इसराइल-ग़ज़ा युद्ध: आज दिनभर क्या-क्या हुआ?

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि वो ब्रिटेन में इसराइली राजदूत की ओर से दिए गए द्विराष्ट्र सिद्धांत का विरोध करने वाले बयान से सहमत नहीं हैं.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. इसराइल-ग़ज़ा युद्ध: आज दिनभर क्या-क्या हुआ?

    ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक

    इमेज स्रोत, Reuters

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि वो ब्रिटेन में इसराइली राजदूत की ओर से दिए गए द्विराष्ट्र सिद्धांत का विरोध करने वाले बयान से सहमत नहीं हैं.

    इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच दशकों से जारी संघर्ष के समाधान के रूप में दो-राष्ट्र के सिद्धांत का ज़िक्र किया जाता है.

    इसके तहत पश्चिमी किनारे, गज़ा पट्टी और पूर्वी यरूशलम में वर्ष 1967 की संघर्षविराम रेखा से पहले के क्षेत्र में एक स्वतंत्र फ़लस्तीनी राष्ट्र का निर्माण होना है ताकि ये दोनों शांतिपूर्ण तरीके से रह सकें.

    अमेरिका भी इस सिद्धांत का समर्थन करता है.

    ब्रिटेन में इसराइली दूत तिज़िपी होतोवेली ने कहा था कि फ़लस्तीनी इसराइल के पास देश कभी नहीं चाहते हैं.

    उन्होंने समाचार चैनल स्काई न्यूज़ से बातचीत में ये बात कही थी.

    अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलीवन

    इमेज स्रोत, Yoav Gallant

    अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलीवन ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और इसराइल के रक्षा मंत्री योव गलांट से भी मुलाकात की.

    इसराइली सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गलांट ने सुलीवन को बताया है कि हमास का ख़ात्मा करने में कई महीनों से ज़्यादा का वक़्त लग सकता है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स ने घोषणा की थी कि उन्होंने 'मानवीय कारणों' से रफ़ाह में लड़ाई रोकी है ताकि लोगों को पानी, खाना और अन्य ज़रूरी चीजें मिल सकें.

    हालांकि, ये स्थानीय समय अनुसार दो बजे ख़त्म हो गया.

    ग़ज़ा में हमास शासित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इसराइल के हमले में 179 और लोगों की मौत हो गई.

    मंत्रालय ने बताया कि ग़ज़ा में अब तक 18,787 लोगों की मौत हुई है और 51,000 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

    इसराइल की सेना ने बताया है कि उन्होंने उत्तरी ग़ज़ा के एक अस्पताल से 70 से ज़्यादा हमास के सदस्यों को गिरफ़्तार किया है.

    वहीं, ग़ज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों ने घायलों को इलाज देने से रोक दिया.

    दक्षिणी ग़ज़ा के ख़ान यूनिस और रफ़ाह में इसराइल के हमले जारी हैं.

  2. संसद की सुरक्षा में चूक पर अमित शाह बोले, '15-20 दिन में आएगी रिपोर्ट'

    भारत के गृहमंत्री अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार शाम संसद में हुई सुरक्षा चूक पर अहम बयान दिया है. ये संभवत: उनका पहला बयान है.

    अमित शाह ने कहा, “ये एक बड़ा गंभीर मसला है. लोकसभा अध्यक्ष जी ने इसका गंभीर संज्ञान लिया है. विपक्ष इस पर राजनीति कर रहा है. मैं ये नहीं कह रहा हूं कि कहीं चूक नहीं हुई है. चूक निश्चित हुई है, तभी तो घटना हुई है. परंतु इस पर राजनीति हो रही है. सबको मालूम है कि संसदीय सुरक्षा लोकसभा अध्यक्ष के तहत रहती है.

    उन्होंने कहा, "अध्यक्ष जी ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है. हमने देश में सबसे वरिष्ठ पुलिस महानिदेशक में से एक के नेतृत्व में समिति बनाई है. उसमें ढेर सारी एजेंसियों के सदस्य भी हैं. कुछ ही दिनों में इसकी रिपोर्ट अध्यक्ष जी के पास जाएगी. मुझे लगता है कि अध्यक्ष जी ही उसे प्रकाशित करें, वह ज़्यादा उचित होगा."

    इसके साथ ही उन्होंने पिछली घटनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा, "क़रीब-क़रीब चालीस घटनाएं हुईं. इसमें पर्चा डालने, नारा लगाने, पिस्तौल लेकर अंदर आने और सदन में कूद जाने जैसी घटनाएं शामिल हैं. ऐसी तमाम घटनाओं में अध्यक्ष जी ने ही संज्ञान लिया है. और उन्होंने इसकी कमेटी बनाकर इसकी जांच की है. हमने एफ़आईआर भी दर्ज कर दी है. कमेटी भी बन रही है. 15-20 दिन में रिपोर्ट लोकसभा स्पीकर को सौंप दी जाएगी.”

    इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इसमें दो राय नहीं होनी चाहिए कि संसदीय सुरक्षा को पुख्ता बनाने की दिशा में सभी कदम उठाए जाएंगे.

  3. इसराइल-ग़ज़ा युद्ध: मस्जिद में यहूदी प्रार्थना गाते इसराइली सैनिकों को ड्यूटी से हटाया गया

      • Author, लूसी विलियमसन
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, वेस्ट बैंक से
    जेनिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइली कब्ज़े वाले जेनिन शहर की मस्जिद में इसराइल सैनिकों द्वारा यहूदी प्रार्थनाएं करने का वीडियो सामने आया है.

    वीडियो में ये सैनिक जूते पहने हुए हैं और वे एक प्रेयर हॉल में दिखे हैं. वीडियो में इन सैनिकों को मस्जिद के माइक्रोफ़ोन पर यहूदी प्रार्थनाएं दोहराते देखा जा सकता है.

    इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसराइली सेना ने कहा है कि सैनिकों का व्यवहार गंभीर और इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ के मूल्यों के विपरीत है.

    सेना ने कहा है कि वीडियो में दिख रहे सैनिकों को ड्यूटी से हटा दिया गया है.

    जेनिन के शरणार्थी कैंपों में इसराइली सेना तलाशी अभियान चला रही है. सेना ने कहा है कि तलाशी के दौरान उन्हें दर्जनों हथियार और विस्फोट बनाने की प्रयोगशालाएं मिली हैं. इसके अलावा सुरंगें भी मिली हैं.

    इस ऑपरेशन के दौरान 13 वर्षीय एक बच्चे समेत 11 फ़लस्तीनी मारे गए हैं. आरोप है कि इस बच्चे को अस्पताल तक भी नहीं पहुँचने दिया गया था.

  4. प्रताप सिम्हा कौन हैं जिनके 'पास' से संसद में पहुंचे थे रंगीन धुआँ फेंकने वाले

  5. ‘मैं ज़िंदा लाश बन गई हूं' चीफ़ जस्टिस को पत्र लिखकर महिला जज ने मांगी इच्छा मृत्यु

      • Author, उमंग पोद्दार
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    उत्तर प्रदेश की एक जूनियर सिविल जज ने भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की है.

    इस महिला जज ने एक सीनियर जज पर ‘यौन उत्पीड़न’ के आरोप लगाये हैं और कहा है कि उसे न्याय नहीं मिल सका है.

    इस जूनियर सिविल जज का आरोप है कि एक जिला जज ने उनका यौन उत्पीड़न किया और रात में मिलने का दबाव बनाया.

    उनका आरोप है कि उन्होंने 2022 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को शिकायत दी और फिर प्रशासनिक जज को भी शिकायत दी लेकिन कोई राहत नहीं मिली.

    महिला जज ने जुलाई 2023 में आंतरिक शिकायत समिति को भी शिकायत दी.

    अपने पत्र में महिला जज ने लिखा है, “हज़ारों ईमेल और छह महीनों के बाद जांच शुरू हो सकी.”

    महिला जज ने जांच पूरी होने तक जिला जज के तबादले की मांग की हैं.

    शिकायतकर्ता जज का कहना है कि इस मामले में गवाह जिला जज के कनिष्ठ कर्मचारी है और वो उनके पद पर रहते हुए स्वतंत्र रूप से अपनी बात नहीं रख सकेंगे.

    शिकायतकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी जिला जज के तबादले के लिए याचिका दायर की थी.

    लेकिन उनका आरोप है कि ‘8 सेकंड के भीतर ही उनकी याचिका खारिज कर दी गई.’

    अपने पत्र में महिला जज ने लिखा है, “ये जांच अब ऐसे होगी कि जिला जज के नियंत्रण में ही सभी गवाह होंगे. हम सभी ऐसी जांच का नतीजा जानते हैं.”

    अपने पत्र में महिला जज ने कहा है कि इन सभी कारणों की वजह से उनकी अब जिंदा रहने की कोई इच्छा नहीं है.

    महिला जज ने लिखा है, “पिछले डेढ़ साल में मैं ज़िंदा लाश बन गई हूं. मेरी ज़िंदगी का अब कोई मक़सद बाकी नहीं रह गया है.”

    उनका कहना है कि इस वजह से ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इच्छा मृत्यु की मांग की है.

  6. संसद की सुरक्षा में चूक पर सांसदों के सरकार से बयान जारी करने पर संसदीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ये बोले

    प्रह्लाद जोशी

    इमेज स्रोत, ANI

    संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा की सुरक्षा में बुधवार को हुई चूक पर विपक्षी सांसदों की इस पर बहस की मांग का मुद्दा गुरुवार को छाया रहा.

    बृहस्पतिवार को 14 विपक्षी सांसदों को 'खराब व्यवहार' का हवाला देते हुए बचे हुए शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित किया दिया गया. इनमें से 13 सांसद लोकसभा के हैं जबकि एक राज्यसभा से है.

    दरअसल पहले लोकसभा से 14 सांसदों को निलंबित किया गया था लेकिन एस. आर प्रतिबन का नाम वापस होने के बाद ये संख्या 13 रह गई.

    प्रह्लाद जोशी का भी इस पर एक बयान आया है.

    उन्होंने कहा कि एक सांसद वेल में मौजूद नहीं थे लेकिन वो भी निलंबित हो गए. लोकसभा स्पीकर से उन्होंने निलंबन वापस लेने का आग्रह किया और वो वापस हो गया.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    वहीं इस पर संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "ऐसी घटना पहले भी घटी है. जैसा कि मैंने सदन में कहा था कि 1974 में एक रतनचंद्र गुप्ता ने नारेबाजी की और उनके पास पिस्तौल भी था और बम जैसी दिखने वाली चीज भी थी. तब भी निर्णय स्पीकर ने ही लिया था तो इसमें सरकार का कोई लेन-देन नहीं रहता है क्योंकि ये स्पीकार का अधिकार क्षेत्र है."

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    उन्होंने कहा, "इसके बाद 26 जुलाई 1974 को एक घटना हुई थी. उसमें तो चाकू लेकर आया था, उस वक्त कुछ कर्मचारी घायल भी हो गए थे. उस समय भी स्पीकर ने ही कदम उठाया और कार्रवाई की. 26 नवंबर 1974 विस्फ़ोटक पदार्थ लाया गया था, लोगों के पास भी रख दिया गया था."

    "वो विजिटर्स गैलरी तक आ गए थे तभी स्पीकर ने ही कार्रवाई की थी. और 1991 में जो हुआ था उसका उल्लेख भी मैंने किया है."

    उन्होंने कहा, " मेरा कहना बस इतना है कि स्पीकर सदन का संरक्षक होता है, पूरा सदन स्पीकर के अधिकार क्षेत्र में है. मामले का राजनीतिकरण न करें... हम इस मामले पर बेहद संवेदनशील हैं...हम तो आपके और हमारे कालखंड की बात भी नहीं कर रहे. "

  7. दिनभर: इसराइल-ग़ज़ा जंग कब थमेगी? मानसी दाश, मोहन लाल - दिनभर

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. छत्तीसगढ़: कांग्रेस ने अपने दो पूर्व विधायकों को पार्टी से छह साल के लिए निकाला

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    छत्तीसगढ़

    इमेज स्रोत, ALOK PRAKASH PUTUL

    इमेज कैप्शन, बृहस्पति सिंह

    छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने बगावती तेवर अपनाने वाले अपने दो पूर्व विधायकों बृहस्पति सिंह और विनय जायसवाल को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है.

    इन दोनों नेताओं को ऐसे समय में निलंबित किया गया है, जब दोनों नेता हारे हुए या जिनके टिकट काटे गए थे, ऐसे नेताओं को एकत्र कर गुरुवार को बैठक कर रहे थे.

    उधर, रायपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक महंत डॉक्टर रामसुंदर दास ने हार की नौतिक ज़िम्मेवारी लेते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    इन दिनों नेताओं पर आरोप है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव चंदन यादव और छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा के ख़िलाफ़ दोनों नेताओं ने सार्वजनिक रुप से बयानबाजी की थी.

    प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री ने इन दोनों ही नेताओं से स्पष्टीकरण भी मांगा था. दोनों पूर्व विधायकों ने विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के लिए राज्य के नेताओं को ज़िम्मेवार बताया था.

    विनय जायसवाल

    इमेज स्रोत, VINAY JAISWAL

    इमेज कैप्शन, विनय जायसवाल

    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेहद क़रीबी कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने कुमारी शैलजा और उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे.

    बृहस्पति सिंह ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा के कारण पार्टी राज्य में हारी.

    बृहस्पति सिंह ने कहा था, "हमारी प्रभारी कुमारी शैलजा सिर्फ़ सरगुजा संभाग में जा कर टीएस सिंह से ड्राइविंग करवाती थी और ख़ुद सामने बैठ कर फोटो शूट कराती थी. किसी हीरोइन की तरह, जैसे बॉम्बे से कोई फोटो शूट कराने के लिए आया है. टीएस सिंहदेव को पार्टी से निकाले बिना कांग्रेस की हालत नहीं सुधरेगी."

    बृहस्पति सिंह ने कहा था कि कांग्रेस के हमारे नेताओं का घमंड सिर चढ़कर बोल रहा था. ऐसा लग रहा था कि जिसको यह टिकट दे देंगे वही चुनाव जीत जाएगा, जिसके कारण कांग्रेस पार्टी हार गई.

    दूसरे पूर्व विधायक डॉक्टर विनय जायसवाल ने तो केंद्र से आए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव पर सात लाख रुपये लेने का आरोप लगाया था.

    उन्होंने कहा था, "वो पैसा अगर पार्टी फंड में जमा किया गया हो तो उसकी जांच होनी चाहिए."

    विनय जायसवाल ने पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा था कि केवल और केवल टिकट का हौव्वा बनाकर पैसा वसूलने का काम किया गया और इसकी जांच कर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.

    उधर, पूर्व विधायक और महंत डॉक्टर रामसुंदर दास ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है. उन्होंने लिखा है कि प्रदेश में वो सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से हारे हैं. इसकी नैतिक ज़िम्मेवारी लेते हुए उन्होंने इस्तीफ़ा दिया है.

  9. ग़ज़ा में जान गंवाते मासूम

    वीडियो कैप्शन, ग़ज़ा में जान गंवाते मासूम

    ग़ज़ा में इसराइली हमले जारी हैं. इनमें आम लोगों की मौत का सिलसिला जारी है, मरने वालों बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं.

    उधर दूसरी ओर वेस्ट बैंक में भी लोगों के अधिकार और उनकी आज़ादी छीनी जा रही है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता जेरेमी बोवेन की रिपोर्ट.

  10. ईडी ने 2014 से अब तक 'अवैध तरीके से कमाई गई' एक लाख करोड़ से ज़्यादा की संपत्ति ज़ब्त की

    ईडी कार्यालय

    इमेज स्रोत, ANI

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2014 से अब तक 'अवैध तरीके से कमाई गई' 1.16 लाख करोड़ रुपये की राशि अस्थायी तौर पर जब्त की गई है.

    बृहस्पतिवार को राज्यसभा में ये जानकारी दी गई.

    कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक लिखित जवाब में बताया कि एक जनवरी, 2019 से अब तक चार लोगों को भारत मुकदमे का सामना करने के लिए (प्रत्यर्पित) किया गया है और संबंधित अदालतों ने तीन और के प्रत्यर्पण के आदेश दिए हैं.

    मंत्री ने बताया कि एक जनवरी, 2014 से 31 अक्टूबर 2023 के बीच ईडी ने अवैध तरीके से कमाई के मामले में 1,16,792 करोड़ से ज़्यादा रुपये और 16,637.21 करोड़ की संपत्ति जब्त की है.

    सिंह ने बताया कि प्रीवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 के तहत पिछले चार वर्षों में एक अप्रैल, 2019 से 31 मार्च, 2023 के बीच ईडी ने अवैध तरीके से कमाई गई 69,045.89 करोड़ रुपये जब्त की है.

  11. शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री पद से विदाई के बाद अब आगे क्या करेंगे?

    वीडियो कैप्शन, शिवराज सिंह चौहान की मुख्यमंत्री पद से विदाई, आगे वो क्या करेंगे?

    भारतीय जनता पार्टी ने उज्जैन (दक्षिण) के विधायक मोहन यादव के नाम को मुख्यमंत्री के रूप में सामने कर सबको चौंका दिया है.

    उनके नाम की घोषणा भोपाल में पार्टी के विधायक दल की बैठक के बाद की गयी. यादव के साथ उप मुख्यमंत्री के रूप में दो और नामों की घोषणा की गयी. इनमें से एक हैं दलित नेता जगदीश देवड़ा. देवड़ा भी मोहन यादव की ही तरह मालवा से आते हैं. वे मंदसौर से विधायक हैं.

    शिवराज सिंह चौहान का अब क्या होगा?

    वीडियो: सलमान रावी और अयान सलमान

  12. विपक्षी पार्टियों के 15 सांसद शीतकालीन सत्र से निलंबित

    विपक्षी पार्टियों के 15 सांसद शीतकालीन सत्र से निलंबित

    इमेज स्रोत, Sansad TV

    विपक्षी पार्टियों के 15 सांसदों को 'खराब व्यवहार' का हवाला देते हुए संसद के शीतकालीन सत्र से निलंबित कर दिया गया.

    ये सांसद 13 दिसंबर को लोकसभा की सुरक्षा में हुई चूक पर बहस की मांग कर रहे थे.

    15 में से 14 सांसद लोकसभा के हैं जबकि तृणमूल के सांसद डेरेक ओ ब्रायन को राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया.

    बर्खास्त किए गए सांसद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बर्खास्त किए गए सांसद

    संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नौ विपक्षी सांसदों-बेनी बेहनन, वी के श्रीकंदन, मोहम्मद जावेद, पी आर नटराजन, कनिमोई करुणानिधि, के सुब्रह्मण्यम, एस आर प्रतिबन, एस वेंकटेसन और मानिकम टैगोर के निलंबन के लिए प्रस्ताव पेश किया था.

    इससे पहले कांग्रेस के पांच सांसदों को भी निलंबित कर दिया गया.

    बर्खास्त किए गए सांसद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बर्खास्त किए गए सांसद

    प्रह्लाद जोशी ने सदन को कल संसद में हुई सुरक्षा चूक की घटना के बाद उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी. सांसद इसी पर चर्चा की मांग कर रहे थे.

    कांग्रेस सांसद टी एन प्रतापन, हिबी इडेन, जोतिमणि, रम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को निलंबित कर दिया गया.

    बर्खास्त किए गए सांसद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बर्खास्त किए गए सांसद
  13. मीरा मुराटी: ओपन एआई की प्रमुख और सिलिकॉन वैली की सबसे प्रभावी महिला कौन है?

  14. राष्ट्रपति पुतिन ने बताया- यूक्रेन में शांति तभी मुमकिन है जब रूस अपने मक़सद को...

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, व्लादिमीर पुतिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूसी लोगों से कहा है कि यूक्रेन के साथ शांति तभी मुमकिन है "जब हम अपने मक़सद को पूरा कर लेंगे." उन्होंने ये भी कहा कि ये मक़सद नहीं बदलेंगे.

    फरवरी, 2022 में यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग छेड़ने के बाद राष्ट्रपति पुतिन पहली बार किसी बड़े प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे.

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति पुतिन ने पत्रकारों के अलावा डायरेक्ट फोन लाइन पर रूसी लोगों के सवालों का सीधे जवाब दिया. पिछले साल राष्ट्रपति पुतिन के प्रशासन ने इस सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन नहीं किया था.

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुतिन ने ज़्यादा वक़्त यूक्रेन में 'विशेष सैनिक अभियान' पर जोर दिया. सरकारी टीवी चैनल पर पुतिन ने रूस की संप्रभुता पर जोर देते हुए कहा कि हमारे देश का अस्तित्व इसके बिना नामुमकिन है. उन्होंने कहा कि युद्ध के समय के लिए रूस की अर्थव्यवस्था मजबूत है.

    इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन के मुद्दे पर आए. उन्होंने कहा कि यूक्रेन में तभी अमन होगा जब हम अपने मक़सद को पा लेंगे और ये मक़सद नहीं बदलेंगे. उन्होंने ये भी बताया कि यूक्रेन में इस समय रूस के 617,000 सैनिक लड़ रहे हैं.

    उन्होंने ये भी दावा किया कि पिछले साल तीन लाख लोगों को सैन्य सेवा के लिए बुलाया गया था जबकि 486,000 लोगों ने स्वैच्छिक रूप से सैन्य सेवा में योगदान के लिए आगे आए थे.

  15. इसराइल ग़ज़ा युद्ध: डॉक्टर ने बताया दवाओं की कमी से हालात हुए चिंताजनक

  16. दस हज़ार डोनट्स की चोरी के लिए महिला पर मुक़दमा

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ऑस्ट्रेलिया में एक महिला पर 10 हज़ार डोनट्स की चोरी के लिए मुक़दमा चलाया जा रहा है. उन पर आरोप है कि उन्होंने क्रिस्पी क्रीम नाम की एक कंपनी के डिलेवरी वैन से दस हज़ार डोनट्स चुराए हैं.

    ये घटना 29 नवंबर की है जब सिडनी के एक पेट्रोल पंप से ये डिलेवरी वैन ग़ायब हो गई थी. हफ़्ते भर बाद पुलिस को ये वैन एक कार पार्किंग में लावारिस हालत में मिली जिसमें हज़ारों की संख्या में ख़राब डोनट्स रखे हुए थे.

    पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को एक महिला को गिरफ़्तार किया है. उनकी उम्र 28 साल है. अदालत ने महिला को ज़मानत देने से इनकार कर दिया. उन पर गाड़ी चोरी करने का भी आरोप लगाया गया है.

    पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में जो दिख रहा है, उसके मुताबिक़ स्थानीय समयानुसार सुबह के चार बजे वो महिला सर्विस स्टेशन के पास दिख रही हैं. वहां खड़ी डिलेवरी वैन में वो दाखिल होती हैं और फिर उन्हें गाड़ी लेकर वहां से निकलते हुए देखा जा सकता है.

    अभी ये स्पष्ट नहीं है कि उस महिला को ये पता था या नहीं कि वैन में दस हज़ार डोनट्स रखे हुए हैं. क्रिस्पी क्रीम ने इस घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी.

  17. हरीसा डिश खाकर कैसे बदलाव ला रही हैं ये कश्मीरी महिलाएं

    वीडियो कैप्शन, हरीसा डिश खाकर कैसे बदलाव ला रही हैं ये कश्मीरी महिलाएं

    कश्मीर में सर्दियों में सुबह-सुबह हरीसा नाम की डिश खाने का चलन है.

    कश्मीर की कुछ महिलाएं हरीसा खाने के साथ-साथ एक बदलाव लाने की भी कोशिश कर रही हैं और वे चाहती हैं कि बाक़ी लड़कियां भी ऐसा ही करें.

    वीडियोः रियाज़ मसरूर और शफ़ात फ़ारूक़.

  18. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद के सर्वे की अनुमति दी

    मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर और ईदगाह मस्जिद

    इमेज स्रोत, SURESH SAINI/BBC

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बृहस्पतिवार को अदालत की निगरानी में मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर से लगी शाही ईदगाह मस्जिद परिसर के सर्वे की अनुमति दे दी है.

    इस मामले से जुड़े वकीलों में से एक विष्णु शंकर जैन ने बीबीसी को बताया कि अदालत ने सर्वे के लिए एडवोकेट कमिश्नर की नियुक्ति पर सहमति जताई है.

    उन्होंने बताया, "अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी और अदालत सर्वे के तौर तरीकों पर सुनवाई करेगी."

    मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर और ईदगाह मस्जिद

    इमेज स्रोत, ANI

    इलाहाबाद हाई कोर्ट के समक्ष शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़े कई मामले लंबित है, जिसमें ये दावा किया गया है कि शाही ईदगाह हिंदुओं की है और उन्हें वहां पूजा करने की अनुमति दी जाए.

    याचिकाकर्ताओं का दावा है कि शाही ईदगाह मस्जिद, भगवान कृष्ण के जन्मस्थल पर बना है.

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ही पिछले साल ज्ञानवापी मस्जिद के भी सर्वे का आदेश दिया था.

  19. मलेशिया का ये शहर 'वीरान' क्यों है?

    वीडियो कैप्शन, मलेशिया का ये शहर 'वीरान' क्यों है?

    चीन के प्रॉप्रटी मार्केट का हाल बुरा है और इसका असर मलेशिया के एक शहर पर भी पड़ा है.

    फॉरेस्ट सिटी के नाम के इस शहर को चीन की एक कंपनी ने तैयार किया. लेकिन 10 लाख लोगों को बसाने की योजना वाले इस शहर में वीरानगी क्यों छाई है?

    देखिए बीबीसी संवाददाता निक मार्श की रिपोर्ट.

  20. कांग्रेस के पांच लोकसभा सांसद शीतकालीन सत्र से निलंबित

    प्रह्लाद जोशी

    इमेज स्रोत, ANI

    लोकसभा से कांग्रेस के पांच सांसदों को 'खराब व्यवहार' की वजह से संसद के शीतकालीन सत्र से निलंबित कर दिया गया.

    संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उनके निलंबन के लिए प्रस्ताव पेश किया था.

    कांग्रेस सांसद टी एन प्रतापन, हिबी इडेन, जोतिमणि, रम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को निलंबित कर दिया गया.

    प्रह्लाद जोशी ने सदन को कल संसद में हुई सुरक्षा चूक की घटना के बाद उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी. दिन में सदन स्थगति होने के बाद कार्यवही दो बजे शुरू हुई और तभी जोशी ने ये प्रस्ताव पेश किया.

    जब ये प्रस्ताव पेश किया गया तो अध्यक्ष की जगह बीजद के भर्तृहरि महताब पीठासीन अधिकारी थे.