वर्ल्ड कप में भारत की हार का जश्न मानने के आरोप में गिरफ्तार कश्मीरी छात्रों को ज़मानत, यूएपीए की धारा हटाई
- Author, माजिद जहांगीर
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, श्रीनगर से
वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच में कथित तौर पर भारत की हार का जश्न मानने के लिए गिरफ्तार किए गए एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के सात कश्मीरी छात्रों को अदालत ने शनिवार को ज़मानत दे दी है.
पुलिस ने उनके ख़िलाफ़, अनलॉफुल प्रिवेन्शन्स एक्ट (यूएपीए) के सेक्शन 13 का मामला भी वापस ले लिया है.
गांदेरबल पुलिस ने 20 नवंबर 2023 को सात छात्रों के ख़िलाफ़ लिखित शिकायत मिलने के बाद गिरफ्तार किया था. ये छात्र गांदेरबल पुलिस थाने में बंद थे.
अभियुक्त छत्रों के वकील शफ़ीक़ अहमद भट ने अदालत से ज़मानत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रों को अदालत से ज़मानत मिलना उनके लिए एक बड़ी रहत है.
ज़मानत की सुनवाई गांदेरबल की अदालत में हुई.
शाफ़ीफ़ अहमद ने पुलिस की ओर से छात्रों पर लगाया गया यूएपीए भी वापस लेने की पुष्टि की.
बीबीसी को छात्र के एक परिजन ने फ़ोन पर बताया कि उनके भाई को कुछ देर पहले पुलिस ने रिहा किया है.
19 नवंबर 2013 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप मैच में भारत की हार हुई थी.
यूनिवर्सिटी के ही एक गैर कश्मीरी छात्र ने ही पुलिस में शिकायत दर्ज की थी.
शिकायतकर्ता ने इल्ज़ाम लगाया था कि मैच खत्म होने के बाद यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में सात कश्मीरी छत्रों ने भारत की हार का जश्न मानने के अलावा पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए और उन्हें धमकी दी थी.
छात्रों पर यूएपीए लगाने को लेकर कश्मीर के कई राजनैतिक दलों ने सख्त शब्दों में आलोचना की थी.