You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चुनाव जीतने के बाद मीट की दुकानें बंद कराने निकले बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य

फ़ोन पर अधिकारियों को मीट की दुकानें बंद कराने का आदेश देते हुए बालमुकुंद आचार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. बेटे पर हो रही थी फ़ायरिंग, मां ने झाड़ू दिखाकर हमलावरों को भगा दिया

    हरियाणा के भिवानी में चार बंदूकधारियों को झाड़ू से खदेड़ती एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ये लोग शंकुतला देवी के बेटे पर गोली चला रहे थे. ये घटना 27 नवंबर की है.

    शकुंतला देवी का कहना है कि उन्हें लगा कि बाहर बच्चे पटाखे फोड़ रहे हैं. जिससे उनकी भैंसें डर गईं. लेकिन जब वो बाहर निकलीं तो उन्होंने देखा कि चार लड़के उनके बेटे पर गोलियां चला रहे थे. देखिए, उसके बाद क्या हुआ.

  2. मिज़ोरम विधानसभा चुनाव: मुख्यमंत्री ज़ोरामथांगा हारे, ज़ेडपीएम को बहुमत मिला

    मिज़ोरम में विपक्षी गठबंधन ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट ने 27 सीटें जीतकर राज्य में बहुमत हासिल कर लिया है. मुख्यमंत्री ज़ोरामथांगा अपनी सीट पर चुनाव हार गए हैं.

    आइजॉल ईस्ट 1 से ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट (ज़ेडपीएम) के लालथनसांगा दो हज़ार से अधिक वोटों के अंतर से जीत गए हैं.

    ज़ेडपीएम ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 40 में से 27 सीटें जीती हैं.

    वहीं ज़ोरामथांगा के मिज़ो नेशनल फ़्रंट (एमएनएफ़) ने नौ सीटें जीती हैं. एमएनएफ 1 सीट पर आगे चल रहा है.

    बीजेपी के खाते में दो सीटे आई हैं और कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है.

  3. रूस और यूक्रेन के बीच जंग क्यों नहीं रुक रही - दुनिया जहान

    इस साल नवंबर में यूक्रेन के सेना प्रमुख ने एक चौंकाने वाला बयान दिया. उन्होंने कहा कि रूस के साथ युद्ध गतिरोध में फंस गया है. यानी दोनों सेनाएं एक-दूसरे पर हावी नहीं हो पा रही हैं. उनका कहना है कि तकनीक के नज़रिए से देखा जाए तो ये पहले विश्व युद्ध की तरह का गतिरोध है.

    एक दूसरे बयान में उन्होंने कहा है कि इस गतिरोध को तोड़ने और आगे बढ़ने के लिए नई टेक्नोलॉजी की ज़रूरत पड़ेगी नहीं तो स्थिति जस की तस बनी रहेगी.

    राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के कार्यालय ने इसे ख़ारिज करते हुए किसी भी गतिरोध से इनकार किया और सेना प्रमुख पर आरोप लगाया कि वो रूस का काम आसान कर रहे हैं.

    इसलिए इस हफ़्ते दुनिया जहान में इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश करेंगे कि क्या रूस-यूक्रेन युद्ध कभी ख़त्म होगा?

  4. जम्मू और कश्मीर में चुनाव के मुद्दे पर बोले फारूक़ अब्दुल्ला- हम भी भारत का हिस्सा हैं...

    पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक़ अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव का मुद्दा उठाया है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "जनता ने वोट दिया और पांच राज्यों में चुनाव हो गए. जम्मू और कश्मीर में 6-7 साल से चुनाव नहीं हो रहे हैं."

    फारूक़ अब्दुल्ला ने कहा, "हम भी भारत का हिस्सा हैं और हमारे साथ भी इंसाफ होना चाहिए. जीत और हार तो होती रहती है."

    उन्होंने कहा, "हमें हार-जीत से सीखना चाहिए कि भारत को एक रखना है और भारत को मजबूत करना हम सबका काम है."

    विपक्षी गठबंधन इंडिया की संभावनाओं पर फारूक़ अब्दुल्ला ने कहा, "इंडिया गठबंधन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा. हमें ज्यादा काम करना पड़ेगा, मेहनत करनी पड़ेगी."

  5. नेपोलियन बोनापार्ट और उनकी पहली पत्नी जोसफ़ीन की प्रेम कहानी में प्रेम था भी या नहीं

  6. तीन राज्यों में बीजेपी की जीत के बाद शेयर मार्केट में बड़ा उछाल, अदानी के शेयरों का कैसा हाल?

    भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जीत के बाद सोमवार को शेयर मार्केट में बड़ा उछाल दर्ज किया गया.

    एक प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ शेयर मार्केट ने अपने पुराने सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ दिया है. इस बढ़त के साथ लोगों को मार्केट में 4.97 लाख करोड़ का फायदा हुआ है.

    बीएसई सेंसेक्स, 877.43 पॉइंट की बढ़त के साथ 68,358.62 पर पहुंच गया. बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन सोमवार सुबह 337.67 लाख करोड़ से बढ़कर 342.64 लाख करोड़ हो गया है.

    अदानी एंटरप्राइजेज और अदानी पोर्ट्स में सबसे ज्यादा उछाल आया है, जो क्रमश 6.79 और 4.52 प्रतिशत बढ़ा है.

    इसके अलावा एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, एनटीपीसी जैसे कंपनियों के शेयर में भी बड़ा उछाल दर्ज किया गया.

    अदानी के शेयरों का हाल (दोपहर- 2.31 बजे)

    • अदानी एंटरप्राइजेज 7.29 प्रतिशत बढ़त के साथ 2535 रुपये पर है.
    • अदानी पोर्ट्स 6.15 प्रतिशत बढ़त के साथ 878 रुपये पर है.
    • अदानी एनर्जी सॉल्यूशन 6.17 प्रतिशत बढ़त के साथ 907 रुपये पर है.
    • अदानी विल्मर 2.28 प्रतिशत बढ़त के साथ 348 रुपये पर है.
    • अदानी ग्रीन 8.71 प्रतिशत बढ़त के साथ 1115 रुपये पर है.
    • अदानी पावर 4.90 प्रतिशत बढ़त के साथ 462 रुपये पर है.
    • अदानी टोटल 4.12 प्रतिशत बढ़त के साथ 730 रुपये पर है.
  7. तीन राज्यों में बीजेपी जीत की ओर, अब 'इंडिया' गठबंधन का क्या होगा

    तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बीजेपी जीत की तरफ़ बढ़ रही है.

    इस जीत और कांग्रेस की हार को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ राजनीति विश्लेषक योगेंद्र यादव ने बीबीसी से बातचीत में क्या कहा.

  8. इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट, 11 पर्वतारोहियों की मौत

    पश्चिमी इंडोनेशिया के सुमात्रा में एक ज्वालामुखी विस्फोट के कारण मारे गए 11 पर्वतारोहियों का शव बचाव दल ने खोज लिया है.

    सोमवार को तीन लोग बचाए गए जबकि 12 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.

    ज्वालामुखी विस्फोट के समय उस इलाके में 75 पर्वतारोही मौजूद थे.

    घायलों में कुछ लोगों ने मामूली रूप से जल जाने की शिकायत की है.

    अभी तक उस इलाके में 49 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है.

    रविवार को सक्रिय ज्वालामुखी माउंट मरापी से निकली राख हवा में तीन किलोमीटर की दूरी तक पहुंच गई थी.

    माउंट मरापी इंडोनेशिया के 127 सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है.

    प्रशासन ने ख़तरे की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को ज्वालामुखी के क्रेटर के तीन किलोमीटर के दायरे में नहीं जाने के लिए कहा है.

    वीडियो फुटेज में ये दिख रहा था कि ज्वालामुखी से निकली राख के बादलों ने एक बड़े इलाके को ढंक लिया था.

    इसके दायरे में आने वाली गाड़ियां, सड़कें ज्वालामुखी से निकली राख से ढंक गई थीं.

  9. कांग्रेस नेता अलका लांबा विधानसभा चुनाव परिणामों पर क्या बोलीं

    देश के पाँच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से चार राज्यों के नतीजे रविवार को आए.

    अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए इन राज्यों के परिणामों को एक तरह से सेमीफ़ाइनल के तौर पर देखा जा रहा है.

    इन चार राज्यों में जो परिणाम अभी तक सामने आए हैं, वो कांग्रेस के पक्ष में जाते नहीं दिख रहे हैं.

    कांग्रेस के प्रदर्शन और मौजूदा परिणामों पर कांग्रेस नेता अलका लांबा ने बीबीसी से बात की.

  10. विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद संजय राउत ने कांग्रेस को 'इंडिया' गठबंधन को लेकर दिया ये सुझाव

    चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि जो भी निर्णय होता है उसे स्वीकार किया जाना चाहिए.

    राउत ने कहा, "कल जो ईवीएम के माध्यम से जनादेश मिला है, उसे हम लोकतंत्र का आदेश मानकर स्वीकार करते हैं. चाहे ईवीएम पर विश्वास हो या न हो. लोग तो सदमे में है कल के रिज़ल्ट के बाद. ख़ासकर कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़."

    उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत मिली है और हम इसका अभिनंदन करेंगे.

    संजय राउत ने कहा, "तेलंगाना का भी निर्णय बहुत ही महत्वपूर्ण है. वहां भी मोदी जी गए थे. वहां भी अमित शाह ने डेरा डाला था, नड्डा जी भी गए थे, पूरी बीजेपी उतरी थी. फिर भी वहां बीजेपी को 10 सीटे भी नहीं मिली है."

    शिवसेना नेता ने ये भी कहा कि राहुल गांधी ने तेलंगाना में बहुत ज़ोर-शोर से प्रचार किया था और कांग्रेस पार्टी की वहां जीत हुई है, इसलिए हम उन्हें भी बधाई देते हैं.

    विपक्षी दलों के गठबंधन में अब किस पार्टी का प्रभाव बढ़ेगा या घटेगा, इस पर राउत ने कहा, "कल के नतीजों के बावजूद इंडिया अलायंस मज़बूती से खड़ा है. छह दिसंबर को इंडिया अलायंस की महत्वपूर्ण बैठक दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी के घर पर होगी. शिवसेना प्रमुख उद्धव जी उस बैठक में शामिल होंगे."

    कांग्रेस पर संजय राउत ने क्या कहा?

    इंडिया गठबंधन पर संजय राउत ने कहा कि इसमें कुछ दलों के बीच पांच राज्यों में चुनाव को लेकर गिले-शिकवे हैं. ख़ासतौर पर कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी को अपने राज्यों में छोटे दलों को विश्वास में लेना चाहिए. कांग्रेस ने ये नहीं किया.

    राउत ने कहा, "अगर ये गठबंधन लेकर आगे जाना है तो पार्टी छोटी हो या बड़ी सबको साथ लेकर चलते तो शायद...पूरा नतीजा या जनादेश पलटता तो नहीं लेकिन कुछ अच्छा ज़रूर होता."

  11. पीएम मोदी ने तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत पर क्या कहा?

    राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में जीत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय से कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित किया है.

    पीएम मोदी ने कहा है, "इस चुनाव में देश को जातियों में बांटने की बहुत कोशिशें हुई, लेकिन मैं लगातार कह रहा था कि मेरे लिए देश में 4 जातियां ही सबसे बड़ी जातियां है."

    "जब मैं इन 4 जातियों की बात करता हूं तब हमारी नारी, युवा, किसान और हमारे ग़रीब परिवार इन 4 जातियों को सशक्त करने से ही देश सशक्त होने वाला है."

  12. मिज़ोरम विधानसभा चुनाव में मतगणना जारी, बीजेपी के खाते में दो सीटें, सबसे आगे कौन?

    मिज़ोरम के विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं. अभी तक के रुझानों में ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट (ज़ेडपीएम) सबसे आगे चल रही है.

    वहीं सत्ताधारी मिज़ो नेशनल फ़्रंट (एमएनएफ़) सिर्फ़ 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं बीजेपी ने दो सीटें जीत ली हैं. कांग्रेस को केवल एक सीट पर बढ़त है.

    चुनाव आयोग के अनुसार अभी तक ज़ेडपीएम 14 सीटों पर जीत के साथ 13 सीटों पर आगे है.

    पार्टी को मिलती बढ़त पर ज़ेडपीएम के मुख्यमंत्री पद के दावेदार लालदुहोमा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं ये देखकर हैरान नहीं हूं. इसी की उम्मीद थी. पूरा नतीजा आने दीजिए. अभी गिनती जारी है."

  13. ज्योतिरादित्य सिंधिया से मध्य प्रदेश में क्या बीजेपी को फ़ायदा हुआ?

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, तेलंगाना में क्रैश हुए वायुसेना के ट्रेनर विमान में सवार दोनों क्रू सदस्यों की मौत

    तेलंगाना में सोमवार सुबह क्रैश में हुए वायुसेना के ट्रेनर विमान में सवार दोनों क्रू सदस्यों की मौत हो गई है.

    वायुसेना की ओर से जारी बयान में इसकी पुष्टि की गई है.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर शोक ज़ाहिर किया है.

    पुलिस के अनुसार ये हादसा मेदक ज़िले के तूपरन में हुआ.

    एक वरिष्ठ पुलिस ऑफिसर ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि विमान ने दुंदीगल में एयरफ़ोर्स एकेडमी से उड़ान भरी थी. फिलहाल सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं.

    आईएएफ़ के बयान में ये भी कहा गया है कि हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

  15. कांग्रेस की हार इंडिया गठबंधन के लिए कितना बड़ा झटका

  16. संसद के शीतकालीन सत्र में पीएम मोदी ने विपक्ष से कहा- चुनाव में हार का ग़ुस्सा निकालने के बजाय...

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आए चुनाव नतीजों के हवाले से संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर विपक्षी पार्टियों पर भी टिप्पणी दी.

    प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं सभी माननीय सांसदों से आग्रह कर रहा हूं कि वो ज़्यादा से ज़्यादा तैयारी कर के आएं. सदन में जो भी बिल रखे जाएं, उस पर गहन चर्चा हो, उत्तम से उत्तम सुझाव आएं. लेकिन चर्चा ही नहीं होती है तो देश उन चीज़ों को मिस करता है."

    पीएम मोदी ने कहा, "अगर मैं वर्तमान चुनाव नतीजों के आधार पर कहूं तो ये विपक्ष में बैठे हुए साथियों के लिए गोल्डन अपॉर्च्यूनिटी है. इस सत्र में पराजय का गुस्सा निकालने की योजना बनाने के बजाय, इस पराजय से सीखकर पिछले 9 सालों में चलाई गई नकारात्मकता की प्रवृत्ति को छोड़कर इस सत्र में अगर सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ेंगे तो देश उनकी तरफ़ देखने का दृष्टिकोण बदलेगा."

    पीएम मोदी ने विपक्ष को लेकर कहा कि मैं राजनीतिक दृष्टिकोण से भी कहना चाहता हूं कि आपका भी भला इसमें है आप देश को सकारात्मकता का संदेश दें. आपकी छवि नफ़रत और नकारात्मकता की बने, वो लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है. लोकतंत्र में विपक्ष भी महत्वपूर्ण और मूल्यवान है.

  17. छत्तीसगढ़ में बीजेपी की वो रणनीति जो भूपेश बघेल पर पड़ी भारी

  18. तेलंगाना में वायुसेना का विमान क्रैश हुआ, दो क्रू सदस्य थे सवार

    भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनर एयरक्राफ़्ट तेलंगाना के मेदक ज़िले में क्रैश हो गया है.

    पुलिस के अनुसार ये हादसा सोमवार सुबह हुआ.

    फिलहाल विमान में सवार दोनों क्रू सदस्यों का पता नहीं लग सका है.

    ये हादसा मेदक ज़िले के तूपरन में हुआ.

    पुलिस के अनुसार जब विमान क्रैश हुआ तब उसमें एक ट्रेनर और एक ट्रेनी सवार थे.

    एक वरिष्ठ पुलिस ऑफिसर ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि विमान ने दिंडीगुल में एयरफ़ोर्स एकेडमी से उड़ान भरी थी. फिलहाल सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं.

    हालांकि, समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार दोनों क्रू सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं. ये विमान सुबह 8.55 पर क्रैश हुआ.

  19. मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने पीएम मोदी से मुलाक़ात के बाद किया बड़ा दावा

  20. चुनावी नतीजों के बाद शेयर बाज़ार में उछाल, सेंसेक्स और निफ़्टी ने बनाया रिकॉर्ड

    सोमवार को शेयर बाज़ार रिकॉर्ड ऊंचाई पर खुला.

    बीएसई सोमवार को 954 अंक उछला, वहीं एनएसई (निफ़्टी) में भी 334 अंकों की बढ़ोतरी देखी गई.

    ऐसा माना जा रहा था कि चार राज्यों में विधानसभा चुनाव नतीजों का असर आज शेयर बाज़ार पर भी दिख सकता है.

    आज सेंसेक्स करीब 1000 अंकों की बढ़त के साथ 68 हज़ार 442 पर पहुंच गया.

    सोमवार को 2254 शेयरों में तेज़ी देखी गई, वहीं 835 शेयरों में गिरावट आई.