You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तानः इमरान ख़ान का नामांकन पत्र रद्द, पीटीआई के कई नेता चुनाव से बाहर

पाकिस्तान चुनाव आयोग ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख इमरान ख़ान का नामांकन रद्द कर दिया है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. ईडी ने हेमंत सोरेन को भेजी चिट्ठी, एक कार्यक्रम में सीएम बोले- 'आदिवासी हूं, बोका नहीं'

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चिट्ठी लिखकर इस साल दर्ज हुए एक मामले में पूछताछ के लिए पेश होने को सात दिन का वक़्त दिया है.

    इस पत्र में उनसे दो दिनों के भीतर जगह और तारीख़ तय कर ईडी को लिखित रूप में जानकारी देने की बात कही गई है. यह मामला सरकारी दस्तावेज़ में छेड़छाड़ और जालसाज़ी करने से संबंधित है.

    ईडी ने बड़गाई अंचल के एक राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप के ख़िलाफ़ इन्फोर्समेंट केस इन्फ़ॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) संख्या आरएनजेडओ/25/23 दर्ज किया था.

    एजेंसी ने तब दावा किया था कि उन्हें सरकारी दस्तावेज़ में हेराफेरी कर ज़मीन की ख़रीद-बिक्री करने के साक्ष्य मिले हैं.

    ईडी इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ करना चाहती है. इसके लिए पिछले अगस्त से अब तक उन्हें कुल सात समन भेजे गए हैं.

    मुख्यमंत्री या उनके कार्यालय ने इस ताज़ा पत्र (समन) पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    ईडी अधिकारियों ने भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन इस पत्र की प्रति मीडिया संस्थानों में उपलब्ध हैं. स्थानीय मीडिया ने भी इससे संबंधित ख़बरें प्रकाशित की है.

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने इससे पहले भी छह समन भेजे थे और किसी समन के बाद मीडिया को कोई बयान नहीं दिया था. हालाँकि, हर समन की प्रतियाँ मीडिया को उपलब्ध होती रहीं. इस बार भी यही हाल है.

    क्या लिखा है पत्र में

    राँची से प्रकाशित अख़बार ‘प्रभात ख़बर’ के मुताबिक़ ईडी ने अपने पत्र को पीएमएलए-2002 की धारा 50 के तहत समन मानने के लिए कहा है.

    ईडी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में लिखा, “अगर आपने इसे नहीं माना तो समझा जाएगा कि आप जान बूझकर ईडी की ओर से भेजे गए समन का अनुपालन नहीं करना चाहते.”

    पत्र में यह भी लिखा, “आपका बयान दर्ज करने के लिए छह समन भेजे गए थे, लेकिन आप एक बार भी ईडी कार्यालय में हाजिर नहीं हुए. इसके लिए आपने निराधार कारण बताए. समन के आलोक में आपके हाज़िर नहीं होने की वजह से मामले की जाँच में अड़चन पैदा हो रही है और जाँच प्रभावित है.”

    मुख्यमंत्री कहाँ हैं

    ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जब यह पत्र भेजा, तब वे अपनी सरकार की चौथी सालगिरह के मौक़े पर रांची में आयोजित एक भव्य समारोह में शामिल थे.

    इस दौरान उन्होंने घोषणा की थी कि झारखंड में दलितों और आदिवासियों को 50 साल की उम्र से ही वृद्धावस्था पेंशन दी जाएगी.

    इससे पहले हुए कई कार्यक्रमों में हेमंत सोरेन ने कहा था कि जब वे केंद्र सरकार से अपना हक़ माँगते हैं, तो सरकार उनके पीछे ईडी लगा देती है. लेकिन, 'मैं इससे डरने वाला नहीं हूँ. मुझे जेल का भय दिखाकर डराया नहीं जा सकता.'

    अपनी सरकार की चौथी सालगिरह की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी से संबंधित एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत में क़ानून का राज है. ये क़ानून ईडी पर भी लागू होता है.

    हेमंत सोरेन ने कहा, “मैं आदिवासी हूँ लेकिन बोका नहीं हूँ. यह राज्य हमने संघर्ष कर लिया है. हमारी सरकार जनता के हक़ के लिए काम कर रही है, तो हमें तंग किया जा रहा है. हम इससे डरने वाले नहीं हैं.”

  2. राजस्थान में बीजेपी की भजनलाल सरकार का मंत्रिपरिषद विस्तार आज

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में लंबे इंतज़ार के बाद आख़िरकार शनिवार को बीजेपी की भजनलाल शर्मा सरकार के मंत्रिपरिषद का विस्तार होगा.

    मंत्रियों को शपथ दिलवाने के लिए राजभवन में तैयारी पूरी कर ली गई है. दोपहर सवा तीन बजे के क़रीब 18 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे.

    राजस्थान के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार है जब चुनावी नतीजों के 27 दिन बाद मंत्रियों को शपथ दिलाई जा रही है.

    सरकार बने हुए भी 15 दिन बीत चुके हैं. भजन लाल शर्मा ने सीएम और दीया कुमारी और डॉ प्रेमचंद बैरवा ने 15 दिसंबर को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

    मंत्री बनाए जा रहे विधायकों को शनिवार सुबह फ़ोन कर शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया जा रहा है.

    मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले सीएम भजनलाल शर्मा शुक्रवार शाम दिल्ली गए और देर रात तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाक़ात की.

    मुलाक़ात के बाद, सीएम भजन लाल शर्मा देर रात ही सड़क मार्ग से जयपुर लौट आए. शपथ ग्रहण के पहले वे राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाक़ात करेंगे.

  3. राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले आज अयोध्या जाएंगे पीएम मोदी, जानिए दौरे से पहले क्या बोले

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार को) उत्तर प्रदेश के अयोध्या जाएंगे.

    राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लगभग तीन सप्ताह पहले आज बुनियादी ढांचे की कई परियोजनाओं का वे उद्घाटन करेंगे.

    पीएम मोदी ने शुक्रवार की रात सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपने इस दौरे के बारे में बताया.

    उन्होंने लिखा, "भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, कनेक्टिविटी में सुधार और यहां की समृद्ध विरासत के संरक्षण के लिए हमारी सरकार कृतसंकल्प है."

    उन्होंने इस दौरे के प्रमुख प्रस्तावित कार्यक्रमों के बारे में बताया, "इसी दिशा में कल (30 दिसंबर) नवनिर्मित एयरपोर्ट और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करूंगा. इसके साथ ही कई और विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का भी सौभाग्य मिलेगा, जिनसे अयोध्या और यूपी सहित देश के कई क्षेत्रों के मेरे परिवारजनों का जीवन आसान होगा."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी क़रीब तीन घंटों के इस दौरे के दौरान 15,700 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

    अयोध्या के आयुक्त गौरव दयाल ने पीटीआई को बताया, "प्रधानमंत्री के सुबह 10.45 बजे के आसपास अयोध्या हवाई अड्डे पहुंचने की उम्मीद है. हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वे अयोध्या रेलवे स्टेशन जाएंगे, जहां वे पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे. फिर वे हवाईअड्डे पर लौटेंगे और नवनिर्मित एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. उसके बाद वे एक रैली को संबोधित करेंगे.''

    पीएम मोदी अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

    रेलवे स्टेशन के भवन का उद्घाटन 11.15 बजे और एयरपोर्ट भवन का उद्घाटन 12.15 बजे होगा.

    एयरपोर्ट से 15 किलोमीटर लंबे रामपथ पर सख़्त सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं. इस पथ पर पीएम मोदी रोड शो करेंगे.

    उद्घाटन से पहले अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन को अच्छे से सजाया गया है.

    प्रधानमंत्री के आगमन से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को अयोध्या का दौरा किया. दोनों ने रेलवे स्टेशन जाकर तैयारियों की समीक्षा की.

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को ही अयोध्या स्वच्छता अभियान में भाग लिया.

    वहीं सांस्कृतिक कलाकार अपनी कला के प्रदर्शन के लिए अभ्यास में जुटे हैं. पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए 1,400 से अधिक कलाकारों को बुलाया गया है.

    पीएम मोदी के आगमन से पहले अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. उनके दौरे पर व्यवस्था को पुख़्ता बनाने के लिए अयोध्या पुलिस ड्रोन से निगरानी कर रही है.

  4. नरसंहार के आरोप में इसराइल पर दक्षिण अफ्रीका ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में दाख़िल की याचिका

    दक्षिण अफ्रीका ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में एक मामला दायर किया है जिसमें आरोप लगाया गया है कि इसराइल ग़ज़ा में 'नरसंहार की गतिविधियों' में शामिल है.

    आईसीजे ने 'जीनोसाइड कन्वेन्शन' के तहत इसराइल की जवाबदेही के कथित उल्लंघन से संबंधित मामला दायर होने की पुष्टि की है.

    हालांकि इसराइल ने इस आरोप को 'निराधार' बताते हुए इसे सख़्ती से ख़ारिज कर दिया है.

    इसराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इसराइल दक्षिण अफ्रीका द्वारा लगाए गए इस आरोप को ख़ारिज करता है.

    नीदरलैंड्स के हेग में स्थित आईसीजे, संयुक्त राष्ट्र संघ का प्रमुख क़ानूनी निकाय है.

    यह विभिन्न देशों के बीच के विवादों का निपटारा करता है और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनी मसलों पर अपनी सलाह देता है.

    आईसीजे में अपनी अपील दाख़िल करने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक बयान में कहा है कि उनका देश नरसंहार को होने से रोकने के लिए बाध्य है.

    बयान के अनुसार, "ग़ज़ा पट्टी पर इसराइल के हमले और उसके बाशिंदों को वहां से जबरन हटाने के कारण नागरिकों की हो रही दुर्दशा से दक्षिण अफ्रीका बहुत चिंतित है."

    बयान में कहा गया, "इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय अपराधों जैसे कि मानवता के ख़िलाफ़ अपराध और युद्ध अपराध की रिपोर्टें लगातार आ रही हैं. साथ ही नरसंहार या उस जैसे अन्य अपराधों की रिपोर्टें भी मिल रही हैं."

    दक्षिण अफ्रीका ने अपने आवेदन में आईसीजे से अगले सप्ताह सुनवाई करने की मांग की है.

    इसराइल के विदेश मामलों के मंत्रालय के प्रवक्ता लियोर हयात ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका का यह दावा 'न्यायालय का घिनौना और अवमाननापूर्ण शोषण' है.

  5. ब्रिक्स में शामिल होने से सिर्फ़ तीन दिन पहले अर्जेंटीना के नए राष्ट्रपति का इनकार

    अर्जेंटीना ने पूर्ण सदस्य बनने के तीन दिन पहले ब्रिक्स का सदस्य बनने से इनकार कर दिया है.

    देश के नए राष्ट्रपति जेवियर माइली ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार के फ़ैसले को पलटते हुए ब्रिक्स में शामिल होने की योजना अब वापस ले ली है.

    ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ़्रीका के नेताओं को लिखे एक पत्र में जेवियर माइली ने बताया है कि पिछली सरकार के लिए हुए फ़ैसले को अब बदला जा रहा है.

    अर्जेंटीना उन छह देशों की बहुप्रतीक्षित सूची में शामिल था, जिसे एक जनवरी, 2024 से पूर्ण सदस्यता दी जानी है.

    अन्य पांच देशों में मिस्र, ईरान, इथियोपिया, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात हैं. ऐसा होने के बाद ब्रिक्स के कुल सदस्य देशों की संख्या पांच से बढ़कर 10 हो जाएगी.

    अर्जेंटीना की सोच में यह बदलाव दक्षिणपंथी विचारधारा वाले अर्थशास्त्र के प्रोफ़ेसर माइली की नवंबर में हुई जीत के बाद आया है. उन्होंने 10 दिसंबर को अपना पद संभाला है.

    माइली ने वामपंथी विचारधारा के अल्बर्टो फर्नांडीज, जिनकी सोच ब्रिक्स के मौजूदा सदस्य देशों के साथ ज़्यादा मेल खाती थी, की जगह ली है.

    अपने देश की ख़राब अर्थव्यवस्था सुधारने के लिए माइली ने कड़े क़दम उठाने का संकल्प व्यक्त किया था, फिर भी चुनाव में उन्हें आश्चर्यजनक जीत मिली.

    जेवियर माइली ने ब्रिक्स के मौजूदा सदस्यों को भेजे अपने पत्र में कहा है कि उनकी सरकार की विदेश नीति पिछली सरकार से कई मायनों में अलग है.

    उन्होंने कहा कि वे अर्जेंटीना को ब्रिक्स का पूर्ण सदस्य बनने को 'उचित' नहीं मानते हैं, लेकिन वे इन देशों से अपने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

  6. यूक्रेन पर रूस की अब तक की सबसे बड़ी बमबारी में 30 लोगों की मौत

    यूक्रेन ने बताया है कि रूस की अब तक की सबसे बड़ी मिसाइल बमबारी में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं.

    रूस ने शुक्रवार सुबह तड़के यूक्रेन की राजधानी कीएव, ओडेसा, निप्रॉपेट्रोस, खारकीएव, ल्वीव पर हमला किया था. इस हमले में 160 से अधिक लोग घायल हो गए.

    यूक्रेन की वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया है कि उन्होंने कभी एक साथ इतनी सारी मिसाइलों के हमले नहीं देखे.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि रूस ने 'अपने शस्त्रागार में मौजूद लगभग हर प्रकार के हथियारों का इस्तेमाल किया'. उनके अनुसार, रूस ने घरों और अस्पतालों को भी निशाना बनाया.

    हाल के महीनों में कीएव की हवाई सुरक्षा में काफी सुधार हुआ है, लेकिन शुक्रवार को सारी व्यवस्था चरमरा सी गई.

    यूक्रेन की वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि रूस ने हमले के लिए हाइपरसोनिक, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रयोग किया, जिन्हें रोकना मुश्किल होता है.

    वायु सेना ने बताया है कि 158 मिसाइलों और ड्रोनों में से 114 को मार गिराया गया.

    मिसाइल हमले जहां जहां हुए वहां से काला धुआं निकल रहा है.

  7. डोंग जून को नया रक्षा मंत्री बनाने का चीन का एलान

    चीन ने ली शांगफू को आधिकारिक तौर पर बर्ख़ास्त करने के लगभग दो महीने बाद डोंग जून को अपना नया रक्षा मंत्री बनाने का एलान किया है.

    शुक्रवार को बीजिंग में नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की स्थायी समिति की बैठक में चीन के शीर्ष लेजिस्लेटर ने डोंग जून की नियुक्ति की घोषणा की गई.

    62 साल के डोंग जून नौसेना के पूर्व कमांडर हैं. उन्हें अगस्त 2021 में नौसेना का कमांडर बनाया गया था.

    डोंग जून चीन की सेना के दक्षिणी थिएटर कमांड के डिप्टी कमांडर के रूप में कार्य कर चुके हैं. उनका काम दक्षिण चीन सागर जैसे विवादित क्षेत्र में भी रहा है.

    चीन का यह क़दम इस साल के शुरू में देश के कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों की बर्ख़ास्तगी के बाद उठाया गया.

    इस साल रक्षा मंत्री के पद से ली शांगफू के अलावा विदेश मंत्री के पद से किन गैंग को भी हटाया गया.

    इन दोनों की बर्ख़ास्तगी का कोई कारण नहीं बताया गया. दोनों अपने पद पर केवल सात महीने ही रहे.

    इस सप्ताह भी कुछ अधिकारियों की बर्ख़ास्तगी हुई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने चीन के सरकारी मीडिया संस्थान शिन्हुआ के हवाले से बताया है कि शुक्रवार को नौ वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को स्थायी समिति से हटा दिया गया.

    सरकारी मीडिया के अनुसार, सरकार के स्वामित्व वाली मिसाइल रक्षा कंपनियों के तीन अधिकारियों को भी इस सप्ताह के शुरू में चीन की शीर्ष राजनीतिक सलाहकार संस्था से हटा दिया गया.

  8. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    29 दिसंबर की लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.