You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

डीएमके सांसद ने हिंदी भाषी प्रदेशों को बताया 'गोमूत्र राज्य, भाजपा और कांग्रेस नेताओं का बयान

लोकसभा में डीएमके सांसद सेंथिल कुमार एस के हिंदी पट्टी राज्यों को 'गोमूत्र राज्य' कहने के बाद विवाद पैदा हो गया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर में 'बुलडोज़र कार्रवाई', भाजपा नेता ने दिया ये बयान

      • Author, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में मंगलवार को राजधानी रायपुर और बिलासपुर में कई इलाक़ों में पुलिस ने बुलडोज़र से कार्रवाई की.

    इस दौरान कथित अस्थायी निर्माण को तोड़ा गया और ठेलों को हटाया गया.

    राजधानी रायपुर से आठवीं बार चुने गए बीजेपी के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने एक बुलडोज़र की तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, "अभी तो ये झांकी है, पूरा छत्तीसगढ़ बाक़ी है."

    राज्य में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद, सोमवार रात पुलिस ने राजधानी रायपुर के बैजनाथपारा और दूसरे मुस्लिम बहुल मोहल्ले की दुकानों के देर रात खुलने को लेकर चेतावनी जारी की और उन्हें बंद करवा दिया.

    इन इलाक़ों में बरसों से खाने-पीने की दुकानें देर रात तक खुली रहती थीं और शहर का ये हिस्सा रात दो-तीन बजे तक गुलज़ार रहता था.

    बीजेपी के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, "भाजपा सरकार में क़ानून राज चलेगा, गुंडा राज नहीं.'

    उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस पार्टी के राज में छोटा पारा और बैजनाथ पारा एक तरह से अपराधियों के गढ़ बन गए थे.

    मंगलवार को भी राजधानी के कई इलाक़ों में पुलिस ने अवैध दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई की. इसका असर बिलासपुर में भी हुआ और वहां भी इसी तर्ज़ पर कार्रवाई की गई.

    मंगलवार को ही रायपुर के कलेक्टर और एसएसपी ने अधिकारियों की एक बैठक में ये निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी इलाक़े में रात 11 बजे के बाद दुकानें खुली न रहें.

  2. डीएमके सांसद ने हिंदी भाषी प्रदेशों को बताया 'गोमूत्र राज्य', भाजपा और कांग्रेस नेताओं का बयान

    लोकसभा में डीएमके सांसद सेंथिल कुमार एस के हिंदी पट्टी राज्यों को 'गोमूत्र राज्य' कहने के बाद विवाद पैदा हो गया है.

    संसद के शीतकालीन सत्र में उन्होंने अपने भाषण के दौरान कहा कि बीजेपी दक्षिण भारत में नहीं सिर्फ़ हिंदी पट्टी में चुनाव जीत सकती है.

    तमिलनाडु के धर्मपुरी से डीएमके सांसद ने अपने भाषण में कहा, "इस देश के लोगों को सोचना चाहिए कि बीजेपी के पास चुनाव जीतने की ताकत मुख्यतौर पर हिंदी पट्टी में है, जिसे हम सामान्य तौर पर 'गोमूत्र' राज्य कहते हैं."

    इसके बाद सेंथिल कुमार ने कहा कि बीजेपी कभी दक्षिण भारत के सारे राज्यों में नहीं जीत सकती है.

    उन्होने कहा, "अगर आपके पास विकल्प हो तो आप वहां अप्रत्यक्ष तौर पर सत्ता हासिल करने के लिए केंद्रशासित राज्य बना देंगे. क्योंकि आप सपने में भी दक्षिणी राज्यों में सत्ता हासिल करने के बारे में सोच नहीं सकते हैं."

    जम्मू-कश्मीर से संबंधित दो विधेयकों पर चर्चा के दौरान सांसद ने ये बातें कहीं.

    लेकिन सदन के बाहर आकर इस बयान पर सफाई दी है.

    उन्होंने कहा, " मैंने सदन के भीतर कुछ बयान दिए थे. उस समय सदन में गृह मंत्री और बीजेपी के सदस्य मौजूद थे. मैंने पहले भी संसद में भाषण के दौरान इनका इस्तेमाल किया है. ये विवादित बयान नहीं था."

    उन्होंने कहा कि अगर उनके बयान से कोई आहत है तो अगली बार वे ऐसा बोलने से बचने का प्रयास करेंगे.

    लेकिन संसद सदस्य उनके बयान पर आपत्ति जता रहे हैं.

    कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने कहा, "उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण शब्दों का चयन किया. ये असंसदीय है. एस सेंथिल को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए और अपना बयान वापस लेना चाहिए."

    इसके बाद डीएमके सांसद ने एक्स (ट्विटर) पर कुछ देर पहले एक पोस्ट में कहा, "पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे पर टिप्पणी करने के दौरान मैंने एक अनुपयुक्त शब्द का इस्तेमाल किया था. उस शब्द का इस्तेमाल मैंने किसी इरादे से नहीं किया था. मैं इसके लिए माफी मांगता हूं."

    बीजेपी के नेताओं ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई है.

    बीजेपी सांसद रामकृपाल यादव ने कहा, "इस तरह का बयान देश को तोड़ने के लिए दिया जा रहा है. एक ज़िम्मेदार और संवैधानिक पद पर रहकर इस तरह की बातें और भावना रखना देशद्रोहियों का काम हो सकता है."

    केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने द्रमुक सांसद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "ये लोग इस प्रकार की गंदी और ओछी बातें करनेवाले लोग, जो सनातन को गाली देते थे आज इन लोगों को तमाचा लगा है, अभी आधा तमाचा लगा है, जब पूरा तमाचा लगेगा तो पूरा साफ हो जाएंगे. देश गौ गंगा और गीता का अपमान करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगा."

  3. केरल के सीएम ने कहा- कांग्रेस बताए, राज्य में बीजेपी से लड़ना है या हमसे

    केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने कहा है कि राहुल गांधी को वायनाड सीट पर लोकसभा चुनाव में उतारने से पहले कांग्रेस को ये निर्णय ले लेना चाहिए कि वो केरल में एलडीएफ़ के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ेगी या भाजपा के ख़िलाफ़.

    देश में अगले साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और एलडीएफ़ विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का हिस्सा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, विजयन ने कहा, "अगर गठबंधन का कोई मतलब नहीं है तो केरल में कांग्रेस और एलडीएफ़ के बीच मुक़ाबला होगा."

    विजयन ने ये स्पष्ट कर दिया है कि ऐसा हुआ तो वायनाड से एलडीएफ़ अपना उम्मीदवार उतारेगा.

    वायनाड से राहुल गांधी सांसद हैं.

    सीपीएम के प्रदेश सचिव एम.वी. गोविंदन ने कहा था कि राहुल गांधी को राज्य की आतंरिक राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में शामिल होने के बजाय बीजेपी की 'फ़ासीवादी नीतियों' का मुक़ाबला करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.

    उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को वहां से चुनाव लड़ना चाहिए, जहां बीजेपी का प्रभाव है.

    राहुल गांधी हाल में जब केरल आए थे तो उन्होंने कहा था कि वायनाड आना उनके लिए घर लौटने जैसा है.

  4. इसराइल ग़ज़ा युद्ध: एक बार फिर तेज हुए हमले

  5. दिल्ली में 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव दिल्ली में छह दिसंबर को होने वाली 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगे.

    समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने ये जानकारी दी है.

    प्रवक्ता से जब ये पूछा गया कि चार राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने (अखिलेश यादव) ये फ़ैसला लिया है तो इस पर उनका कहना था कि बैठक के बारे में पहले से जानकारी नहीं थी.

    चौधरी ने पीटीआई-भाषा को बताया, "समाजवादी पार्टी अध्यक्ष की इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने की योजना नहीं है. प्रोफ़ेसर राम गोपाल यादव या कोई अन्य नेता इस बैठक में शामिल होंगे."

    विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के नेता छह दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी के विषय में रणनीति तैयार करने के लिए जुटने वाले हैं.

    चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद सपा प्रमुख ने कहा था कि वो इन परिणामों से निराश नहीं हैं और उम्मीद जताई थी कि 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम इतर होगा.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, कांग्रेस ने किया एलान, रेवंत रेड्डी होंगे तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री

    कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे.

    कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस फ़ैसले की जानकारी देते हुए कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना विधायक दल के नए नेता के रूप में रेवंत रेड्डी के साथ जाने का फैसला किया है.''

    तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 7 दिसंबर को होगा.

    कौन हैं रेवंत रेड्डी

    अविभाजित आंध्र प्रदेश के महबूबनगर ज़िले में साल 1969 में पैदा हुए अनुमुला रेवंत रेड्डी ने राजनीति की शुरुआत अपने छात्र जीवन से ही कर दी थी. उस्मानिया विश्वविद्यालय से ग्रैजुएशन करने वाले रेड्डी उस समय एबीवीपी से जुड़े हुए थे.

    बाद में वो चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी में शामिल हो गए. टीडीपी के उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने साल 2009 में आंध्र प्रदेश की कोडांगल विधानसभा सीट से चुनाव जीता था.

    साल 2014 में वो तेलंगाना विधानसभा में टीडीपी के सदन के नेता चुने गए. साल 2017 में वो कांग्रेस में शामिल हो गए.

    हालांकि कांग्रेस में जाना उनके लिए अच्छा नहीं रहा क्योंकि 2018 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव में वो टीआरएस उम्मीदवार से हार गए.

    केसीआर ने चुनाव से एक साल पहले विधानसभा भंग करके पहले ही चुनाव करवा दिया था. विधानसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस ने उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में मलकाजगिरि से टिकट दिया जिसमें उन्होंने सिर्फ़ 10,919 वोटों से जीत दर्ज की.

    साल 2021 में कांग्रेस ने उन्हें बड़ी ज़िम्मेदारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष चुना.

  7. वसुंधरा राजे नहीं तो फिर कौन होगा राजस्थान का मुख्यमंत्री

    राजस्थान में बीजेपी ने चुनावी रण जीत लिया है. राजस्थान की कुल 199 विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने 115 सीटें जीती हैं. वहीं कांग्रेस को 69 सीटों पर जीत मिली है. कहा जा रहा है कि राजस्थान में बीजेपी की चुनावी जीत में इसके कई दिग्गज नेताओं की ख़ासी भूमिका रही.

    हालांकि बीजेपी ने किसी को भी सीएम चेहरा बना कर चुनाव नहीं लड़ा, इसलिए अब ये सवाल काफ़ी अहम हो गया है कि आख़िर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कौन बैठेगा?

  8. मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा?, शिवराज सिंह चौहान ने दिया ये जवाब

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वो पहले भी दावेदार नहीं थे और आज भी नहीं हैं.

    मध्य प्रदेश में बीजेपी को 163 सीटों पर जीत मिली है और जीत के बाद से ही अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर चर्चा जारी है.

    पत्रकारों ने शिवराज सिंह चौहान से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "मैं पहले भी दावेदार नहीं रहा और आज भी नहीं हूं. बाद में भी नहीं रहूंगा. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एक बड़े मिशन को पूरा करने के लिए काम करते हैं, किसी पद के लिए नहीं और उस मिशन के माध्यम से जो काम मिलता है उसको हम मेहनत और ईमानदारी से करते हैं."

    मध्य प्रदेश में मामा के नाम से चर्चित राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक लोकप्रिय नेता हैं.

    बीजेपी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा नहीं घोषित किया था लेकिन पूरे चुनाव प्रचार का ज़िम्मा उन्होंने अपने कंधों पर उठा रखा था.

  9. जयशंकर के सामने फिर उठा पन्नू का मामला, अमेरिका ने कहा- मामला गंभीर, नतीजे का इंतज़ार

  10. सुखदेव सिंह गोगामेड़ी: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख का विवादों से रहा था पुराना नाता

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद जयपुर में अस्पताल के बाहर गोगामेड़ी समर्थक और राजपूत करणी सेना से जुड़े लोग इकट्ठा हो गए हैं.

    ये लोग इस हत्या के विरोध में जुटे हैं. वहां भारी पुलिस बल तैनात है. इस हत्या के ख़िलाफ़ प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन हो सकते हैं, इसलिए पुलिस भी अलर्ट है.

    कौन हैं सुखदेव सिंह गोगामेड़ी

    साल 2017 में फिल्म पद्मावत की जयपुर में शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना ने फ़िल्म के सेट पर तोड़फोड़ और विरोध प्रदर्शन किया था. संजय लीला भंसाली को थप्पड़ मारने की घटना के बाद से सुखदेव सिंह गोगामेड़ी देशभर में चर्चाओं में आ गए.

    गोगामेड़ी कई साल तक करणी सेना से जुड़े रहे. लेकिन, लोकेंद्र सिंह कालवी के साथ विवाद के चलते उन्होंने अलग हो कर राजपूत करणी सेना नाम से संगठन बनाया.

    लोकेंद्र सिंह कालवी के निधन के बाद से सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राजपूत समाज के बड़े नेता के रूप में उभर कर आए थे. सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर कई आपराधिक मामले भी दर्ज थे. वह राजनीति में भी सक्रिय रहे और दो बार बहुजन समाज पार्टी के टिकट चुनाव लड़ा. हालांकि, जीत नहीं सके थे.

    साल 2020 में फ़िल्म अभिनेत्री कंगना राणावत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच हुई ज़ुबानी जंग के दौरान सुखदेव सिंह गोगामेड़ी कंगना राणावत के समर्थन में खड़े थे. उस दौरान राजपूत करणी सेना ने कंगना राणावत के समर्थन में कई जगह प्रदर्शन भी किए.

  11. LIVE: मध्य प्रदेश में बीजेपी के चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, ये सवाल बना हुआ है, दौड़ में कौन-से नाम हैं शामिल, वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा और बीबीसी के सहयोगी शुरैह नियाज़ी से चर्चा कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता सलमान रावी.

  12. कर्नाटक के अनाज गोदाम में दुर्घटना, बिहार के सात श्रमिकों की मौत

    कर्नाटक के आलियाबाद में एक विशाल फूड प्रोसेसिंग मशीन के एक हिस्से के गिरने और इसके बाद करीब 100 टन मक्के के अंदर दबने से सात श्रमिकों की मौत हो गई है. ये श्रमिक बिहार के रहने वाले थे.

    विजयपुरा के एसपी सोनवाने ऋषिकेश भगवान ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "तीन लोग इस घटना में घायल हुए हैं."

    हालांकि ये अनाज भंडार के अंदर दबे हुए नहीं थे.

    वहीं, अनाज भंडार के अंदर दबे हुए लोगों में से एक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जबकि सात की मौत हो गई. ये सभी श्रमिक थे."

    ये घटना सोमवार शाम हुई.

  13. चेन्नई में चक्रवाती तूफ़ान का असर, घरों में पहुंचा बारिश का पानी

    ये तस्वीरें चेन्नई शहर की हैं, जहां रविवार से जारी भारी बारिश के बाद तबाही देखी जा सकती है.

    पानी में सड़कें डूब चुकी हैं और शहर के अधिकांश हिस्सों में आवाजाही बंद हो गई है.

    चक्रवाती तूफ़ान 'मिचौंग' के प्रभाव की वजह से चेन्नई के कई इलाक़ों में भारी बारिश हो रही है.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मार कर हत्या

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में गोली मार कर हत्या कर दी गई है.

    जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बीबीसी हिंदी से सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की पुष्टि की है.

    कमिश्नर जोसफ ने फ़ोन पर बताया, "सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोली लगी थी और अस्पताल में मौत हो गई है. गोली मारने आए बदमाशों में से भी एक की मौत हो गई है."

    मंगलवार दोपहर क़रीब डेढ़ बजे श्याम नगर इलाक़े में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं.

    गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई है.

    गोली मारने के बाद बदमाश भाग निकले, गोली लगने से एक अभियुक्त भी घायल हो गया जिसकी मौत हो गई है.

    पुलिस सीसीटीवी फुटेज के ज़रिए अभियुक्तों में तलाश कर रही है.

  15. बिहार में कांग्रेस के लिए लालू और नीतीश की रणनीति क्या हो सकती है

  16. पाकिस्तान: पेशावर में बम धमाका, चार स्कूली बच्चों समेत छह लोग घायल, अज़ीज़ुल्लाह खान, बीबीसी उर्दू डॉट कॉम

    पाकिस्तान के पेशावर में वारसाक रोड इलाके में बाबू घरी चौक के पास मंगलवार सुबह एक विस्फोट हुआ, जिसमें छह लोग घायल हो गए.

    घायलों को इलाज के लिए पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल में शिफ्ट किया गया है.

    रेस्क्यू 1122 पेशावर के प्रवक्ता बिलाल फैजी के मुताबिक, "वारसाक रोड बाबू घरी के पास सुबह 9:10 बजे चौक पर एक आईईडी विस्फोट हुआ, विस्फोट में चार बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया."

    रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता के मुताबिक़, सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू 1122 की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया.

    उधर, लेडी रीडिंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम ने बताया कि जिन घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया उनमें तीन बच्चे भी हैं जिनकी उम्र सात से 10 साल के बीच है.

    प्रवक्ता के मुताबिक, 'कोई भी घायल स्कूल यूनिफॉर्म में नहीं है, बल्कि वे राहगीर हैं. दो घायल बच्चों की हालत गंभीर है. सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा रही है.'

  17. COVER STORY: दक्षिणी ग़ज़ा में तेज़ हुए इसराइली हमले

    बीते शुक्रवार को हमास के साथ युद्ध विराम टूटने के बाद इसराइली फ़ौज ने अपनी ज़मीनी कार्रवाई तेज़ कर दी है, जिनकी मंज़़िल अब दक्षिणी ग़ज़ा है.

    सैनिकों से कहा गया है कि उनकी ये कार्रवाई, उत्तरी ग़ज़ा में की गई कार्रवाई से हरग़िज़ कम नहीं होगी.

    दक्षिण में ख़ान यूनिस और रफ़ाह पर इसराइली हमले जारी हैं. उत्तरी ग़ज़ा में जबालिया रेफ्यूजी कैंप पर हमले हुए हैं.

    इसराइल ने ज़ोर देकर कहा है कि हमलों में आम नागरिक ना मारे जाएं, इसके लिए वो अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश कर रहा है.

  18. नाइजीरिया: निशाने पर थे इस्लामी चरमपंथी लेकिन ड्रोन गिरा गांव पर, 85 लोगों की मौत

    नाइजीरिया में अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनावश हुए एक ड्रोन हमले में कम से कम 85 आम नागरिकों की मौत हो गई है.

    नाइजीरियाई सेना के इस ड्रोन के निशाने पर चरमपंथी थे लेकिन दुर्घटनावश ये कादुना प्रांत के एक गांव से टकरा गया.

    नाइजीरिया की नेशनल इमर्जेंसी मैनेजमेंट एजेंसी का कहना है कि ये दुर्घटना रविवार को उस वक़्त हुई जब लोग एक मुस्लिम त्योहार को मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे.

    दुर्घटना में बचने वाले छह लोगों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.

    नाइजीरिया की सेना अक्सर ही इस्लामी चरमपंथियों और आपराधिक गिरोहों के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई में ड्रोन अटैक का सहारा लेती हैं.

    देश के उत्तर पश्चिमी इलाके में इस्लामी चरमपंथियों और आपराधिक गिरोहों का आतंक माना जाता है.

  19. रूस में एलजीबीटी समुदाय में क्यों है दहशत

    रूस में एलजीबीटी समुदाय के लोगों में दहशत है. वजह है सुप्रीम कोर्ट का एक फ़ैसला, जिसमें एलजीबीटी कार्यकर्ताओं को चरमपंथी माना गया है.

    इस फ़ैसले के बाद वहां के लेस्बियन, गे, बाइसेक्शुअल और ट्रांस्जेंडर समुदाय के लोग डरे हुए हैं कि अब उन्हें गिरफ़्तारियां और मुक़दमे झेलने पड़ सकते हैं.

    इस फ़ैसले के एक दिन बाद मॉस्को के कई गे-क्लब्स में पुलिस ने छापेमारी की. देखिए बीबीसी संवाददाता स्टीव रोज़नबर्ग की रिपोर्ट.

  20. टीवी शो सीआईडी में 'फ्रेड्रिक्स' का किरदार निभाने वाले दिनेश फडणीस की मौत

      • Author, सुप्रिया सोगले
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, मुंबई से

    फेमस क्राइम शो 'सीआईडी' में फ्रेड्रिक्स का किरदार निभाने वाले एक्टर दिनेश फडणीस का कल रात यानी चार दिसंबर को निधन हो गया.

    उनके सहयोगी कलाकार दयानंद शेट्टी ने बीबीसी से बात करते हुए दिनेश फडणीस की मौत की जानकारी दी है.

    दिनेश फडणीस का निधन बीती रात 12 बजकर आठ मिनट पर हुआ.

    वे 30 नवंबर से मुंबई के कांदिवली अस्पताल में भर्ती थे और बीती रात मल्टीपल ऑर्गन फेल होने के कारण उनकी मौत हो गयी.