You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तानः इमरान ख़ान का नामांकन पत्र रद्द, पीटीआई के कई नेता चुनाव से बाहर

पाकिस्तान चुनाव आयोग ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख इमरान ख़ान का नामांकन रद्द कर दिया है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. पाकिस्तानः इमरान ख़ान का नामांकन पत्र रद्द, पीटीआई के कई नेता चुनाव से बाहर

    पाकिस्तान चुनाव आयोग ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख इमरान ख़ान का नामांकन रद्द कर दिया है.

    पीटीआई के कराची अध्यक्ष खुर्रम शेर ज़ामन ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा है, “लाहौर और मियांवाली से इमरान ख़ान के नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए. हम इसके ख़िलाफ़ अदालत जाएंगे. ताज्जुब की बात है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा आजीवन प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भी नवाज़ शरीफ़ के पत्र को कैसे स्वीकार कर लिया गया.”

    शनिवार को पीटीआई के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र बड़ी संख्या में ख़ारिज़ किए जाने का पार्टी ने विरोध जताया है.

    पाकिस्तान में आठ फ़रवरी को आम चुनाव होने वाले हैं और शनिवार को प्रत्याशियों के नामांकन पत्र भरने का आख़िरी दिन था.

    इमरान ख़ान को बीते पांच अगस्त को तोशाखाना मामले में दोषी पाया गया था और तीन साल की सज़ा दी गई थी. इसके बाद चुनाव आयोग ने उन्हें पांच साल के लिए अयोग्य ठहरा दिया.

    पीटीआई के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेशनल असेंबली स्पीकर असद क़ैसर ने कहा, “आज मुझ समेत पीटीआई के सभी वरिष्ठ नेताओं के नामांकन पत्र ख़ारिज़ कर दिए गए. नवाज़ शरीफ़ को पीएम बनाने की ये महज ट्रिक है.”

    कई नेताओं ने आरोप लगाया है कि ‘यह इलेक्शन नहीं सेलेक्शन’ है.

  2. हाइब्रिड वर्किंग: कुछ दिन दफ़्तर, कुछ दिन घर से काम करने में क्या हैं दिक्कतें

  3. नए साल पर घने कोहरे का अनुमान, उत्तर भारत में कई ट्रेनें लेट, उड़ानें प्रभावित

    उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरे और कम दृश्यता के कारण कुछ ट्रेनें विलंब से चल रही हैं.

    इसके अलावा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ उड़ानों के संचालन में देरी हुई.

    मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा. आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और जम्मू कश्मीर में कड़ाके की ठंड के जारी रहने का अनुमान है.

    भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान के 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

    अगले दो से तीन दिन तक पूरे उत्तर भारत में और घना कोहरा बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है और रविवार को दिल्ली में भी घना कोहरा बना रहेगा.

    पिछले दो तीन दिनों से उत्तर भारत में कोहरे का प्रकोप बढ़ा है. नए साल की तैयारियों के बीच कोहरे कारण आवागमन में भी काफी बाधाएं आई हैं.

    गुरुवार को उत्तर प्रदेश में कुहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों पर कई गाड़ियां आपस में लड़ गईं. अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोग की मौत हो गई.

  4. तबाही से बचने के लिए ग़ज़ा के दक्षिण में रफ़ाह पहुंचे एक लाख लोग, तस्वीरों में देखें

    फ़लस्तीनी शरणार्थियों के लिए काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूएनआरडब्ल्यूए ने कहा है कि सेंट्रल ग़ज़ा में भीषण लड़ाई से बचने के लिए पिछले कुछ दिनों में एक लाख लोग दक्षिणी ग़ज़ा के रफ़ाह पहुंचे हैं.

    यूएनआरडब्ल्यूए डायरेक्टर टॉम व्हाइट ने बीबीसी को बताया कि मिस्र की सीमा से सटे रफ़ाह में 10 लाख से अधिक लोग हैं.

    हमास प्रशासित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इसराइली बमबारी में पिछले 24 घंटों में 165 लोग मारे और 250 लोग घायल हुए हैं.

    सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास के हमले के बाद ग़ज़ा पट्टी पर इसराइली बमबारी में अबतक मरने वालों की संख्या 21,672 पहुंच गई है जबकि 56,165 लोग घायल हुए हैं.

    यूएनआरडब्ल्यूए का कहना है कि सर्दियों के समय इतने बड़े पैमाने पर विस्थापित लोगों के लिए मानवीय सहायता हर दिन महत्वपूर्ण होती जा रही है.

    संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, बीते दिनों मानवीय सहायता बढ़ाने के प्रस्ताव के मंज़ूर होने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं है.

    रफ़ाह में लोगों की भीड़ बढ़ रही है. इसराइल ने मध्य ग़ज़ा के ख़ान यूनिस के कुछ हिस्सों से लोगों को चले जाने का आदेश दिया है.

    संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों का कहना है कि यहां हर कोई किसी न किसी रूप में प्रभावित है. एक बड़ी आबादी भुखमरी के कगार पर पहुंच गई है.

    दक्षिणी ग़ज़ा में बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन के बीच बीमारियों के फैलने का ख़तरा बढ़ गया है.

  5. राजस्थान मंत्री परिषद विस्तारः चुनाव के बीच प्रत्याशी को राज्य मंत्री बनाने पर विवाद

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    शनिवार को राजस्थान में बीजेपी की भजन लाल सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार में एक अनिर्वाचित सदस्य को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाने को कांग्रेस ने आचार संहिता का उल्लंघन बताया है.

    कुल 22 मंत्रियों में सुरेंद्र पाल सिंह को भी शपथ दिलाई गई है जो श्रीगंगानगर ज़िले की करणपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं, जहां पांच जनवरी को चुनाव होने वाला है.

    पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा, "श्रीकरणपुर में पांच जनवरी को होने वाले मतदान की आचार संहिता के प्रभावी होने के बावजूद वहां से भाजपा प्रत्याशी को मंत्री बनाना आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन एवं वहां के मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास है."

    उन्होंने कहा है, "चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेकर अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए. इस तरह के असंवैधानिक कदम उठाना लोकतंत्र में दुर्भाग्यपूर्ण है. यह भाजपा आलाकमान के अहंकार को दर्शाता है."

    राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी का अहंकार सातवें आसमान पर है. वो न संविधान को मानते हैं न कानून को मानते हैं न प्रजातंत्र की आवाज़ सुनते हैं. लोकसभा में भी 140 से अधिक सांसदों को निकाल दिया गया. उनकी बात नहीं सुनी गई."

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "आज उनके अहंकार की पराकाष्ठा है कि चलते चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को मंत्री बना दिया गया. वहां पांच तारीख़ को चुनाव होना है. आदर्श आचार संहिता लागू है और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए उन्होंने जानबूझ कर राज्य मंत्री की शपथ दिला दी."

    "उनका ये प्रयास सफल नहीं होगा. हमें आपत्ति है और कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग में शिकायत भी करेगी और ज़रूरत पड़ेगी तो सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे. यह आदर्श आचार संहिता, चुनाव आयोग के नियमों और संविधान का स्पष्ट उल्लंघन है."

    चुनाव प्रचार छोड़कर पहुंचे शपथ ग्रहण समारोह में

    पांच जनवरी के चुनाव के लिए सुरेंद्र पाल सिंह प्रचार में व्यस्त थे.

    वे जयपुर से शनिवार सुबह गए और एक फ़ोन के बाद चुनाव प्रचार छोड़ आए. यहां राजभवन में उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई गई.

    करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नूर के निधन के बाद यहां चुनाव स्थगित कर दिए गए थे.

    राजस्थान विधानसभा के लिए 200 में से 199 सीटों पर 25 नवंबर को चुनाव हुए थे.

  6. शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और कांग्रेस नेता संजय निरूपम के बीच किस बात को लेकर छिड़ी बहस

    शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत के कांग्रेस लोक लेकर दिए एक बयान पर विवाद पैदा हो गया है.

    कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने शनिवार को प्रेस कांफ़्रेंस कर कहा कि संजय राउत को रोज़ प्रेस कांफ्रेंस करने का शौक है लेकिन इसे कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

    संजय राउत ने एक दिन पहले कहा था, ‘कांग्रेस को शून्य से शुरू करना होगा.’

    लेकिन शनिवार को राउत ने एक प्रेस कांफ्रेंस में स्पष्ट किया कि उनका वो मतलब नहीं था.

    उन्होंने कहा, "मैंने ये नहीं कहा कि कांग्रेस शून्य है.’ महाराष्ट्र में कांग्रेस के काडर हैं, उसके नेता हैं, कांग्रेस पार्टी है. हमारे साथ उनका गठबंधन है और रहेगा. मैंने इतना ही कहा था. लेकिन कांग्रेस के पास आज एक भी सांसद नहीं हैं. आज नहीं है."

    "हमारे पास 18 सांसद थे, जिनमें कुछ चले गए, छह बाकी हैं. एनसीपी के पास चार पांच एमपी थे. कांग्रेस के पास अभी कुछ नहीं है. लेकिन महा विकास अघाड़ी में हम सभी एक साथ लगभग 40 सीटें जीत पाएंगे. ऐसी ताक़त है हमारी और इसमें कांग्रेस का भी योगदान रहेगा.”

    संजय राउत ने कहा कि बिना पद के एक कांग्रेसी नेता हैं जो उलटी पुलटी बातें कर रहे हैं.

    एक पत्रकार ने संजय राउत से कहा, ‘उस नेता ने बयान में कहा था कि शिवसेना यहां एक भी सीट नहीं जीत सकती.’

    संजय राउत ने कहा, "आने दीजिए बयान. हमारी इतनी ताक़त है कि अपने पुराने आंकड़ों को फिर से हासिल कर लेंगे. अगर हम एक सीट भी नहीं जीत सकते तो आप भी नहीं जीतेंगे. एक साथ मिलकर ही पूरे देश में जीत सकते हैं. कोई भी पार्टी अकेले जीतने की स्थिति में नहीं है. बीजेपी को भी जीतने के लिए ईवीएम चाहिए."

    असल में इस बयानबाज़ी को शीट शेयरिंग की रस्साकशी शुरू होने के रूप में देखा जा रहा है.

    संजय निरूपम ने क्या कहा

    शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर संजय निरूपम ने संजय राउत पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को शून्य कहने वाले ने कभी एक प्रखंड का चुनाव भी नहीं जीता. ये अच्छी बात है कि उन्हें अपनी ग़लती का अहसास हो गया.

    उन्होंने कहा कि 'संजय राउत को रोज़ प्रेस कांफ़्रेस करने का शौक है. लेकिन इसका इस्तेमाल कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए.'

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस को टार्गेट करने के न तो सामना और ना ही किसी प्रेस कांफ़्रेंस का सहारा लेना चाहिए.

    उन्होंने कहा कि 'हमने देखा है कि किस तरह सामना में लिख लिख कर बीजेपी से गठबंधन टूट गया शिवसेना की दुर्गति हुई. अब उन्हें कांग्रेस के साथ ऐसा करने से बचना चाहिए.'

  7. ग़ज़ा में सुरक्षित नहीं है कोई भी जगह, खुले में रहने को मजबूर हैं लोग- संयुक्त राष्ट्र की अधिकारी

    संयुक्त राष्ट्र की सहायता एजेंसी यूएनआरडब्लूए की डायरेक्टर जूलिएट टूमा ने कहा है कि ग़ज़ा में मानवीय सहायता की मांग लगातार बढ़ रही है. यहां कई लोग खुले में रहने को मजबूर हैं.

    जूलिएट टूमा ने बीबीसी से कहा, “ग़ज़ा पट्टी के कई इलाके ऐसे हैं जहां हमारी लगातार पहुंच होनी चाहिए लेकिन वहां हम पर पाबंदी जारी है. मसलन ग़ज़ा पट्टी का उत्तरी इलाका.”

    उन्होंने बताया, “ग़ज़ा तक बहुत कम आपूर्ति पहुंच रही है. यहां कोई बाज़ार नहीं है, ऐसे में लोग हमारी जैसी संस्थाओं पर बहुत हद तक निर्भर हो गए हैं.”

    ग़ज़ा की कुल आबादी करीब 22 लाख है.

    जूलियट टूमा ने कहा, “सुरक्षित तौर पर ये कहा जा सकता है कि ग़ज़ा का हर व्यक्ति किसी न किसी तरह से प्रभावित है.”

    इसराइल का कहना है कि वो सहायता समाग्री पर रोक नहीं लगा रहा है. इसराइल के मुताबिक, दिक्कत सामान बांटने से जुड़ी है.

    जूलियट टूमा बताती हैं कि ग़ज़ा के करीब 14 लाख लोग उनकी ओर से उपलब्ध कराई जा रही जगहों पर रह रहे हैं. इनमें ज़्यादातर वो स्कूल हैं, जिन्हें लड़ाई शुरू होने के पहले यूएन चलाता था.

    उन्होंने बताया, “बाकी लोग जहां जगह मिल रही है, वहां रह रहे हैं. मसलन सड़क पर या किसी दोस्त के साथ उसके घर पर.”

    जूलियट टूमा ने कहा, “बहुत से लोग खुले में रह रहे हैं. वो पार्क में रहते हैं. कारों में रह रहे हैं. उन्हें सुरक्षित जगह की तलाश है लेकिन ऐसी जगह उन्हें मिल नहीं पाती है क्योंकि ग़ज़ा में कहीं कोई सुरक्षा नहीं है.”

  8. उद्धव ठाकरे बोले- रामलला किसी एक पार्टी की प्रॉपर्टी नहीं, जब मन में आएगा ज़रूर जाऊंगा

    शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने कहा है कि उन्हें अयोध्या के राम मंदिर जाने के लिए किसी न्योते की ज़रूरत नहीं है. उन्होंने कहा है कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए.

    उद्धव ठाकरे ने कहा, "अब तक कोई न्योता आया नहीं है. दूसरी बात वहां आने के लिए मुझे न्योते की ज़रूरत नहीं है क्योंकि रामलला सभी के हैं."

    उन्होंने कहा, "मेरी सिर्फ़ एक ही विनती है कि राममंदिर का लोकार्पण जो होने जा रहा है, उसका पॉलिटिकल इवेंट न हो. रामलला किसी एक की या किसी एक पार्टी की प्रॉपर्टी नहीं हैं. वो लाखों, करोड़ों, जितने सारे रामभक्त हैं, उनकी आस्था और श्रद्धा का स्थान है, उसके ऊपर राजनीति मत करो. ये फ़ैसला सुप्रीम कोर्ट ने दिया है. सरकार ने नहीं किया."

    अयोध्या जाने के सवाल पर उद्धव ठाकरे ने कहा, "राम मंदिर का निर्माण हमारे लिए गर्व की बात है. खुशी की बात है. जब भी मेरे मन में आएगा मैं ज़रूर जाऊंगा."

    अयोध्या में राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी 2024 को है. इस समारोह के लिए खास लोगों को न्योता दिया गया है.

  9. राजस्थान: चुनाव से पांच दिन पहले बीजेपी ने करणपुर सीट से प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह को मंत्री बनाया

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में बीजेपी की भजन लाल सरकार ने लंबे इंतज़ार के बाद शनिवार को मंत्रिपरिषद का विस्तार करते हुए 22 मंत्री बनाए हैं.

    सांसद पद छोड़ कर विधायक बने डॉ किरोड़ी लाल मीणा और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत बारह कैबिनेट मंत्री, पांच राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समेत दस राज्यमंत्री बनाए हैं.

    राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में सभी मंत्रियों को पद की शपथ दिलवाई है.

    मंत्रियों में सबसे चौंकाने वाला नाम है सुरेंद्र पाल सिंह टीटी का, जिन्हें राज्यमंत्री बनाया गया है.

    सुरेंद्र पाल सिंह टीटी श्रीगंगानगर ज़िले की करणपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं.

    यहां पांच जनवरी को वोटिंग होनी है, इससे ठीक पहले बीजेपी ने उन्हें मंत्री बना कर सबको हैरान कर दिया है.

    राजस्थान विधानसभा के लिए 200 में से 199 सीटों पर 25 नवंबर को चुनाव हुए थे.

    करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नूर के निधन के बाद यहां चुनाव स्थगित कर दिए गए थे.

    सुरेंद्र पाल सिंह अभी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं.

    वे जयपुर से शनिवार सुबह गए एक फ़ोन के बाद चुनाव प्रचार छोड़ आए. यहां राजभवन में उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई गई.

  10. नीतीश से मतभेद की अटकल पर बोले ललन सिंह, 'संबंधों पर प्रश्नचिन्ह लगाने वाले होंगे चारों खाने चित '

    जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने उनके और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच मतभेद की ख़बरों ख़ारिज किया और कहा कि ऐसा दावा करने वाले 'चारों खाने चित होंगे.'

    ललन सिंह ने उन मीडिया संस्थानों पर मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी है, जिन्होंने उनके बारे में ‘भ्रामक और तथ्यहीन’ ख़बरें चलाई हैं.

    उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर चिट्ठी पोस्ट करत हुए लिखा, “पिछले करीब एक हफ्ते से हमारी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) और मेरे बारे में बहुत सारी भ्रामक और तथ्यहीन खबरें मीडिया के एक वर्ग द्वारा लगातार चलाई गईं.”

    चिट्ठी में उन्होंने लिखा है, “एक प्रमुख समाचार पत्र एवं कुछ न्यूज़ चैनल्स में प्रमुखता से यह खबर छपी या बताई गई कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के प्रयास में मेरी अध्यक्ष पद से विदाई हो गई. 20 सितम्बर को एक मंत्री के कार्यालय में दर्जन भर विधयाकों की बैठक हुई जिसमें मैं उपस्थित था. खबर में और भी विस्तार से जेडीयू के टूटन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई."

    "ख़बर पूरी तरह भ्रामक, असत्य और मेरी छवि को धूमिल करने वाली है."

    केस करने की चेतावनी

    ललन सिंह ने लिखा, “मेरे और माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के 37 साल के संबंधों पर भी प्रश्नचिन्ह लगाने की कोशिश हुई. ऐसी तथ्यहीन खबरें चलाने वाले चारों खाने चित्त होंगे.”

    उन्होंने लिखा, “ऐसा करने वाले सभी संस्थाओं को कानूनी नोटिस दूंगा और मेरी छवि धूमिल करने के लिए उन पर मानहानि का मुकदमा करूंगा.”

    शुक्रवार को ललन सिंह ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर से अध्यक्ष बनाए गए थे.

    जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली में आयोजित हुई थी और इस दौरान मीडिया में पार्टी और ललन सिंह और नीतीश कुमार के बारे में कयासबाज़ियों का काफ़ी सघन दौर चला.

  11. अयोध्या में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पूरी दुनिया को 22 जनवरी का इंतज़ार'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया 22 जनवरी को भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का बेसब्री से इंतज़ार कर रही है.

    शनिवार को अयोध्या में रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट और अयोध्या के विकास के लिए 11,000 करोड़ रुपये की लागत वाले अन्य प्रोजेक्टों के उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते लोगो से 23 जनवरी यानी प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अगले दिन अयोध्या आने का आह्वान किया.

    22 जनवरी को राम मंदिर के उद्घाटन पर सीमित लोगों को बुलाया गया है.

    पीएम मोदी ने अयोध्या रैली में 140 करोड़ भारतीयों से 22 जनवरी को दीपावली माने की भी अपील की. इस मौके पर घरों में श्रीराम ज्योति जलाने का आह्वान किया.

    प्रधानमंत्री ने दो अमृत भारत ट्रेनें और छह नई वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई.

    इसके अलावा पूरे उत्तर प्रदेश में 4600 करोड़ रुपये की लागत वाले की अन्य प्रोजेक्टों को भी लॉन्च किया.

  12. ग़ज़ा: हमास का दावा-24 घंटे में 187 लोगों की मौत, आईडीएफ़ ने बताया- 'जारी है ज़ोरदार लड़ाई'

    इसराइल डिफेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने बताया है कि इसराइली वायुसेना और नौसेना ने ग़ज़ा पट्टी में कई ठिकानों को निशाना बनाया है.

    सेना के मुताबिक, इसराइली सैनिक ‘तीखी लड़ाई’ में जुटे हैं.

    आईडीएफ़ के मुताबिक, बीते दिन हुए कई संघर्षों के दौरान इसराइली सैनिकों ने ‘दर्जनों चरमपंथियों’ को मार दिया है.

    सेना ने बताया है कि उत्तरी ग़ज़ा में सैनिकों ने दो ऐसी इमारतों को ध्वस्त कर दिया जिनका इस्तेमाल हमास कर रहा था.

    इसके पहले ग़ज़ा में हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान हुए हमलों में 187 लोगों की मौत हो गई. ये भी जानकारी दी गई कि दक्षिणी ग़ज़ा में बीती रात ज़ोरदार हमले हुए.

    ख़ान यूनिस में इसराइल के टैंक से फायरिंग और बमबारी की आवाज़ें गूंजती रहीं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने दक्षिणी ग़ज़ा की तस्वीरें जारी की हैं, इनमें बस्तियों के ऊपर घना धुंआ उठता दिख रहा है.

  13. पीएम ने कहा, ‘कुछ लोग पूछते हैं मोदी की गारंटी में इतनी ताक़त क्यों है’,

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि मोदी की गारंटी में इतनी ताक़त क्यों है?

    उन्होंने इस सवाल का जवाब भी दिया.

    पीएम मोदी ने कहा, “मोदी जो कहता है, वो करने के लिए जीवन खपा देता है, उसे पूरा करने के लिए दिन रात एक कर देता है. अयोध्या नगरी भी इसकी साक्षी है.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अयोध्या में थे. उन्होंने यहां एयरपोर्ट और स्टेशन के नए भवन का उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में रोड शो भी किया.

    उन्होंने एक निषाद परिवार को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेने का न्योता दिया.

    राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया के दूसरे लोगों की तरह वो भी इस समारोह को लेकर उत्सुक हैं.

    उन्होंने कहा, “इस पवित्र धाम के विकास में हम कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे.”

  14. क्रिकेट के मैदान के वो विवाद जो 2023 में सुर्ख़ियों में रहे

  15. दक्षिण अफ़्रीका से हार के बाद बद्रीनाथ ने रोहित को बताया 'कमजोर' खिलाड़ी, पूछा- 'विराट क्यों नहीं हैं कप्तान'

    दक्षिण अफ़्रीका के हाथों पहले टेस्ट में भारतीय टीम की करारी हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

    पूर्व क्रिकेटर एस बद्रीनाथ ने रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए सवाल किया है कि आखिर विराट कोहली टेस्ट टीम के कप्तान क्यों नहीं हैं? उन्होंने रोहित शर्मा को 'कमज़ोर खिलाड़ी' बताया है.

    भारतीय टीम को पहले टेस्ट मैच में पारी और 31 रन से हार झेलनी पड़ी. इस मैच में रोहित शर्मा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. वो पहली पारी में पांच रन बना सके तो दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल पाए. भारतीय टीम ने तीन दिन में ही मैच गंवा दिया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक बद्रीनाथ ने कहा, "कप्तान के तौर पर विराट कोहली का रिकॉर्ड शानदार है. बतौर कप्तान उन्होंने 52 से ज़्यादा की औसत से 5000 से ज़्यादा रन बनाए हैं. 68 टेस्ट मैचों में से उन्होंने 40 में जीत हासिल की है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में हमें शानदार जीत दिलाई. "

    बद्रीनाथ ने सवाल किया, "वो (विराट कोहली) टेस्ट टीम के कप्तान क्यों नहीं हैं? मैं वाजिब सवाल उठाना चाहता हूं. वो बेहतर टेस्ट बल्लेबाज़ हैं. विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच कोई तुलना नहीं है. टेस्ट क्रिकेट में वो बड़े बल्लेबाज़ हैं. उन्होंने हर जगह रन बनाए हैं. वो टीम की अगुवाई क्यों नहीं कर रहे और एक कमजोर खिलाड़ी क्यों कर रहा है."

  16. अयोध्या धाम एयरपोर्ट का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, निषाद परिवार को दिया प्राण प्रतिष्ठा में आने का न्योता

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या दौरे के दौरान एयरपोर्ट का उद्घाटन किया. इस एयरपोर्ट को नाम दिया गया है महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम.

    अयोध्या दौरे के दौरान पीएम मोदी ने एक निषाद परिवार को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया.

    पीएम मोदी ने निषाद परिवार के रवींद्र मांझी के घर पहुंचकर उन्हें 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया.

    उन्होंने उन्हें ख़ुद न्योता लिखकर उनके परिवार को सौंपा. वहां एक बच्ची ने प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी ली.

    अयोध्या में जिस राम मंदिर का निर्माण हो रहा है, उसके परिसर में भगवान राम के समकालीन निषाद राज का मंदिर बनाने की भी योजना है.

    पीएम मोदी के साथ इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी मौजूद थे.

    उन्होंने उज्ज्वला योजना के 10 करोड़वीं लाभार्थी महिला से मुलाक़ात की और उनके घर जाकर चाय पी.

    पीएम मोदी ने 10 करोड़ का लक्ष्य पूरा होने को एक मील का पत्थर क़रार दिया.

  17. बिहार: सुशील कुमार मोदी बोले- 'ललन सिंह का हटना खेल की शुरुआत, अभी बहुत कुछ होना बाकी'

    भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने दावा किया है कि आने वाले समय में बिहार की राजनीति में नए घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं.

    शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "ललन सिंह का हटना खेल की शुरुआत है. अभी बहुत कुछ होना बाकी है."

    सुशील कुमार मोदी ने कहा, "हम लोगों ने तो पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि ललन सिंह हटाए जाएंगे."

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बिहार के सत्ताधारी गठबंधन में शामिल जनता दल यूनाइडेट (जदयू) की कमान संभाली है. उनके पहले राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह पार्टी अध्यक्ष थे.

    इस बदलाव को लेकर सुशील मोदी ने दावा किया, "जदयू में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है. न ही महागठबंधन में."

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने आरोप लगाया, "ललन सिंह ने जदयू के क़रीब 12-13 विधायकों को तोड़ लिया था, लालू (यादव) के साथ मिलकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी थी."

    उन्होंने दावा किया, "उसकी भनक लग गई नीतीश कुमार को और उन्होंने ललन सिंह को हटा दिया."

    हालांकि, जनता दल यूनाइडेट के नेता इस दावे को ख़ारिज कर रहे हैं.

    'नीतीश कुमार को है ग़लतफहमी'

    बिहार के सीएम नीतीश कुमार की विपक्षी दलों को साथ लाने में अहम भूमिका मानी जाती है. हालांकि, अभी तक उन्होंने विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन में कोई अहम भूमिका नहीं ली है.

    सुशील कुमार मोदी ने दावा किया कि आगे भी उन्हें गठबंधन में प्रमुख भूमिका नहीं मिलेगी.

    उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार गलतफ़हमी में है कि उनको इंडी गठबंधन संयोजक बना देगा या उनको प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बना देगा."

    सुशील मोदी ने कहा, "बीजेपी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने जा रहा है. नीतीश कुमार का अति पिछड़ा वोट है, वो पूरी तरह से बीजेपी की तरफ खिसक चुका है. हमारे दरवाज़े बंद हो चुके हैं नीतीश कुमार के लिए. बिहार में हम 40 की 40 लोकसभा सीटें जीतेंगे."

  18. 31 दिसंबर की रात के लिए दिल्ली मेट्रो ने लिया ये फ़ैसला

    नए साल की पूर्व संध्या पर भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली मेट्रो ने एलान किया है कि रात नौ बजे से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने अपने ट्विटर हैंडल पर जारी एक बयान में यह जानकारी दी है.

    डीएमआरसी ने बताया, ''पुलिस अधिकारियों की सलाह के अनुसार, नए साल की पूर्व संध्या (31 दिसंबर, 2023) पर भीड़ भाड़ कम करने के लिए, रात नौ बजे से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी. हालांकि, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से आख़िरी ट्रेन के गुजरने तक यात्रियों को वहां प्रवेश करने की अनुमति होगी.''

    राजीव चौक मेट्रो स्टेशन दिल्ली का केंद्र माने जाने वाले कनॉट प्लेस के बीच स्थित है.

    यहां 31 दिसंबर की रात को लोग भारी संख्या में इकट्ठा होकर नए साल का स्वागत करते हैं. इस कारण यहां काफ़ी भीड़ जमा हो जाती है.

    डीएमआरसी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि नई योजना के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं.

    उसके अनुसार, बाक़ी स्टेशनों पर मेट्रो की व्यवस्था पहले जैसे ही काम करती रहेगी.

  19. जदयू पर ग्रहण, नीतीश कुमार के लिए हमारे दरवाज़े बंद: गिरिराज सिंह

    भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार की एनडीए में वापसी की अटकलों को पूरी तरह से ख़ारिज कर दिया है.

    शनिवार को पत्रकारों के इस बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में गिरिराज सिंह ने कहा, "न, न! हम लोगों का दरवाज़ा बंद है."

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बिहार के सत्ताधारी गठबंधन में शामिल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की कमान संभाली है. उनके पहले राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह पार्टी के अध्यक्ष थे.

    ललन सिंह को नीतीश कुमार का क़रीबी माना जाता रहा है. हालांकि, बीजेपी के कई नेता दावा कर रहे हैं कि हाल में दोनों नेताओं के संबंधों में खटास आई है.

    दावे में कितना दम?

    नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को साथ लाने के लिए इंडिया गठबंधन बनाने में अहम भूमिका निभाई है. हालांकि, अब दावा किया जा रहा है कि गठबंधन में अहम रोल न मिलने से नीतीश कुमार खुश नहीं हैं.

    नीतीश कुमार के पार्टी की कमान संभालने के बाद से कई लोग दावा कर रहे हैं कि वो एक बार फिर एनडीए का रुख़ कर सकते हैं. लेकिन जेडीयू के नेता ऐसा दावों को ख़ारिज करते रहे हैं.

    नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइडेट का अध्यक्ष बनने को लेकर पूछे गए सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा, "न हम खु़श होते हैं, न हम रोते हैं. हमें क्या लेना-देना. तेरे अंगने में मेरा क्या काम है?"

    गिरिराज सिंह ने दावा किया, "देखिए, जदयू पर नए साल में पूरी तरह से ग्रहण लगा हुआ है."

  20. पीएम मोदी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के नए भवन का किया उद्घाटन, रोड शो भी किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के नए बने भवन का उद्घाटन किया.

    इस भवन का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने दो अमृत भारत ट्रेन और छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

    इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे.

    इससे पहले उन्होंने नए बने एयरपोर्ट से 15 किलोमीटर लंबे रामपथ पर रोड शो किया.

    पीएम मोदी ने आज जिस 'रामपथ' पर रोड शो किया है, वो पहले संकरा हुआ करता था. उसके किनारे बने मकानों को तोड़कर इसे चौड़ा किया गया है.

    राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तीन सप्ताह पहले वे वहां बुनियादी ढांचे की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे हैं.

    अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के बाद वे लौटकर एयरपोर्ट के नए बने भवन का उद्घाटन करेंगे.

    वे वहां एक रैली को भी संबोधित करेंगे. इससे पहले एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किया.

    कैसा है रेलवे स्टेशन

    पीएमओ के अनुसार, 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना यह तीन मंजिला आधुनिक रेलवे स्टेशन भवन लिफ्ट, एस्केलेटर, फूड प्लाजा जैसी सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है.

    पूजा के सामान वाली दुकानें क्लॉक रूम, बच्चों की देखभाल के कमरे, प्रतीक्षालय आदि की व्यवस्था यहां की गई है. यह 'सबके लिए सुलभ' है और आईजीबीसी प्रमाणित हरित भवन है.

    दो अमृत भारत ट्रेन

    ये दोनों अमृृत भारत ट्रेन दरभंगा से आनंद विहार टर्मिनल वाया अयोध्या और मालदा टाउन से एम विश्वेश्वरैया टर्मिनस, बेंगलुरू तक चलेगी.

    छह वंदे भारत ट्रेन

    • श्री माता वैष्णो देवीकटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस,
    • अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस,
    • कोयंबटूर-बेंगलुरू कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस,
    • मैंगलुरू-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस,
    • जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस और
    • अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल वंदे भारत एक्सप्रेस.