इंडिया गठबंधन में उठापटक, अब टीएमसी नेता ने प्रदेश कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने रविवार को पश्चिम बंगाल कांग्रेस पर बीजेपी के साथ ‘मिलीभगत’ के आरोप लगाए हैं.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. राहुल गांधी क्यों बोले- 'प्रधानमंत्री की ऐसी निष्ठुरता देख पीड़ा होती है'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, FB/RAHULGANDHI

    विनेश फोगाट ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार दिल्ली के कर्तव्य पथ पर शनिवार को रखकर अपना विरोध ज़ाहिर किया.

    कुछ दिन पहले ही विनेश फोगाट ने पीएम मोदी को खुला ख़त लिखकर पुरस्कार लौटाने की बात की थी.

    विनेश ने शनिवार को प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचने की कोशिश की थी. मगर दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी.

    अब राहुल गांधी ने विनेश के पुरस्कार लौटाने का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया है.

    राहुल गांधी ने लिखा, ''देश की हर बेटी के लिये आत्मसम्मान पहले है, अन्य कोई भी पदक या सम्मान उसके बाद. आज क्या एक ‘घोषित बाहुबली’ से मिलने वाले ‘राजनीतिक फायदे’ की कीमत इन बहादुर बेटियों के आंसुओं से अधिक हो गई?''

    राहुल लिखते हैं, ''प्रधानमंत्री राष्ट्र का अभिभावक होता है, उसकी ऐसी निष्ठुरता देख पीड़ा होती है.''

    कुछ दिन पहले राहुल गांधी बजरंग पुनिया और प्रियंका गांधी साक्षी मलिक से मिलने पहुंची थीं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ हुए विरोध प्रदर्शनों का मुख्य चेहरा विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया थे.

    बृजभूषण शरण सिंह पर कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.

    दिसंबर 21 को भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव संपन्न हुए थे जिसमें बृजभूषण शरण सिंह के क़रीबी माने जाने वाले संजय सिंह को 47 वोटों में से 40 वोट मिले थे.

    हालांकि 24 दिसंबर को खेल मंत्रालय ने संजय सिंह के नेतृत्व वाले कुश्ती संघ के पैनल को निलंबित कर दिया था.

  2. यूक्रेन पर रूस ने फिर किया हमला, कीएव और खारकीएव को बनाया निशाना

    खारकीएव में हमलों के बाद रिहायशी इमारतों से धुआं निकलने की सूचना है.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, खारकीएव में हमलों के बाद रिहायशी इमारतों से धुआं निकलने की सूचना है.

    यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया है कि रूसी ड्रोन ने दो दिन बाद उस पर फिर से हमले किए हैं.

    राजधानी कीएव और खारकीएव में बम धमाके होने और रिहाइशी इमारतों में आग लगने की ख़बर है.

    इस हमले में हताहतों के बारे में अभी अधिक सूचना नहीं मिली है.

    इस हमले को रूस पर शनिवार को हुए यूक्रेन के हमले का जवाब माना जा रहा है.

    हालांकि यूक्रेन ने शनिवार को रूस पर हमला किया था और कहा था कि ये रूसी हमले का जवाब है. शुक्रवार को रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था.

    रूस ने बताया था कि यूक्रेन के हमले में 20 लोगों की मौत हो गई. वहीं शुक्रवार को यूक्रेन पर हुए हमले में 39 लोगों की मौत हुई थी.

  3. उत्तर कोरिया ने 2024 में तीन और जासूसी सैटेलाइट लॉन्च करने का एलान किया

    उत्तर कोरिया

    इमेज स्रोत, Reuters

    उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, इस देश ने अपनी सेना को मज़बूत बनाने के इरादे से अगले साल तीन और जासूसी सैटेलाइट लॉन्च करने का एलान किया है.

    उत्तर कोरिया ने पिछले महीने अंतरिक्ष में एक जासूसी सैटेलाइट भेजा था. उसने बाद में दावा किया कि उस उपग्रह ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य स्थलों की तस्वीरें उसे भेजी थीं.

    कोरिया की सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की साल के अंत में होने वाली बैठक में देश के नेता किम जोंग उन ने 2024 का लक्ष्य तय किया है.

    इस बैठक में उन्होंने कहा है कि उनके पास अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है.

    किम जोंग उन ने यह भी कहा है कि 2024 में दक्षिण कोरिया के साथ उनके देश के संबंधों में 'मौलिक परिवर्तन' देखने को मिलेंगे.

    उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया के साथ उनके देश का विलय अब संभव नहीं है. उनके अनुसार, दक्षिण कोरिया उनके देश के साथ दुश्मन जैसा व्यवहार करता है.

    ऐसा शायद पहली बार है जब किम जोंग उन ने ऐसी बात कही है. जानकार इसे उत्तर कोरिया की नीति में आधिकारिक बदलाव मान रहे हैं.

  4. रूस का दावा: यूक्रेन के हमले में 20 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल

    रूस

    इमेज स्रोत, Reuters

    रूस ने यूक्रेन पर दक्षिणी-पश्चिमी रूस पर घातक हवाई हमले करने का आरोप लगाया है.

    यूक्रेन से लगती सीमा के पास बेलगोरोड में शनिवार को हुए इस हमले में 20 लोगों के मारे जाने और 100 से अधिक लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    वहां के गवर्नर ने इसे अब तक के सबसे घातक हमलों में से एक क़रार दिया है. उनके अनुसार, मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं.

    वहीं यूक्रेन की सेना से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि शनिवार के हमले में केवल सेना के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया.

    रूस पर यूक्रेन का हुआ यह हमला शुक्रवार को यूक्रेन पर हुए रूसी हमले का जवाब माना जा रहा है. रूस के हमले में 39 लोग मारे गए थे.

    उसके बाद यूक्रेन ने कहा कि ये रूस का अब तक का सबसे बड़ा हमला था.

    रूस ने ताज़ा हमले में यूक्रेन में बने ओल्खा के साथ चेक गणराज्य में बने वैंपायर रॉकेट के इस्तेमाल होने का भी आरोप लगाया है.

    हालांकि बीबीसी रशियन रूस के इस दावे की पुष्टि नहीं कर सका है कि यूक्रेन के हमले में चेक गणराज्य में बने हथियारों का इस्तेमाल हुआ है.

    उधर न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तत्काल बुलाई गई बैठक में रूसी राजदूत वासिली नेबेंज़्या ने यूक्रेन पर 'नागरिक ठिकाने पर जानबूझकर, अंधाधुंध हमले' करने का आरोप लगाया है.

  5. कर्नाटक: बीजेपी के साथ सीट समझौते पर बोले कुमारस्वामी- मकर संक्रांति बाद देंगे 'ख़ुशख़बरी'

    कुमारस्वामी

    इमेज स्रोत, ANI

    कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (सेकुलर) के प्रदेश अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी ने बीजेपी के साथ सीट बंटवारे के बारे में कहा है कि वे मकर संक्रांति बाद 'ख़ुशख़बरी' देंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कुमारस्वामी ने कहा कि बीजेपी के साथ सीट बंटवारा कोई मुद्दा नहीं है.

    उन्होंने कहा कि जेडीएस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ती है, ये उतना अहम नहीं है, क्योंकि एनडीए का लक्ष्य कर्नाटक की सभी 28 लोकसभा सीटें जीतना है.

    उन्होंने बताया कि सटीक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर चीजें तय की जाएंगी.

    एचडी कुमारस्वामी ने अभी हाल में जेडीएस के संरक्षक और अपने पिता एचडी देवेगौड़ा के साथ दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की थी.

    एचडी कुमारस्वामी

    इमेज स्रोत, ANI

    जेडीएस ने सितंबर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ एचडी कुमारस्वामी की बैठक के बाद सितंबर में एनडीए में शामिल हो गई थी.

    प्रदेश से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में जाने की संभावनाओं को नकारते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य में बहुत काम करना है, क्योंकि कई मुद्दों को अभी हल करना है.

  6. ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटरों ने दूसरे मैच में भारत को हराकर वनडे सिरीज़ पर किया क़ब्ज़ा

    ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे मैच में भारत को तीन रन से हराकर तीन मैचों की वनडे सिरीज़ पर कब्ज़ा कर लिया है.

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 259 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम एक बार लक्ष्य के क़रीब पहुंच गई थी, लेकिन 49वें ओवर में केवल तीन रन बनने से उसकी जीत की राह कठिन हो गई.

    भारत को जीत के लिए अंतिम ओवर में 16 रन बनाने थे, लेकिन टीम केवल 12 रन ही बना सकी. इस तरह भारत तीन रन से यह मैच हार गया.

    भारत की ओर से सबसे अधिक 96 रन विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋचा घोष ने बनाया. जेमिमा रोड्रिग्स ने 44 रन और स्मृति मंधाना ने 34 रन का योगदान दिया.

    ऑस्ट्रेलिया की पांच खिलाड़ियों को आउट करने वाली दीप्ति शर्मा ने बल्लेबाज़ी में भी अच्छा योगदान दिया और 24 रन बनाए. लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं.

    भारत की तीन बल्लेबाज़ों को आउट करने वालीं और 23 रन बनाने वालीं ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी दी गई.

    पहले वनडे में भारतीय टीम छह विकेट से हार गई थी. सिरीज़ का तीसरा और अंतिम मैच मंगलवार यानी दो जनवरी को खेला जाएगा.

  7. पुतिन ने राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी को भेजी नए साल की बधाई, मोदी को दिया रूस आने का न्योता

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, TASS VIA GETTY IMAGES

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए साल की शुभकामनाएं दी हैं.

    व्लादिमीर पुतिन ने अपने संदेश में ज़ोर दिया है कि दुनिया के चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद भारत और रूस के संबंध आगे बढ़ रहे हैं.

    उन्होंने 2023 में दोनों देशों के संबंधों में अहम प्रगति होने और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ने की बात कही है.

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्होंने रूस आने का न्योता भी दिया है.

    रूस के राष्ट्रपति के कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, "भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे संदेशों में कहा गया है कि कठिन अंतरराष्ट्रीय स्थितियों के बावजूद रूस और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी गतिशील तरीके से विकसित हो रही है. 2023 में व्यापार असाधारण तौर पर तेज़ी से बढ़ा और विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया."

    रूस के दौरे पर गए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से बातचीत करते रूस के राष्ट्रपति पुतिन और विदेश मंत्री लावरोव.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के दौरे पर गए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से बातचीत करते रूस के राष्ट्रपति पुतिन और विदेश मंत्री लावरोव.

    उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय व वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और स्थिरता बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग होना अहम है.

    बयान में कहा गया, "व्लादिमीर पुतिन ने शंघाई सहयोग संगठन और भारत की अध्यक्षता में जी20 के परिणामों की सराहना की. उन्होंने जोर दिया कि रूस और भारत बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को विकसित करते रहेंगे. साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और स्थिरता मजबूत करने के प्रयास करेंगे."

    पुतिन ने 25 से 29 दिसंबर तक रूस के दौरे पर गए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ 28 दिसंबर को बातचीत की.

    इस बैठक के दौरान व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन सहित कई जटिल वैश्विक मसलों पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रचनात्मक रुख़ की चर्चा की.

    पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी 'शांतिपूर्ण तरीकों' से रूस और यूक्रेन के बीच विवाद को हल करने के लिए पूरी कोशिश करने को तैयार हैं.

    उन्होंने कहा, "हम पीएम मोदी का रुख़ जानते हैं. हमने कई मौक़ों पर इसका कई बार उल्लेख भी किया है. कई मौकों पर यूक्रेन में घट रही घटनाओं पर हमने उन्हें लगातार सलाह दी कहा कि इस मसले पर और चर्चा हो."

  8. अखिलेश यादव बोले- 2024 में बीजेपी सत्ता में आई तो वोट का अधिकार छीन लेगी

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी राजनीति के लिए धर्म का इस्तेमाल पहले दिन से कर रही है और 2024 में अगर बीजेपी सत्ता में आ गई तो वोट देने का अधिकार छीन लेगी.

    उन्होंने बीजेपी पर जनता को धोखा देने का आरोप भी लगाया.

    अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा, "ये वही भारतीय जनता पार्टी है जिसने नई लोकसभा बनाई. लोकसभा की नई परंपरा देखिए कि सबसे ज़्यादा सांसदों को निकाला गया. जिन सवालों का जवाब देना चाहिए था, उन सवालों से बचने के लिए लोकसभा से सांसदों को निकाला गया."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    “जो सबसे महत्वपूर्ण इलाक़ा है उसमें नौजवान लोकसभा में घुस गए. ये लोकसभा भी नहीं चलाना चाहते है. लोगों को सावधान रहना चाहिए कि ये अगर 2024 में आ गए तो वोट देने का अधिकार भी छीन लेंगे.”

  9. नमस्कार!

    आज 2023 के आख़िरी दिन आपका दिन शुभ हो, ऐसी कामना करते हैं.

    30 दिसंबर की लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.