वर्ल्ड कप फाइनल: कोहली को क्रीज़ पर पकड़ने वाले शख़्स के बारे में पुलिस ने अब दी ये जानकारी

ऑस्ट्रेलिया के इस शख़्स का नाम वैन जॉनसन है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and चंदन शर्मा

  1. 'दिल टूट गया', श्रेयस अय्यर का वर्ल्ड कप फ़ाइनल में हार के बाद मलाल

    श्रेयस अय्यर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर नेवर्ल्ड कप फ़ाइनल में भारतीय टीम को मिली हार के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है. अय्यर ने कहा है कि फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार ‘हजम नहीं हुई’ है.

    ऑस्ट्रेलिया ने फ़ाइनल में भारत को छह विकेट से हराकर रिकॉर्ड छठी बार वर्ल्ड कप जीता. श्रेयस वर्ल्ड कप में भारत के तीसरे सबसे कामयाब बल्लेबाज़ रहे. उन्होंने दो शतक समेत 530 रन बनाए. लेकिन फ़ाइनल में उनका बल्ला नहीं चला.

    वो सिर्फ़ चार रन बना सके.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर श्रेयस अय्यर ने लिखा, “हमारा दिल टूट गया है. अभी ये (हार) हजम नहीं हुई है. कुछ वक़्त तक होगी भी नहीं.”

    उन्होंने लिखा, “मेरा पहला वर्ल्ड कप एक ऐसा अनुभव था जिसने मुझे बहुत कुछ सिखाया और मेरे रास्ते में जो कुछ आया, मैं उसके लिए शुक्रगुज़ार हूं.”

    “बीसीसीआई, टीम मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ़, टीम के मेरे साथियों और आप फैन्स का शुक्रिया. आपने शुरुआत से आखिर तक हमारा समर्थन दिया.”

  2. हमास के कब्ज़े से इसराइली बंधकों को छुड़ाने की डील पर क्या बोले क़तर और अमेरिका

    इसराइली बंधकों

    इमेज स्रोत, Getty Images

    हमास के कब्ज़े में बीती सात अक्टूबर से मौजूद करीब 240 इसराइली बंधकों को छुड़ाने की कोशिश में लगे लोगों का दावा है कि ये डील काफ़ी करीब पहुंच चुकी है.

    क़तर के प्रधानमंत्री शेख़ अब्दुल्ला बिन नासेर बिन ख़लीफ़ा अल थानी ने कहा है, 'हम बंधकों को छुड़ाने की डील के करीब पहुंच गए हैं.'

    उन्होंने कहा, “मुझे अब पहले से कहीं ज़्यादा यकीन है कि हम किसी समझौते पर पहुंचने के काफ़ी करीब हैं. बस छोटी-मोटी बातों पर सहमति बननी बाकी है. ”

    हालांकि बीती रात इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू ने किसी डील पर पहुंचने के दावे को ख़ारिज करते हुए कहा कि अब तक ऐसी कोई डील नहीं हुई है.

    व्हाइट हाउस के नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की प्रवक्ता एड्रियन वॉटसन ने भी कहा, 'हम अब तक किसी डील पर पहुंच नहीं सके हैं लेकिन हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं कि एक डील पर सहमति बन सके.'

    इस बीच इसराइली सेना ने फुटेज जारी किया है और दावा किया कि अल-शिफ़ा अस्पताल के नीचे "55 मीटर लंबी सुरंग" है, इन सुरंगों का इस्तेमाल "हमास आतंकी गतिविधि के लिए" कर रहा है.

    इसराइली सेना ने एक और वीडियो जारी कर दावा किया है कि हमास के लड़ाके बंधंकों को लेकर अल शिफ़ा अस्पताल गए थे.

  3. संजय राउत बोले, ‘वर्ल्ड कप फ़ाइनल में कपिल देव को क्यों नहीं बुलाया, जवाब दे बीसीसीआई’

    कपिल देव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    शिव सेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मैच में पूर्व क्रिकेटर कपिल देव को न बुलाए जाने को ‘महान खिलाड़ी और भारत का अपमान' बताया है.

    साल 1983 में भारत को अपनी कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले कपिल देव ने कल (रविवार को) एक चैनल के पूछने पर बताया था कि उन्हें फ़ाइनल मैच का न्योता नहीं मिला.

    संजय राउत ने इसे लेकर सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखा है.

    राउत ने लिखा, “भारत के महान क्रिकेटर कपिल देव को वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मैच में नहीं बुलाया गया. क्रिकेट के इस आइकन (कपिल देव) का निर्लज्जता से अपमान किया गया. ये भारत का अपमान है. ये कितने शर्म की बात है?”

    'दुनिया को बताना चाहिए...'

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उन्होंने लिखा है, “बीसीसीआई और आईसीसी को दुनिया को ये बताना चाहिए कि क्या ये भारत की सत्ताधारी पार्टी के दबाव में किया गया? उन्हें पूरे क्रिकेट जगत को जानकारी देनी चाहिए.”

    रविवार को खेले गए वर्ल्ड कप फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हरा दिया. इस मैच को देखने एक लाख के करीब लोग पहुंचे थे. इनमें कई राजनेता और फ़िल्म स्टार शामिल थे.

  4. बिहार: दो लोगों की गोली मार कर हत्या, पुलिस के मुताबिक 'प्रेम प्रसंग' का मामला

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से
    लखीसराय

    बिहार के लखीसराय ज़िले में एक परिवार के लोगों पर हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है. इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    यह घटना सोमवार सुबह लखीसराय के कबैया के पंजाबी मोहल्ले में हुई. पुलिस के मुताबिक़ 'यह घटना प्रेम प्रसंग और शादी के विवाद' को लेकर हुई है.

    लखीसराय के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने बीबीसी को बताया “आशीष चौधरी नाम के एक युवक ने क़रीब पांच साल पहले दुर्गा नाम की एक लड़की से शादी की थी. लेकिन क़रीब डेढ़ साल पहले दुर्गा ने आशीष को छोड़ दिया और दूसरे लड़के के साथ रहने लगी. आशीष चौधरी इसका विरोध कर रहा था. दुर्गा दो दिन पहले ही छठ मनाने अपने मायके लौटी थी और आशीष ने उसे अपने पास वापस लौटने को कहा. इस बात पर दुर्गा और उसके परिवार वाले तैयार नहीं हुए.”

    एसपी पंकज कुमार के मुताबिक़ इसी बात पर आशीष चौधरी ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर परिवार पर गोलीबारी कर दी. यह गोलीबारी उनके घर के पास उस वक़्त की गई जब वो छठ के मौक़े पर सुबह का अर्घ्य देकर वापस लौट रहे थे. इस गोलीबारी में घायल चारों लोगों को इलाज के लिए पटना भेजा गया है.

    एसपी पंकज कुमार ने बताया है कि आशीष फ़िलहाल फ़रार है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है.

    इस गोलीबारी में आशीष के एक सहयोगी को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है और हत्याकांड में इस्तेमाल दो में से एक हथियार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है.

  5. बीसीसीआई के सचिव जय शाह बोले, 'टीम इंडिया भले ही फ़ाइनल में हार गई हो...'

    जय शाह और रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के प्रदर्शन की तारीफ़ की है और टीम इंडिया को ‘हर लिहाज से चैंपियन’ बताया है.

    जय शाह ने कहा है कि ये ‘वर्ल्ड कप सिर्फ़ जीत हासिल करने के लिए नहीं था.’

    उन्होंने कहा, ‘ये टीम इंडिया की भावनाओं, एकजुटता और अजय उत्साह का वर्ल्ड कप था.’

    जय शाह ने ‘खुशी और न भूलने वाले पल देने के लिए टीम इंडिया को शुक्रिया’ कहा है.

    उन्होंने कहा है कि सफ़र भले ही ख़त्म हो गया हो लेकिन ‘हमारी टीम के लिए गर्व और प्यार हमेशा के लिए है.’

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    'टीम इंडिया ने दी खुशी'

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (ट्विटर) पर जय शाह ने लिखा, “भले ही मैन इन ब्लू आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया से पीछे रह गई हो लेकिन उनके सफ़र ने प्रेरणा की अमिट छाप छोड़ी है.”

    उन्होंने कहा, “हर मैच में हमारी टीम की दृढ़ भावना, प्रतिबद्धता और खूबी की झलक मिली.”

    जय शाह ने लिखा, “फ़ाइनल तक पहुंचने में सभी 10 मैच जीतकर उन्होंने क्रिकेट की सच्ची भावना को दिखाया. ये खेल अनिश्चित है और यही इसकी ख़ूबसूरती है.”

    “पूरा देश हमारे लड़कों के पीछे खड़ा था और इसने इस वर्ल्ड कप को भारत में क्रिकेट के देशव्यापी जश्न में बदल दिया.”

    जय शाह ने कहा, “पूरी आबादी की ऊर्जा, दीवानगी और उनसे मिला समर्थन सच में अतुलनीय रहा. टीम इंडिया के हर सदस्य का मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं. आपका समर्पण, कड़ी मेहनत और ज़िद ने इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान खुशी दी.”

  6. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान कमिंस बोले, 'विराट कोहली के आउट होने के बाद का सन्नाटा मेरे लिए बड़ी तसल्ली'

    कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विश्व कप फाइनल में जब पैट कमिंस ने विराट कोहली का विकेट लिया तो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब एक लाख से अधिक फ़ैंस खामोश से हो गए. पूरे स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया.

    रविवार को पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया को छठा वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले पांचवे कप्तान बन गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जब कमिंस से पूछा गया कि कोहली के विकेट के बाद जब स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया तो ये पल उनके लिए खास था? इस सवाल पर उन्होंने हां में सिर हिलाया.

    उन्होंने कहा, “मैदान में इतना सन्नाटा था कि हमने मैच के बीच में दूसरे हर्डल के दौरान इस पर बात भी की. ऐसा लगा जैसे सब सब ये मान रहे थे कि हर मैच की तरह वो इस मैच में भी वो शतक बनाएंगे. लेकिन वो आउट तो एक चुप्पी फैल गयी, ये सन्नाटा मेरे लिए काफ़ी संतोषजनक था.”

    रविवार को हुए मैच के हीरो ट्रैविस हेड रहे, जिनके शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 42 गेंद शेष रहते भारत पर छह विकेट से जीत हासिल कर ली.

    कप्तान पैट कमिंस ने मैच से पहले कहा था कि वह स्टेडियम मे मौजूद भारतीय प्रशसंकों को 'ख़ामोश' करना चाहेंगे.

  7. वर्ल्ड कप फ़ाइनल में हेड ने शतक मार कर रचा ये कीर्तिमान, गिलक्रिस्ट ने कहा- इतिहास की महान जीत

    हेड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रविवार को छठी बार ऑस्ट्रेलिया ने विश्व विजेता का खिताब अपने नाम किया. ऑस्ट्रेलिया सबसे अधिक बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम है.

    ऑस्ट्रेलिया ने फ़ाइनल मुकाबले में भारत को हराया जिसने इस पूरे टूर्नामेंट में एक के बाद एक दस मैच जीते थे.

    ट्रैविस हेड ने रविवार को खेले गए फ़ाइनल मैच में 137 रनों की पारी खेली. इसके साथ ही वो रिकी पॉन्टिंग और गिलक्रिस्ट के बाद वर्ल्ड कप फ़ाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए हैं.

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने कहा है कि ये जीत खेल के इतिहास की सबसे महान जीतों में से एक है.

    गिलक्रिस्ट ने ऑस्ट्रेलिया की 6 विकेट से जीत पर एक्स पर लिखा- “ मुझे इस ऑस्ट्रेलियाई टीम और इस क्रू पर गर्व है. मेरे हिसाब से जिस तरीके और परिस्थिति में उन्होंने ये विश्व कप जीता, वह हमारे खेल इतिहास की सबसे बेहतरीन जीतों में से एक है. ये जश्न का समय है.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    साल 2007 में एडम गिलक्रिस्ट ने वर्ल्ड कप फ़ाइनल मैच में श्रीलंका के खिलाफ़ 149 रनों की पारी खेली थी.

    रविवार को ट्रैविस हेड ने 137 रन तो मार्नस लाबुशेन ने नाबाद 58 रन बनाए. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 192 रनों की साझेदारी निभाई जिसने गेम को पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में कर दिया.

  8. यमन ने किया इसराइली जहाज़ को कब्ज़े में लेने का दावा

    हुति विद्रोही

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने लाल सागर में एक इसराइली मालवाहक जहाज को कब्ज़े में ले लिया है.

    हूती ने कहा कि इस जहाज़ को यमन के एक पोर्ट पर ले जाया गया है.

    इसराइल का कहना है कि ये जहाज़ इसराइली नहीं है औऱ जहाज़ के कर्मियों में एक भी इसराइली नहीं है.

    इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह "ईरानी आतंकवाद का एक और कृत्य" है.

    ईरान ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    ग़ज़ा में चल रहे हमास और इसराइल के युद्ध के मद्देनज़र हूती विद्रोहियों ने कहा है कि उनके अधिकार क्षेत्र में जो भी इसराइली जहाज़ आएगा वो उसे हाइजैक कर लेंगे.

    हुती विद्रोहियों ने इसराइल की ओर कई मिसाइल और ड्रोन दागी है.

    सात अक्टूबर को हमास के हमले के बाद इसराइल ग़ज़ा पर हवाई और ज़मीनी हमले कर रहा है. इसराइली सेना का दावा है कि ग़ज़ा के सबसे बड़े अस्पताल अल शिफ़ा के भीतर हमास की सुरंग है.

  9. राहुल द्रविड़ कोच रहेंगे या नहीं खुद दिया इसका जवाब

    राहुल द्रविड़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रविवार को वर्ल्ड कप फ़ाइनल के मुकाबले के साथ ही कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल पूरा हो गया है.

    राहुल द्रविड़ को टी20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद रवि शास्त्री की जगह कोच बनाया गया था. भारतीय टीम के कोच के तौर पर राहुल द्रविड़ का कार्यकाल 2 साल का था जो वर्ल्ड कप के बाद समाप्त हो रहा है.

    रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी आगे की योजना के बारे में उन्होंने कहा-“ आगे क्या करूंगा इसको लेकर अभी मुझे अधिक सोचने का समय नहीं मिला है, क्योंकि मेरा पूरा ध्यान इस विश्व कप पर लगा हुआ था. मैं मैच खत्म होने के बाद सीधे यहां आ गया हूं. ईमानदारी से कहूं तो मै ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो अपने काम को लेकर आकलन करूं. मुझे इस शानदार टीम और बेहतरीन सपोर्ट स्टाफ़ के साथ काम करने पर गर्व है. पिछले दो सालों में मैंने सभी फॉर्मेट में जिन भी खिलाड़ियों के साथ काम किया वह मेरे लिए काफ़ी शानदार अनुभव रहा.”

    राहुल द्रविड़ ने ये भी कहा कि इस वक्त ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत ही अलग है, खिलाड़ी भावुक हैं. एक कोच को तौर पर ये सब देखना मेरे लिए बहुत ही मुश्किल है.”

    रोहित शर्मा की कप्तानी पर उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि रोहित ड्रेसिंग का मौहल बेहतरीन रखते हैं, वो बहुत मेहनत करते हैं और बीते सालों में उन्होंने अपना निजी वक्त भी टीम को दिया है. वो बेहतरीन कप्तान रहे हैं और मेरे पास उनके बारे में कहने को सिर्फ़ और सिर्फ़ अच्छी चीज़ें ही हैं.

  10. विराट कोहली और केएल राहुल ने रिस्क नहीं लिया...: सहवाग

    सहवाग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग ने वर्ल्ड कप 2023 फ़ाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की हार पर कहा है कि विराट कोहली और केएल राहुल ने रिस्क नहीं लिया जो उन्हें लेना चाहिए था.

    वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज़ के एक शो पर चर्चा के दौरान कहा, “हमारे दो बेहतरीन बल्लेबाज़ पिच पर थे विराट कोहली और केएल राहुल, उन्हें कटर फेंके जा रहे थे उन्हें खेल पाना आसान नहीं था लेकिन अगर विराट कोहली और राहुल थोड़ा रिस्क ले कर बाउंड्री मारते तो हालात कुछ और होते.”

    “इन दोनों बल्लेबाज़ों के पास इतने शॉट है मारने के लिये, लेकिन ये गेम वर्ल्ड कप फ़ाइनल था, दबाव वाला गेम था और उस दबाव में वो रिस्क नहीं ले पाए जो शायद उन्हें लेना चाहिए था.”

    सहवाग ने भारतीय गेंदबाज़ी पर कहा कि “हमारे गेंदबाज़ विकेट लेने के लिए डेसपरेट थे कि हम कुछ करके विकेट ले लें. लेकिन होना ये चाहिए कि गेंदबाज़ अपने टप्पे पर गेंद डाले और बल्लेबाज़ गलती करता और विकेट गिरता. भारतीय गेंदबाज़ विकेट लेने के लिए भाग रहे थे वो करने की ज़रूरत नहीं थी, जो बाकी 10 मैचों में किया था वहीं इस मैच में करते तो नतीजा कुछ और होता.”

  11. भारत के 77 सैनिकों को मालदीव से वापस भेजने की कोशिश शुरू हो गई है- अधिकारी

    मुइज़्ज़ू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मालदीव के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि मालदीव में 77 भारतीय सैनिक हैं और मालदीव की नई सरकार भारत के साथ हुए 100 से अधिक समझौतों की समीक्षा कर रही है.

    ये बयान तब आया है जब एक दिन पहले ही मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने औपचारिक रूप से भारत से अपने सैनिक वापस बुलाने को कहा है.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मालदीव के राष्ट्रपति कार्यालय के सार्वजनिक नीति के अवर सचिव मोहम्मद फ़िरोज़ुल अब्दुल ख़लील ने कहा कि नयी सरकार ने पाया है कि हमारे देश में 77 भारतीय सेना के लोग है .

    मालदीव मीडिया ने फ़िरोज़ुल के हवाले से कहा कि हेलीकॉप्टर प्रबंधन करने के लिए 24 इंडियन आर्मी के सैनिक हैं, डोर्नियर विमान का प्रबंधन करने के लिए 25 भारतीय सैनिक हैं, दूसरे हेलीकॉप्टर का प्रबंधन करने के लिए 26 भारतीय यहां हैं और रखरखाव और इंजीनियरिंग के लिए दो और भारतीय सैनिक मालदीव में हैं.

    उन्होंने कहा कि सितंबर में राष्ट्रपति चुनाव जीतने वाले राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने मालदीव से सभी 77 भारतीय सैनिकों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए हैं.

    मालदीव हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के लिए रणनीतिक रूप से काफ़ी अहम देश है, इब्राहिम मोहम्मद सोलिह की सरकार में भारत मालदीव के रिश्ते गहरे थे लेकिन मुइज़्ज़ू का चुनाव कैंपेन ही इस बात पर आधारित था कि वो सत्ता में आए तो भारतीय सैनिकों को मालदीव से बाहर निकालेंगे.

  12. राहुल द्रविड़ ने वर्ल्ड कप फ़ाइनल में भारत की हार पर कहा- हम डिफेंसिव नहीं खेले

    राहुल द्रविड़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    वर्ल्ड कप 2023 में एक के बाद एक 10 मैच जीतने वाली टीम इंडिया टूर्नामेंट का फ़ाइनल मुकाबला रविवार को ऑस्ट्रेलिया से हार गई और ऑस्ट्रेलिया छठीं बार विश्व चैंपियन बन गया.

    टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ ने कहा है कि हमने डिफेंसिव नहीं खेला और मुझे लगता है कि गेंद दिन में रुक रही थी और बाउंड्री मारना मुश्किल था लेकिन शाम को गेंद उतनी नहीं रुक रही थी.

    उन्होंने कहा- “ जब भी हमें लगा कि हमारी कोई जोड़ी टिकेगी तभी विकेट गिर गया. अगर 280 तक का टारगेट होता तो गेम शायद थोड़ा अलग होता. 241 रन बनाने के लिए एक अच्छी साझेदारी की ज़रूरत होती है. हम डर कर नहीं खेले, हमने 2 विकेट खो कर 80 रन बनाए थे. टूर्नामेंट में हमारा कैंपेन अच्छा रहा लेकिन दुर्भाग्य से खास दिनों पर एडिलेट में (टी20 विश्वकप) और अहमदाबाद में हम अपनी क्षमता के अनुरूप नहीं खेल सके.”

    ड्रेसिंग रूम के माहौल पर उन्होंने कहा- “ड्रेसिंग रूम में काफ़ी उदास और भावुक माहौल था लेकिन सूरज कल फिर उगेगा, यही खेल हमें सीखाता है, आप बहुत ऊंचाई पर जाते हैं तो नीचे आने के लिए भी खुद को तैयार करना चाहिए. ”

    ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को वर्ल्ड कप फ़ाइनल में भारत को छह विकेट से हराया

    भारतीय टीम ने 240 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया ने ट्रैविस हेड के शतक की बदौलत केवल 43 ओवरों में जीत हासिल कर ली.

  13. वर्ल्ड कप फ़ाइनल मुकाबला हारने के बाद रोहित शर्मा ने क्या कहा

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को वर्ल्ड कप 2023 का फ़ाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से हारने का बाद कहा कि इस मैच में भारतीय टीम अच्छी नहीं रही, खासकर बल्लेबाजी में टीम का प्रदर्शन ख़राब रहा.

    ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत को 240 रन पर ऑलआउट कर दिया और फिर चार विकेट खो कर विश्व चैंपियन बन गया.

    मैच के बाद रोहित शर्मा ने टीम की हार पर कहा, “मैच का नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा और हम जानते हैं कि हम आज अच्छे नहीं थे, लेकिन मुझे टीम पर गर्व है. हमने अपनी तरफ़ से हर संभव कोशिश की लेकिन जो हुआ वहीं नहीं होना था.”

    “ईमानदारी से कहूं तो 20-30 रन और बनाए होते तो अच्छा होता. लगभग 25-30 ओवर तक जब केएल राहुल और विराट बल्लेबाज़ी कर रहे थे तो हम यही बात कर रहे थे कि ये अच्छी साझेदारी करें और हमें पिच पर जब तक हो सके तब तक बने रहना है, लेकिन फिर हम लगातार विकेट खोते गए. तब तक हमें लग रहा था कि 270-280 रन तक हम बना लेंगे. हम कोई भी अच्छी साझेदारी नहीं खेल पाए. ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट खोने के बाद एक अच्छी साझेदारी खेली. ”

    ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और पहले सात ओवरों में डेविड वार्नर, मिशेल मार्श और स्टीवन स्मिथ के विकेट 47 रन पर गिर गए. लेकिन इसके बाद ट्रैविस हेड और मार्नस लाबुशेन की बेहतरीन साझेदारी से भारत के लिए गेम पलट दिया.

    रोहित शर्मा ने कहा- “जब आपके पास बोर्ड पर 240 रन हों तो आप जल्द से जल्द विकेट लेना चाहते हैं और हमने ऐसा किया लेकिन फिर हेड और मार्नस को श्रेय जाता है, उन्होंने एक बड़ी साझेदारी की और हमें खेल से पूरी तरह बाहर कर दिया.हमने वह सब कुछ करने की कोशिश की जो हम कर सकते.”

  14. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    19 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.