You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महाराष्ट्र: नवाब मलिक को लेकर मचा घमासान, देवेंद्र फडणवीस ने लिखी अजित पवार को चिट्ठी

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक के विधानसभा के शीतकालीन सत्र में नागपुर पहुंचने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. कार्बन उत्सर्जन में आगे चीन और भारत क्यों चाहते हैं COP28 में ‘लॉस एंड डैमेज’ फ़ंड?

    कई देश चाहते हैं कि विकासशील देशों के लिए बनाए गए लॉस एंड डैमेज फंड में उनकी ज़्यादा हिस्सेदारी हो.

    इनमें भारत और चीन जैसे देश शामिल हैं. जबकि अमेरिका समेत दूसरे विकसित देश कहते हैं कि उन्हें उलटे इस फंड में योगदान देना चाहिए.

    क्या है ये लॉस एंड डैमेज फंड? भारत और चीन इसकी मांग क्यों कर रहे हैं? बता रहे हैं बीबीसी के पर्यावरण मामलों के संवाददाता नवीन खड़का.

  2. पीएम मोदी ने तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को दी बधाई

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी को तेलंगाना का मुख्यमंत्री बनने के लिए बधाई दी.

    पीएम ने उन्हें राज्य की प्रगति के लिए हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.

    सात दिसंबर को अनुमुला रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उनके साथ मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

    शपथ ग्रहण समारोह हैदराबाद के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में हुआ जहां उन्होंने मुख्यमंत्री पद की गोपनीयता की शपथ ली.

    इस शपथ समारोह में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हुए.

    पीएम ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, "श्री रेवंत रेड्डी गारू को तेलंगाना का मुख्यमंत्री बनने के लिए बधाई. मैं राज्य की प्रगति और नागरिकों के लिए हर संभव सहायता देने का आश्वासन देता हूं."

  3. वेस्ट बैंक के फ़लस्तीनी किस हाल में हैं?

    वेस्ट बैंक में रहने वाले फ़लस्तीनी नागरिकों पर हथियारबंद यहूदी सेटलर्स के हमले हाल के महीनों में तेज़ी से बढ़े हैं.

    इसराइल के सहयोगी देशों ने भी इसकी आलोचना की है. वेस्ट बैंक वो फ़लस्तीनी क्षेत्र है जिस पर इसराइल का कब्ज़ा रहा है.

    कुछ धार्मिक यहूदियों का ये मानना है कि ये ज़मीन उन्हें ईश्वर से मिली है. इसराइली सेटलर्स के नेता कहते हैं कि वो अपनी हिफ़ाज़त कर रहे हैं.

    देखिए वेस्ट बैंक से बीबीसी संवाददाता जेरेमी बॉवेन की ये रिपोर्ट.

  4. स्मार्टफोन बनाने वाली चीनी कंपनी वीवो इंडिया के ख़िलाफ़ ईडी की पहली चार्जशीट: रिपोर्ट

    प्रवर्तन निदेशालय ने स्मार्टफोन बनाने वाली चीनी कंपनी वीवो इंडिया और कुछ अन्य लोगों के ख़िलाफ़ मनी लॉन्ड्रिंग केस में अपनी पहली चार्जशीट दाखिल की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से ये रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट के अनुसार, अभियोजन पक्ष ने प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के संबंधित प्रावधानों के तहत बुधवार को विशेष अदालत के समक्ष ये चार्जशीट दायर की है.

    इस केस में गिरफ़्तार किए गए लोगों के अलावा वीवो इंडिया को भी अभियुक्त के तौर पर नामजद किया गया है. ईडी ने इस केस में अब तक चार लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    इनमें मोबाइल फोन बनाने वाली कंपनी लावा इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक हरि ओम राय, एक चीनी नागरिक ग्वांग्वेन उर्फ एंड्रूय क्वांग और चार्टर्ड एकाउंटेंट नितिन गर्ग और राजन मलिक शामिल हैं.

    ईडी ने एक स्थानीय अदालत में जो रिमांड पेपर्स दाखिल किए थे, उनमें ये आरोप लगाया गया है कि इन चारों अभियुक्तों ने वीवो इंडिया को गलत तरीके से फायदा उठाने की सुविधा दी. ये भारत की आर्थिक संप्रभुता के लिए नुक़सानदेह है.

    ईडी ने पिछले साल जुलाई में वीवो इंडिया और उससे जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी.

    एजेंसी का दावा है कि उसने बड़े पैमाने पर पैसे के अवैध लेन-देन का पता लगाया है जिसमें कुछ चीनी नागरिक और कई भारतीय कंपनियां शामिल हैं.

    ईडी का ये भी आरोप है कि वीवो इंडिया ने भारत में टैक्स देने से बचने के लिए 62,476 करोड़ रुपये अवैध तरीके से चीन भेजा है.

    इस मामले में लावा इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक हरि ओम राय ने पिछले दिनों अदालत को बताया था कि उनकी कंपनी और वीवो इंडिया एक दशक पहले तक भारत में एक ज्वॉयंट वेंचर लॉन्च करने के लिए बात कर रहे थे. उन्होंने कहा कि साल 2014 के बाद से इस चीनी कंपनी और उसके प्रतिनिधियों से उनका कोई लेना-देना नहीं है.

  5. पाकिस्तान की पहली हिंदू लड़की, जो खेल की दुनिया में बना रही हैं मुकाम

    पाकिस्तान के एक छोटे शहर जमशोरो की रहने वाली तुलसी मेघवार की उम्र महज़ 21 साल है.

    इतनी छोटी उम्र में वो देश की सॉफ्टबॉल नेशनल टीम का हिस्सा बन गई हैं और ऐसा करने वाली वो देश की पहली हिन्दू लड़की भी बन गई हैं.

    कैसे किया उन्होंने ये कमाल...देखिए पाकिस्तान के जमशोरो से शुमैला ख़ान की रिपोर्ट.

  6. तेलंगाना के नए सीएम रेवंत रेड्डी के 'बिहार के डीएनए' वाले कथित बयान पर विवाद

    केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और बिहार के उजियारपुर से सांसद नित्यानंद राय ने तेलंगाना के होने वाले सीएम रेवंत रेड्डी के कथित 'बिहार-डीएनए' वाले बयान को बिहारियों का अपमान बताया है.

    नित्यानंद राय ने कहा, "रेड्डी की 'बिहार डीएनए' वाली टिप्पणी कांग्रेस नेताओं की मानसिकता को उजागर करती है, जो जाति और धर्म के नाम पर समाज बांटने की करने की कोशिश कर रहे हैं."

    "रेड्डी की टिप्पणी राज्य के लोगों का अपमान है. राज्य में महागठबंधन सरकार को कांग्रेस का समर्थन है, और उसके नेता नेता बिहार के लोगों के ख़िलाफ़ ऐसी बयानबाज़ी करते हैं."

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेड्डी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कथित तौर पर कहा था कि तेलंगाना के वर्तामान सीएम के. चंद्रशेखर राव में 'बिहारी जीन' है और उन्होंने संकेत देते हुए कहा था कि वह केसीआर की तुलना में राज्य के लिए बेहतर विकल्प हैं.

    उन्होंने कथित तौर पर कहा था, "मेरा डीएनए तेलंगाना है. केसीआर का डीएनए बिहार है. वह बिहार के रहने वाले हैं. केसीआर की जाति कुर्मी है. वे बिहार से विजयनगरम आए और वहां से तेलंगाना आ गए. तेलंगाना का डीएनए बिहार के डीएनए से बेहतर है."

    केंद्रीय गृहमंत्री और बिहार के बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने भी रेड्डी के बयान आपत्ति जताते हुए नीतीश कुमार और राहुल गांधी से जवाब मांगा है.

    उन्होंने कहा, "तेलंगाना के होने वाले सीएम बिहार के डीएनए को गाली दे रहे हैं. क्या चाहते हैं राहुल गांधी? नीतीश कुमार क्या कर रहे हैं, नीतीश कुमार का गठबंधन राहुल गांधी से है तो नीतीश कुमार को बिहार को जवाब देना होगा और राहुल गांधी को भी बिहार को जवाब देना होगा."

  7. महज़ 12 साल की उम्र में मयंक कैसे बन गए करोड़पति

    पंजाबी गानों के शौकीन 12 साल के मयंक ने हाल ही में कौन बनेगा करोड़पति जूनियर में एक करोड़ रुपये जीते हैं.

    8वीं क्लास में पढ़ने वाले मयंक हरियाणा के महेंद्रगढ़ के रहने वाले हैं.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने ली तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ, भट्टी विक्रमार्क बने डिप्टी सीएम

    अनुमुला रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उनके साथ मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

    शपथ ग्रहण समारोह हैदराबाद के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में हुआ जहां उन्होंने मुख्यमंत्री पद की गोपनीयता की शपथ ली.

    इस शपथ समारोह में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हुए.

    तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का नेतृत्व किया था और बीआरएस को हरा कर कांग्रेस ये चुनाव पूर्ण बहुमत से जीती है.

    119 सीटों में से कांग्रेस ने 64 सीटें जीती हैं और बीआरएस 39 सीटों पर सिमट गयी.

  9. दिल्ली जाने के सवाल पर क्या बोले शिवराज सिंह चौहान

    मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए नेताओं की दौड़ शुरू हो गयी है. मगर शिवराज सिंह चौहान दिल्ली नहीं गए हैं. वो भोपाल में ही हैं. कभी मंदिर जा रहे हैं तो कभी रात में रैन बसेरों का निरीक्षण कर रहे हैं.

    दिनभर अपने आवास पर आने वाले विधायकों और कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात कर रहे हैं. बीबीसी संवाददाता सलमान रावी ने उनसे आगे की रणनीति और चुनाव में शानदार जीत के कारणों पर बात की.

  10. पूर्व क्रिकेटर श्रीसंत ने कहा- 'गौतम गंभीर ने जो बोला उन्हें वो नहीं बोलना चाहिए था...'

    पूर्व भारतीय गेंदबाज़ एस श्रीसंत ने बुधवार को गौतम गंभीर के साथ हुई नोकझोंक पर दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने (गंभीर) ने मेरे लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जो उन्हें बिलकुल नहीं करना चाहिए था.

    लेजेंड्स लीग क्रिकेट में गुजरात जायंट्स और इंडिया कैपिटल्स के बीच मैच हो रहा था और इस दौरान ही श्रीसंत और गौतम गंभीर के बीच नोंकझोंक हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

    इस वीडियो के सामने आने के बाद श्रीसंत ने एक वीडियो जारी कर इस मामले पर बात की. श्रीसंत ने वीडियो में कहा कि ‘मिस्टर फाइटर’ (गंभीर) हर खिलाड़ी के साथ झगड़ा करते रहते हैं.

    उन्होंने कहा, "मिस्टर फाइटर के साथ क्या हुआ, उसके बारे में कुछ साफ़ करना चाहता हूं, जो हमेशा अपने साथियों के साथ लड़ते रहते हैं. वो अपने सीनियर प्लेयर्स की भी इज्जत नहीं करते हैं."

    "वो आए और उन्होंने मेरे लिए बुरे शब्दों का इस्तेमाल किया जो मिस्टर गौतम गंभीर को नहीं कहना चाहिए था. मिस्टर गंभीर ने जो भी किया वो आपको अभी या बाद में पता चल ही जाएगा. उन्होंने जो शब्द इस्तेमाल किए और क्रिकेट फील्ड पर जो शब्द कहे, स्वीकार्य करने लायक नहीं है."

    गौतम गंभीर गुजरात टीम के मेंटर हैं और श्रीसंत टीम के लिए खेल रहे थे. उनका कहना है कि मैदान पर गंभीर ने उनके लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया.

    "ये टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन ये अपनी ही टीम के सहकर्मियों की इज़्ज़त नहीं करते."

  11. हमास के चरमपंथियों पर यौन हिंसा के गंभीर आरोप

    सात अक्टूबर को इसराइल पर जब हमास ने हमले किए. इस दौरान महिलाओं से बलात्कार, यौन हिंसा की घटनाएं हुईं.

    यही नहीं महिलाओं के अंग क्षत-विक्षत किए गए और बीबीसी ने इसके सबूत देखे सुने हैं.

    इसराइली जांचकर्ताओं का कहना है कि वो साठ हज़ार घंटे की फुटेज खंगाल रहे हैं और उन्होंने चश्मदीदों और हमले के बाद पीड़ितों के शवों को रखने वाले लोगों से बात कर एक हज़ार से ज़्यादा गवाहियां जुटाईं.

    ब्रिटेन ने हमास को एक आतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है.

    बीबीसी मध्य पूर्व की संवाददाता लूसी विलियमसन ने कुछ प्रभावित लोगों से बात की और येरुशलम से हमें ये रिपोर्ट भेजी. इस रिपोर्ट के शामिल जानकारियां आपको परेशान कर सकती हैं.

  12. अमित शाह को मनोज झा का जवाब- नेहरू पर बहस कर लें, सब साफ़ हो जाएगा...

    बुधवार को लोकसभा में जम्मू और कश्मीर पर दो विधयकों पर बहस के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कश्मीर को लेकर दो बड़ी गलतियां की- पहली तो उन्होंने पूरे कश्मीर को जीते बिना युद्ध विराम कर दिया और दूसरा- कश्मीर का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में ले गए.

    अमित शाह के इस बयान पर विपक्षी पार्टियां उनकी जमकर आलोचना कर रही हैं, कांग्रेस ने कहा है कि ये बयान जानबूझ कर बोला गया झूठ है.

    आरजेडी के सांसद मनोज झा ने कहा, "जिस व्यक्ति को जानकारी कम होती है, कम पढ़े-लिखे होते हैं और जानकारी जुटाने की जिजीविषा भी ना हो. जिनका पूरा ट्रेनिंग संघ के चवन्नी छाप किताब में हो. वो इससे ज्यादा क्या बोल सकते हैं. आप श्यामा प्रसाद मुखर्जी की चिट्ठियों को पढिए, महादेव देसाई की किताब के आखिरी फ़ेज़ को पढ़िए, आपको सब पता चल जाएगा."

    "अगर आपको नेहरू का ही इतना ही ख़ौफ़ है तो एक जवाहरलाल नेहरू मंत्रालय बनाइए और दूसरा काम ये करें कि जवाहरलाल नेहरू पर 12 घंटे की बहस कर लें, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. हम दूध के साथ होंगे और आपके हाथ में सिर्फ़ पानी होगा."

    कांग्रेस ने भी अमित शाह का के इस बयान पर जवाब देते हुए कहा है कि ये बयान "जानबूझकर उकसाने वाला और बिलकुल झूठा" है.

    कांग्रस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा कि अमित शाह के दफ़्तर को उन्हें चंद्रशेखर दासगुप्ता की किताब- 'वॉर एंड डिप्लोमेसी इन कश्मीर' पढ़नी चाहिए. इस किताब में कई झूठ को उजागर किया गया है.

    लोकसभा में बुधवार को जम्मू और कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक और जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक को लेकर हो रही बहस के दौरान अमित शाह ये नेहरू को लेकर ये बयान दिया.

    उन्होंने कहा, "दो बड़ी ग़लतियां (पूर्व पीएम) पंडित जवाहरलाल नेहरू के प्रधानमंत्री काल में उनके लिए हुए निर्णयों से हुईं, जिसके कारण कश्मीर को कई वर्षों तक नुकसान उठाना पड़ा."

    "पहला है, जब हमारी सेना जीत रही थी तब युद्धविराम की घोषणा करना. सीज़फायर लगाया गया, अगर तीन दिन बाद सीज़फायर होता तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर आज भारत का हिस्सा होता. दूसरा है अपने आंतरिक मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में ले जाना."

  13. उत्तर कोरिया से भागे परिवार की कहानी

    उत्तर कोरिया में ज़िंदगी आसान नहीं और अब वहां से भाग कर दक्षिण कोरिया आना भी आसान नहीं. ये बताया हाल ही में वहां से भाग कर आए एक परिवार ने.

    इस साल उत्तर कोरिया छोड़कर भागने वाला ये पहला परिवार है. इन्होनें बीबीसी को ये भी बताया कि जब से कोरोना के दौर में सीमाएं सील की गईं, तभी से हालात और मुश्किल हो गए हैं.

    पहले तो कई लोग आसानी से उत्तर कोरिया छोड़ कर भाग सकते थे लेकिन अब ये लगभग नामुमकिन हो चुका है.

    समंदर के रास्ते किसी तरह दक्षिण कोरिया पहुंचे इस परिवार ने बीबीसी से बात की हालांकि बीबीसी इनके दावे की पुष्टि नहीं करता लेकिन इनके दावे कई दूसरे सूत्रों की बातों से मेल खाते हैं.

    इनकी सुरक्षा के लिए इनकी पहचान छिपाई जा रही है. साथ ही रिपोर्ट में उनकी आवाज़ भी बदल दी गई है.

  14. संयुक्त राष्ट्र महासचिव की अपील को इसराइल ने बताया 'नैतिक पतन का नया स्तर'

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव की ओर से की गई संघर्ष विराम की अपील पर यूएन में इसराइल के राजदूत गिलाड एर्दान ने कड़ी नाराज़गी जताई है.

    यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इसराइल से मानवता के आधार पर संघर्ष विराम की अपील की थी. इस पर इसराइल ने नाराज़गी जताते हुए उनके इस्तीफ़े की मांग की है.

    उन्होंने कहा, "आज महासचिव नैतिक पतन के नए स्तर पर पहुंच गए."

    गिलाड एर्दान ने कहा कि संघर्ष विराम की अपील दरअसल ग़ज़ा में हमास के आतंक को बरकरार रखने की अपील की है.

    उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र महासचिव का रवैया केवल ग़ज़ा की लड़ाई को लंबा खींचने के लिए है क्योंकि इससे हमास के आतंकवादियों को ये उम्मीद मिलेगी कि युद्ध रुक जाएगा और वे बचने में कामयाब हो जाएंगे."

  15. ऑलिव ऑयल पर भी जलवायु परिवर्तन की मार

    जलवायु परिवर्तन का असर आपकी थाली पर भी हो सकता है.

    दुनिया भर में कहीं मौसम ख़राब हो रहा है तो कहीं सूखा पड़ रहा है, तो कहीं बारिश और इन सबका असर हमारे खाने पर भी पड़ रहा है.

    ऐसा ही एक चीज़ है ऑलिव ऑयल जो अमूमन खाना बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

    स्पेन, दुनिया में सबसे ज़्यादा ऑलिव ऑयल यानी ज़ैतून के तेल का उत्पादन करता है, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़ रही है.

    वजह क्लाइमेट चेंज, देखिए बीबीसी संवाददाता गाय हेजो की ये रिपोर्ट.

  16. मध्य प्रदेश में चुने गए 90 विधायकों पर आपराधिक केस, 89% करोड़पति- रिपोर्ट

    मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे बीते रविवार को आ गए हैं.

    इन नतीज़ों के आने के बाद एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने अपनी रिपोर्ट जारी की है जिसमें बताया गया है कि राज्य में 230 में से 90 नवनिर्वाचित विधायक यानी लगभग 39 फ़ीसदी विधायक ऐसे हैंजिनपर आपराधिक मामले चल रहे हैं.

    34 ऐसे हैं जिन पर गंभीर मामले चल रहे हैं और अगर वो दोषी साबित हुए तो पांच साल की सज़ा होगी.

    रिपोर्ट के मुताबिक़कुल 90 विधायकों ने अपने नामांकन में खुद पर चल रहे आपराधिक मामलों की जानकारी दी है.

    साल 2018 में ये संख्या 94 थी.

    पांच साल बाद यानी अब संख्या घटकर 90 हो गयी है.

    आपराधिक मामले वाले इन 90 विधायकों में से 51 बीजेपी के और 38 कांग्रेस पार्टी के हैं, एक भारतीय आदिवासी पार्टी के हैं.

    रिपोर्ट में एक और दिलचस्प डेटा है कि राज्य में 205 चुने गए विधायक यानी लगभग 89 फ़ीसदीकरोड़पतिहैं. इन करोड़पति विधायकों में से 144 बीजेपी के और 61 कांग्रेस पार्टी के हैं.

    राज्य में करोड़पति विधायकों की संख्या पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में बढ़ी है 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान 187 विधायक करोड़पति थे.

  17. प्रियंका गांधी ने कहा- ग़ज़ा में लोग मर रहे हैं, भारत को सही के साथ खड़ा होना चाहिए

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि ग़ज़ा में इसराइल लगातार बर्बर तरीके से बमबारी कर रहा है, भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय का हिस्सा है और इस नाते उसे जो सही है उसके लिए खड़ा होना चाहिए.

    उन्होंने गुरुवार को एक्स पर लिखा कि भारत हमेशा न्याय के लिए खड़ा हुआ है और फ़लस्तीनियों के लंबे संघर्ष और उनकी आज़ादी के लिए खड़ा रहा है. उसे ऐसा ही अभी भी करना चाहिए

    उन्होंने लिखा, “ ग़ज़ा पर बेरहम बमबारी की जा रही है आज हालात युद्धविराम से पहले के हालात से भी अधिक बदतर है. खाद्य आपूर्ति मुश्किल से हो रही है, चिकित्सा सुविधाएं नष्ट हो गई हैं और बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं. एक पूरा देश मिटा दिया जा रहा है. 16000 लोगों की मौत हो गयी है, इसमें 10000 बच्चे हैं. 60 से ज्यादा पत्रकारों की मौत हो गयी है. हमारी आखों के सामने इन लोगों को मारा जा रहा है, मानवता कहां है? ”

    “भारत हमेशा अंतरराष्ट्रीय मंच पर जो उचित है उसके लिए खड़ा रहा है. हमने दक्षिण अफ्रीका के रंगभेदी शासन के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों के लिए लड़ाई लड़ी, हमने फ़लस्तीन में अपने भाइयों और बहनों की आज़ादी के लिए उनके लंबे संघर्ष का शुरुआत से समर्थन किया, और अब जब नरसंहार हो रहा है तो हम कुछ नहीं कर रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय समुदाय का सदस्य होने के नाते भारत का ये कर्तव्य है कि वह जो सही है उसके साथ खड़ा रहे. युद्ध विराम को लिए हम जो भी कर सकते हैं, हमें करना चाहिए.”

    यूएन ने ग़ज़ा मे लगाया अनुच्छेद 99

    बुधवार को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के प्रमुख एंटोनियो गुटेरस ने ग़ज़ा में चल रहे युद्ध की गंभीरता को देखते हुए यूएन चार्टर का अनुच्छेद 99 लागू कर दिया.

    ये अनुच्छेद संयुक्त राष्ट्र का सबसे महत्वपूर्ण प्रावधान माना जाता है. जिसके तहत संयुक्त राष्ट्र के महासचिव "उस मामले को सुरक्षा परिषद के ध्यान में लाते हैं जो उनकी राय में अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को ख़तरे में डाल सकता है."

    इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर का सबसे शक्तिशाली प्रावधान माना जाता है.

    संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में केवल नौ बार ही इस अनुच्छेद का इस्तेमाल किया गया है और दशकों से इस अनुच्छेद का इस्तेमाल नहीं हुआ है.

    संयुक्त राष्ट्रबीते कई हफ्तों से ग़ज़ा में युद्ध से पैदा हो रही मानवीय तबाही के बारे में चेतावनी दे रहा है और इसे रोकने की अपील कर रह है, लेकिन अब बुधवार को एंटोनियो गुटेरस ने अपने सबसे शक्तिशाली डिस्ट्रेस सिग्नल (संकट संकेतों) में से एक को लागू किया है ताकि सदस्य देशों का ध्यान इस संकट पर केंद्रित किया जा सके और मानवीय युद्धविराम लागू हो.

    यूएन काउंसिल के अधिकतर सदस्य युद्ध विराम के समर्थन में हैं लेकिन अमेरिका, जो इसराइल का घनिष्ठ सहयोगी है और यूएन में वीटो रखता है वो इस युद्ध विराम के समर्थन में नहीं है.

    गुटेरस ने काउंसिल के सदस्यों को लिखा कि कि “ग़ज़ा में रहने वाला हर एक शख्स गंभीर ख़तरे में जी रहा है क्योंकि कोई भी जगह अब ग़ज़ा में सुरक्षित” नहीं है.

  18. कांग्रेस का जवाब- अमित शाह ने संसद में नेहरू को लेकर झूठे दावे किए

    कांग्रेस ने कहा है कि गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में साल 1947 और 1948 के दौरान जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की भूमिका पर "जानबूझकर उकसाने वाले और बिलकुल झूठे" बयान दिए.

    कांग्रेस का कहना है कि गृह मंत्री ने ये आरोप पार्टी को और इंडिया गठबंधन के नरेटिव को नुकसान पहुंचाने की रणनीति के तहत लगाया.

    बुधवार को कांग्रस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा कि अमित शाह के दफ़्तर को उन्हें चंद्रशेखर दासगुप्ता की किताब- ‘वॉर एंड डिप्लोमेसी इन कश्मीर’ पढ़ानी चाहिए. इस किताब में कई झूठ को उजागर किया गया है.

    उन्होंने लिखा-“ आज लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री ने साल 1947-48 के दौरान जम्मू-कश्मीर में जवाहरलाल नेहरू की भूमिका को लेकर उकसावे वाले और बिलकुल झूठे दावे किए. डॉ. फ़ारूक अब्दुल्ला ने उन्हें बीच में ही इन झूठे दावों पर टोका. ”

    “ये कांग्रेस को डिरेल करने और इंडिया गठबंधन के नरेटिव को नुकसान पहुंचाने की रणनीति के तहत किया गया.उन्हें चंद्रशेखर दासगुप्ता की किताब ‘वॉर एंड डिप्लोमेसी इन कश्मीर’ पढ़नी चाहिए. उसमें कई ऐसे झूठ का पर्दाफ़ाश किया गया है.”

    अमित शाह ने बुधवार को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर कश्मीर को लेकर ‘दो बड़ी गलती’ करने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि पूरा कश्मीर जीते बिना युद्धविराम करना और कश्मीर का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में ले जाना- ये दोनों ही नेहरू की सबसे बड़ी गलती थी जिसका खामियाजा कश्मीरी लोग भुगत रहे हैं.

    लोकसभा में बुधवार को जम्मू-कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक को लेकर हो रही बहस के दौरान अमित शाह ये आरोप लगाया.

  19. प्रणब मुखर्जी की बेटी ने अपनी किताब में राहुल गांधी को लेकर किये कई दावे

    साल 2013 में जब राहुल गांधी के अध्यादेश फाड़ा था तो उनकी इस हरकत से प्रणब मुखर्जी हैरान थे. उन्होंने कहा था कि उनमें (राहुल गांधी) राजनीतिक कौशल के बिना गांधी-नेहरू वंश का सारा "अहंकार" है.

    प्रणब मुखर्जी का मानना था कि अध्यादेश फ़ाड़ने का प्रकरण कांग्रेस के लिए "ताबूत में आखिरी कील" साबित हुआ.

    ये सारे दावे दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी पर लिखी गई एक किताब में किए गए हैं, जिसे उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने लिखा है.

    ‘इन प्रणब, माइ फ़ादर:अ डॉटर रिमेंबर्स’ नाम की किताब में शर्मिष्ठा ने लिखा है कि उनके पिता ने उन्हें बताया था कि “राहुल गांधी शायद राजनीति के लिए नहीं बने हैं.” उनमें “करिश्माई छवि और राजनीतिक समझ की कमी है जो उनके लिए समस्या बन रही है.”

    27 सितंबर, 2013 को राहुल गांधी पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय माकन की ओर से आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए और एक प्रस्तावित अध्यादेश को "पूरी तरह से बकवास" बताते हुए मीडिया के सामने ही फाड़ दिया.

    अध्यादेश में दोषी विधायकों को तत्काल अयोग्य ठहराने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को दरकिनार किया गया था. इसके इतर अध्यादेश में यह प्रस्तावित किया गया कि दोषी विधायक हाई कोर्ट में अपील लंबित होने तक सदस्य के रूप में बने रह सकते हैं.

  20. रेवंत रेड्डी आज लेंगे तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ, एबीवीपी से लेकर कांग्रेस से सीएम बनने तक का सफ़र

    अनुमुला रेवंत रेड्डी गुरुवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का नेतृत्व किया था और बीआरएस को हरा कर कांग्रेस ये चुनाव पूर्ण बहुमत से जीती है.

    119 सीटों में से कांग्रेस ने 64 सीटें जीती हैं और बीआरएस 39 सीटों पर सिमट गयी.

    शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 1.04 बजे हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में होगा.

    ख़बर है कि उनके शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल होंगे.

    न्यूज एजेंसी पीटीआई ने मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया कि कांग्रेस के निर्वाचित विधायक और पिछली विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता रहे मल्लू भट्टी विक्रमार्क के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है.

    मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन के कुछ नेता भी शामिल हो सकते हैं.

    तेलंगाना कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख रेवंत रेड्डी ने ही राज्य में पार्टी के चुनाव अभियान की कमान संभाली थी. सत्ताधारी बीआरएस (पहले टीआरएस) और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के ख़िलाफ़ उन्होंने आक्रामक रुख़ अपनाए रखा था.

    उस्मानिया विश्वविद्यालय से ग्रैजुएशन करने वाले रेड्डी उस समय एबीवीपी से जुड़े हुए थे. बाद में वो चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी में शामिल हो गए.

    टीडीपी के उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने साल 2009 में आंध्र प्रदेश की कोडांगल विधानसभा सीट से चुनाव जीता था.

    साल 2014 में वो तेलंगाना विधानसभा में टीडीपी के सदन के नेता चुने गए. साल 2017 में वो कांग्रेस में शामिल हो गए