You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नीदरलैंड के दक्षिणपंथी नेता गीर्ट वाइल्डर्स ने हिंदुओं पर दिया ये बयान

नीदरलैंड्स के आम चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाले गीर्ट वाइल्डर्स ने दुनिया भर से मिल रहे बधाई संदेशों के जवाव में सोशल मीडिया एक्स के ज़रिए सभी को धन्यवाद दिया है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों के साथ सीआरपीएफ की मुठभेड़, सब इंस्पेक्टर की मौत

    छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में रविवार को नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक सब-इंस्पेक्टर की मौत हो गई है. वहीं एक कांस्टेबल घायल हो गए हैं.

    मारे गए पुलिस अधिकारी का नाम सुधाकर रेड्डी और घायल जवान का नाम रामू है. घायल जवान को एयरलिफ़्ट करके इलाज के लिए भेजा गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया है कि यह मुठभेड़ रविवार सुबह 7 बजे जागरगुंडा थाना क्षेत्र में हुई.

    उस समय सीआरपीएफ की 165वीं बटालियन की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी.

    एएनआई के अनुसार, चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. सीआरपीएफ, कोबरा और ज़िला पुलिस के जवान मिलकर इलाक़े की सघन जांच कर रही है.

    पिछले कुछ सालों में नक्सलियों का प्रभाव सीमित होने के बावजूद छत्तीसगढ़ के कई इलाक़े अभी वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित हैं.

    केंद्र सरकार का दावा है कि अगले साल के अंत तक राज्य को नक्सल प्रभाव से मुक्त करा लिया जाएगा.

  2. अमेरिका के ताज़ा पोल सर्वे में डोनाल्ड ट्रंप की बढ़त उड़ा सकती है राष्ट्रपति बाइडन की नींद

    अब से लगभग 10 महीने बाद अमेरिका में होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए ताज़ा सर्वेक्षण में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन पर भारी पड़ते नज़र आ रहे हैं.

    सीएनएन के ताज़ा मतदाता सर्वेक्षण में जिन राज्यों के मतदाताओं के बहुमत की पसंद हर चुनाव में बदलती रहती है, उन राज्यों में ट्रंप अपने प्रतिद्वंद्वी बाइडन पर बढ़त बनाते दिख रहे हैं.

    माना जा रहा है कि अगले राष्ट्रपति चुनाव में इन राज्यों की भूमिका काफ़ी अहम रहने वाली है.

    इस सर्वेक्षण के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया (5 प्रतिशत की बढ़त), मिशिगन (10 प्रतिशत की बढ़त), नेवादा, एरिज़ोना, विस्कॉन्सिन और पेन्सिल्वेनिया जैसे राज्यों में राष्ट्रपति बाइडन से ट्रंप आगे हैं.

    2020 के चुनाव में जो बाइडन ने इन सभी छह राज्यों में जीत ​दर्ज की थी. माना जा रहा है कि एक बार फिर अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के लिए डोनाल्ड ट्रंप को इनमें से किसी भी एक राज्य में जीत दर्ज करनी होगी.

    इसी हफ़्ते ब्लूमबर्ग/मॉर्निंग कंसल्ट के मतदाता सर्वेक्षण में भी बाइडन, ट्रंप से पिछड़ते दिखे हैं. इसके अनुसार, बाइडन कई 'स्विंग स्टेट्स' में पिछड़ रहे हैं. बाइडन के लिए यह ख़तरे की घंटी माना जा रहा है.

    इस सर्वे के अनुसार, उत्तरी कैरोलिना (11 प्रतिशत), जॉर्जिया (7 प्रतिशत), विस्कॉन्सिन (6 प्रतिशत), नेवादा (5 प्रतिशत), मिशिगन (4 प्रतिशत) और एरिज़ोना (3 प्रतिशत) में बाइडन पिछड़ रहे हैं.

    हालांकि अभी प्राइमरी के चुनाव नहीं हुए हैं और रिपब्लिकन पार्टी में डोनाल्ड ट्रंप की उम्मीदवारी पर मुहर नहीं लगी है.

  3. चलती बस में युवती से गैंगरेप, ड्राइवरों पर आरोप

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तर प्रदेश से जयपुर आ रही एक बस में युवती से गैंगरेप का एक मामला सामने आया है.

    इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं एक अन्य अभियुक्त फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है.

    यह घटना पिछले हफ़्ते की है. 9 दिसंबर को कानपुर से जयपुर आ रही बस में इस वारदात को अंजाम दिया गया.

    जयपुर के कानोता में देर रात जब एक यात्री ने बस रुकवाने के लिए ड्राइवर के केबिन को खटखटाया, तब इस घटना का पता चला.

    गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.

    उत्तर प्रदेश की रहने वाली युवती ने जयपुर के कानोता थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है. मामले की जांच बस्सी के एसीपी फूल चंद मीणा कर रहे हैं.

    एसीपी मीणा ने इस मामले के बारे में बीबीसी हिंदी को बताया, "युवती का मेडिकल कराने के बाद मजिस्ट्रेट के सामने 164 के बयान हुए हैं."

    "42 साल के एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है. जबकि फरार दूसरे अभियुक्त की तलाश की जा रही है और उनके यूपी स्थित घर पर दबिश दी गई है."

    उन्होंने बताया कि दोनों अभियुक्त ड्राइवर हैं और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. उन्होंने बस में रेप की घटना को अंजाम दिया.

  4. नेतन्याहू ने बताई हमास के कब्जे से बंधकों को छुड़ाने की रणनीति

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ग़ज़ा से हमास को हटाने के बाद वे वहां फ़लस्तीनी प्राधिकरण के नियंत्रण की इजाज़त नहीं देंगे.

    नेतन्याहू ने कहा कि हमारे सबसे मजबूत सहयोगी अमेरिका की इच्छा के बावजूद इसराइल 'हमास्तान' को 'फ़तहस्तान' में बदलने की अनुमति नहीं देगा.

    फ़लस्तीनी प्राधिकरण के अध्यक्ष महमूद अब्बास के नेतृत्व वाली फ़तह पार्टी की ही वेस्ट बैंक में सरकार है.

    इसराइली अख़बार टाइम्स ऑफ़ इसराइल के अनुसार, उन्होंने कहा है कि ग़ज़ा में एक 'सिविल गवर्नमेंट' होगी, जो अपने बच्चों को 'इसराइल को बर्बाद करने' की सीख नहीं देगा.

    नेतन्याहू ने एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए बताया कि फ़लस्तीनी प्राधिकरण के कब्जे वाले फ़लस्तीनी इलाके 'वेस्ट बैंक' के 82 प्रतिशत लोगों ने इसराइल पर सात अक्टूबर को हुए हमले को उचित करार दिया है.

    उन्होंने कहा कि युद्ध ख़त्म होने के बाद इसराइली सेना ग़ज़ा में सुरक्षा के लिए ज़िम्मेदार होगी.

    हमास के कब्जे में अभी भी रह रहे 100 से अधिक इसराइली नागरिकों की रिहाई के बारे में उन्होंने कहा कि हाल के अस्थाई सीजफायर की वजह 'सेना का दबाव' थी और यह दबाव ही बाक़ी बंधकों की रिहाई तय करेगा.

    वहीं एक बड़े बयान में नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें पिछले 30 सालों से दोनों पक्षों के बीच 1993 में हुए ओस्लो समझौते पर 'ब्रेक' लगाने और फ़लस्तीनी राज्य बनने से रोकने के लिए 'ज़िम्मेदार' बताया जाता है, जो कि 'सच' है.

    उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा करने पर 'गर्व' है, क्योंकि आज हर कोई इसका अंजाम समझता है.

  5. मध्य प्रदेश: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोले जीतू पटवारी

    मध्य प्रदेश में कमलनाथ की जगह कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जीतू पटवारी ने कहा है कि वे कांग्रेस और उसकी विचारधारा को हर घर तक ले जाने की कोशिश करेंगे.

    उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के लिए वे और उनकी पार्टी प्रयास करेगी.

    पत्रकारों से बात करते हुए जीतू पटवारी ने इस ज़िम्मेदारी के लिए राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और मध्य प्रदेश के सभी सीनियर नेताओं का शुक्रिया अदा किया.

    पटवारी ने एक छोटे से कार्यकर्ता को इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी देने के लिए पार्टी का आभार जताया है.

    इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार को एलान किया कि जीतू पटवारी मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष होंगे.

    पार्टी ने राज्य के एक अन्य चर्चित नेता उमंग सिंगार को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया है. वे सदन में नेता प्रतिपक्ष भी होंगे.

    इन दोनों नेताओं ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में बढ़ चढ़ कर आयोजन किया था.

    विधानसभा के चुनावों में कांग्रेस को 66 जबकि भाजपा को 163 सीटें मिली हैं. चुनाव में मिली हार के बाद कमलनाथ ने पद छोड़ने की पेशकश की थी.

    पार्टी ने हालांकि दीपक बैज को छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बनाए रखने का एलान किया है.

    सीनियर नेता और पूर्व विधान सभा अध्यक्ष चरण दास महंत को विधानसभा में पार्टी का नेता बनाया है.

  6. पीएम मोदी दुनिया के सबसे बड़े डायमंड बाजार का आज करेंगे उद्घाटन, क्या है ख़ास

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (17 दिसंबर) को गुजरात के सूरत में हीरे और आभूषण कारोबार के लिए दुनिया के सबसे बड़े और आधुनिक केंद्र का उद्घाटन करेंगे.

    सूरत डायमंड बोर्स (SDB) कच्चे और पॉलिश किए गए हीरों के साथ आभूषण कारोबार के व्यापार का एक वैश्विक केंद्र होगा. यह बाजार हीरा शोध और व्यापार (DReaM) सिटी का हिस्सा है.

    यहां कस्टम क्लीयरेंस सुविधा के साथ जूलरी मॉल, इंटरनेशनल बैंकिंग और सुरक्षित वॉल्ट की भी सुविधा मौजूद होगी.

    67 लाख वर्ग फीट से अधिक क्षेत्र में फैला एसडीबी दुनिया का सबसे बड़ा कार्यालय परिसर है.

    यह सूरत के पास खजोद गांव में स्थित है. अभी तक दुनिया का सबसे बड़ा कार्यालय परिसर अमेरिकी रक्षा विभाग का मुख्यालय पेंटागन रहा है.

    इसमें आपस में जुड़ी 15 मंजिलों के नौ टावर बनाए गए हैं. इस भवन में 4,700 से अधिक दफ्तर हैं. 3,500 करोड़ रुपए की लागत से इसे बनाया गया है. इसका निर्माण फरवरी 2015 में शुरू हुआ था.

    इसे मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेडिंग दोनों के लिए वन-स्टॉप हब के रूप में बनाया गया है. मालूम हो कि सूरत दुनिया के 90 प्रतिशत से अधिक प्राकृतिक हीरे की प्रोसेसिंग करता है.

    प्रधानमंत्री सूरत डायमंड बोर्स के उद्घाटन के पहले सूरत एयरपोर्ट पर नई एकीकृत टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे.

    सूरत की जिस नई एकीकृत टर्मिनल भवन का उद्घाटन होना है, उसकी सालाना क्षमता 55 लाख यात्रियों को संभालने की है.

    इस भवन का डिजाइन स्थानीय संस्कृति और विरासत के अनुसार तय किया गया है.

    सूरत के हवाई अड्डे को केंद्र सरकार ने इंटरनेशनल हवाई अड्डे का दर्जा दिया है.

    वाराणसी का दो दिवसीय दौरा

    पीएम मोदी इसके बाद दो दिनों के दौरे पर वाराणसी जाएंगे.

    वहां वे विकसित भारत संकल्प यात्रा और काशी तमिल संगमम के कार्यक्रम में भाग लेंगे. सोमवार को वे वाराणसी के पास बने एक भव्य मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे.

    दूसरी वंदे भारत को दिखाएंगी हरी झंडी

    प्रधानमंत्री रविवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन से दो नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.

    इनमें से एक नई दिल्ली तक चलने वाली 'वंदे भारत' और दूसरी कन्याकुमारी तक जाने वाली 'तमिल संगमम' ट्रेन होगी.

    अभी पहले से ही नई दिल्ली से वाराणसी के बीच एक वंदे भारत ट्रेन चल रही है.

  7. लीबिया से यूरोप जा रही नाव के डूबने से 60 से अधिक प्रवासियों की मौत

    लीबिया के तट पर हुई एक जहाज़ दुर्घटना में 60 से अधिक प्रवासियों के डूबने की ख़बर है.

    संयुक्त राष्ट्र संघ की संस्था अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने ज़िंदा बचे लोगों का हवाला देते हुए शनिवार को बताया कि यह जहाज़ लगभग 86 लोगों को लेकर लीबिया के तटीय शहर ज़ुवारा से रवाना हुआ था.

    ख़बर के अनुसार, समुद्र की ऊंची लहरों की चपेट में नाव के आ जाने से बच्चों समेत 61 लोग लापता हो गए. माना जा रहा है कि वे मर गए हैं.

    भूमध्य सागर पार कर अफ्रीका से यूरोप जाने की कोशिश करने वाले प्रवासियों के लिए लीबिया मुख्य केंद्रों में से एक है.

    आईओएम का अनुमान है कि अकेले इस साल इस तरह के प्रयास के दौरान अब तक 2,200 से अधिक लोग डूब कर मर चुके हैं.

    समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, आईओएम ने कहा है कि इस हादसे में मारे गए अधिकतर लोग नाइजीरिया, गाम्बिया और अन्य अफ्रीकी देशों के थे.

    इसमें यह भी कहा गया कि बचे हुए 25 लोगों को लीबिया के डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है. वहां उन्हें चिकित्सा सहायता दी जा रही है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर आईओएम के एक प्रवक्ता ने इस साल मारे गए लोगों की संख्या को अविश्वसनीय ढंग से बढ़ी है.

    उन्होंने कहा कि समुद्र में लोगों की जान बचाने के पर्याप्त प्रयास नहीं किए जा रहे हैं.

    भूमध्य सागर को पार करने की होड़ में अक्सर देखा जाता है कि छोटी सी नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार हो जाते हैं, जो उनकी सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक होता है.

    यात्रा करने वाले लोग आम तौर पर सबसे पहले इटली पहुंचते हैं और वहां से यूरोप के अन्य देश चले जाते हैं.

    आईओएम के अनुसार, इस साल ट्यूनीशिया और लीबिया से 1.53 लाख से अधिक प्रवासी इटली पहुंचे हैं.

  8. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    16 दिसंबर की लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.