदेशालय के समन पर नहीं पहुँचे हैं.

    बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा, ''जो अरविंद केजरीवाल भारत की राजनीति में ये कहकर आए थे कि किसी पर आरोप लगे तो इस्तीफ़ा दे दो. उन्हें तो ईडी के पास खुद जाकर खाता-बही दिखाकर साबित करना चाहिए कि उन्होंने कोई भ्रष्टाचार या पाप नहीं किया.''

    गौरव भाटिया ने कहा, "अरविंद केजरीवाल को लगता है कि खाता न बही, जो अरविंद केजरीवाल कहें वो ही सही. वे एक चिट्ठी लिखते हैं और ईडी को कहते हैं कि अपना समन वापस लो."

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "जो लोग राजनीति में आने से पहले ईमानदारी की दुहाई देते थे, आज सबसे बड़ी बेईमान पार्टी 'आप' है. जिनके कई मंत्री जेल में हैं और मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामले में ईडी के समन को बार-बार नकार कर हाज़िर नहीं हो रहे हैं. स्पष्ट दिखता है कि दाल में कुछ काला है या पूरी दाल ही काली नज़र आती है."

    वहीं आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया है कि ईडी बीजेपी के इशारों पर काम कर रही है और अरविंद केजरीवाल को भेजा गया समन गैर-क़ानूनी है.

    उन्होंने कहा, "जब दो बार समन आया तो अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट तौर पर कई सवाल पूछते हुए ईडी को चिट्ठी लिखी...तीन बार चिट्ठी भेजने के बावजूद ईडी ने आज तक अरविंद केजरीवाल के सवालों का जवाब नहीं दिया. ईडी स्पष्ट तौर पर समन में लिखती क्यों नहीं कि क्यों बुलाया जा रहा है? ईडी को भी पता है कि ये समन ग़ैर-क़ानूनी है. अगर वो सच-सच जवाब देंगे तो उनको ये कहना पड़ेगा कि हमने तो ये समन इसलिए भेजा है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ताओं ने इस समन पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर दी है."

    ईडी ने केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े केस में कई बार नोटिस जारी किया है. केजरीवाल ईडी के सामने अब तक पेश नहीं हुए हैं.

    इससे पहले दो नवंबर और 21 दिसंबर को भी केजरीवाल को ईडी ने पेश होने के लिए कहा था.

    कुछ दिन पहले केजरीवाल ने पार्टी की एक बैठक में कहा था- हम जो भलाई का काम कर रहे हैं, उसके रास्ते में जेल जाने के लिए तैयार रहिए.

  7. ट्रक ड्राइवर से 'तुम्हारी औकात क्या है' कहने वाले शाजापुर के कलेक्टर को मध्य प्रदेश सरकार ने हटाया

    मध्य प्रदेश के शाजापुर ज़िले के कलेक्टर किशोर कन्याल को सीएम मोहन यादव ने पद से हटा दिया है.

    किशोर कन्याल के ट्रक ड्राइवर्स से बातचीत के एक हिस्से का वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो में किशोर कन्याल ट्रक ड्राइवर से ये कहते दिखते हैं- क्या करोगे तुम, क्या औकात है तुम्हारी?

    इस पर वहां खड़ा एक व्यक्ति जवाब देता है- यही तो हमारी लड़ाई है कि हमारी कोई औकात नहीं है. हम हाथ जोड़कर आपसे विनती कर रहे हैं.

    ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ.

    अब मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    मोहन यादव ने कहा, ''अधिकारी का ऐसी भाषा बोलना उचित नहीं है. ख़ासकर ये सरकार तो गरीबों की सरकार है. पीएम मोदी जी के नेतृत्व में सरकार गरीब कल्याण के लिए काम कर रही है. कितना भी बड़ा अधिकारी हो, उसे लोगों के काम और भाव का सम्मान करना चाहिए. मनुष्यता के नाते हमारी सरकार में ये भाषा स्वीकार नहीं है.''

    वो बोले, ''मैं खुद मजदूर परिवार से निकला हुआ बेटा हूं. मैं समझता हूं कि आगे से अधिकारी कोई ऐसी भाषा बोलता है तो उसे मैदान में रहने का अधिकार नहीं है. दोबारा जो अधिकारी इस पद पर आएगा, वो भाषा और व्यवहार का ध्यान रखेगा. ऐसी भाषाओं से मेरे मन में पीड़ा हुई. मैं इसे कभी क्षमा नहीं करूंगा.''

    इससे पहले कलेक्टर किशोर कन्याल ने भी अपनी सफाई पेश की थी.

    किशोर कन्याल ने कहा, ''हमारा उद्देश्य था कि ये स्पष्ट रहे कि कोई भी व्यक्ति क़ानून व्यवस्था नहीं बिगाड़ेगा. आपको अपना आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से करना है, कीजिए. कोई समस्या नहीं. कोई ट्रकवाला सामान लेकर आ रहा है तो उसे कोई रोकेगा नहीं.''

    कन्याल कहते हैं, ''उसी को लेकर एक व्यक्ति बार-बार कहने लगा कि अगर तीन तारीख़ के बाद हमारा मुद्दा नहीं सुलझता है तो हम किसी भी लेवल पर जा सकते हैं और क़ानून व्यवस्था को बिगाड़ सकता हूं. उस बात को लेकर मुझे गुस्सा आया था. मैं फिर से स्पष्ट करना चाहता हूं कि क़ानून व्यवस्था को बनाए रखना हमारी ज़िम्मेदारी है.''

  8. सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद कैसा है अदानी समूह के शेयरों का हाल?

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद उद्योगपति गौतम अदानी की कंपनियों के शेयरों में उछाल देखने को मिला.

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के मामले में सेबी की जाँच में दखल देने से इनकार कर दिया है.

    इस फ़ैसले के बाद अदानी समूह की कंपनियों के शेयरों के दाम सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद 11 फ़ीसदी तक बढ़े.

    शुरुआत में ये बढ़त 16 फ़ीसदी तक हुई लेकिन कुछ देर बाद कई कंपनियों के शेयरों में गिरावट भी दिखी.

    लाइव लॉ के मुताबिक़- भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, ''सेबी की जांच में दखल देने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के अधिकार सीमित हैं. सेबी ने 22 में से 20 मामलों की जांच की. हमने सेबी से बचे हुए दो मामलों की जांच अगले तीन महीनों में पूरी करने के लिए कहा है.''

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस बात का कोई आधार नहीं बनता कि जांच सेबी से लेकर एसआईटी या किसी दूसरी एजेंसी को दे जी जाए.

    मनी कंट्रोल की ख़बर के अनुसार अदानी पोर्ट और एसईजे़ड और अदानी एंटरप्राइज़ेज़ के शेयर के दाम दो से पाँच फ़ीसदी तक बढ़े. वहीं, अदानी विलमार, अदानी ग्रीन एनर्जी, अदानी पावर, अदानी टोटल गैस और अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस के दामों में भी 3 से 11 फ़ीसदी तक की बढ़ोतरी हुई.

    एनडीटीवी, एसीसी और अंबुजा सीमेंट जैसे अदानी समूह के अन्य स्टॉक के दाम भी छह फ़ीसदी से ऊपर रहे.

    जनवरी 2023 में अमेरिकी फॉरेंसिक फ़ाइनेंशियल कंपनी हिंडनबर्ग ने अदानी समूह को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए थे.

    अदानी समूह ने इस रिपोर्ट को ख़ारिज किया था.

    इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद अदानी समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी.

  9. गौतम अदानी ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद कहा- 'सच की जीत हुई'

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद कारोबारी गौतम अदानी ने पहली प्रतिक्रिया दी है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में गौतम अदानी ने लिखा है, "सत्यमेव जयते".

    गौतम अदानी ने कहा है, "सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पता चलता है कि सत्य की जीत हुई, सत्यमेव जयते".

    "मैं अपना साथ देने वालों के प्रति आभारी हूं. भारत के विकास में हमारा योगदान जारी रहेगा."

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के मामले में सेबी की जाँच में दखल देने से इनकार कर दिया है.

    जनवरी 2023 में अमेरिकी फॉरेंसिक फ़ाइनेंशियल कंपनी हिंडनबर्ग ने अदानी समूह को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए थे.

    अदानी समूह ने इस रिपोर्ट को ख़ारिज किया था.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, अदानी-हिंडनबर्ग केस: सुप्रीम कोर्ट का सेबी की जांच में दखल देने से इनकार

    उद्योगपति गौतम अदानी को लेकर हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद शुरू हुई जांच से जुड़े मामलों की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने अहम फ़ैसला सुनाया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने सेबी की जांच में दखल देने से इनकार किया है.

    इस मामले में तीन जजों की बेंच ने फ़ैसला सुनाया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़- भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, ''सेबी की जांच में दखल देने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के अधिकार सीमित हैं. सेबी ने 22 में से 20 मामलों की जांच की. हमने सेबी से बचे हुए दो मामलों की जांच अगले तीन महीनों में पूरी करने के लिए कहा है.''

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस बात का कोई आधार नहीं बनता कि जांच सेबी से लेकर एसआईटी या किसी दूसरी एजेंसी को दे जी जाए.

    जनवरी 2023 में अमेरिकी फॉरेंसिक फ़ाइनेंशियल कंपनी हिंडनबर्ग ने अदानी समूह को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए थे.

    अदानी समूह ने इस रिपोर्ट को ख़ारिज किया था.

    इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद अदानी समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी.

  11. ईडी के समन पर 'आप' ने कहा- 'केजरीवाल न अभियुक्त, न गवाह... फिर किस हैसियत से बुला रहे हैं?'

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल बुधवार को ईडी के सामने पेश नहीं होंगे.

    ईडी मनी लॉन्ड्रिंग केस में केजरीवाल को पहले ही दो बार पेश होने के लिए कह चुकी है.

    ये तीसरी बार है, जब बुधवार को ईडी ने केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था.

    इस बारे में दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से कहा, ''ईडी या केंद्र सरकार ने ये नहीं बताया कि वो केजरीवाल को किस हैसियत से बुला रहे हैं. न वो अभियुक्त हैं, न गवाह हैं. केजरीवाल को बुलाए जाने की टाइमिंग पर भी सवाल है. चुनावों से पहले केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश की जा रही है ताकि वो लोकसभा चुनावों के अभियान में ना जा पाएं और उन्हें जेल में बंद कर दिया जाए.''

    सौरभ भारद्वाज कहते हैं, ''चार्जशीट दाखिल कर दी गई है. डेढ़ साल से जांच चल रही है. आप केजरीवाल को अब क्यों बुला रहे हैं. केंद्र और ईडी को इन सवालों के जवाब देने चाहिए.''

    बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मीडिया से कहा, ''केजरीवाल ने आज भी ईडी के सामने पेश नहीं होने का फ़ैसला किया. आख़िर वो अपराधियों की तरह भाग क्यों रहे हैं. ये दिखाता है कि कुछ तो है जो छिपाया जा रहा है.''

    आम आदमी पार्टी ने और क्या कुछ कहा?

    सीबीआई, ईडी के मुकदमे हुए. बीजेपी के पूरे अभियान चले. फिर यही लोग बीजेपी में आ गए और सारे मामले शांत हो गए. मैं नहीं जानता कि ये कौन सा क़ानून है.

    जांच का मतलब ये नहीं है कि आप पकड़ पकड़कर जेल के अंदर डाल दें. हमसे जो जानकारी मांगी थी, वो हमने दे दी. पोस्टर पकड़ने वाले तक से पूछताछ कर ली. और कितनी पूछताछ करेंगे?

    क़ानून चल कहां रहा है. अगर ऐसा हो रहा होता तो बीजेपी में जाने के बाद भी ईडी के समन नेताओं को दिए जा रहे होते.

  12. ईडी के सामने आज भी पेश नहीं होंगे केजरीवाल? चिट्ठी लिखकर क्या कहा

    ख़बरों की मानें तो दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल बुधवार को भी ईडी के सामने पेश नहीं होंगे.

    ये तीसरी बार है, जब केजरीवाल ने ईडी के दिए नोटिस पर पेश नहीं होने का फ़ैसला किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक़, केजरीवाल ने इस बारे में ईडी को लिखित में भी जवाब भेजा है.

    इस चिट्ठी में आम आदमी पार्टी ने कहा है कि केजरीवाल जांच एजेंसी का सहयोग करने के लिए तैयार हैं. लेकिन ये दावा भी किया जाता है कि एजेंसी ने ये नोटिस केजरीवाल को गिरफ़्तार करने के इरादे से भेजा है.

    पीटीआई के मुताबिक़, पार्टी ने आरोप लगाया है कि चुनावों से ठीक पहले नोटिस क्यों भेजा गया है? ये नोटिस साजिश है ताकि केजरीवाल को चुनावी अभियान करने से रोका जाए.

    केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है.

    बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मीडिया से कहा, ''केजरीवाल ने आज भी ईडी के सामने पेश नहीं होने का फ़ैसला किया. आख़िर वो अपराधियों की तरह भाग क्यों रहे हैं. ये दिखाता है कि कुछ तो है जो छिपाया जा रहा है.''

    ईडी ने केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े केस में कई बार नोटिस जारी किया है. केजरीवाल ईडी के सामने अब तक पेश नहीं हुए हैं.

    इससे पहले दो नवंबर और 21 दिसंबर को भी केजरीवाल को ईडी ने पेश होने के लिए कहा था.

    कुछ दिन पहले केजरीवाल ने पार्टी की एक बैठक में कहा था- हम जो भलाई का काम कर रहे हैं, उसके रास्ते में जेल जाने के लिए तैयार रहिए.

  13. ट्रक ड्राइवर्स की हड़ताल: 'औकात क्या है तुम्हारी?' कहकर घिरे कलेक्टर अब क्या बोले?

    मध्य प्रदेश के शाजापुर में ट्रक ड्राइवर्स की हड़ताल के दौरान कलेक्टर किशोर कन्याल की कही बातों एक अंश सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

    वायरल वीडियो में जो हिस्सा देखा और सुना जा सकता है, उसमें शाजापुर ज़िले में ड्राइवर्स के साथ बैठक के दौरान कलेक्टर किशोर कन्याल गुस्से में कहते हैं- क्या करोगे तुम, क्या औकात है तुम्हारी?

    इस पर वहां खड़ा एक व्यक्ति जवाब देता है- यही तो हमारी लड़ाई है कि हमारी कोई औकात नहीं है. हम हाथ जोड़कर आपसे विनती कर रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ऐसा कहने वाले व्यक्ति को वहां से हटा दिया गया.

    मगर इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने वीडियो को ट्वीट करते हुए ग़ालिब का शेर साझा किया- हर एक बात पे कहते हो तुम कि तू क्या है, तुम्हीं कहो कि ये अंदाज़-ए-गुफ़्तुगू क्या है?

    इस वीडियो के सामने आने के बाद कलेक्टर किशोर कन्याल ने भी अपना पक्ष रखा.

    किशोर कन्याल ने कहा, ''हमारा उद्देश्य था कि ये स्पष्ट रहे कि कोई भी व्यक्ति क़ानून व्यवस्था नहीं बिगाड़ेगा. आपको अपना आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से करना है, कीजिए. कोई समस्या नहीं. कोई ट्रकवाला सामान लेकर आ रहा है तो उसे कोई रोकेगा नहीं.''

    कन्याल कहते हैं, ''उसी को लेकर एक व्यक्ति बार-बार कहने लगा कि अगर तीन तारीख़ के बाद हमारा मुद्दा नहीं सुलझता है तो हम किसी भी लेवल पर जा सकते हैं और क़ानून व्यवस्था को बिगाड़ सकता हूं. उस बात को लेकर मुझे गुस्सा आया था. मैं फिर से स्पष्ट करना चाहता हूं कि क़ानून व्यवस्था को बनाए रखना हमारी ज़िम्मेदारी है.''

    हिट एंड रन क़ानून के विरोध में चली आ रही ट्रक ड्राइवर्स की हड़ताल ख़त्म करने की अपील की गई है.

    ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यानी एआईएमटीसी ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि हिट एंड रन क़ानून से जुड़े मसलों पर बात की जाएगी. इसके साथ ही ट्रक ड्राइवरों से अपील की गई है कि वो हड़ताल वापस लें.

  14. जापान में एयरपोर्ट पर टकराए दो विमान: जलकर ख़ाक हुए विमानों की ताज़ा तस्वीरें देखिए

    जापान के हनेडा एयरपोर्ट के रनवे पर मंगलवार को दो विमानों की टक्कर हुई.

    इस टक्कर में कोस्ट गार्ड के प्लेन में सवार पाँच अधिकारियों की मौत हो गई और पायलट की हालत गंभीर है.

    दूसरे विमान में 379 यात्री सवार थे और वो सुरक्षित बचा लिए गए हैं.

    जिस वक़्त हादसा हुआ, उस वक्त अंधेरा था. मगर अब जब सूरज निकल चुका है तो एयरपोर्ट की नई तस्वीरें सामने आई हैं.

    इन तस्वीरों में कोस्ट कार्ड का विमान भी दिख रहा है और यात्री विमान भी. देखिए ताज़ा तस्वीरें.

  15. जापान: भूकंप प्रभावित इलाक़ों में आग, ज़िंदगी बचाने की जंग ऐसे हुई तेज़

    जापान में आए भूकंप के कारण अब तक 62 लोगों के मरने की जानकारी सामने आई है.

    भूकंप के बाद प्रभावित इलाक़ों तक पहुंचने में राहतकर्मियों को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है.

    जापान के पीएम फुमियो किशिदा ने कहा है कि लोगों को बचाने के लिए बचावकर्मियों को वक़्त से दौड़ लगानी होगी.

    पीएम ने जानकारी दी थी कि क़रीब तीन हजार बचावकर्मी नोटो इलाक़े तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. वाजिमा शहर मुख्य इलाक़ों से सड़कें टूटने के कारण पूरी तह कट गया है.

    इशिवाका के सुज़ू शहर में 90 फ़ीसदी घर लगभग तबाह हो चुके हैं. जापान की सेना लोगों तक खाना, कंबल, पानी पहुंचाने की कोशिश कर रही है. देश की सरकार का कहना है कि अब तक लगभग 57 हज़ार लोगों को बचाया जा चुका है.

    हेलिकॉप्टर्स से किए सर्वे में देखा जा सकता है कि इमारतें गिरी हुई हैं और कई जगहों पर आग लगी हुई है.

  16. हिट एंड रन क़ानून: सरकार और ट्रांसपोर्टर्स के बीच सुलह, हड़ताल वापस लेने की अपील

    हिट एंड रन क़ानून के विरोध में चली आ रही ट्रक ड्राइवर्स की हड़ताल ख़त्म करने की अपील सरकार की ओर से की गई है.

    ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यानी एआईएमटीसी ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि हिट एंड रन क़ानून से जुड़े मसलों पर बात की जाएगी. इसके साथ ही ट्रक ड्राइवरों से अपील की गई है कि वो हड़ताल वापस लें.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला के साथ मंगलवार को हुई बैठक में ये मसला सुलझा लिया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से अजय भल्ला ने कहा, ''न्याय संहिता की धारा 106 (2) में 10 साल की सज़ा और जुर्माने को लेकर वाहन चालकों की चिंता का संज्ञान लिया. ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के सदस्यों से इस बारे में विस्तृत चर्चा की गई. सरकार ये बताना चाहती है कि ये नए क़ानून एवं प्रावधान अभी लागू नहीं हुए हैं. इस धारा को लागू करने से पहले ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस से विचार विमर्श किया जाएगा. इसी के बाद किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा. हम सभी वाहन चालकों से अपील करते हैं कि आप अपने काम पर लौट आएं.''

    मंगलवार को ये हड़ताल कई राज्यों में देखने को मिली थी. इसका सबसे ज़्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिला था.

    हालांकि मंगलवार रात जब हड़ताल वापस लेने की अपील की गई तो इसका असर सड़कों पर नहीं देखने को मिला.

    पेट्रोल पंपों, सब्ज़ी की दुकानों पर घबराए लोगों की भीड़ दिखी.

    पेट्रोल डीलर्स की संस्थाओं की ओर से कहा गया, ''हर कोई अपनी गाड़ी की टंकी फुल करना चाहता था. लोगों में डर है कि हड़ताल के कारण कहीं पेट्रोल मिलना बंद ना हो जाए.''

    इस हड़ताल के कारण सब्ज़ी, तेल, खाने-पीने की सामग्री को पूर्ति पर भी कुछ असर देखने को मिला था.

    हिंदुस्तान टाइम्स ने इस हड़ताल के असर को बताते हुए रिपोर्ट की है.

    इस रिपोर्ट में कहा गया है कि जम्मू कश्मीर के 20 ज़िलों में 90 फ़ीसदी पेट्रोल पंप बिना स्टॉक के हो गए थे.

    • पंजाब में भटिंडा रिफाइरी से ईंधन नहीं उठाया जा सका.
    • अंबाला में भी दो दिनों तक नए ईंधन की सप्लाई नहीं की जा सकी.
    • राजस्थान में पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी गई.
    • महाराष्ट्र में एक पुलिसकर्मी पर हमला हुआ.
    • हिमाचल में तेल के टैंकर पुलिस की निगरानी में सड़कों पर उतरे.
    • दिल्ली में सब्ज़ी की सप्लाई प्रभावित हुई.
    • यूपी के आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पत्थरबाज़ी की घटना हुई.
    • मध्य प्रदेश में टैंकर्स को पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई गई.
    • बिहार में एलपीजी की कमी महसूस की गई.

    किस बात का विरोध हो रहा है?

    संसद में हाल में लाए गए भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक मामलों में सज़ा के नए प्रावधान किए गए हैं.

    कानून के तहत 'हिट एंड रन' केस में ड्राइवरों को दस साल की कैद और सात लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान है.

    अभी तक ट्रक या डंपर से कुचलकर किसी की मौत हो जाती थी तो लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगता था और ड्राइवर को जमानत मिल जाती थी.

    हालांकि इस कानून के तहत दो साल की सजा का प्रावधान है लेकिन अब नया कानून काफी सख्त हो गया है और इससे ड्राइवर और ट्रक, टैक्सी, बस ऑपरेटर भड़के हुए हैं.

  17. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    दो जनवरी 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.