You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल, हमास के बाद अब रेड क्रॉस ने भी इसराइली बंधकों के रिहा होने की पुष्टि की

इसराइल और ग़ज़ा के बीच हुए चार दिनों के अस्थाई युद्धविराम के तहत बंदियों की रिहाई हुई है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and चंदन शर्मा

  1. उत्तरकाशी सुरंग हादसा: 'हम लोग बस दुआएं मांग सकते हैं... तो मांग रहे हैं...', उत्तरकाशी से बीबीसी संवाददाता अनंत झणाणे और सहयोगी पत्रकार आसिफ़ अली

    उत्तरकाशी के सिल्क्यारा गाँव में सुरंग में फंसे हुए 41 मज़दूरों के कुछ परिवार वाले भी आस पास के होटलों में रुके हुए हैं और परिवार वाले समय-समय पर सुरंग में जाकर अपनों से मिलने जाते हैं और उनके हाल चाल पूछते हैं.

    33 साल के सबा अहमद सिल्क्यारा में सीनियर फोरमैन का काम करते हैं. सुरंग में वो भी फंसे हैं. उनके चचेरे भाई नय्यर अहमद और परिवार के दो अन्य परिवार के सदस्य बिहार के भोजपुर ज़िले से उत्तरकाशी पहुंचे हैं.

    वो भी खुद ही इस टनल प्रोजेक्ट में कंपनी नवयुग इंजीनियरिंग कंस्ट्रक्शन के लिए काम कर चुके हैं. वो कहते हैं कि मैं यहाँ "सेफ्टी" में काम करता था. लेकिन बताते हैं कि अब वो दूसरी जगह किसी और कंपनी में काम करते हैं.

    नय्यर अहमद कहते हैं, "सबको (फंसे हुए मज़दूरों को) संभालने वाला मेरा ही भाई है. अगर आपने टनल से मज़दूरों के वीडियो देखे हैं तो उसमें सबसे आगे मेरे भाई सबा अहमद ही दिख रहे हैं."

    उन्हें सुरंग में भूस्खलन की ख़बर उनके भाई सबा के साथ काम करने वाले राहुल तिवारी ने फोन करके दी. वो कहते हैं, "हमें यहाँ पर कोई दिक्कत नहीं है. हमारी तो रोज़ बात होती है. सुबह शाम, जब हमारा मन चाहे हम बात करने अंदर जाते हैं."

    नय्यर अपने भाई सबा की बात बिहार में अम्मी अब्बू और घर के दूसरे सदस्यों से भी बात करवाते हैं. नय्यर के मुताबिक़ सबा ने उनसे कहा, "चाहे हमें बाहर निकालने में एक दिन लगे या दो दिन, लेकिन हमें सुरक्षित निकालें. हमें अंदर कोई दिक्कत नहीं है."

    नय्यर कहते हैं, "राहत टीम और कंपनी के जो लोग हैं वो अपना काम कर रहे हैं. हम लोग बस दुआएं मांग सकते हैं... तो मांग रहे हैं."

    वो राहत कामों से संतुष्ट नज़र आते हैं और कहते हैं, "फिलहाल हम लोग सिर्फ़ इंतज़ार कर सकते हैं और ऊपर वाले से दुआ कर सकते हैं कि जल्द से जल्द हमारे भाई हमारे साथ हों."

  2. पीरियड्स पोवर्टी ख़त्म करने की कैसे हो रही कोशिश

    वर्ल्ड बैंक के अनुसार, दुनियाभर में क़रीब 50 करोड़ महिलाएं पीरियड पोवर्टी की समस्या का सामना कर रही हैं.

    जब लड़कियां या महिलाएं महावारी के दौरान इस्तेमाल होने वाली चीज़ें जैसे सैनिटरी नैपकिन्स आदि ख़रीद नहीं पातीं या फिर उनके पास नहाने तक के साधन नहीं होते, तो उसे पीरियड पोवर्टी कहते हैं.

    ब्रिटेन की एक लड़की ने इस तरह की दिक्क़तें झेल रही महिलाओं की मदद के लिए एक चैरिटी शुरू की है, जिसे दुनियाभर में फ़ंडिंग मिल रही है.

  3. उत्तरकाशी: सुरंग में फंसे मजदूर कब निकलेंगे, क्या बताया सीएम धामी ने

    उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को निकालने की कोशिशों पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि बचाव कार्य अपने अंतिम चरण में है.

    उन्होंने उम्मीद जताई है कि यह ऑपरेशन जल्द ही पूरा हो जाएगा और सभी मजदूर बाहर आ जाएंगे.

    सीएम धामी ने बताया, "पीएम मोदी लगातार मजदूरों के बारे में पूरी जानकारी ले रहे हैं और समाधान पर चर्चा कर रहे हैं. केंद्र और राज्य सरकार की सभी एजेंसियां ​​मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए काम कर रही हैं.''

    केंद्र सरकार के अधिकारी का क्या है कहना

    इस बीच केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्रालय में अपर सचिव महमूद अहमद ने बताया है कि सुरंग में ऑगर ड्रिलिंग मशीन फिर से एसेम्बल्ड कर दी गई है.

    सुरंग में ड्रिलिंग के दौरान इस मशीन के टूट जाने के कारण पाइप डालने की प्रक्रिया ठप हो गई.

    उन्होंने बताया, ''छह-छह मीटर के दो पाइप सुरंग में डाले जाने हैं. पहला पाइप 51 से 52 मीटर तक पहुंचेगा, जबकि दूसरा पाइप डाले जाने पर हमें सफलता मिलने की उम्मीद है.''

    इस बारे में उन्होंने बताया, ''वेल्डिंग का काम दो घंटे में पूरा हो जाएगा, उसके बाद नया पाइप डाला जाएगा. दो घंटे के बाद, हम उस पाइप को टनल में डालेंगे. उम्मीद है कि अब कोई बाधा नहीं आएगी.''

  4. म्यांमार से बड़ी संख्या में इंडोनेशिया पहुंचे शरणार्थी

    संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी संस्था के मुताबिक़ पिछले हफ़्ते इंडोनेशिया के ऐचे प्रांत के तटों पर कम से कम पांच नावों पर सवार होकर आठ सौ से ज़्यादा रोहिंग्या शरणार्थी पहुंचे.

    और कल रात को करीब दो सौ और शरणार्थी भी पहुंच गए.

    साल 2017 में अल्पसंख्यक रोहिंग्या समुदाय पर म्यंमार की सरकार के सैन्य क्रैकडाउन के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि वो इतनी बड़ी तादाद में यहां आए.

    स्थानीय लोगों ने उन्हें खाने के पैकेट दिए और कहा कि वो इससे ज़्यादा उन लोगों की कोई मदद नहीं कर सकते क्योंकि उनके पास संसाधनों की कमी है.

    इंडोनेशिया से देखिए ओकी बुद्धी की रिपोर्ट.

  5. विश्व हिंदू कांग्रेस में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने हिंदुओं से की अपील

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भौतिकतावाद, साम्यवाद और पूंजीवाद से ठोकर खाई दुनिया को भारत खुशी और संतुष्टि की राह दिखाएगा.

    थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित तीसरे विश्व हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भागवत ने हिंदुओं से अन्य हिंदुओं और दुनिया से भी जुड़ने की अपील की है.

    इस सम्मेलन में उन्होंने दुनिया भर से आए विचारकों, कार्यकर्ताओं, नेताओं और उद्यमियों को संबोधित किया है.

    आरएसएस के सरसंघचालक ने बैंकॉक में कहा कि कोरोना महामारी के बाद दुनिया ने महसूस किया और सर्वसम्मति से मान रही है कि भारत उसे खुशी और संतुष्टि की राह दिखाएगा.

    उनके अनुसार, ''दुनिया आज भटक रही है. दो हज़ार सालों तक खुशी, और शांति पाने के लिए इसने कई तरह के प्रयोग किए. उसने भौतिकतावाद, साम्यवाद और पूंजीवाद को अपनाया. उन्होंने कई तरह के धर्म अपनाए. उन्हें भौतिक समृद्धि तो मिली, लेकिन संतुष्टि नहीं मिली.''

    ''कोविड के बाद दुनिया की सोच बदलने लगी. शायद उनकी सर्वसम्मत सोच ये रही है कि भारत रास्ता दिखलाएगा.''

  6. पाकिस्तान में रैप से बदलाव की कोशिश

    अब बात पाकिस्तान के सिंध में रहने वाले भाई-बहन रैपर्स की.

    भाई-बहन की इस जोड़ी ने अपने संगीत के ज़रिए यौन हिंसा ऑनर किलिंग, पुलिस बर्बरता, बालमज़दूरी जैसे मुद्दों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई है.

    जिन पर पाकिस्तान में आमतौर पर कम बातें होती हैं.

    देखिए शुमाइला ख़ान और अली काज़मी की रिपोर्ट.

  7. इसराइल हमास युद्धविराम: इसराइली फौज के लिए कितना मुश्किल, योलांदे नेल, मध्य पूर्व संवाददाता, यरूशलम

    युद्धविराम के दौरान कुछ होने पर भी दख़ल न देना, इसराइली सेना के लिए बहुत मुश्किल होगा.

    उदाहरण के लिए, इसराइली सेना को यदि हमास के किसी बड़े नेता का पता चलता है, तो क्या वे उनका विरोध कर पाएंगे?

    यहां ऐसी कई चीज़ें हैं, जो ग़लत दिशा में जा सकती हैं.

    हमास के लड़ाकों और ग़ज़ा पट्टी में सक्रिय अन्य हथियारबंद गुटों के लिए इसराइल की ज़मीनी सेना वहां अभी भी मौजूद है. ये वक़्त वाक़ई बहुत ख़तरनाक़ है.

    युद्धविराम की इस पूरी योजना को सही तरीके से पूरा करने के लिए हर चीज़ का पालन करना होगा.

    आज सब कुछ अच्छे से गुजरे, ताकि हम इसे अगले तीन दिनों तक दोहराते हुए देख सकें.

  8. प्लाज़्मा डोनर बदल रहे ज़िंदगियां

    हममें से कई लोग रक्त दान के बारे में जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि प्लाज़्मा दान कर आप कितने लोगों की ज़िंदगी बदल सकते हैं?

    इससे उन लोगों के इलाज में मदद मिलती है, जिनका इम्यून सिस्टम कमज़ोर है या जो कैंसर या दूसरी बीमारियों से जूझ रहे हैं.

    जाइल्स लैचम एक ऐसी महिला से मिले, जिन्हें प्लाज़्मा डोनेशन से बहुत फ़ायदा मिला है.

  9. उत्तर कोरिया अब पूरी दुनिया में मार कर सकने की सैनिक क्षमता से लैस है: किम जोंग उन

    उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने कहा है कि हाल ही में लॉन्च किए गए जासूसी उपग्रह के कारण उनका देश अंतरिक्ष विज्ञान के एक नए युग में प्रवेश कर गया है.

    देश के अंतरिक्ष विज्ञानियों और तकनीशियनों के काम की तारीफ़ करते हुए किम जोंग उन ने कहा कि उत्तर कोरिया का स्पेस मिशन पूरी तरह से आत्मरक्षा में है.

    गुरुवार को उत्तर कोरिया का स्पाई सैटेलाइट अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित किया गया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया के पास अब पूरी दुनिया में मार कर सकने की सैनिक क्षमता है.

    उत्तर कोरिया का ये स्पाई सैटेलाइट तीसरे प्रयास में कामयाब हुआ है. सितंबर में ही किम जोंग उन ने रूस की यात्रा की थी जहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई थी.

    इस मुलाकात में पुतिन ने किम को सैटेलाइट निर्माण में मदद करने का वादा किया था.

  10. ख़तरों से जूझतीं मेक्सिको की महिला ट्रक ड्राइवर

    पूरी दुनिया के ट्रक ड्राइवर्स में से तीन फ़ीसद से भी कम महिलाएं हैं और ये तब है जब कंपनियां ये बात मानती हैं कि वो ज़्यादा सुरक्षित तरीक़े से ट्रक चलाती हैं.

    अगर मेक्सिको की बात करें तो वहां हिंसा और लूटपाट बेहद आम है.

    बीबीसी 100 वीमेन की टीम, एक महिला ड्राइवर के साथ मेक्सिको की कुछ ख़तरनाक सड़कों पर निकली.

  11. राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग ने सभी राज्यों से मांगी मुस्लिम अनाथालयों पर रिपोर्ट

    राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने सभी राज्य सरकारों को चिट्ठी लिखकर उनके राज्यों में चल रहे मुस्लिम अनाथालयों पर रिपोर्ट मांगी है.

    आयोग ने 15 दिनों के भीतर राज्यों से ये रिपोर्ट मांगी है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती के अनुसार, आयोग ने अपने पत्र में कहा है कि कई यतीमखाने पंजीकृत नहीं हैं और यहां रहने वाले बच्चों का स्वास्थ्य काफ़ी बुरा है, वहां आधारभूत सुविधाओं की कमी है. ऐसे यतीमखानों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

    राज्यों से कहा गया है कि राज्य अपनी रिपोर्ट में बताएं कि कितने यतीमखाने हैं, उनका रजिस्ट्रेशन का स्टेटस क्या है.

  12. उत्तराखंड में सुरंग में फँसे मज़दूर कब तक बाहर आएंगे?

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी के सिलक्यारा गाँव की सुरंग में फंसे 41 मज़दूरों को बाहर निकालने की कोशिशें अभी भी जारी हैं.

    इसके लिए एनडीआरएफ़ की टीम भी मौजूद है.

    एनडीआरएफ़ के महानिदेशक अतुल करवाल ने बताया कि मजदूरों तक पहुंचने में अभी कितना वक्त और लग सकता है.

  13. मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को बम से उड़ाने की धमकी, मांगे 10 लाख डॉलर बिटकॉइन

    महाराष्ट्र की राज़धानी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को बम से उड़ाने की धमकी मिली है.

    ये धमकी गुरुवार (23 नवंबर) को ईमेल की जरिए दी गई जिसमें 10 लाख डॉलर 48 घंटे के अंदर बिटकॉइन में देने की मांग की गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में एक एफ़आईआर दर्ज कर दी गयी है और मामले की जांच हो रही है.

    पुलिस के मुताबिक, ये ईमेल गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) के फीडबैक इनबॉक्स पर भेजा गया था.

    धमकी भरे ईमेल में लिखा था, "ये आपके हवाई अड्डे के लिए आखिरी चेतावनी है. अगर बिटकॉइन में 10 लाख डॉलर पते पर ट्रांसफर नहीं किए गए तो हम 48 घंटों के अंदर टर्मिनल-2 को विस्फोट करके उड़ा देंगे. एक और अलर्ट 24 घंटे बाद आएगा."

  14. पीएम मोदी, राहुल गांधी और केजरीवाल पर ओवैसी ने क्या कहा?

    तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा. तेलंगाना की विधानसभा में कुल 119 सीटें हैं. 3 दिसंबर को चुनावी नतीजे आएंगे. एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ज़ोर-शोर से चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं.

    ओवैसी की पार्टी पर बीजेपी की 'बी पार्टी' होने का आरोप अक्सर लगता रहता है. मुख्य विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' में भी वो शामिल नहीं हैं. तो क्या है ओवैसी की राजनीतिक विचारधारा? पीएम मोदी, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के लिए क्या सोचते हैं वो? और क्या इस बार तेलंगाना के मुसलमान ओवैसी के साथ खड़े होंगे?

    बीबीसी संवाददाता सर्वप्रिया सांगवान ने उनसे इन्हीं सवालों के जवाब जानने की कोशिश की.

  15. इसराइली मिलिट्री ने दी चेतावनी- 'युद्ध अभी ख़त्म नहीं हुआ है...'

    अस्थायी युद्ध विराम की आधिकारिक शुरुआत से कुछ समय पहले इसराइल की मिलिट्री ने सोशल मीडिया पर ग़ज़ा के लोगों के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है.

    इस वीडियो में ग़ज़ा के लोगों से कहा गया है कि "युद्ध अभी ख़त्म नहीं हुआ है."

    इसराइल की मिलिट्री के प्रवक्ता अविचाय अद्राई ने इस वीडियो संदेश में अरबी भाषा में अपनी बात रखी है.

    उन्होंने कहा है, "ये मानवीय ठहराव अस्थायी है. ग़ज़ा पट्टी का उत्तरी इलाका एक ख़तरनाक युद्ध क्षेत्र है. लोगों को उत्तरी इलाके की तरफ़ जाने के लिए मना किया जाता है. अपनी सुरक्षा के लिए आपको दक्षिण के सुरक्षित क्षेत्र में ही रहना चाहिए."

  16. केसर को गर्म इलाकों में इस तरह उगाकर भी लाखों रुपए कमाए जा सकते हैं

    अगर कोई आपसे पूछे कि केसर की केखेती कहां होती है तो शत-प्रतिशत आपका जवाब कश्मीर ही होगा.

    कश्मीर की खेती मुख्यतौर पर कश्मीर में ही होती है लेकिन अब गुजरात में भी कश्मीर की उपज करके किसान मुनाफ़ा कमा रहे हैं.

    गुजरात के गोंडल कस्बे के बृजेश कलेरिया यहां भी केसर की खेती कर रहे हैं. बृजेश से ही जानते हैं कि वो कैसे कैसर की खेती करके मुनाफ़ा बना रहे हैं.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, क़तर ने पूर्व नौसैनिक अधिकारियों को दी गई सज़ा-ए-मौत के ख़िलाफ़ भारत की अपील मंज़ूर की

    क़तर की एक अदालत ने आठ रिटायर्ड नौसैनिक अधिकारियों को फांसी देने के ख़िलाफ़ भारत की अपील स्वीकार कर ली है.

    न्यूज़ चैनल एनडीटीवी और बिजनेस अख़बार मिंट के हवाले से ये ख़बर सामने आयी है. बीते महीने इन अधिकारियों को फांसी की सज़ा सुनायी गई थी.

    ये आठ भारतीय नेवी के रिटायर्ड अधिकारी हैं और पिछले साल अगस्त से ही क़तर की जेल में हैं. क़तर ने उन पर लगे आरोपों को सार्वजनिक नहीं किया है.

    अक्टूबर में भारत ने क़तर के इस फ़ैसले पर कहा था कि इस मामले में सभी क़ानूनी विकल्पों को तलाशा जा रहा है.

    बयान में कहा गया था, "हम फांसी दिए जाने के फैसले से स्तब्ध हैं. हम उन लोगों के परिजनों और क़ानूनी टीम से संपर्क में हैं. हम सर्वोच्च प्राथमिकता से इस मामले को देख रहे हैं और इस मामले को क़तर प्रशासन के सामने उठाएंगे."

  18. उत्तरकाशी टनल में फंसे मजदूरों को निकालने का काम कहां तक पहुंचा, क्या है मौजूदा हाल

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल-हमास के बीच अस्थायी युद्धविराम शुरू, बंधकों की रिहाई का रास्ता साफ़

    इसराइल और हमास के बीच बंधकों को लेकर हुई डील के तहत तय हुआ चार दिन का अस्थायी युद्ध विराम लागू हो गया है.

    क़तर ने बताया है कि शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम चार बजे हमास 13 इसराइली बंधकों को छोड़ेगा.

    जो डील हुई है उसके मुताबिक़ हमास इसराइल के 50 बंधकों को छोड़ेगा जिसमें महिलाएं और बच्चे होंगे. वहीं इसराइल फ़लस्तीन के 150 कैदियों को इसराइली जेल से रिहा करेगा जिसमें महिलाएं और किशोर लड़के शामिल होंगे.

    हमास ने सात अक्टूबर को किए गए हमले के बाद 240 इसराइलियों को बंधक बना लिया था.

    हमास के बयान के अनुसार इन चार दिनों में सैकड़ों मानवीय सहायता, दवाओं और ईंधन वाले ट्रक ग़ज़ा में प्रवेश करेंगे. इसराइल ना तो कोई हमले करेगा ना ही किसी की गिरफ़्तारी की जाएगी.

    क़तर, मिस्र और अमेरिका ने इस डील में अहम भूमिका निभायी है.

  20. बिहार में अंतरजातीय प्रेम 'विवाह' और तीन लोगों की हत्या का मामला गहराया- प्रेस रिव्यू