दूसरे टी20 मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से मात दी

रविवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से मात दे दी.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and चंदन शर्मा

  1. दूसरे टी20 मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से मात दी

    भारत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रविवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से मात दे दी.

    अपने तीन बल्लेबाज़ों के शानदार ​अर्धशतक की बदौलत भारत ने चार विकेट पर 235 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था.

    236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम के सलामी बल्लेबाज़ों ने शुरुआत अच्छी की बावजूद पूरी टीम 191 रनों पर ऑल आउट हो गई.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से कोई भी बल्लेबाज़ 50 रनों के स्कोर तक नहीं पहुंचा. भारत की ओर से प्रसाद कृष्णा और रवि बिश्नोई ने तीन तीन विकेट लिए.

    भारत ने 24 नवंबर को खेले गए पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को दो विकेट से हरा दिया था.

    भारत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रिंकू सिंह

    मैच शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीता और उसने गेंदबाज़ी को चुना.

    भारत के तीन बल्लेबाज़ों ने शानदार ​अर्धशतक लगाए.

    भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 53 रन, ईशान किशन ने 52 रन और ऋतुराज गायकवाड़ ने 58 रन का योगदान दिया.

    भारत ने अंतिम दो ओवर में 45 रन, जबकि आख़िरी सात ओवर में 111 रन बनाए.

    रिंकू सिंह ने तेज़ खेलते हुए केवल 9 गेंदों पर 31 रन बना दिए.

    टी-20 मैचों में भारत का यह पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है.

  2. हमास ने इसराइल के 13 और बंधकों सहित कुल 17 बंधक रिहा किए, इसराइल ने की पुष्टि

    हमास

    इमेज स्रोत, Getty Images

    हमास ने रविवार को बताया है कि उसने 13 इसराइली, तीन थाई और एक रूसी बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है.

    हालांकि इसराइल ने कहा है कि उसके 14 और तीन विदेशी नागरिकों को हमास ने रेडक्रॉस को सौंपा है.

    बताया गया है कि एक बंधक की राष्ट्रीयता को लेकर उलझन इसलिए हो रही है कि रूस के नागरिक के पास इसराइल की भी नागरिकता है.

    हमास ने कहा है कि उसने रूस के 'राष्ट्रपति पुतिन के प्रयासों के जवाब में' रूस के इस बंधक को रिहा किया गया है.

    इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा गया: "रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कोशिशों के जवाब और फ़लस्तीनी चिंता के समर्थन में रूस के रुख़ की तारीफ़ करते हुए इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास ने रूस के एक बंदी नागरिक को रिहा कर दिया है."

    इस तरह अस्थाई युद्धविराम के तीसरे दिन भी पहले दो दिनों की तरह इसराइली बंधकों की रिहाई हुई है.

  3. सुरंग में फंसे मज़दूर के पिता ने अपनी पत्नी के गहने क्यों गिरवी रख दिए

    वीडियो कैप्शन, सुरंग में फंसे मज़दूर के पिता ने पत्नी के गहने क्यों गिरवी रख दिए

    लखीमपुर खीरी के चौधरी पिछले 13 दिनों से अपने बेटे मनजीत के बाहर निकालने का इंतज़ार कर रहे हैं.

    बीबीसी को वो बताते हैं कि उनके पास इतने पैसे भी नहीं थे कि वो खर्चा करके उत्तरकाशी आ सकें.

    उन्होंने अपनी पत्नी के गहने गिरवी रख कर पैसे उधार लिए ताकि वो उत्तरकाशी में अपने बेटे को बचा पर बाहर निकालने के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन को देख सकें, अपने बेटे से बात कर सकें.

  4. ग़ज़ा में सब तबाह, वापस लौटे लोगों ने क्या बताया

    वीडियो कैप्शन, ग़ज़ा में सब तबाह, वापस लौटे लोगों ने क्या बताया

    इसराइल और हमास के बीच बंधकों को लेकर हुई डील के तहत तय हुआ चार दिन का अस्थाई युद्धविराम शुक्रवार शाम से लागू है.

    इस अस्थाई युद्ध विराम के कारण उत्तरी ग़ज़ा से भागकर जान बचाने वाले कई लोग वापस भी आए हैं. लेकिन जिस घर की तलाश में वो लौटे हैं, वहाँ अब कुछ भी नहीं बचा है.

  5. ज़िम्बाब्वे क्रिकेट टीम की हालत खस्ता, टी20 वर्ल्ड कप के क्वालिफायर में युगांडा जैसी टीम से हारा

    ज़िम्बाब्वे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अगले साल जून में वेस्टइंडीज़ और अमेरिका में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए हो रहे क्वालिफाइंग मुक़ाबले में ज़िम्बाब्वे को युगांडा जैसी गुमनाम टीम ने हरा दिया है.

    नामीबिया में हो रहे अफ्रीका रीजन क्वालिफायर मुक़ाबलों में युगांडा ने रविवार को ज़िम्बाब्वे को पांच विकेट से हरा दिया.

    टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी कर रही युगांडा ने ज़िम्बाब्वे को 20 ओवरों में केवल 136 रन ही बनाने दिया. उसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए युगांडा ने पांच गेंद बाक़ी रहते हुए ज़िम्बाब्वे को पांच विकेट से हरा दिया.

    टी20 विश्व कप में अफ्रीका से दो देशों को खेलना है, लेकिन सात देशों के बीच हो रहे अफ्रीका रीजन क्वालिफायर में ज़िम्बाब्वे अभी चौथे स्थान पर चल रहा है.

    पहले स्थान पर अभी नामीबिया और दूसरे स्थान पर केन्या है. अफ्रीका को छोड़कर 2024 टी20 विश्व कप की 18 टीमें तय हो गई हैं.

  6. इसराइल-हमास जंग का दर्द बयां करती 'ग़ज़ा डायरी' - दुनिया जहान

    वीडियो कैप्शन, इसराइल-हमास जंग का दर्द बयां करती 'ग़ज़ा डायरी' - दुनिया जहान

    इसराइल और हमास के बीच बीते सात अक्टूबर से जंग जारी है. हालांकि 24 नवंबर को इस जंग में चार दिन के अस्थाई ठहराव की घोषणा की गई है. लेकिन बीते 50 दिन इन हमलों के बीच रह रहे लोगों ने बहुत कुछ झेला है. उन्हीं में से कुछ ने हर रोज़ के अनुभव बीबीसी से साझा किए.

    उन्होंने वीडियो या फिर वॉयस नोट के ज़रिए बीबीसी से आपबीती साझा की. ये वीडियो इन युवाओं द्वारा युद्ध शुरू होने से लेकर 31 अक्टूबर तक की उनकी आपबीती है.

    वीडियो एडिट: परवाज़ लोन और काशिफ़ सिद्दिक़ी

    ऑडियो मिक्सिंग: अजीत सारथी

  7. यशस्वी, ईशान, ऋतुराज की फिफ्टी के बाद रिंकू सिंह का कमाल, भारत ने दिया 236 रन का लक्ष्य

    रिंकू सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रिंकू सिंह

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे दूसरे टी20 मैच में भारत के तीन बल्लेबाज़ों ने शानदार ​अर्धशतक लगाए. बाद में रिंकू सिंह ने तेज़ खेलते हुए केवल 9 गेंदों पर 31 रन बना दिए.

    इस तरह भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 236 रन का लक्ष्य दिया है. भारत ने चार विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए.

    भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 53 रन, ईशान किशन ने 52 रन और ऋतुराज गायकवाड़ ने 58 रन का योगदान दिया.

    भारत ने अंतिम दो ओवर में 45 रन, जबकि आख़िरी सात ओवर में 111 रन बनाए.

    टी-20 मैचों में भारत का यह पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है.

  8. यशस्वी जायसवाल के बाद ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ की भी फिफ्टी, भारत 200 रन की ओर

    यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, Twitter/Yashasvi Jaiswal

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे दूसरे टी20 मैच में भारत के ओपनर बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने शानदार फिफ्टी लगाई है. जायसवाल के बाद ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने भी शानदार फिफ्टी लगाई है.

    जायसवाल ने केवल 24 गेंदों में फिफ्टी लगाई. वहीं किशन ने 29 गेंदों पर फिफ्टी जमाई, जबकि गायकवाड़ ने इसके लिए 39 गेंदें खेली.

    212 रन के स्ट्राइक रेट से खेली गई पारी में जायसवाल ने नौ चौके और दो छक्के जड़े. ईशान ने तीन चौके और चार छक्के लगाए.

    हालांकि यशस्वी जायसवाल की तरह ईशान किशन भी फिफ्टी लगाने के बाद तुरंत आउट हो गए.

    यशस्वी जायसवाल ने चौथे ओवर में पांच गेंदों को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया. सीन एबॉट के इस ओवर में उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाकर कुल 24 रन बटोरे.

    एबॉट की पहली, दूसरी और तीसरी गेंद को जायसवाल ने चौके के लिए बाहर भेजा. वहीं पांचवीं और छठी गेंद को छक्के के लिए सीमा पर किया. हालांकि छठी और आख़िरी गेंद पर कोई रन नहीं बन सका.

    जायसवाल के दबदबे के कारण कप्तान वेड ने एबॉट को आक्रमण से हटाकर नेथन एलिस को बुलाया. और उन्होंंने अपने कप्तान को निराश नहीं किया और जायसवाल को ज़म्पा के हाथों आउट करा दिया.

    उधर पारी के 14वें ओवर में जब ग्लेन मैक्सवेल बॉलिंग कर रहे थे, तब किशन और गायकवाड़ ने मिलकर 23 रन बनाए.

  9. इसराइल हमास युद्धः इसराइल से जुड़े एक तेल टैंकर को यमन के पास क़ब्ज़े में लिया गया

    तेल टैंकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ यमन के तट के पास, इसराइल से जुड़े एक टैंकर को क़ब्ज़े में लिया गया है.

    एएफ़पी ने ये जानकारी अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से दी है. इस टैंकर को अज्ञात हथियारबंद लोगों ने ज़ब्त किया है.

    इससे पहले इस नौवहन रूट पर इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं.

    एएफ़पी ने मैरीटाइम सुरक्षा कंपनी एंब्रे के हवाले से बताया है कि ‘अमेरिकी नोसैनिक बल ऐसी स्थिति में सक्रिय हैं.’

    अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वो घटना पर नज़र रखे हुए हैं.

    ये घटना सेंट्रल पार्क नाम के तेल टैंकर के साथ हुई है. इसराइल से संबंधित इस टैंकर का संचालन ब्रिटेन स्थित एक कंपनी करती है.

    यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने टैंकर को हुदैदा बंदरगाह की तरफ़ आने के लिए कहा था और आदेश न मानने पर हमला करने की धमकी दी थी.

    एएफ़पी के मुताबिक़, सुरक्षा फ़र्म एंब्रे ने बताया है कि अमेरिकी गठबंधन में शामिल युद्धक जहाज़ों ने सेंट्रल पार्क को संदेश भेजा था और हूतियों के संदेश को नज़रअंदाज़ करने के लिए कहा था.

    एंब्रे ने बताया है कि इस टैंकर पर यमन के बंदरगाह शहर अदन के पास लोग सवार हुए हैं.

    इसके अलावा इस क्षेत्र में सफर कर रहे एक अन्य जहाज़ ने बताया कि ‘सैन्य पोशाक में शामिल आठ लोग दो नावों पर जहाज़ की तरफ़ बढ़ रहे थे.’

    इससे पहले गुरुवार रात, इसराइल से संबंधित एक मालवाहक जहाज़ को ड्रोन हमले में नुक़सान पहुंचा था. अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि ये हमला ईरान निर्मित शाहेद-136 ड्रोन से किया गया था.

    इस जहाज़ पर हमले की अभी तक किसी ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या अल सरिया ने टेलीग्राम पर इस जहाज़ के नाम का पहला शब्द पोस्ट किया है.

    उनके इस पोस्ट को हमले का निशाना बने जहाज़ से जोड़कर देखा जा रहा है.

    वहीं पिछले सप्ताह हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में इसराइल से जुड़े एक मालवाहक जहाज़ को ज़ब्त कर लिया था. हूती विद्रोहियों ने इस जहाज़ को ज़ब्त किए जाने का वीडियो भी साझा किया था.

    हूती विद्रोहियों ने इस क्षेत्र में सफर करने वाले इसराइल से जुड़े जहाज़ों को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी.

    7 अक्तूबर को ग़ज़ा पर शासन करने वाले फ़लस्तीनी समूह हमास ने इसराइल पर हमला किया था, जिसमें 1,200 से अधिक इसराइली मारे गए थे.

    इसके जवाब में इसराइल ने ग़ज़ा पर बड़े हमले किए हैं और ज़मीनी सैन्य अभियान चलाया है. इसराइल के जवाबी हमलों में अब तक 14,800 से अधिक फ़लस्तीनी लोग मारे गए हैं.

    हूती विद्रोहियों का कहना है कि वो इसराइल से जुड़े जहाज़ों के ख़िलाफ़ ये कार्रवाई फ़लस्तीनियों के समर्थन में कर रहे हैं.

  10. चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 करोड़ में ख़रीदे गए बेन स्टोक्स को क्यों छोड़ा

    चेन्नई सुपर किंग्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    वनडे में इंग्लैंड को विश्व विजेता बनाने वाले बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने रिलीज़ करने का एलान किया है.

    स्टोक्स के अनुसार, अपने 'वर्कलोड और फिटनेस' को बेहतर करने के लिए उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीज़न से बाहर होने का फ़ैसला लिया है.

    2023 के आईपीएल में सीएसके ने बेन स्टोक्स को 16.2 करोड़ रुपए में ख़रीदा था.

    सीएसके ने स्टोक्स के अलावा आईपीएल से रिटायरमेंट ले चुके अंबाती रायडू, काइली जेमिसन, आकाश सिंह, भगत वर्मा, सुभ्रांशु सेनापति, ड्वेन प्रिटोरियस जैसे खिलाड़ियों को भी छोड़ने का एलान किया है.

    आईपीएल के लिए खिलाड़ियों की नीलामी अब से क़रीब तीन हफ़्ते बाद 19 दिसंबर को होगी.

  11. उत्तर प्रदेशः मेरठ में युवक के मुंह पर पेशाब करने का वीडियो, एक गिरफ़्तार

      • Author, अमित सैनी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
    मेरठ पुलिस

    इमेज स्रोत, Amit Saini

    उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक युवक पर पेशाब करने और मारपीट करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है.

    इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है

    पुलिस के मुताबिक़ ये घटना 13 नवंबर की है. मेरठ पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया है कि मेडिकल थाना क्षेत्र में 13 नवंबर को एक युवक के साथ मारपीट की गई और इस दौरान उस पर पेशाब भी किया गया.

    हालांकि जो एफ़आईआर इस घटना के संबंध में दर्ज की गई है उसमें पेशाब किए जाने का ज़िक्र नहीं है.

    पुलिस ने एफ़आईआर आईपीसी की धारा 147, 323, 504 और 506 तहत दर्ज की है.

    मेरठ के एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बीबीसी से युवक पर पेशाब किए जाने की पुष्टि की है.

    बीबीसी से बात करते हुए पीयूष कुमार सिंह ने कहा, “ये घटना 13 नवंबर की है. शुरुआत में युवक ने अपने ऊपर पेशाब किए जाने के बारे में नहीं बताया था, इसलिए जो पहली तहरीर दी गई थी, उसके आधार पर एफ़आईआर दर्ज की गई थी, बाद में वीडियो सामने आया है और अब धारा 294 और 295 ए को भी जोड़ दिया गया है.”

    पुलिस के मुताबिक़, इस घटना के बाद एक अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है जबकि तीन अभी फ़रार हैं.

    वहीं युवक के पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा है, “मेरा बेटे ने बारहवीं की परीक्षा पास की है, दिवाली के अगले दिन वो अपनी मौसी के घर मिठाई देने आया था. रास्ते में कुछ लड़कों ने उसे अग़वा कर लिया, उसके साथ मारपीट की, मुंह पर पेशाब किया और जान से मारने की धमकी दी.”

    पीड़ित युवक के पिता ने आरोप लगाया है, “पुलिस ने हमारी एफ़आईआर दर्ज करने में लापरवाही की है, सख़्त धाराएं नहीं लगाई गई हैं. पहले एफ़आईआर ही दर्ज नहीं की जा रही थी.”

    इससे पहले मध्य प्रदेश के सीधी में एक आदिवासी युवक पर पेशाब किए जाने का वीडियो वायरल हुए था. जिसके बाद प्रशासन ने अभियुक्त को गिरफ़्तार किया था और अभियुक्त के घर को भी तोड़ दिया गया था.

    मध्य प्रदेश में पेशाब किए जाने की घटना पर राजनीति भी हुई थी और मध्य प्रदेश की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठे थे.

  12. दूसरे टी-20 में ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस, भारत को पहले बल्लेबाज़ी का न्योता

    ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में हो रहे दूसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीत लिया है. टॉस जीतने के बाद उसने भारत को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया है.

    ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में ग्लेन मैक्सवेल और बेहरनडॉर्फ को इस मैच में जगह दी है. वहीं भारत ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है.

    भारत ने विशाखापत्तनम में खेले गए पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को दो विकेट से हरा दिया था. इस सिरीज़ में पांच मैच खेले जाने हैं.

    दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

    भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार और प्रसिद्ध कृष्णा.

    ऑस्ट्रेलिया: मैथ्यू वेड कप्तान और विकेटकीपर, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, सीन एबॉट, नाथन इलिस, एडम ज़म्पा और तनवीर संघा.

  13. मुंबई में जाने की अफ़वाहों के बीच गुजरात ने हार्दिक पांड्या को किया रिटेन, मोहम्मद शमी भी साथ होंगे

    हार्दिक पांड्या

    इमेज स्रोत, ANI

    आईपीएल 2024 में भाग लेने वाली सभी 10 टीमों ने रविवार को अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है.

    19 दिसंबर को होने वाली नीलामी के पहले सभी टीमों को रिटेन किए गए खिलाड़ियों के नामों का एलान ज़रूरी था.

    गुजरात टाइटन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या आईपीएल के 17वें सीज़न में भी इसी टीम से खेलते दिखेंगे. गुजरात टाइटन्स ने रविवार को हार्दिक को अपनी टीम में रिटेन करने का एलान किया.

    जाने माने क्रिकेट कमेंटेटर हर्ष भोगले ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, ''मेरा मानना ​​है कि मुंबई इंडियन्स और गुजरात टाइटन्स के रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची के साथ अभी भी बहुत कुछ बदलेगा, क्योंकि ट्रांसफर का विंडो नीलामी से एक सप्ताह पहले तक खुली रहती है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    मुंबई ​इंडियन्स ने कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, तिलक वर्मा, ​जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, अर्जुन तेंदुलकर, टिम डेविड, कैमरुन ग्रीन, जेसन बेहरनडॉर्फ जैसे खिलाड़ियों को रिटेन किया है.

    वहीं जोफ्रा आर्चर, क्रिस जॉर्डन, संदीप वॉरियर जैसे खिलाड़ियों को रिलीज़ कर दिया है.

    वहीं गुजरात टाइटन्स ने मोहम्मद शमी, नूर अहमद, राशिद ख़ान, मोहित शर्मा, डेविड मिलर, शुभमन गिल, मैथ्यू वेड, रिद्धिमान साहा, केन विलियम्सन, साई सुदर्शन, विजय शंकर, जयंत यादव, राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ियों को रिटेन किया है.

    वहीं यश दयाल, शिवम मावी, प्रदीप सांगवान, अलज़ारी जोसेफ़, दाशुन शनाका को रिलीज़ करने का एलान किया है.

  14. चाइना मास्टर्स के फ़ाइनल में थमा सात्विकसाईराज रेड्डी और चिराग शेट्टी की जीत का सफर

    सात्विकसाईराज रेड्डी और चिराग शेट्टी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत के सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के पिछले कई महीनों से जारी शानदार प्रदर्शन का सिलसिला चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फ़ाइनल में थम गया है.

    चीन के शेनझेन में हुए फ़ाइनल मुक़ाबले में दुनिया के पांचवें नंबर की भारतीय जोड़ी, नंबर एक बैडमिंटन जोड़ी लियांग वेई केंग और वांग चांग के हाथों 19-21, 21-18 और 19-21 से हरा दिया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारतीय बैडमिंटन संघ यानी बीएआई ने इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि बताते हुए एक्स पर लिखा कि इन दोनों ने फाइनल के पहले तक बिना कोई सेट गंवाए शानदार खेल खेला था.

    इससे पहले सेमीफ़ाइनल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चीन के हे जी तिंग और रेन जियांग यू को सीधे सेटों में 21-15 और 22-20 से हराया था.

  15. हमास ने चार कमांडरों की मौत की पुष्टि की, ग़ज़ा ब्रिगेड के कमांडर भी मारे गए

    हमास लड़ाका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    हमास ने रविवार को अपने चार शीर्ष कमांडरों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया है कि उत्तरी ग़ज़ा हमास की ब्रिगेड के कमांडर अहमद अल गंदौर की भी मौत हो गई है.

    हालांकि हमास ने अपने बयान में ये नहीं बताया है कि ये कमांडर कब और कैसे मारे गए.

    इसी बीच इसराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम का आज तीसरा दिन हैं.

    वहीं फ़लस्तीनी रेड क्रेसेंट ने बताया है कि रविवार को मग़ाज़ी शरणार्थी केंद्र में इसराइली सेना के एक हमले में एक किसान की मौत हो गई है.

    फ़लस्तीनी रेड क्रेसेंट की इस रिपोर्ट पर इसराइल ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    अभी ये भी स्पष्ट नहीं है कि इस घटना का बंधकों की रिहाई के लिए हुए समझौते पर कोई असर होगा या नहीं.

    इसराइल और हमास चार दिनों के संघर्ष विराम के लिए तैयार हुए थे. अभी तक हमास ने दो बार इसराइल के बंधकों को रिहा किया है और इसके बदले इसराइल ने भी फ़लस्तीन के क़ैदियों को छोड़ा है.

    रविवार को ही 13 इसराइली और चार थाई बंधक इसराइल पहुंचे हैं. हालांकि इन बंधकों की रिहाई में देरी हुई थी.

    मिस्र और क़तर की मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद बंधकों की रिहाई को लेकर पैदा हुए मतभेद समाप्त हो गए थे.

    हमास और इसराइल के बीच इस समय नाज़ुक संघर्ष विराम लागू है. ये 7 अक्तूबर को हमास के इसराइल पर किए गए हमले के बाद से जारी जंग में पहला विराम है.

    दक्षिणी इसराइल पर हमास के हमले में 1,200 से अधिक इसराइली मारे गए थे. इसराइल के जवाबी हमले में अब तक 14,800 से अधिक फ़लस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें से 40 प्रतिशत के क़रीब बच्चे हैं.

    इसराइल ने कहा है कि अगर हमास और बंधकों को रिहा करता है, तो संघर्ष विराम को आगे जारी रखा जा सकता है. इस समय हमास के क़ब्ज़े में 200 से अधिक बंधक हैं.

  16. भीम संसद में बोले नीतीश कुमार, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले तो दो साल में ख़त्म होगी ग़रीबी

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बिहार से बीबीसी हिंदी के लिए
    नीतीश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार की राजधानी पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में रविवार सुबह से ही ख़ासी गहमागहमी रही. यहां संविधान दिवस के मौक़े पर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी जद (यू) ने 'भीम संसद एवं सम्मान समारोह' का आयोजन किया.

    इस कार्यक्रम के ज़रिए एक ओर सीएम नीतीश कुमार को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाने की बातें उठीं. वहीं नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कभी सीधे तो कभी परोक्ष रूप से भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा.

    भाजपा से अलगाव और महागठबंधन का​ फिर से हिस्सा बनने के बाद से अकेले जद (यू) का यह सबसे बड़ा आयोजन था.

    इसे सफल बनाने का ज़िम्मा राज्य के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी का था.

    वहीं राज्य के उत्पाद और मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार और अनुसूचित जाति और जनजाति कल्याण मंत्री रत्नेश सदा इस आयोजन के अहम चेहरे रहे.

    राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, जाति आधारित सर्वे की रिपोर्ट जारी होने के बाद दलितों (22 फ़ीसदी) को जद (यू) की ओर लुभाने के साथ यह पार्टी का एक शक्ति प्रदर्शन भी था.

    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, Vishnu Narayan

    नीतीश बोले- यह कार्यक्रम तो गांधी मैदान लायक था

    सीएम नीतीश इस आयोजन में इकट्ठा हुई भीड़ को देखकर इस कदर उत्साहित हो गए कि उन्होंने वेटनरी कॉलेज के छोटा पड़ जाने और ऐसे इवेंट को पटना स्थित राज्य के सबसे बड़े ग्राउंड गांधी मैदान में आयोजित करने की सलाह दे डाली.

    उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा कि दिल्ली वाले (भाजपा और केंद्र सरकार) देखें कि कैसे राज्य भर के लोग पटना में एकत्रित हुए हैं.

    सीएम ने संविधान दिवस (26 नवंबर) का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी पाँच नामों- महात्मा गांधी, बाबा साहेब आंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर के विचारों पर चलने वाली पार्टी है.

    सीएम नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, Vishnu Narayan

    बिहार को मिले विशेष राज्य का दर्जा

    इस आयोजन में शामिल कई नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला बोला और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की.

    सीएम नीतीश कुमार ने भी कहा कि यदि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाए तो राज्य की ग़रीबी केवल दो साल में ख़त्म हो जाएगी. इसके लिए उन्होंने पत्रकारों का भी समर्थन माँगा.

  17. उत्तरकाशी के सुरंग में 15 मीटर तक हुई वर्टिकल ड्रिलिंग, और कितनी होनी है खुदाई

    उत्तरकाशी के सुरंग

    इमेज स्रोत, ANI

    उत्तरकाशी के सिल्कयारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए पहाड़ के ऊपर से वर्टिकल ड्रि​लिंग शुरू कर दी गई है.

    वहीं सुरंग में गिरे मलबे के भीतर से हो रही ड्रिलिंग का काम अभी भी रूका हुआ है.

    हालांकि हैदराबाद से आई प्लाज़्मा मशीन ने अपना काम शुरू कर दिया है और अंदर फंसी ऑगर मशीन के हिस्से को काट कर निकालने की कोशिश की जा रही है.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    सुरंग के बाहर हुए एक संवाददाता सम्मेलन में उत्तराखंड सरकार के सचिव और इस ऑपरेशन के नोडल अधिकारी नीरज खैरवाल और केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव महमूद अहमद ने ये जानकारी दी है.

    नीरज खैरवाल ने बताया, ''उम्मीद है कि आज रात या कल सुबह तक ऑगर मशीन के फंसे हुए ब्लेड को काटकर बाहर निकाल लिया जाएगा.''

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    महमूद अहमद ने बताया, "हम इस स्थिति में पहुंच गए कि कल से हमने 2-3 और विकल्पों पर काम करना शुरू कर दिया है. हमने एसजेवीएनएल को 1-1.2 मीटर व्यास की वर्टिकल ड्रिलिंग करने के लिए कहा है.''

    उनके अनुसार, ''हमने अपने जियोलॉजिस्ट से उन स्थानों की पहचान की जहां ड्रिलिंग बेहतर हो सकती है. अभी तक लगभग 15 मीटर की ड्रिलिंग पूरी हो चुकी है. हमारा अनुमान है कि कुल 86 मीटर की ड्रिलिंग की जानी है. हमें लगता है कि यह अगले 2 दिनों में पूरा हो जाएगा."

    छोड़िए X पोस्ट, 3
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 3

    वहीं सुरंग के दूसरे साइड से क्षैतिज ड्रिलिंग के बारे में महमूद अहमद ने बताया कि दो दिन बाद यानी 28 नवंबर से यह काम शुरू हो जाएगा.

    उन्होंने कहा, "यह एक लंबी प्रक्रिया है. क्षैतिज ड्रिलिंग को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए हमारे पास 15 दिनों की डेडलाइन है. यदि ये 180 मीटर की दूरी पर है, तो प्रतिदिन 12 मीटर की गति से काम कर पाएगा. हम एक ड्रिफ्ट टनल भी बनाना चाहते हैं, इसका डिजाइन बनाया गया है और इसकी मंजूरी दे दी गई है."

  18. पंजाब के किसान चंडीगढ़ और मोहाली बॉर्डर पर क्यों कर रहे हैं प्रदर्शन?, बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता सरबजीत धालीवाल और मयंक मोंगिया

  19. सुरंग में फंसे एक मज़दूर के पिता ने अपनी पत्नी के गहने क्यों रखे गिरवी

    मनजीत के पिता
    इमेज कैप्शन, मनजीत के पिता

    उत्तरकाशी के सिल्कयारा सुरंग में फंसे 41 मज़ूदरों में से एक मनजीत चौधरी भी हैं. रविवार को सुरंग में उनके फंसने का 15वां दिन चल रहा है. इससे उनके माता और पिता काफ़ी परेशान हैं.

    बीबीसी हिंदी से बातचीत में मनजीत के पिता ने बताया कि उनके पास इतने भी पैसे नहीं थे कि वे लखीमपुर खीरी के अपने गांव से सुरंग तक पहुंच सके.

    ऐसे में उन्हें सिल्कयारा के इस सुरंग तक आने के लिए अपनी पत्नी की नथुनी और पायल गिरवी रखनी पड़ी और तब उस पैसे से वे यहां तक पहुंच सके.

    उन्होंने कहा कि वे पहले ही अपना एक बेटा खो चुके हैं और नहीं चाहते कि अब ऐसा फिर हो.

    बीबीसी से उन्होंने कहा कि उनका एक बेटा मुंबई में पुल बनाने का काम करता था, लेकिन निर्माण के दौरान पिछले साल उनकी मौत हो गई.

    भावुक होते हुए मनजीत के पिता ने बताया कि उन्हें खाते पीते दिन रात अपने बेटे की याद सताते रहती है.

    सुरंग के भीतर कैसे हैं मनजीत

    सुरंग के भीतर फंसे मनजीत ने अपने पिता से कहा है, "वे अपना ख़बर देते रहें, मैं अंदर ठीक हूँ और रोने-धोने की कोई ज़रूरत नहीं है."

    उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा नहीं है कि सुरंग से निकलने के बाद उनका बेटा फिर यहां लौटे. वो गांव में ही कोई छोटी मोटी दुकान कर ले या खेती किसानी में जुट जाए.

  20. दिल्ली की सड़कों पर सालाना क्वीर प्राइड परेड में हिस्सा लेने वालों का क्या है कहना, सुनिए बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा और प्रेरणा को