You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कप्तान रोहित शर्मा वर्ल्ड कप के फ़ाइनल से पहले क्या बोले?

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप के फ़ाइनल से एक दिन पहले मीडिया को बताया कि टीम के खिलाड़ी फ़ाइनल में प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and अभिनव गोयल

  1. इसराइल की सेना का दावा- ग़ज़ा के अल-शिफ़ा अस्पताल को खाली करने का नहीं दिया आदेश

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने उन रिपोर्टों को ख़ारिज किया है, जिनमें दावा किया गया है कि उसने अल-शिफ़ा अस्पताल को एक घंटे में खाली करने का आदेश दिया है.

    आईडीएफ़ ने कहा है कि अल-शिफ़ा अस्पताल के डायरेक्टर ने अनुरोध किया था और उसे सेना ने मान लिया है. ग़ज़ा के जो लोग अस्पताल से जाना चाहते हैं, उन्हें ‘सुरक्षित रास्ता’ दिया जा रहा है.

    आईडीएफ़ ने एक बयान जारी कर कहा, “आईडीएफ़ ने किसी भी वक़्त मरीज़ों और मेडिकल स्टाफ़ को बाहर निकालने का आदेश नहीं दिया. हक़ीकत में हमने ये कहा है कि अगर स्वास्थ्य के आधार पर किसी को अस्पताल से बाहर ले जाने का अनुरोध आता है तो आईडीएफ़ सहयोग करेगी.”

    बयान में कहा गया है कि जो मरीज़ बाहर नहीं जा सकते हैं, मेडिकल स्टाफ़ उनके साथ बना रहेगा. सेना ने बताया है कि वो अस्पताल को खाना, पानी और मानवीय मदद मुहैया करा रही है.

    इसराइल का कहना है कि अस्पताल के नीचे हमास ने अपना ठिकाना बनाया हुआ है और इसकी तलाशी जारी है.

    सेना का कहना है कि उन्हें कुछ हथियार मिले हैं लेकिन अब तक उन्होंने इस बात का सुबूत नहीं दिया है कि अस्पताल के नीचे हमास का बड़ा कमान सेंटर है.

    अस्पताल में बड़ी संख्या में विस्थापितों ने शरण ली हुई है. अस्पताल के आसपास भीषण संघर्ष जारी है और यहां की स्थिति लगातार बदतर बनी हुई है.

  2. वर्ल्ड कप फ़ाइनल: मोहम्मद शमी पर ऑस्ट्रेलिया की नज़र, कप्तान पैट कमिंस ने क्या कहा?

    ऑस्ट्रेलिया की टीम की वर्ल्ड कप फ़ाइनल के पहले भारतीय टीम के एक ख़ास खिलाड़ी पर नज़र है. ये हैं भारत के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी.

    वो वर्ल्ड कप के सबसे कामयाब गेंदबाज़ हैं और अब तक छह मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल मैच में शमी ने सात विकेट लेकर अकेले दम पर विरोधी टीम के बल्लेबाज़ी क्रम को तहस नहस कर दिया था.

    ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने मैच के पहले भारतीय टीम की चर्चा करते हुए शमी का ख़ास ज़िक्र किया.

    पैट कमिंस ने कहा, “वो (भारतीय टीम) हर डिपार्टमेंट में अच्छे हैं, लेकिन एक खिलाड़ी, जो टूर्नामेंट की शुरुआत में नहीं खेल रहे थे, उन्होंने वाकई बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है.”

    ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ने कहा, “मोहम्मद शमी क्लास बॉलर हैं. वो बाएं और दाएं दोनों तरह के बल्लेबाज़ों को परेशान कर सकते हैं. वो अहम खिलाड़ी हो सकते हैं लेकिन हम उनके ख़िलाफ़ काफी खेले हैं और ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ ऐसे मौकों को याद करते हैं, जब उनके खिलाफ़ अच्छा प्रदर्शन किया हो.”

    भारत ने वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत आठ अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ की थी. मोहम्मद शमी उस मैच का हिस्सा नहीं थे.

    हालांकि, वर्ल्ड कप के ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ हुई वनडे सिरीज़ में शमी खेले थे. 22 सितंबर को मोहाली में हुए मैच में शमी ने ऑस्ट्रेलिया के पांच बल्लेबाज़ों को आउट किया था.

    मौजूदा वर्ल्ड कप में शमी तीन मैचों में पांच या उससे ज़्यादा विकेट ले चुके हैं.

  3. इसराइल-हमास युद्ध: अल ज़हरा की तबाही- तस्वीरों में देखिए

  4. इसराइल-हमास युद्ध: जर्मनी का दौरा कर रहे तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने की ये अपील

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने इसराइल से अपील की है कि वो हमास के ख़िलाफ सैन्य अभियान बंद कर दे.

    उन्होंने कहा है कि ग़जा में तुरंत संघर्ष विराम लागू किया जाना चाहिए.

    तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन अभी जर्मनी के दौरे पर हैं.

    जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अर्दोआन ने इसराइल-हमास युद्ध का ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, “जर्मनी को तुर्की के साथ मिलकर इसराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम कराने के लिए काम करना चाहिए.”

    हमास ने बीती सात अक्टूबर को इसराइल पर हमला किया था. इस हमले में करीब 12 सौ लोगों की मौत हुई थी. हमास के लड़ाके अपने साथ 200 से ज़्यादा लोगों को बंधक बनाकर ले गए थे.

    उसके बाद से इसराइल की सेना हमास के ख़िलाफ़ ग़ज़ा में लड़ रही है. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इसराइल की कार्रवाई में 11 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं.

    जर्मन चांसलर स्कोल्ज़ ने कहा कि उनका देश इसराइल के ‘अस्तित्व के अधिकार और अपनी रक्षा करने के अधिकार’ को लेकर कभी समझौता नहीं करेगा.

    दोनों नेताओं के बीच इस बात को लेकर सहमति बनी कि उन्हें ऐसा रास्ता तलाशने के लिए चर्चा करनी चाहिए जिससे हिंसा पर रोक लगाई जा सके.

  5. राजस्थान: हिमंत बिस्वा सरमा ने राजस्थान की गहलोत सरकार को घेरा, बोले - 'अन्नपूर्णा स्कीम एक स्कैम'

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राजस्थान की अशोक गहलोत पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.

    अशोक गहलोत सरकार की ओर से दी जा रही गारंटियों पर सरमा ने कहा कि गहलोत किस गारंटी की बात कर रहे हैं?

    उन्होंने कहा, ''असम में 97-98 रुपये लीटर पेट्रोल बिक रहा है और राजस्थान के लोग 108 रुपये दे रहे हैं. इसका मतलब ये कि हर लीटर पर लिए जा रहे अतिरिक्त दस रुपये अशोक गहलोत के पास जा रहे हैं. पूरे देश में सबसे ज्यादा महंगी बिजली राजस्थान में है.आप किस बात की गारंटी की बात कर रहे हैं. आपको कन्हैयालाल हत्याकांड जैसी वारदात दोहराए जाने की गारंटी चाहिए क्या?''

    उन्होंने आरोप लगाया, ''राजस्थान सरकार की अन्नपूर्णा स्कीम एक स्कैम है.''

    सरमा राजस्थान में बीजेपी का प्रचार करने आए हैं. कांग्रेस के एक प्रत्याशी की मौत के बाद अब यहां 200 में से 199 सीटों पर ही वोटिंग होगी.

    कांग्रेस गहलोत सरकार की लोकलुभावन योजनाओं को लेकर चुनाव लड़ रही है, जबकि बीजेपी पीएम मोदी के चेहरे के साथ पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चुनाव मैदान में है. हिंदुत्व का मुद्दा भी छाया हुआ है.

    राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे.

  6. ताइवान चुनाव: विपक्षी दलों में समझौते की कोशिश नाकाम, संयुक्त उम्मीदवार पर नहीं बनी बात

    ताइवान में दो प्रमुख विपक्षी दलों के बीच चुनावी समझौते की कोशिश पटरी से उतर गई है. दोनों दलों में इस बात पर सहमति नहीं बन पाई कि संयुक्त उम्मीदवारों का चुनाव कैसे होना चाहिए.

    ताइवान में कुओमिनतांग और उससे काफी छोटी पार्टी ताइवान पीपुल्स पार्टी ओपिनियन पोल के नतीजों के बाद ये तय करने बैठी कि राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति के लिए कौन उम्मीदवार होगा. लेकिन उनमें नतीजों को लेकर सहमति नहीं बन पाई.

    मौजूदा उप राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ताइवान की आजादी की समर्थक डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए हैं लेकिन विपक्ष एकजुट हुआ तो उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है. ताइवान में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव होने हैं.

  7. वर्ल्ड कप फ़ाइनल के पहले आईसीसी के सलाहकार एटकिंसन और पिच की चर्चा, क्या होगा अच्छा स्कोर?

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप फ़ाइनल के पहले अहमदाबाद की पिच को लेकर चर्चा है.

    पिच का मिज़ाज भांपने की कोशिश जारी है. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुंबई में हुए सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले को लकेर आईसीसी पिच कंस्लटेंट एंडी एटकिंसन की ‘नाखुशी’ की बहुत बात हुई थी.

    मीडिया रिपोर्टों में एटकिंसन के हवाले से दावा किया गया कि सेमीफ़ाइनल ‘पहले फ्रेश पिच पर होना था बाद में ये इस्तेमाल की गई पिच पर हुआ.’

    हालांकि, इसे लेकर सफ़ाई भी दी गई. आईसीसी ने इस पर बयान जारी किया और बताया कि ऐसा पहले भी हो चुका है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि एटकिंसन फ़ाइनल के 48 घंटे पहले तक अहमदाबाद में नज़र नहीं आए और इसे लेकर भी चर्चा हुई.

    पीटीआई ने एक अनाम सूत्र के हवाले से दावा किया है कि एटकिंसन शुक्रवार शाम को अहमदाबाद पहुंचे हैं और आज (शनिवार को) मैदान पर होंगे.

    इस बीच, शुक्रवार को बीसीसीआई के ग्राउंड स्टाफ़ के सीनियर सदस्य आशीष भौमिक और तपोश चटर्जी और बीसीसीआई के डॉमेस्टिक क्रिकेट जीएम अभय कुरुविला ने फ़ाइनल की पिच की तैयारियों पर करीबी नज़र रखी.

    भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ फ़ाइनल के लिए तैयार विकेट देखने पहुंचे. उन्होंने भौमिक और चटर्जी के साथ बातचीत भी की.

    फ़ाइनल के लिए क्या कहते हैं क्यूरेटर?

    रिपोर्टों के मुताबिक शुक्रवार को पिच पर हेवी रोलर चलाया गया.

    पीटीआई ने राज्य इकाई के एक क्यूरेटर के हवाले से बताया, “अगर काली मिट्टी से तैयार स्ट्रिप (पिच) पर हैवी रोलर चलाया जाए तो इरादा स्लो बैटिंग ट्रैक बनाने का होता है जहां बड़े स्कोर बन सकते हैं लेकिन बल्लेबाज़ों को लगातार हिट लगाने में दिक्कत भी हो सकती है.”

    उन्होंने बताया, “ऐसी पिच पर अगर पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम 315 रन बनाती है तो ये जीतने का लायक स्कोर हो सकता है. यहां बाद में बल्लेबाज़ी करने वाली टीम को दिक्कत हो सकती है.”

    ऐसे में टॉस का रोल अहम हो सकता है.

  8. वर्ल्ड कप फ़ाइनल: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, मैच के पहले कैसा है माहौल जानिए बीबीसी के नितिन श्रीवास्तव के साथ

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइली सेना का आदेश- 'एक घंटे में खाली करें अल शिफ़ा अस्पताल'- रिपोर्ट

    ग़ज़ा के सबसे बड़े अस्पताल अल शिफ़ा से मिली रिपोर्टों के मुताबिक इसराइल की सेना ने इसे अगले एक घंटे में खाली करने का आदेश दिया है.

    अल जज़ीरा और समाचार एजेंसी एएफ़पी ने फ़लस्तीनी डॉक्टरों के हवाले से ये जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि सैनिक अस्पताल परिसर की तलाशी ले रहे हैं.

    इसराइल का कहना है कि अस्पताल के नीचे बनी टनल में हमास ने अपनी कमान स्थापित की हुई है. हमास इस आरोप को ग़लत बताता है.

    अल शिफ़ा ग़ज़ा का सबसे बड़ा अस्पताल है. यहां कई विस्थापित लोगों ने शरण ली हुई है.

    इसराइल की सेना बीते कई दिनों से अल शिफ़ा को घेरे हुए है. बुधवार को सेना ने अस्पताल परिसर में दाखिल हो गई थी.

    अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि उन्होंने कई दिन तक बिजली, पानी और खाने के सामान के बिना काम किया.

  10. छत्तीसगढ़ में 75 फीसदी से अधिक मतदान, रायपुर और बिलासपुर में सबसे कम वोटिंग

      • Author, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में विधानसभा के दूसरे और अंतिम चरण में 75.08 फ़ीसदी मतदान हुआ. 70 सीटों पर हुए मतदान के अंतिम आंकड़े चुनाव आयोग ने जारी कर दिये हैं.

    छत्तीसगढ़ की 90 में से माओवाद प्रभावित 20 सीटों पर 7 नवंबर को वोट डाले गए थे, जबकि बची हुई 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान हुआ.

    2018 में इन सीटों पर 75.17 फ़ीसदी लोगों ने मतदान किया था. लेकिन शुक्रवार को इससे 0.09 फ़ीसदी कम वोट डाले गए.

    चुनाव आयोग के अनुसार जिन 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान हुआ, उनमें से 18 सीटें ऐसी हैं, जहां 80 फ़ीसदी लोगों ने मतदान किया.

    सर्वाधिक 86.54 फ़ीसदी मतदान खरसिया विधानसभा में हुआ, जहां से राज्य के शिक्षा मंत्री उमेश पटेल मैदान में थे. सबसे कम 52.11 फ़ीसदी वोट राजधानी रायपुर के दक्षिण विधानसभा सीट में डाले गए.

    रायपुर और बिलासपुर, दोनों ही शहरों की सीटों पर सबसे कम मतदान हुआ है.

    ताज़ा चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत उनके दस मंत्रियों टीएस सिंहदेव, रविंद्र चौबे, अमरजीत भगत, अनिला भेंडिया, शिव डहरिया, जयसिंह अग्रवाल, ताम्रध्वज साहू,गुरु रुद्र कुमार और उमेश पटेल के अलावा विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत के कामकाज पर जनता ने बटन दबाया है.

    इसी तरह भाजपा के चार सांसद- अरुण साव, गोमती साय, विजय बघेल व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के अलावा वर्तमान विधायक नारायण चंदेल, अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल, शिवरतन शर्मा, कृष्णमूर्ति बांधी, सौरभ सिंह, रंजना दीपेंद्र साहू, ननकी राम कंवर, पुन्नूलाल मोहले और धरमलाल कौशिक के जीत हार का भी जनता ने फ़ैसला कर दिया है.

  11. अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने कहा, 'ग़ज़ा के लिए इसराइल की ओर से दी गई ढील काफी नहीं'

    अमेरिका के राष्ट्रपति कार्यालय और संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि इसराइल की ओर से ग़ज़ा में ईंधन जाने पर लगाई गई रोक में दी ढील पर्याप्त नहीं है.

    इसराइल ने ग़ज़ा में हर दिन तेल के दो टैंकर ले जाने की इजाज़त दी है. व्हाइट हाउस और संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि ग़ज़ा के मानवीय संकट को देखते हुए ये काफी नहीं है.

    इसराइल पर दुनिया भर से घेरेबंदी हटाने का दवाब बन रहा है.

    इसराइल ने कहा है कि वो ज़रूरी जगहों पर बिजली की आपूर्ति बहाल करने में मदद कर रहा है.

    वो चहता है कि पानी के पंप, सीवेज सिस्टम और कम्युनिकेशन सिस्टम काम कर सके.

    ग़ज़ा की दो प्रमुख टेलिकॉम कंपनियों पालटेल और जावाल ने बताया कि ग़ज़ा में मोबाइल फ़ोन नेटवर्क को आशिंक तौर पर बहाल कर लिया गया है.

    इस बीच इसराइल की ओर ग़ज़ा में बमबारी जारी है. आज फ़लस्तीनी न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि इसराइल के हमले में करीब 26 लोग मारे गए हैं.

  12. वर्ल्ड कप: 2003 में ऑस्ट्रेलिया को फ़ाइनल में मात नहीं दे पाए सौरव गांगुली बोले, 2023 में...

    वर्ल्ड कप क्रिकेट के फाइनल में रविवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला होगा. मैच से पहले दिग्गज क्रिकेटरों ने भारतीय टीम को ख़िताब का प्रबल दावेदार बताया है.

    भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके सौरव गांगुली ने कहा है कि भारत ने इस टूर्नामेंट में अब तक जो खेल दिखाया है उसे उसी तरह खेलना चाहिए. अगर भारतीय रविवार को भी वैसा ही खेल दिखाती है तो उसे रोकना मुश्किल होगा.

    2003 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ फ़ाइनल खेली टीम की अगुवाई सौरव गांगुली ही कर रहे थे. तब भारत को हार का सामना करना पड़ा था. सौरव गांगुली को लगता है कि इस बार नतीजा अलग होगा.

    गांगुली ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा,''भारत इस मैच में मौका भुनाने के लिए तैयार है.अहमदाबाद के मैच के लिए हमारी शुभकामनाएं हैं. भारत टूर्नामेंट में अब तक काफी अच्छा खेला है. टूर्नामेंट जीतने की राह में एक मैच और ऑस्ट्रेलिया है. अगर भारत अब तक जैसा खेला है वैसा खेलता रहा तो उसे रोकना मुश्किल होगा. हालांकि भारत और ऑस्ट्रेलिया का मैच काफी अच्छा होगा क्योंकि दोनों टीमें मजबूत हैं.''

    पूर्व कोच शास्त्री क्या बोले?

    पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री का कहना है कि भारत वर्ल्ड कप जीतेगा. उन्होंने कहा, '' भारत को अलग से कुछ करने की जरूरत नहीं है. उन्हें सिर्फ वैसा खेलना है जैसा अपने पिछले दो मैच में खेला है. मैं चाहता हूं कि भारतीय टीम शांत रहे और दबाव झेलने से न हिचकिचाए. इस समय हर भारतीय क्रिकेटर अच्छा खेल रहा है, जो बेहतरीन संकेत है.''

    भारतीय दिग्गजों के अलावा पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर माइकल बेवन ने कहा है कि भारत इस टूर्नामेंट को जीतने के लिहाज से फेवरिट टीम है. उन्होंने कहा,'' जो भी टीम टॉस जीतेगी उसका पलड़ा भारी रह सकता है. ऑस्ट्रेलियाई टीम भी अच्छी बैटिंग करती है. शुरुआती मैचों में पिछड़ने के बावजूद इसने अच्छा खेल दिखाया है. हालांकि इंडिया फेवरिट टीम है.''

  13. वर्ल्ड कप क्रिकेट: भारतीय बल्लेबाज़ों की इस 'कमज़ोरी' पर है ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ की नज़र

    रविवार को वर्ल्ड कप क्रिकेट के फाइनल में भारत से भिड़ने जा रही ऑस्ट्रेलियाई टीम के तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड ने कहा है कि भारतीय टीम में उन्हें कोई वास्तविक कमज़ोरी तो नहीं दिखती लेकिन पहले मैच में भारतीय शीर्ष क्रम की बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ गेंदबाज़ी करते हुए उन्हें कुछ 'दरारें' दिखी थीं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ हेज़लवुड ने कहा, ''चेन्नई में हमारे छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय बल्लेबाज़ी में उन्हें कुछ दरारें दिखी थीं. हम किस्मतवाले थे कि हमने उनके तीन बल्लेबाज़ों को मात्र दो रन पर आउट कर दिया था.''

    दोनों टीमों के बीच चेन्नई में लीग मैच हुआ था. भारत ने ये मैच छह विकेट से जीता था लेकिन एक समय में भारत के तीन शुरुआती विकेट मात्र दो रन पर गिर गए थे.

    ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है. रविवार को फाइनल में उसका मुकाबला भारत से होगा.

    वर्ल्ड कप से पहले दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सिरीज खेली गई थी, जिसमें भारत ने 2-1 से जीत हासिल की थी.

  14. उत्तरकाशी: आगे नहीं बढ़ रहा सुरंग में फंसे मज़दूरों को निकालने का काम, परिजन घबराए

    उत्तरकाशी टनल में फंसे 40 मज़दूरों को बाहर निकालने में अभी तक कोई ठोस कामयाबी नहीं मिली है. इन मज़दूरों को वहां फंसे क़रीब 144 घंटे से ज़्यादा का वक़्त बीत चुका है.

    मज़दूरों को निकालने का काम देख रहे लोगों के मुताबिक़ अभी तक मज़दूरों को टनल से सुरक्षित बाहर निकाले जाने वाले पाइप को 24 मीटर (4 पाइप) तक मलबे में ड्रिल किया जा चुका है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार आसिफ़ अली ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 2 बजे से लेकर आज शनिवार सुबह नौ बजे तक स्थिति जैसी की तैसी ही बनी हुई है. टनल में फंसे मज़दूरों के परिजन बाहर बेहद परेशान और घबराए हुए नज़र आ रहे हैं.

    इजाज़त लेकर वो टनल में अपने अपने रिश्तेदारों से पाइप के ज़रिये बात करते रहते हैं.

    टनल में फंसे अपने भाई से बात कर चुके बिहार के एक शख़्स ने बताया,“अब अंदर फंसे सभी लोगों की हालत दुरुस्त नहीं है.”

    उन्होंने कहा कि भाई उनको ये कह रहे थे कि लगता है अब आखिरी वक़्त चल रहा है.

    बिहार से आए एक और शख़्स देवाशीष ने बताया कि उनके जीजा भी टनल में फंसे हुए हैं.

    उन्होंने जब अपने जीजा से पाइप के ज़रिये बात कि तो उन्होंने बताया कि उनकी हालत ख़राब है. उन्हें अब वहां घुटन महसूस हो रही है.

    सुरंग बनाने वाली कंपनी नवयुग इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड (एनइसीएल) के दो सुपरवाइज़रों ने बताया कि इस टनल पर काम 2018 में शुरू हुआ था.

    उनमें से एक ने कहा, "सुरंग में काम होने से थोड़ा पहले एक लैंडस्लाइड (भूस्खलन) में उसी जगह पर नुकसान हुआ था जहां रविवार को भूस्खलन के कारण टनल का एक हिस्सा ढह गया. तब इसे बनाने में छह महीने लगे थे. लेकिन शायद इसे मज़बूती से नहीं बनाया गया."

  15. ग़ज़ा पट्टी में ब्लैकआउट, ईंधन न होने से इंटरनेट और मोबाइल सर्विस ठप

    ग़ज़ा पट्टी में ईंधन की कमी की वजह से इंटरनेट और मोबाइल सर्विस ठप है. ईंधन की कमी की वजह से जेनरेटर नहीं चल रहे हैं. ये जेनरेटर मोबाइल टावर को चला रहे थे.

    टेलीकॉम कंपनी पैलटेल और जवाल ने कहा है कि उनके नेटवर्कों को चलाने के लिए ज़रूरी ईंधन ख़त्म हो गया है.

    इसराइल के साथ पांच सप्ताह पहले हमास से युद्ध शुरू होने के बाद सिर्फ ईंधन की एक बार डिलीवरी हुई है.

    संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि ब्लैकआउट की वजह से मानवीय सहायता से जुड़े काम बाधित हो रहे हैं.

    हालांकि शनिवार को इसराइल ने कहा है कि वो हर दिन ग़ज़ा में ईंधन के दो ट्रकों की एंट्री की इजाज़त देगा.

  16. राहुल के आरोप पर ओवैसी का जवाब, कहा- वो बताएं मोदी जी से कितने पैसे लिए?

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन यानी एआईएमआईएम के चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने राहुल के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वायनाड के सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कितना पैसा लिया है कि लोकसभा की 540 सीटों में से अपनी पार्टी को 50 पर सीमित कर लिया है.

    राहुल गांधी ने ओवैसी पर आरोप लगाया था कि जहां-जहां कांग्रेस बीजेपी से लड़ती है वहां ओवैसी भगवा पार्टी से पैसे लेकर अपने कैंडिडेट खड़े कर देते हैं.

    तेलंगाना में एक रैली में ओवैसी ने कहा, ''राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 540 लोकसभा सीटों पर लड़ी और 50 सीटों पर सिमट गई. लेकिन उनसे कोई सवाल नहीं करता कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कितना पैसा लिया?''

    ''कोई सवाल नहीं करता कि आपने कितना पैसा लिया? आपको कोई जवाब नहीं मिलेगा. इससे पहले राहुल गांधी ने वारंगल में एआईएमआईएम पर हमले करते हुए कहा था कि ओवैसी की पार्टी बीजेपी के इशारे पर चुनाव लड़ रही है.''

  17. चैट जीपीटी बनाने वाली कंपनी ने चीफ़ सैम ऑल्टमैन को हटाया, क्या थे आरोप

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बोट चैट जीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपन एआई के बोर्ड ने चीफ़ सैम ऑल्टमैन को हटा दिया है.

    बोर्ड ने कहा है कि उसे ऑल्टमैन की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा नहीं है. उसे नहीं लगता है कि ऑल्टमैन कंपनी को आगे ले जा पाएंगे.

    बोर्ड ने कहा है कि ऑल्टमैन कंपनी के साथ अपने संवाद में स्पष्ट नहीं रहे हैं. वो अपनी ज़िम्मेदारियों को निभाने से भी पीछे हट रहे हैं. कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि वो ऑल्टमैन के योगदान की आभारी है.

    लेकिन बोर्ड के सदस्यों को लगता है कि अब कंपनी को नए नेतृत्व की ज़रूरत है.

    दूसरी ओर, ऑल्टमैन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कंपनी में बिताए दिनों से वो खुश हैं.

    उन्होंने लिखा, ''इसने मेरे व्यक्तित्व में बदलाव किया और उम्मीद है कि दुनिया को भी इसने थोड़ा-बहुत बदला है. मुझे यहां के प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करके अच्छा लगा.''

    ओपन एआई का नेतृत्व करने वाले सैम ऑल्टमैन के नेतृत्व में चैट जीपीटी एआई बोट के आने से दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बहस तेज़ हुई है.

    ऑल्टमैन का ओपन एआई को लॉन्च करने में अहम योगदान रहा है.

  18. ग़ज़ा में अब हर दिन आएंगे ईंधन के दो ट्रक, अमेरिका ने कहा- हमने बनाया दबाव

    इसराइल ने कहा है कि वो हर दिन ग़ज़ा में ईंधन के दो ट्रकों की एंट्री की इजाज़त देगा.

    इसराइल ने ये फ़ैसला अमेरिका के दबाव के बाद लिया है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा है कि ग़ज़ा में हर दूसरे दिन 1,40,000 लीटर ईंधन की सप्लाई की इजाज़त दी जाएगी.

    ये ईंधन मदद पहुंचाने वाले ट्रकों और संयुक्त राष्ट्र की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों के लिए इस्तेमाल होगा. बाकी ईंधन मोबाइल फ़ोन और इंटरनेट सर्विस के लिए इस्तेमाल होगा. ईंधन न होने से ये सेवाएं ठप हैं.

    फ़लस्तीनी शरणार्थियों के लिए काम कर रही यूएन की एजेंसी ने कहा कि वहां मानवीय सहायता से जुड़े बुनियादी कामों के लिए हर दिन 1,60,000 लीटर ईंधन की ज़रूरत है.

  19. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    17 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.