You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन के आलोचक नवेलनी कहां हैं, उनकी प्रवक्ता ने दी जानकारी

रूसी सरकार के आलोचक एलेक्सी नवेलनी की प्रवक्ता ने बताया है कि नवेलनी ज़िंदा हैं और साइबेरिया की एक पीनल कॉलोनी में मौजूद हैं.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अनंत प्रकाश

  1. पुतिन के आलोचक नवेलनी कहां हैं, उनकी प्रवक्ता ने दी जानकारी

    रूसी सरकार के आलोचक एलेक्सी नवेलनी की प्रवक्ता ने बताया है कि नवेलनी ज़िंदा हैं और साइबेरिया की एक पीनल कॉलोनी में मौजूद हैं.

    पीनल कॉलोनी से आशय दूरस्थ जगहों पर कैदियों को रखने के लिए बनाई गई जगहों से है.

    एलेक्सी नवेलनी की प्रवक्ता कीरा यारमिश ने 25 दिसंबर को बताया है कि ‘हमने एलेक्सी नवेलनी को खोज लिया है’, वह इस समय उत्तरी रूस में मौजूद हैं.

    पिछले दिनों उन्हें एक कारागार से निकालकर दूसरे कारागार में पहुंचाया गया है.

    उनकी टीम का बीती छह दिसंबर के बाद से उनके साथ किसी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा था. इसी वजह से एलेक्सी नवेलनी की मौजूदा हालत और सेहत को लेकर आशंकाएं जताई जा रही थीं.

    नवेलनी को व्लादिमीर पुतिन के सबसे मुखर आलोचकों में गिना जाता है. वह साल 2021 से जेल में हैं.

    यारमिश ने टेलिग्राम मैसेजिंग एप पर लिखा – ‘उनके वकील ने उन्हें आज देखा है. एलेक्सी नवेलनी ठीक हैं.’

    एलेक्सी इन दिनों जिस पीनल कॉलोनी में मौजूद हैं, उसका उपनाम पोलर वुल्फ़ है. इसे रूस में सबसे ज़्यादा मुश्किल हालात वाली जेल माना जाता है.

    यहां रखे गए ज़्यादातर कैदियों को गंभीर अपराधों के लिए दोषी ठहराया गया है.

  2. राष्ट्रपति ने आईपीसी की जगह लेने वाले क़ानूनों पर लगाई मुहर

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को आईपीसी, सीआरपीसी और एविडेंस एक्ट की जगह लाए गए तीन विधेयकों को अपनी मंजूरी दे दी है.

    राष्ट्रपति की मुहर लगने के साथ ही ये विधेयक क़ानून बन गए हैं. इनके नाम भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य क़ानून हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन विधेयकों के राज्यसभा से पारित होने पर कहा था कि ‘ये हमारे इतिहास का एक अहम क्षण है.’

    उन्होंने कहा, “ये विधेयक औपनिवेशिक युग के कानूनों के अंत के प्रतीक हैं. लोक सेवा और कल्याण पर आधारित क़ानून से एक नए युग की शुरुआत होती है.’

    इस विधेयक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नए आपराधिक कानून की आत्मा, शरीर और विचार भारतीय हैं.

    गृह मंत्री ने कहा, "हमने कहा था कि न्याय मिलने की गति बढ़ाएंगे, क़ानूनों को सरल बनाएंगे, क़ानूनों को भारतीय बनाएंगे और न्यायिक एवं न्यायालय प्रबंध व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएंगे. ये जो मैं पढ़ रहा हूं, ये हमारे संकल्प पत्र का हिस्सा है. मान्यवर, उस समय मैं ही पार्टी का अध्यक्ष था. आज इस सदन में हम पूरा करने का काम कर रहे हैं."

  3. हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की भारी भीड़, सड़कों पर लगा जाम

    हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस और नए साल के मौके पर पहुंचने वाले पर्यटकों की वजह से भारी भीड़ देखने को मिल रही है.

    हाइवे से लेकर सड़कों तक हर जगह गाड़ियां ही गाड़ियां नज़र आ रही हैं. राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक़, इस साल पहले की अपेक्षा काफ़ी ज़्यादा गाड़ियां हिमाचल प्रदेश पहुंची हैं.

    कुल्लू-मनाली जैसे शहरों में पर्यटकों की सबसे ज़्यादा भीड़ देखी जा रही है.

    कुल्लू के एसपी संजीव चौहान ने कहा, “कुल्लू में 23 तारीख़ को 14013, 24 दिसंबर को 15260 और 25 दिसंबर दोपहर 12 बजे तक 6122 गाड़ियां आई हैं. ये सभी पर्यटकों की गाड़ियां हैं. और ये संख्या काफ़ी ज़्यादा है.”

    इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक वाहन लाहौल-स्पीति ज़िले में चंद्रा नदी को पार करता दिख रहा है.

    स्थानीय एसपी मयंक चौधरी ने कहा है कि ‘हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक थार नामक वाहन चंद्रा नामक नदी क्रॉस करता दिख रहा है. इस गाड़ी के ख़िलाफ़ एमवी एक्ट, 1988 के तहत चालान कर दिया गया है ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत न करे. ज़िला पुलिस ने संबंधित जगह पर पुलिस भी तैनात कर दी है.”

  4. हाफिज़ सईद की राजनीतिक पार्टी पाकिस्तान चुनाव में उतरेगी

    मुंबई में 26/11 को हुए चरमपंथी हमले के 'मास्टरमाइंड' कहे जाने वाले हाफ़िज़ सईद के राजनीतिक संगठन ने पाकिस्तान के आम चुनावों में उतरने का फ़ैसला किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हाफ़िज़ सईद ने पाकिस्तान मरकज़ी मुस्लिम लीग यानी पीएमएमएल नाम का संगठन बनाया है. इस पार्टी का चुनाव चिह्न कुर्सी है.

    पार्टी की ओर से बताया गया है कि वो ज़्यादातर प्रांतीय और क्षेत्रीय सीटों पर चुनावी मैदान में होगी.

    हाफ़िज़ सईद प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा की फ़ंडिंग से जुड़े मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से 2019 से जेल में हैं.

    पीएमएमएल के अध्यक्ष ख़ालिद मसूद सिंधु ने कहा, ''हम भ्रष्टाचार के लिए नहीं बल्कि लोगों की सेवा करने और पाकिस्तान को एक इस्लामिक कल्याणकारी राज्य बनाने के लिए सत्ता में आना चाहते हैं.''

    पीटीआई के मुताबिक़, मसूद सिंधु ने पार्टी का हाफ़िज़ सईद से संबंध होने की बात से इनकार किया है.

    मसूद एनए-130 लाहौर से उम्मीदवार हैं. इस सीट से पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ भी चुनावी मैदान में हैं. हाफिज़ सईद के बेटे तल्हा सईद लाहौर की एनए-127 सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.

    साल 2018 में मिल्ली मुस्लिम लीग यानी एमएमएल जमात-उद-दावा का राजनीतिक चेहरा थी.

    तब इस पार्टी ने ज़्यादातर सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन इस पार्टी को तब एक भी सीट नहीं मिली थी.

    फिलहाल एमएमएल पर प्रतिबंध है. इस वजह से 2024 चुनावों के लिए पीएमएमएल को बनाया गया है.

  5. इसराइल – ग़ज़ा युद्ध: मिस्र के प्रस्ताव पर बनेगी बात?, 25 दिसंबर का ‘दिन भर’ सुनिए मोहन लाल शर्मा और सुमिरन प्रीत कौर से

  6. गुरुग्राम में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मज़दूरों को निकालने के प्रयास जारी

    हरियाणा के गुरुग्राम में एक निर्माणाधीन इमारत गिरने से कुछ मज़दूरों के दबने की ख़बर आ रही है.

    गुरुग्राम के एसीपी मुकेश कुमार ने बताया है कि इस बारे में एनडीआरएफ़ को सूचित कर दिया है.

    उन्होंने कहा, “हमें कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक मंदिर के पास एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई है और कुछ मज़दूर उसके नीचे दब गए हैं. एनडीआरएफ़ को सूचित कर दिया गया है. जो मज़दूर दबा है वह दिखाई दे रहा है और उसे बचाने के प्रयास जारी हैं.”

    उन्होंने ये भी बताया है कि फंसे हुए मज़दूरों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, फंसे हुए मज़दूरों की संख्या पांच बताई जा रही है.

  7. दिल्ली पुलिस बोली- 'यौन शोषण का बदला' लेने के लिए नाबालिगों ने की 25 वर्षीय शख़्स की हत्या

    दिल्ली पुलिस ने बताया है कि 16 से 17 साल के तीन नाबालिगों ने एक 25 साल के शख़्स की हत्या कर दी है.

    पुलिस ने कहा है कि तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया है, इन्होंने आज़ाद नामक इस शख़्स की हत्या करने की बात स्वीकार की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़- पुलिस बोली, ''इन नाबालिगों ने कहा है कि आज़ाद कथित रूप से तीन में से एक का यौन शोषण किया करता था. इसी वजह से अभियुक्त ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या करने की योजना बनाई.''

    पीटीआई के मुताबिक़, पुलिस ने इस शख़्स की अधजली लाश खुसरो पार्क नामक जगह से बरामद की है.

    जांचकर्ताओं ने बताया है, ‘हमने लाश बरामद करके पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स भेज दी है. इस मामले में हत्या और सबूत छिपाने की धाराओं में एफ़आईआर दर्ज कराई गयी हैं. अभियुक्तों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने 21 दिसंबर की रात इस हत्या को अंजाम दिया था. इसके बाद सूखी घास और कपड़ों से लाश को जलाने की कोशिश की.’

  8. मध्य प्रदेश की नई सरकार में अपनी भूमिका पर शिवराज सिंह चौहान क्या बोले

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.

    राज्य की नयी सरकार में अपनी भूमिका से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, “मेरी एक कार्यकर्ता की भूमिका रहेगी...मंत्रिमंडल बहुत संतुलित है.”

    चौहान 18 सालों से मध्य प्रदेश सरकार का नेतृत्व कर रहे थे. इस बार भी बीजेपी के जीतने के बाद उनके मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं जताई जा रही थीं.

    लेकिन आख़िर में बीजेपी ने मोहन यादव के हाथ में कमान सौंपी.

    मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने मंत्रिमंडल विस्तार में प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय जैसे केंद्रीय नेताओं को भी जगह दी है.

    कैलाश विजयवर्गीय ने इस मंत्रिमंडल में जगह मिलने पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "मेरा सौभाग्य है कि मैंने उमा जी के साथ, बाबू लाल गौर, शिवराज सिंह जी के साथ काम किया. और अब मोहन जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का विकास करेंगे."

    इस मंत्रिमंडल में वरिष्ठ और युवा नेताओं की मौजूदगी के मुद्दे पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा, “इस टीम में टेस्ट खिलाड़ी भी हैं और टी20 के खिलाड़ी भी हैं. ऐसे में बहुत संतुलित टीम बनी है. और अच्छा सेवा का सबको अवसर मिलेगा.”

  9. भारत आ रहे टैंकर पर हमले के अमेरिकी दावे पर ईरान ने क्या कहा?

    ईरान ने सोमवार को उस अमेरिकी दावे का खंडन किया है जिसमें हिंद महासागर में एक टैंकर पर हुए हमले के लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया गया था.

    ईरान ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इन आरोपों को निराधार बताया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासेर कनानी ने कहा है, ‘बार-बार लगाए जाने वाले इन आरोपों को निराधार बताकर खारिज किया जाता है.'

    अमेरिकी रक्षा विभाग ने इससे पहले कहा था कि गुजरात के पास अरब सागर में एक टैंकर पर हुए हमले में इस्तेमाल किया गया ड्रोन "ईरान से छोड़ा" गया था.

    अमेरिकी रक्षा विभाग ने कहा है, "चेम प्लूटो नाम के इस केमिकल टैंकर को ईरान से छोड़े गए ड्रोन ने एकतरफा निशाना बनाया था."

    19 दिसंबर को ये जहाज़ सऊदी अरब से चला था.

  10. गहलोत के सवाल के बाद बोले राजस्थान सीएम भजन लाल शर्मा- जनता से जुड़ी कोई योजना बंद नहीं होगी

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि जनता से जुड़ी कोई योजना बंद नहीं की जाएगी.

    पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर वर्तमान में बीजेपी सरकार से कांग्रेस की योजनाओं पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई थी.

    चिरंजीवी योजना का ज़िक्र करते हुए गहलोत ने कहा था, ''मीडिया के माध्यम से ये भी जानकारी में आया है कि चिरंजीवी योजना में निजी अस्पतालों द्वारा इलाज नहीं किया जा रहा है. वर्तमान सरकार को हमारी सरकार की योजनाओं को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, जिससे जनता को परेशानी ना हो. कोई नई व्यवस्था लागू होने तक पूर्ववत व्यवस्था चालू रखनी चाहिए.''

    मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सोमवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती महोत्सव में बोल रहे थे.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "अब राज बदल गया, प्रदेश में सुशासन आ गया. भाजपा सरकार के राज में जनता से जुड़ी हुई कोई भी योजनाएं बंद नहीं की जाएगी."

    सीएम ने कहा, "जनता की सेवाओं में जन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा. सरकार सौ दिन की कार्य योजना पर कार्य कर रही है. सरकार भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल सभी वादों को पूरा करेगी."

    उन्होंने कहा, "सरकार ने आयुष्मान योजना में पांच लाख की सीमा को बढ़ाकर दस लाख तक किया, इसके बाद अब प्रदेश में इस योजना के तहत खर्च राशि 25 लाख रुपए तक की करने पर कार्य किया जा रहा है."

    वो बोले, "भाजपा सरकार के राज में निशुल्क मिलने वाली दवाईयां बंद नहीं की जाएगी, बल्कि गंभीर बीमारियों में उपयोगी दवाइयों को भी नि:शुल्क योजना के तहत मरीजों को उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी."

    मीडिया में ऐसी रिपोर्ट्स आ रही थीं कि गहलोत की शुरू की गई चिरंजीवी योजना के तहत अब निजी अस्पताल निशुल्क इलाज करने से इंकार कर रहे हैं.

    इस कारण सरकारी अस्पतालों में जाने वाले मरीज़ों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है.

  11. LIVE: मध्य प्रदेश में हुआ मंत्रिमंडल विस्तार

    LIVE: मध्य प्रदेश में हुआ मंत्रिमंडल विस्तार. वरिष्ठ पत्रकारों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता सलमान रावी. कैमरा - अरविन्द साहू

  12. मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री बने प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय, किस-किसको मिली कैबिनेट में जगह?

    मध्य प्रदेश में मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल को विस्तार दिया है.

    इस मंत्रिमंडल विस्तार में प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय जैसे कई बड़े नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है.

    इनके साथ-साथ सरकार में कुल 28 बीजेपी विधायकों को सरकार में मंत्री बनाया गया है.

    प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय उन नेताओं में शामिल रहे हैं जिन्हें मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा था.

    इनमें से 18 नेताओं को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है. और दस नेताओं को राज्य मंत्री का ओहदा दिया गया है.

    मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री बनने वाले नेता –

    • प्रह्लाद सिंह पटेल
    • कैलाश विजयवर्गीय
    • निर्मला भूरिया
    • नारायण सिंह कुशवाहा
    • नागर सिंह चौहान
    • प्रद्युम्न सिंह तोमर
    • संपतिया उइके
    • तुलसीराम सिलावत
    • ऐदल सिंह कांसना
    • गोविंद सिंह राजपूत
    • विश्वास सारंग
  13. क्रिसमस पर पीएम मोदी बोले- 'ईसाई समुदाय से मेरा बहुत पुराना नाता...'

    क्रिसमस के मौक़े पर पीएम मोदी ने ईसाई समुदाय के लोगों से मुलाक़ात की है और एक समारोह में शिरकत की.

    इस मौक़े पर पीएम मोदी ने कहा, ''ईसाई समुदाय से मेरा रिश्ता बहुत पुराना है. मैं जब गुजरात का सीएम था, तब मैं ईसाई समुदाय के गुरुओं से मिला करता था. जहां से मैं चुनाव लड़ता था, वहां अच्छी ख़ासी संख्या में ईसाई रहते थे.''

    वो बोले, ''सरकार के तौर पर हम ये सुनिश्चित कर रहे हैं कि विकास का फ़ायदा हर किसी तक पहुंचे और कोई अछूता नहीं रहे. ईसाई समुदाय के कई लोगों तक विशेषकर ग़रीब और वंचितों तक भी आज देश में हो रहे विकास का लाभ पहुंच रहा है.''

    पीएम मोदी ने कहा, ''कुछ साल पहले मुझे द होली पोप से मिलने का सौभाग्य मिला था. वो मेरे लिए यादगार पल था. क्रिसमस पर उपहार देने की परंपरा रही है. इसलिए इस अवसर पर हम ये विचार करें कि कैसे हम आने वाली पीढ़ियों को एक बेहतर धरती का उपहार दे सकते हैं.''

    पीएम मोदी कहते हैं, ''आज़ादी की लड़ाई में कई ईसाई शामिल थे. गांधी जी ने खुद बताया था कि असहयोग आंदोलन की परिकल्पना सेंट स्टीफंस कॉलेज के प्रिंसिंपल सुशील कुमार की छत्रछाया में रची गई थी. ईसाई समुदाय ने समाज को दिशा देने में निरंतर अहम भूमिका निभाई. आपकी कम्युनिटी गरीबों और वंचितों की सेवा में हमेशा आगे रही है.''

  14. शाहरुख़ ख़ान की 'डंकी' और प्रभास की 'सालार'- कमाई में कौन सी फ़िल्म आगे?

    शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म 'डंकी' और प्रभास की फ़िल्म 'सालार' की रिलीज़ की तारीख़ में फ़ासला एक दिन का था. मगर कमाई के मामले में अब सालार आगे बढ़ती हुई दिख रही है.

    फ़िल्म डंकी 21 दिसंबर और सालार 22 दिसंबर को रिलीज़ हुई थी.

    इन फ़िल्मों के निर्माताओं की ओर से तीन दिन की कमाई के आंकड़े जारी किए गए हैं.

    डंकी फ़िल्म की निर्माता कंपनी रेड चिलीज़ इंटरटेंमेंट के रविवार शाम शेयर किए गए ट्वीट के मुताबिक़, डंकी ने तीन दिन में 157 करोड़ रुपये की कमाई दुनियाभर में की है.

    बॉक्स ऑफिस से जुड़े आंकड़ों को मुहैया करवाने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक़, डंकी ने चौथे दिन भारत की सभी भाषाओं में 31 करोड़ रुपये की कमाई की है.

    वहीं सालार के ऑफिशियल हैंडल से जारी आंकड़ों के मुताबिक़, फ़िल्म ने रिलीज़ के शुरुआती तीन दिनों में दुनियाभर में 402 करोड़ रुपये की कमाई की है.

    वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक़, सालार फ़िल्म ने भारत में तीन दिन में 209 करोड़ रुपये की कमाई की है.

    इस साल शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म पठान और जवान ने काफी ज़्यादा कमाई की थी. इन फ़िल्मों की कमाई की तुलना में डंकी की शुरुआती कमाई कम ही नज़र आ रही है.

    समीक्षकों ने डंकी और प्रभास दोनों ही फ़िल्मों को बहुत अच्छे स्टार्स नहीं दिए गए हैं.

  15. राजस्थान: निजी अस्पतालों में मुफ़्त इलाज ना किए जाने की ख़बरों पर अशोक गहलोत क्या बोले?

    राजस्थान की चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना विधानसभा चुनावों के पहले से लेकर अब तक चर्चा में है.

    इस योजना के तहत राजस्थान के प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये तक का कैशलेस बीमा दिया जाता है.

    चुनावों में कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई तो ये सवाल पूछा जा रहा था कि क्या बीजेपी सरकार इस योजना को जारी रखेगी?

    अब बीते कुछ दिनों से मीडिया रिपोर्ट्स में ये कहा जा रहा है कि कई निजी अस्पताल में इस योजना के तहत इलाज नहीं किया जा रहा है. निजी अस्पतालों का कहना है कि सरकार की ओर से करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं किया गया है.

    अब सोमवार सुबह राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर मांग की है कि मौजूदा सरकार हमारी योजनाओं को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करे.

    गहलोत ने ट्वीट कर कहा, ''जनता में अब निराशा व्याप्त होने लगी है, क्योंकि राजस्थान की जनता ने तीन दिसंबर को बीजेपी को स्पष्ट जनादेश दिया, पर 22 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक मंत्रिमंडल का गठन नहीं हुआ है, जिससे शासन संचालन में ठहराव की स्थिति आ गई है.''

    वो लिखते हैं, ''हर विभाग असमंजस की स्थिति में है. जनता देख रही है कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए किन मंत्रियों के पास जाए. जल्द से जल्द मंत्रिमंडल का गठन होना चाहिए, जिससे सरकार का कामकाज सुचारू रूप से चल सके.''

    चिरंजीवी योजना का ज़िक्र करते हुए गहलोत ने कहा, ''मीडिया के माध्यम से ये भी जानकारी में आया है कि चिरंजीवी योजना में निजी अस्पतालों द्वारा इलाज नहीं किया जा रहा है. वर्तमान सरकार को हमारी सरकार की योजनाओं को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, जिससे जनता को परेशानी ना हो. कोई नई व्यवस्था लागू होने तक पूर्ववत व्यवस्था चालू रखनी चाहिए.''

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकारमोहर सिंह मीणाके मुताबिक़, निजी अस्पतालों के इलाज से इनकार के बाद मरीज सरकारी अस्पतालों का रुख़ कर रहे हैं.

    इस बीच चर्चा है कि नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार अब इस योजना का नाम बदल कर 'आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना' कर सकती है.

    जयपुर में राज्य के सबसे बड़े सवाई मानसिंह अस्पताल के अधीक्षक डॉ अचल शर्मा ने बीबीसी से कहा था, "बीते दिनों के मुकाबले अब मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण क्या हैं, कहा नहीं जा सकता."

  16. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने फिर की उपराष्ट्रपति धनखड़ की मिमिक्री, अब क्या कहा?

    संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान पिछले हफ़्ते राज्यसभा के सभापति और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करके विवादों में आए टीएमसी के राज्यसभा सांसद कल्याण बनर्जी ने एक बार फिर उनकी मिमिक्री की है.

    वो पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे.

    शीतकालीन सत्र के दौरान निलंबित हुए 146 सांसदों में शामिल रहे बनर्जी ने कहा कि मिमिक्री करना एक प्रकार की कला है.

    उन्होंने कहा, ''मैं मिमिक्री करता रहूंगा. यह कला का एक प्रकार है. यदि ज़रूरत पड़ी तो मैं हज़ारों बार इसे करूंगा. अपने विचारों को अभिव्यक्त करने के लिए मेरे पास सारे मौलिक अधिकार हैं. आप मुझे जेल में डाल सकते हैं. लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगा.''

    बीजेपी ने की आलोचना

    बनर्जी के फिर से मिमिक्री करने की आलोचना करते हुए राज्य के सीनियर बीजेपी नेता दिलीप घोष ने कहा है कि टीएमसी का हर नेता ऐसे ही नाटक करता है.

    उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा कि इन नेताओं के पास करने को कोई काम नहीं है, राज्य में विकास नहीं है.

    घोष बोलते हैं, ''उनको कोई बुलाता भी नहीं है, तो मीडिया में आने के लिए कुछ न कुछ नाटक करते रहते हैं, नहीं तो भ्रष्टाचार करते हैं. एक सांसद की तो सदस्यता ही चली गई भ्रष्टाचार के कारण.''

  17. खड़गे को 'इंडिया' संयोजक बनाने के प्रस्ताव से नाराज़ होने के दावों पर बोले नीतीश कुमार

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी बजाय मल्लिकार्जुन खड़गे को इंडिया गठबंधन का संयोजक नेता बनाए जाने के प्रस्ताव के बाद गठबंधन से नाराज़ रहने की अटकलों का पुरज़ोर खंडन किया है.

    वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पटना में पत्रकारों से बात कर रहे थे.

    नीतीश कुमार ने इस मसले पर पत्रकारों से कहा, ''ना ना! आपको हम बता दें मेरी इच्छा नहीं थी. हम तो चाहते हैं कि सब लोग एकजुट हों.''

    उन्होंने साफ किया, ''हम ज़रा भी नाराज़ नहीं हैं. बस यही चाहते हैं कि सब कुछ जल्दी हो जाए.''

    उन्होंने इस मौक़े पर अटल बिहारी वाजपेयी की तारीफ़ करते हुए कहा, ''उनका मुझ पर काफ़ी अहसान है, जब से मैं सांसद बना उन्हें जानता था. जब उनकी सरकार बनी तो उन्होंने मुझे तीन विभागों की जिम्मेदारी दी. मुझे मुख्यमंत्री बनाने में भी उनका बहुत योगदान था.''

    वहीं उनकी पार्टी जदयू में आपसी मनमुटाव और टूट होने के सुशील कुमार मोदी के दावों पर उन्होंने कहा, ''कौन क्या बोलता है, हम ध्यान नहीं देने जा रहे है. हमारी पार्टी में सब एकजुट है, कोई दिक्कत नहीं है.''

    उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार 10 लाख सरकारी नौकरी देने के लक्ष्य का आधा हासिल कर चुकी है.

    इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग कब होगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि सारी चीज़ सही समय पर हो जाएगा.

  18. संसद की सुरक्षा में चूक: जिन बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के नाम से एंट्री पास जारी हुआ था, वो क्या बोले?

    संसद की सुरक्षा में चूक के मामले में अब बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा ने प्रतिक्रिया दी है.

    लोकसभा में घुसकर जिन लोगों ने रंगीन धुआं छोड़कर नारेबाज़ी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था, उन लोगों को एंट्री पास प्रताप सिम्हा के हस्ताक्षर पर जारी हुआ था.

    बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा पर सवाल उठाते हुए विपक्ष के नेताओं ने भी केंद्र सरकार को घेरा था और पीएम मोदी से सदन में जवाब देने के लिए कहा था.

    अब प्रताप सिम्हा ने कहा है कि 2024 लोकसभा चुनावों में लोग तय करेंगे कि मैं गद्दार हूं या देशभक्त.

    वो कहते हैं, ''मुझ पर जो आरोप लगे हैं, वो मैं ईश्वर और अपने समर्थकों पर छोड़ता हूं कि वो फ़ैसला करें.''

    प्रताप सिम्हा बोले, ''मेरे पाठक, मेरे फैन जो बीते 20 सालों से मुझे पढ़ रहे हैं. मेरे क्षेत्र के लोग जो साढ़े नौ साल से मेरा काम देख रहे हैं और देश संबंधी मुद्दों, धर्म और राष्ट्रवाद पर मेरा आचरण जानते हैं... वो और ईश्ववर ये तय करेगा कि मैं देशभक्त हूं या नहीं. आगामी लोकसभा चुनावों में इसका फ़ैसला हो जाएगा. मुझे इसके सिवा कुछ नहीं कहना.''

    13 दिसंबर 2023 को संसद पर हमले की बरसी के दिन चार लोग लोकसभा के अंदर और बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए नज़र आए थे. दो लोग लोकसभा में दर्शक दीर्घा से कूदकर सांसदों की बेंचों के पास पहुंचे थे. दो लोग लोकसभा के बाहर विरोध करते हुए दिखे थे.

    पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ़्तार किया था. पुलिस इस घटना के पीछे ललित कुमार झा नाम के व्यक्ति को मास्टरमाइंड बता रही है.

    इस घटना के बाद केंद्र सरकार ने जांच के आदेश दिए थे और एक कमेटी बनाई, जो संसद में सुरक्षा को पुख्ता करने को लेकर अपनी रिपोर्ट देगी.

  19. राजौरी में चरमपं​थी हमले में चार सैनिकों के मारे जाने पर क्या बोले सीजेआई चंद्रचूड़

    राजौरी में चरमपं​थी हमले में चार सैनिकों के मारे जाने को याद करते हुए भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा है कि क्रिसमस मनाते वक़्त हमें सैनिकों को नहीं भूलना चाहिए.

    जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा, "हमने कुछ दिन पहले अपने सशस्त्र बलों के चार सदस्यों को खो दिया. इसलिए जब हम क्रिसमस मना रहे हों, तब हमें उन लोगों को नहीं भूलना चाहिए जो हमारे देश की सीमाओं पर तैनात हैं और अपने जीवन का त्याग कर रहे हैं.''

    उनके अनुसार, ''वे इस ठंड भरी सुबह में भी देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं. इसलिए जब हम गाते हैं, तो उनके लिए भी गाते हैं."

    जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ सुप्रीम कोर्ट में क्रिसमस मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे.

  20. भारतीय कुश्ती संघ के निलंबन को चुनौती देने और अमित शाह से मिलने पर क्या बोले बृजभूषण

    बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने दोहराया है कि वे अब कुश्ती और कुश्ती की राजनीति से पूरी तरह संन्यास ले चुके हैं.

    उन्होंने डब्ल्यूएफआई को ​निलंबित करने के खेल मंत्रालय के फ़ैसले को अदालत में चुनौती देने के फ़ैसले पर कहा कि इस बारे में फ़ैसला फेडरेशन को लेना है, उनका उससे अब कोई लेना देना नहीं है.

    क्या कहा बृजभूषण शरण सिंह ने

    कुश्ती के संबंध में जो मुझे बोलना था, कल मैं बोल चुका हूं. मैं कुश्ती और कुश्ती की राजनीति से पूर्णत: संन्यास ले चुका हूं.

    रहा अमित शाह जी से मिलने की बात, तो हमारे पार्टी के नेता हैं, अगर हम मिलेंगे भी कुश्ती के संबंध में बात नहीं करेंगे. कुश्ती की बात समाप्त हो चुकी है.

    अमित शाह से उनकी मुलाक़ात कब होगी, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि टाइम को लेकर उनके पास कोई सूचना नहीं है, लेकिन वे हमारे नेता हैं, जब बुलाएंगे तब मिलेंगे, अभी उनसे मिलने का कोई प्रोग्राम नहीं है.

    संजय सिंह के बारे में उन्होंने कहा, ''वे अपना काम करें और हम अपना काम कर रहे हैं. हमने संजय सिंह को कह दिया है.''

    भारतीय कुश्ती संघ को ​निलंबित करने के खेल मंत्रालय के फ़ैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती देने के फ़ैसले पर उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''ये बात आप संजय सिंह से पूछिए. क्या करना है नहीं करना ये फेडरेशन का काम है. ये बात फेडरेशन और सरकार के बीच की है.''

    पत्रकारों ने उनसे साक्षी मलिक के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी कि उनकी लड़ाई सरकार से नहीं बृजभूषण शरण सिंह से है. इस पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया.