You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पाकिस्तान से भारत लौटीं अंजू पर उनके पति ने क्या कहा?
राजस्थान के भिवाड़ी से जुलाई महीने में पाकिस्तान गईं अंजू बुधवार को भारत लौट आईं हैं. उन्होंने भारत लौटने पर कहा कि, "मैं खुश हूं."
लाइव कवरेज
चंदन शर्मा and अभिजीत श्रीवास्तव
नेटो में शामिल होने पर तुर्की की सहमति मिल जाएगी, स्वीडन ने जताया भरोसा
स्वीडन ने इस बात पर भरोसा जताया है कि नेटो में शामिल होने के उसके आवेदन पर तुर्की आने वाले कुछ हफ़्तों में अपनी सहमति दे देगा.
यूरोपीय देशों के सैन्य गठबंधन नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइज़ेशन (नेटो) की सदस्यता के लिए स्वीडन ने औपचारिक रूप से डेढ़ साल पहले अपना आवेदन किया था.
लेकिन तुर्की और हंगरी ने स्वीडन के आवेदन पर अपनी सहमति नहीं दी है.
अमेरिका और कनाडा के अलावा यूरोप के 29 देश नेटो के सदस्य हैं. तुर्की ने स्वीडन के सामने ये मांग रखी है कि उसके यहां से भाग कर स्वीडन में पनाह लेने वाले कुर्द अलगाववादियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाए.
उत्तरकाशी में जिस सुरंग में हुआ हादसा, जानिए उसे बनाने वाली कंपनी के बारे में
हिंदुजा ग्रुप के दफ़्तरों में इनकम टैक्स विभाग का सर्वे
मुंबई समेत कुछ अन्य शहरों में हिंदुजा समूह की इकाइयों पर आयकर विभाग ने बुधवार को सर्वे किया है.
आधिकारिक सूत्रों ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया कि यह सर्वे टैक्स चोरी से जुड़ी जांच का हिस्सा है और मुबंई समेत कुछ अन्य शहरों के दफ़्तरों को इसमें कवर किया गया है.
सर्वे कार्रवाई के इनकम टैक्स क़ानून के तहत इसमें केवल ऑफ़िस परिसर को ही कवर किया जा रहा है.
हिंदुजा ग्रुप का इंडसइंड बैंक और अशोक लेलैंड में बड़ी हिस्सेदारी है.
यह ग्रुप नई तकनीक, डिजिटल और फिनांशियल टेक्नोलॉजी में उतरने के लिए अधिग्रहण करने की योजना पर काम कर रहा है ताकि बैंकिंग, फ़ाइनैंस सर्विस और इंश्योरेंस (बीएफ़एसआई) में पूरी तरह पेशकश कर सके.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने हिंदुजा ग्रुप को ईमेल से इस मामले की जानकारी के लिए सवाल भेजे जिसका जवाब अब तक नहीं आया है.
उत्तरकाशी टनल से निकलने के बाद मज़दूरों ने क्या-क्या बताया
यूएपीए केस में उमर खालिद की जमानत याचिका पर सुनवाई टली
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के छात्र उमर खालिद की जमानत याचिका पर सुनवाई 10 जनवरी तक के लिए टाल दी.
उमर खालिद की ये जमानत याचिका उनके ख़िलाफ़ यूएपीए (अनलॉफुल एक्टिविटिज़ प्रिवेंशन एक्ट) क़ानून के दर्ज मामले को लेकर दायर की गई थी.
इस केस में उमर खालिद पर ये आरोप है कि वे फरवरी, 2020 में उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई सांप्रदायिक हिंसा की साज़िश में कथित तौर पर शामिल थे.
जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की खंडपीठ ने उमर खालिद की पैरवी कर रहे सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल और एडिश्नल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू की गैरहाजिरी के कारण जमानत याचिका पर सुनवाई टाल दी है.
बेंच ने कहा, "याचिकाकर्ता और केंद्र सरकार की तरफ़ से संयुक्त रूप से ये आग्रह किया गया है कि केस में पैरवी करने जा रहे दोनों सीनियर एडवोकेट्स उपलब्ध नहीं हैं. केस की सुनवाई अब 10 जनवरी को होगी."
उमर खालिद की याचिका के साथ यूएपीए क़ानून के कई प्रावधानों को चुनौती देने वाली अन्य याचिकाएं भी सुनवाई के लिए आज लिस्टेड थीं.
इससे पहले नौ अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के जज प्रशांत कुमार मिश्रा ने उमर खालिद की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था.
दिल्ली हाई कोर्ट ने 18 अक्टूबर, 2022 को उमर खालिद की जमानत याचिका ये कहते हुए खारिज कर दी थी कि वे केस के अन्य सहअभियुक्तों के साथ नियमित रूप से संपर्क में थे और उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप पहली नज़र में सही हैं.
उमर खालिद ने सुप्रीम कोर्ट में ये याचिका दिल्ली हाई कोर्ट के इसी फ़ैसले के ख़िलाफ़ दायर की है. हाई कोर्ट ने ये भी कहा था कि उमर खालिद की गतिविधियां प्रथम दृष्टि में यूएपीए क़ानून के तहत 'टेररिस्ट एक्ट' के दायरे में आती हैं.
बंजर खेतों में 'जान फूंकने' की कोशिश
पर्यावरण कार्यकर्ता लनोई मिटिकनी दक्षिणी कीनिया में मसाई महिलाओं के साथ मिलकर जलवायु परिवर्तन के असर को कम करने की कोशिश कर रही है.
ये लोग एक खेतों में खास तरह के गड्ढे खोदते हैं, इसे हाफ़ मून कहा जाता है. जिसके बाद बंजर जमीन हरी-भरी हो जाती है.
बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ समेत सभी सपोर्ट स्टाफ के कार्यकाल बढ़ाने का किया एलान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने बुधवार को सीनियर पुरुष टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल बढ़ाने का एलान किया है.
द्रविड़ के अलावा टीम के बल्लेबाज़ी कोच विक्रम राठौर, गेंदबाज़ी कोच पारस म्हाम्ब्रे, फील्डिंग कोच टी दिलीप सहित सभी सपोर्ट स्टाफ का भी कार्यकाल बढ़ाने का फ़ैसला लिया गया है.
राहुल द्रविड़ सहित सभी सपोर्ट स्टाफ का कॉन्ट्रैक्ट हाल में ख़त्म विश्व कप तक ही था.
उसके बाद इन पदों पर किसे लाया जाएगा, इसे लेकर अटकलें लगाई जा रही थी.
युद्धविराम बढ़ा फिर भी ग़ज़ा बॉर्डर पर क्यों घूम रहे हैं इसराइली टैंक
अस्थायी युद्धविराम के बीच इसराइल-ग़ज़ा बॉर्डर पर इसराइली टैंकों की आवाजाही देखने को मिली है.
बीते शुक्रवार से इसराइल और हमास के बीच चार दिन के लिए अस्थायी युद्धविराम लागू था, जिसे अब दो दिन के लिए बढ़ाने पर सहमति बनी है.
सिलक्यारा सुरंग से सुरक्षित निकाले गए मज़दूर चिनूक हेलिकॉप्टर से ऋषिकेश एम्स रवाना
उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग से सुरक्षित निकाले गए मज़दूर आगे की जाँच के लिए चिनूक हेलीकॉप्टर के ज़रिए ऋषिकेश एम्स ले जाए जा रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई की ओर से जारी एक वीडियो में ये सभी 41 मज़दूर उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर खड़े भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर की ओर जाते दिख रहे हैं.
वहीं एम्स, ऋषिकेश में हुई तैयारियों पर देहरादून की ज़िलाधिकारी सोनिका ने बताया, "एम्स का अपना प्रोटोकॉल और पूर्व निर्धारित प्रक्रिया है. उसी के अनुसार यहां तैयारियां की गई हैं."
इससे पहले, सुरंग से निकालने के बाद उन्हें मंगलवार की रात चिन्यालीसौड़ क सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था.
प्रशासन ने पहले ही बताया था कि डॉक्टरों की ओर से सभी के शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ होने का एलान किए जाने के बाद ही उन्हें उनके घर भेजा जाएगा.
अधिकतर मज़दूर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा के हैं.
ग़ज़ा: तबाह घरों को देखने वापस लौटते लोग
उड़ते विमान में पति-पत्नी का झगड़ा, परेशान क्रू सदस्यों ने दिल्ली डायवर्ट की फ़्लाइट
उड़ती फ्लाइट में पति पत्नी के झगड़े से परेशान होकर लुफ्थांसा एयरलाइन की एक फ्लाइट को बुधवार को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा.
दिल्ली लैंड करने के बाद इन पति पत्नी को इस फ्लाइट से उतार दिया गया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बुधवार को जर्मनी के म्यूनिख से थाईलैंड के बैंकॉक जा रही लुफ्थांसा एयरलाइन की फ्लाइट को दिल्ली उतारना पड़ा.
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इस विमान की लैंडिंग सुबह साढ़े 10 बजे से थोड़ा पहले हुई.
विमान की लैंडिंग के बाद इन दोनों को उतारकर टर्मिनल एरिया ले जाया गया, जहां सीआईएसएफ के जवान, विमान के क्रू सदस्य और अन्य स्टाफ दोनों से बातचीत कर रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि पति जर्मनी के और पत्नी थाईलैंड की रहने वाली हैं.
उड़ान के दौरान ही इन दोनों के बीच झगड़ा होने लगा, उसके बाद विमान के पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से संपर्क किया. पायलटों ने एटीसी को 'हालात और बेकाबू पैसेंजर' की जानकारी दी.
एक अधिकारी के अनुसार पत्नी ने पायलट को अपने पति के ख़राब व्यवहार के बारे में बताया और हस्तक्षेप करने की मांग की. उन्होंने बताया कि उनके पति उन्हें 'धमकी' दे रहे हैं.
उत्तरकाशी टनल: मुन्ना क़ुरैशी की बहादुरी और गब्बर सिंह नेगी की ज़िंदादिली
भारत का इक्विटी मार्केट पहली बार चार ट्रिलियन डॉलर क्लब में शामिल हुआ
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल बाज़ार मूल्य पहली बार बुधवार को चार ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के आंकड़े तक पहुंच गया.
बुधवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों का सूचकांक सेंसेक्स 305.44 प्वॉयंट चढ़कर 66,479.64 पर चला गया.
शेयर बाज़ारों में सकारात्मक माहौल की वजह से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों की कुल बाज़ार पूंजी सुबह के कारोबार में 3,33,26,881.49 करोड़ रुपये हो गई. मुद्रा बाज़ार में एक डॉलर का भाव 83.31 रुपये चल रहा था.
इस दर से अमेरिकी डॉलर में भारत की लिस्टेड कंपनियों की कुल बाज़ार पूंजी चार ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर पहुंच गई.
इस साल सेंसेक्स में 9.10 प्रतिशत (5,540.52 प्वॉयंट्स) की वृद्धि दर्ज की गई जबकि बीएसई में लिस्टेड कंपनियों की कुल बाज़ार पूंजी में 50.81 लाख करोड़ रुपये की उछाल दर्ज की गई.
इसी साल 15 सितंबर को सेंसेक्स अपने उच्चतम स्तर 67,927.23 पर पहुंचा था. चार ट्रिलियन मार्केट कैपिटल के वैल्यूएशन पर इस समय अमेरिका के अलावा चीन, जापान और हॉन्गकॉन्ग जैसे बाज़ार हैं.
24 मई, 2021 को बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों की कुल बाज़ार पूंजी तीन ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी गई थी, जबकि 28 मई, 2007 को उस वक़्त बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का बाज़ार मूल्य एक ट्रिलियन था.
मुइज़्ज़ू ने भारत नहीं तुर्की को चुना, क्या मालदीव को मुस्लिम देशों के क़रीब ले जाना चाहते हैं?
उत्तराखंड टनल हादसा: मज़दूरों से मिल सीएम धामी ने सौंपा एक-एक लाख का चेक, आज दिवाली मनाने का एलान
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सुरंग से मज़दूरों के सुरक्षित निकलने के बाद चिन्यालीसौड़ स्थित अस्पताल जाकर सभी मज़दूरों से मुलाक़ात की और उनका हालचाल जाना.
उन्होंने इस दौरान सभी 41 मज़दूरों को एक एक लाख रुपये का चेक सौंपा. सामने आए वीडियो में अपने अपने बेड पर बैठे लगभग सभी मज़दूर स्वस्थ दिख रहे हैं.
इस मुलाक़ात के बाद सीएम धामी ने कहा, "मैं सबसे (श्रमिकों से) मिला, सबका हाल-चाल लिया. सभी लोग स्वस्थ और प्रसन्न हैं. सभी श्रमिक उत्तराखंड सरकार और प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद कर रहे हैं. हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिला है. पूरे देश ने देखा कि जब हमारे श्रमिक भाई सुरंग के अंदर थे, तो इस बचाव अभियान में दुनिया के सबसे अच्छे प्रयास किए गए. चिकित्सकों की सलाह के अनुसार, ऋषिकेश एम्स में भी उनकी जांच होगी."
इससे पहले आज (बुधवार) सुबह समाचार एजेंसी पीटीआई की ओर से आए एक वीडियो में दिखा कि इन मजदूरों की मेडिकल जांच हुई. इस वीडियो में इन मज़दूरों को नाश्ता करते हुए भी देखा गया था.
मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचने से पहले राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाने वाले अर्धसैनिक बल आईटीबीपी के जवानों से मुलाकात की.
उन्होंने मज़दूरों के परिजनों से भी मुलाक़ात की.
सीएम आवास पर आज मनेगा 'इगास बग्वाल'
इस बीच एलान किया गया है कि आज सीएम धामी के सरकारी आवास पर 'इगास बग्वाल' (एकादशी की दिवाली) मनाया जाएगा.
दिवाली की सुबह सिलक्यारा सुरंग का निर्माणाधीन एक हिस्सा ढह जाने के बाद सुरंग में 41 मजदूर फंस गए थे.
उसके बाद 17 दिन तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद मंगलवार रात उन सबको सुरक्षित निकाल लिया गया.
गायकवाड़ के 123 रन पर कैसे भारी पड़ा मैक्सवेल का 104, पढ़िए आख़िरी दो ओवर का रोमांच
विपिन जोशी: नेपाली नागरिक जिसे हमास की 'गिरफ़्त' में बताया जा रहा है
भले ही हमास ने कई इसराइली और विदेशी नागरिकों को अपनी क़ैद से रिहा कर दिया है लेकिन नेपाल के राजनयिकों का कहना है कि नेपाली छात्र विपिन जोशी की स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है.
माना जा रहा है कि विपिन जोशी को हमास ने बंधक बना रखा है. कुछ हफ़्ते पहले इसराइली सेना ने बताया था कि उसे इस बात के सबूत मिले हैं कि एक नेपाली बंधक हमास के नियंत्रण में था.
नेपाली अधिकारियों ने कहा है कि उसे रिहा करने के लिए "सभी ज़रूरी कोशिशें की जा रही हैं."
नेपाली पक्ष ने अभी तक जोशी के बारे में बात करने के लिए हमास से सीधे संपर्क नहीं किया है.
नेपाल के विदेश मंत्री नारायण प्रकाश साउद ने कहा है कि विपिन जोशी की रिहाई के लिए उन देशों के साथ कूटनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं जो हमास के संपर्क में हैं.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि नेपाल पहले ही औपचारिक रूप से मिस्र से आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध कर चुका है. इससे पहले, नेपाली पक्ष ने क़तर से ऐसा अनुरोध किया था.
विपिन जोशी के बारे में हम क्या जानते हैं?
सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास के हमले के बाद से विपिन जोशी के बारे में किसी को ज्यादा जानकारी नहीं है. इसराइली सेना ने उत्तरी ग़ज़ा के अल-शिफा अस्पताल का एक फुटेज जारी किया और कहा था कि इसमें दिख रहे लोगों में से एक नेपाली नागरिक था.
लेकिन हमास ने नेपाली बंधकों के बारे में कोई विवरण जारी नहीं किया है. बताया जाता है कि इसराइली सुरक्षा अधिकारियों ने तेलअवीव स्थित नेपाली दूतावास के अधिकारियों को मुख्य रूप से तीन आधारों पर विपिन जोशी के हमास के कब्ज़े में होने की जानकारी दी थी.
ये कहा गया कि अल-शिफा अस्पताल में उनके जैसा एक व्यक्ति देखा गया था. इसी तरह, 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद भी विपिन जोशी का मोबाइल फोन ग़ज़ा पट्टी में इसराइली सीमा के बाहर कुछ समय के लिए 'एक्टिव' पाया गया था. तीसरा आधार यह है कि विपिन जोशी का डीएनए उस कृषि फ़ॉर्म के आसपास हमास के हमलों में मारे गए लोगों से मेल नहीं खाता है जहां विपिन रहते थे.
उनके लापता होने के बाद नेपाल से उनके माता-पिता के डीएनए सैंपल लिए गए थे. डीएनए की तुलना इसराइली सुरक्षा बलों द्वारा एकत्र किए गए शवों से की गई.
इसराइल में नेपाल के राजदूत कांता रिजाल ने बताया कि जोशी की ताजा स्थिति की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें मुक्त कराने के लिए कई तरह से प्रयास किए जा रहे हैं. "हम विपिन जोशी को रिहा करने के लिए इसराइली अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. दूतावास ने उनकी रिहाई के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं."
अरब के राजनयिकों की बैठक में सऊदी अरब ने भारत से की ये मांग - प्रेस रिव्यू
उत्तरकाशी टनल: मज़दूरों के सकुशल निकलने के बाद झारखंड के इस गांव में 17 दिन बाद लौटी ख़ुशी
....में - Author, रवि प्रकाश
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से
झारखंड के रांची ज़िले के खीराबेड़ा गांव में 17 दिनों के बाद खुशी लौटी है.
ओरमांझी प्रखंड के इस गांव के तीन लड़के राजेन्द्र बेदिया, अनिल बेदिया और सुखराम बेदिया, उत्तरकाशी में हुए टनल हादसे से सुरक्षित निकल गए हैं.
इस ख़बर से गांव वालों ने राहत की सांस ली है. लोग अब इन तीनों के गांव लौटने का इंतज़ार कर रहे हैं.
मंगलवार की रात आठ से नौ बजे के बीच गांव वालों को टनल हादसे में फंसे 41 मजदूरों के सुरक्षित निकल जाने की ख़बर मिली.
उसके बाद रात में ही और बुधवार की सुबह भी, लोगों ने पटाखे छोड़कर और एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशियां मनाईं.
अनिल बेदिया के पिता चरकू बेदिया ने कहा कि उनकी अभी तक बेटे से बात नहीं हुई है, लेकिन सुरंग से निकलने के बाद उनकी तस्वीर देखकर खुशी हुई.
उन्होंने कहा कि उनके बेटे के घर लौटने पर उनकी कुशलता के लिए की गई मनौती वो उनसे पूरी करवाएंगे.
अनिल बेदिया की मौसी घटना के बाद से ही उनके घर आई हुई हैं. खुशी की ख़बर मिलने के बाद उन्होंने घर के बाहर पूरे द्वार को गाय के गोबर से लीपा है. साथ ही उनके घर में पूजा पाठ की तैयारी चल रही है.
तीनों लड़कों के घर वाले सुरक्षित वापसी के लिए भगवान से मन्नतें मांगे हुए हैं.
तीनों ने जिस स्कूल में पढ़कर मैट्रिक पास की, वहां भी बुधवार को जश्न का माहौल देखा गया. बच्चे और स्कूल के शिक्षक ढोल मांदर की थाप थिरक रहे थे.