You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत की हार पर रोने लगे प्रशंसक, कहा- 'अति आत्मविश्वास के कारण हारे'

वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय टीम की हार के बाद क्रिकेट प्रशंसक काफ़ी निराश हैं.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, प्रेरणा and चंदन शर्मा

  1. वर्ल्ड कप फ़ाइनल: टॉस जीतने वाली टीम का पलड़ा रह सकता है भारी, नितिन श्रीवास्तव, बीबीसी संवाददाता अहमदाबाद से

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज होने जा रहे फ़ाइनल मैच में नतीजे का दारोमदार काफी कुछ टॉस पर भी रहेगा.

    अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम पिच पर टॉस जीतना किसी भी टीम के लिए अहम फैक्टर होगा. जो भी टीम टॉस जीतेगी वो पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी. क्योंकि कोई भी टीम बड़े स्कोर का पीछा करने का दबाव नहीं झेलना चाहेगी.

    अहमदाबाद की पिच पर काफी अच्छे से रोलर चलाया गया है. पिच पर घास नहीं है और ये फ्लैट है.

    इससे बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है. लेकिन ये भी ध्यान रखना होगा कि वर्ल्ड कप के पिछले तीन फाइनल बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीता है.

  2. वर्ल्ड कप फाइनल : मुकाबले से पहले भारत और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने की प्रैक्टिस - तस्वीरों में देखें

  3. वर्ल्ड कप फ़ाइनल से पहले हौसला बढ़ाने पहुंचे सचिन तेंदुलकर, भारत की जीत को लेकर क्या बोले

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले फ़ाइनल मैच से पहले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर रविवार की सुबह अहमदाबाद पहुंच गए.

    अहमदाबाद पहुंचने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सचिन ने कहा कि वो भारतीय टीम को शुभकामना देने आए हैं.

    उन्होंने कहा, ''मैं टीम को शुभकामना देने आया हूं. उम्मीद है कि भारत ट्रॉफी जीतेगा. पहले 5 तारीख को आया था और अब 19 तारीख को आया हूं. उम्मीद है कि शाम को भारतीय टीम को जीतता देखूंगा. सब इसी की राह देख रहे हैं. शाम को देखते हैं क्या होता है.''

    2003 के वर्ल्ड कप में सचिन तेंदुलकर ने 673 रन बनाए थे. लेकिन इस वर्ल्ड कप में विराट कोहली रन बनाने के मामले में उनसे आगे निकल गए हैं.

    इस वर्ल्ड कप में विराट कोहली अब तक 711 रन बन चुके हैं. वर्ल्ड कप 2023 के 10 मैचों में 8 बार उन्होंने बड़ी पारियां खेली हैं. उन्होंने तीन शतक और पांच अर्द्धशतक बनाए हैं.

  4. वर्ल्ड कप फ़ाइनल: टीम इंडिया के लिए हार्दिक पांड्या का मैसेज, कहा- एक अरब भारतीयों के लिए जीतना है कप

    चोट की वजह से वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने फाइनल से पहले अपनी टीम के लिए जोश जगाने वाला मैसेज दिया है.

    पांड्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो जारी कर कहा है, ''मुझे इस टीम पर काफी गर्व है. अब तक हमारी टीम ने जैसा प्रदर्शन किया है, वह सालों की मेहनत का नतीजा है. अब हम इतिहास रचने से महज़ 1 कदम दूर हैं. हम लोग बचपन से सपना देखते हैं कि अपने देश के लिए वर्ल्ड कप खेलें. यह हमारे लिए बेहद खास है."

    सोशल मीडिया पर हार्दिक पांड्या का वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है.

    इस वीडियो में हार्दिक पांड्या कह रहे हैं, ''वर्ल्ड कप ना सिर्फ अपने लिए जीतना है बल्कि हमारे पीछे खड़े अरबों भारतीयों के लिए जीतना है. मैं अपनी टीम के साथ हमेशा खड़ा हूं. मेरे दिल आप सब लोगों को प्यार... अब कप अपने घर ले आओ, जय हिंद.''

    हार्दिक पांड्या विश्व कप मुकाबले में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ हुए मैच में अपनी ही गेंद पर फ़ील्डिंग करते हुए अपना बायां टखना चोटिल कर बैठे थे.

    पहले कहा गया था कि चोट गंभीर नहीं है और वे वापसी कर सकते हैं. लेकिन चोट गंभीर थी. इस वजह से वो बाकी मैचों में खेल नहीं सके.

  5. वर्ल्ड कप क्रिकेट: फ़ाइनल मैच से पहले बीसीसीआई प्रमुख ने ऑस्ट्रेलिया को लेकर दी ये चेतावनी

    वर्ल्ड कप क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मुकाबले से पहले बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने भारत की जीत की उम्मीद जताई है. लेकिन ये भी कहा है पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए.

    रोजर बिन्नी ने अहमदाबाद में मीडिया से बात करते हुए कहा, ''भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक काफी अच्छा खेली है. हमने अब तक सारे मैच जीते हैं जो कि वर्ल्ड कप में एक रिकार्ड है. मेरा मानना है कि भारत का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है लेकिन खेल काफी अच्छा होने वाला है. आप ऑस्ट्रेलिया को हल्के में नहीं ले सकते. उनकी टीम अच्छी है. और वो पांच बार की विश्व चैंपियन रही है. लेकिन हमें उम्मीद है कि भारत मैच जीतेगा.''

    इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप के फ़ाइनल से एक दिन पहले मीडिया को बताया कि टीम के खिलाड़ी फ़ाइनल में प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं.

    उन्होंने बताया कि इस वर्ल्ड की तैयारियां बहुत पहले से चल रही हैं और टीम के सभी खिलाड़ियों को उनके किरदार के बारे में बखूबी पता है.

    रोहित ने कहा, "हमने दो साल पहले इस वर्ल्ड कप की तैयारी करनी शुरू की. पहले टी20 फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और अब वनडे वर्ल्ड कप. हमें तीनों फ़ॉर्मेट के लिए टीम आइडेंटिफ़ाइ करनी थी कि कौन से प्लेयर्स किस फ़ॉर्मेट के लिए सही हो सकते हैं. उन्हें उनके रोल के बारे में बताया था."

  6. इसराइल-हमास युद्ध: अल-शिफ़ा अस्पताल से भागते दिखे सैकड़ों लोग, अस्पताल के गेट पर मिली सामूहिक क़ब्र

    ग़ज़ा के सबसे बड़े अस्पताल अल शिफ़ा से सैकड़ों लोग भागते दिखाई दे रहे हैं.

    शनिवार को यहां के मेडिकल स्टाफ़ ने बताया कि उन्हें अस्पताल छोड़ने के लिए कहा गया है लेकिन इसराइल ने इससे इनकार किया है.

    ग़ज़ा में शनिवार को हज़ारों लोग पत्थरों और मलबों से भरी सड़कों पर चलते दिखे. ये लोग बंदूकों की फायरिंग के बीच चल रहे थे.

    इस बीच, हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि उत्तरी ग़ज़ा के जबालिया में दो विस्फोट हुए हैं, जिनमें 80 लोग मारे गए हैं. इसराइल बीबीसी से ये पुष्टि नहीं कर पाया है कि उसकी सेना ने यूएन के शेल्टर होम पर हमला किया है या नहीं.

    यूएन की राहत एजेंसी ने एक स्कूल को शेल्टर होम में तब्दील कर दिया था. विश्व स्वास्थ्य संगठन की अगुआई वाली यूएन की एक टीम ने अल-शिफ़ा अस्पताल को 'डेथ जोन' करार दिया है.

    इस टीम ने अस्पताल का एक घंटे तक मुआयना करने के बाद बताया कि उसने वहां बमबारी और गोलीबारी के निशान देखे. उसे अस्पताल के गेट पर ही एक सामूहिक क़ब्र मिली.

    वहां के लोगों ने बताया कि इसमें 80 लोगों को दफ़नाया गया है. इस बीच, इसराइली सेना की ओर से अल-शिफ़ा की चेतावनी के बाद 300 बेहद गंभीर रूप से बीमार मरीज़ अभी भी अस्पताल में हैं.

    डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि वो वहां फंसे मेडिकल स्टाफ़ और मरीजों को तुरंत निकालने की कोशिश कर रहा है.

  7. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    18 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. .