You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन के आलोचक नवेलनी कहां हैं, उनकी प्रवक्ता ने दी जानकारी

रूसी सरकार के आलोचक एलेक्सी नवेलनी की प्रवक्ता ने बताया है कि नवेलनी ज़िंदा हैं और साइबेरिया की एक पीनल कॉलोनी में मौजूद हैं.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अनंत प्रकाश

  1. घात लगाकर किए गए हमले के बाद राजौरी में चरमपंथियों की तलाश में अभियान तेज़

    पुंछ-राजौरी में गुरुवार को सेना के काफ़िले पर घात लगाकर किए गए हमले के बाद चरमपंथियों की तलाश में सुरक्षा बलों ने सघन खोज अभियान शुरू किया है.

    घात लगाकर किए गए इस हमले में शामिल किसी भी चरमपंथी की अभी तक न तो पहचान हुई है और न ही गिरफ्तारी हुई है.

    इस बीच एएनआई की ओर से जारी एक वीडियो में सुरक्षाकर्मी पुंछ ज़िले के बफलियाज़ इलाक़े में श्वान दस्ते के साथ तलाशी अभियान चलाते हुए दिख रहे हैं.

    एक अन्य वीडियो में सुरक्षाकर्मी पुंछ ज़िले के राजौरी सेक्टर के जंगली क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाते हुए दिख रहे हैं.

    इस बीच थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे वहां चल रहे चरमपंथ विरोधी अभियानों की समीक्षा करने के लिए सोमवार को राजौरी राजौरी सेक्टर का दौरा करेंगे.

    वैसे इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को आठ लोगों को हिरासत में लिया था. शनिवार को इनमें से तीन लोग मृत पाए गए थे.

    मृत पाए गए तीन लोगों में 48 साल के सफ़ीर अहमद, उन्हीं के गांव में रहने वाले उनके दो रिश्तेदार 28 साल के मोहम्मद शौक़त और 25 साल के शबीर अहमद थे.

    इसके बाद राज्य पुलिस ने अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया है.

  2. सेंट्रल ग़ज़ा के शरणार्थी शिविर पर इसराइली हवाई हमले में 70 की मौत, कई घायल

    ग़ज़ा के हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि सेंट्रल ग़ज़ा के अल-मग़ाज़ी शरणार्थी शिविर पर हुए इसराइल के हवाई हमले में कम से कम 70 लोग मारे गए हैं.

    वहीं इसराइल और अरब मीडिया के अनुसार मिस्र ने इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम के लिए एक नया प्रस्ताव रखा है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ अल-कुद्रा के अनुसार, उस इलाक़े में रहने वाले परिवारों की बड़ी तादाद को देखते हुए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है.

    इसराइल की सेना ने बीबीसी को बताया कि हमले की रिपोर्टों की वे पड़ताल कर रहे हैं.

    इस हमले में घायल दर्जनों लोगों को मग़ाज़ी के पास स्थित अल-अक्सा अस्पताल ले जाया गया है. सामने आए फुटेज में कई बच्चों के शरीर ख़ून से लथपथ दिख रहे हैं.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार रविवार देर रात हुए हमले में तीन घर प्रभावित हुए. प्रवक्ता के अनुसार, घनी आबादी वाला आवासीय ब्लॉक इस हमले में नष्ट हो गया.

  3. वाजपेयी की जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, मालवीय को भी किया याद

    देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज जयंती है. आज ही मदन मोहन मालवीय की भी जयंती है.

    इन दोनों दिवंगत नेताओं की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

    इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि दिल्ली स्थित 'सदैव अटल' पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर वाजपेयी के बारे में उन्होंने लिखा, ''पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी जयंती पर देश के सभी परिवारजनों की ओर से मेरा कोटि-कोटि नमन. वे जीवनपर्यंत राष्ट्र निर्माण को गति देने में जुटे रहे. माँ भारती के लिए उनका समर्पण और सेवा भाव अमृतकाल में भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा.''

    उन्होंने उन्हें याद करते हुए अपनी आवाज़ में एक वीडियो भी ट्वीट किया है.

    वहीं बीएचयू के संस्थापक मदन मोहन मालवीय के बारे में पीएम मोदी ने लिखा, ''भारत और भारतीयता को समर्पित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन. उनका अतुलनीय व्यक्तित्व और कृतित्व देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा.''

    भारतीय जनता पार्टी ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी है. पार्टी ने एक्स पर लिखा, ''ना विचलित, ना भयभीत, भारत मां की सेवा में जिसने जीवन किया व्यतीत... वो रहे अटल, वो थे सदैव अटल! मां भारती के सच्चे सपूत और करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक पूर्व प्रधानमंत्री 'भारत रत्न' श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर शत-शत नमन.''

    भारतीय जनता पार्टी ने मदन मोहन मालवीय को भी श्रद्धांजलि दी है.

  4. यूक्रेन में लगभग एक सदी बाद पहली बार 25 दिसंबर को मनेगा क्रिसमस, क्या है कारण

    यूक्रेन के कई रूढ़िवादी (ऑर्थोडॉक्स) ईसाई इस साल पहली बार 25 दिसंबर के दिन क्रिसमस मना रहे हैं.

    असल में यूक्रेन और रूस दोनों ही जूलियन कैलेंडर का उपयोग करते हैं, जब​कि दुनिया भर में ग्रेगोरियन कैलेंडर का इस्तेमाल होता है.

    ग्रेगोरियन कैलेंडर को मानने वाले 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाते हैं, लेकिन जूलियन कैलेंडर को मानने वाले सात जनवरी को क्रिसमस मनाते हैं.

    पिछले 22 महीनों से रूसी आक्रमण से जूझ रहे यूक्रेन ने क्रिसमस के मामले में भी रूस से अलग राह चुनते हुए यह फ़ैसला लिया है.

    इसके तहत, यूक्रेन अब से ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार ही क्रिसमस का पर्व मनाएगा. पश्चिमी देश 25 दिसंबर को ही क्रिसमस मनाते हैं.

    यूक्रेन 1917 में हुई रूस की क्रांति से पहले तक 25 दिसंबर को ही क्रिसमस मनाता था.

    क्रिसमस 25 दिसंबर को मनाना सिर्फ़ एक त्योहार के दिन में बदलाव नहीं है, बल्कि ये सांस्कृतिक बदलाव के लिए यूक्रेन की ओर से उठाए गए उन क़दमों का हिस्सा है, जिनके तहत वह अपने यहां रूस के प्रभाव को ख़त्म करना चाहता है.

    पश्चिमी ग्रेगोरियन कैलेंडर को अपनाना यूक्रेन का ख़ुद को यूरोप के साथ लाने की कोशिशों का भी हिस्सा है.

  5. जम्मू-कश्मीर: सेना की पूछताछ में तीन लोगों की मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज

    सेना द्वारा पूछताछ के लिए शुक्रवार को बुलाए गए आठ में से तीन लोगों के मृत पाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को अज्ञात व्यक्तियों के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया.

    इन तीनों लोगों के शव शनिवार को मिले थे और इनके शरीर पर चोटों के निशान थे. लेकिन सोशल मीडिया पर 29 सेकंड का एक वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला गरमा गया. इसके बाद इलाक़े में तनाव बढ़ गया.

    मृत पाए गए तीन लोग 48 साल के सफ़ीर अहमद, उन्हीं के गांव में रहने वाले उनके दो रिश्तेदार 28 साल के मोहम्मद शौकत और 25 साल के शबीर अहमद थे.

    वायरल वीडियो में कुछ लोग तीन लोगों को निर्वस्त्र करते हुए उन पर मिर्च पाउडर छिड़क रहे थे. दावा किया गया था कि ये सभी सेना के जवान हैं और यह वीडियो आर्मी कैंप में शूट किया गया था.

    अंग्रेज़ी दैनिक द हिंदू के अनुसार, पुंछ के सुरनकोट पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.

    जम्मू-कश्मीर सरकार ने पुंछ में मारे गए इन तीनों लोगों के परिजनों को मुआवजा और नौकरी देने की घोषणा की गई है. वहीं गंभीर रूप से घायल पांच स्थानीय लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये सभी गुज्जर-बक्करवाल जनजातीय समुदाय के हैं.

    इससे पहले, 21 दिसंबर को पुंछ-राजौरी में सेना के काफिले पर घात लगाकर हमला हुआ था. उस हमले में चार सैनिक मारे गए थे, जबकि तीन घायल हो गए थे.

    उसके बाद सुरक्षा बलों ने आठ लोगों को हिरासत में लिया था. घात लगाकर किए गए हमले में शामिल चरमपंथियों की अभी तक न तो पहचान हुई है और न ही गिरफ्तारी हुई है.

  6. फ्रांस में उतारे गए 303 भारतीय यात्रियों को ले जा रहे विमान को मिली जाने की इजाज़त

    संयुक्त अरब अमीरात से 303 भारतीय यात्रियों को लेकर निकारागुआ जा रहे विमान को शुक्रवार को फ्रांस में उतार लिया गया था.

    मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस विमान को तीन दिन बाद फ्रांस छोड़ने की अनुमति दे दी गई है. अब यह विमान सोमवार को उड़ान भर सकता है.

    संदेह था कि इस विमान का उपयोग मानव तस्करी के लिए हो रहा था. इस कारण इसे रोका गया था.

    फ्रांस के लोकप्रिय समाचार चैनल बीएफएम टीवी के अनुसार, रोमानिया की लीजेंड एयरलाइंस द्वारा संचालित इस ए340 विमान को देश छोड़ने की अनुमति देने के बाद फ्रांस की न्यायपालिका ने प्रक्रिया में खामी का हवाला देते हुए सुनवाई को रद्द करने का फ़ैसला किया.

    हालांकि लीजेंड एयरलाइंस ने किसी भी मानव तस्करी में शामिल होने से इनकार किया है. फ्रांस में मानव तस्करी में शामिल होने पर 20 साल की सज़ा का प्रावधान है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, फ्रांस के चार जजों ने 'मानव तस्करी' के संदेह में हिरासत में लिए गए यात्रियों से रविवार को पूछताछ की. यह पूछताछ पेरिस से 150 किमी पूर्व में वैट्री हवाई अड्डे पर हुई.

    इस विमान के सोमवार सुबह दोबारा उड़ान भरने की उम्मीद है. हालांकि यह जाएगा कहां, यह अभी तक पता नहीं है. बताया जा रहा है कि यह भारत, निकारागुआ, दुबई कहीं भी जा सकता है.

  7. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    24 दिसंबर की लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.