केजरीवाल की पार्टी ने पीएम मोदी के बारे में ऐसा क्या कहा कि ईसी ने भेजा नोटिस

इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए आम आदमी पार्टी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
आयोग ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोपों का जवाब 16 नवंबर तक देने को कहा है.
यह नोटिस आप के राष्ट्रीय समन्वयक के नाम भेजा गया है, जोकि केजरीवाल हैं.
बीजेपी ने चुनाव आयोग में 10 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी और पीएम मोदी के ख़िलाफ़ ‘अस्वीकार्य’ और ‘अनैतिक’ वीडियो क्लिप साझा करने पर आप के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग की थी.
आप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उद्योगपति गौतम अडानी और प्रधानमंत्री मोदी को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था.
अगले दिन पार्टी ने अडानी और मोदी की तस्वीर पोस्ट की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री उद्योपति के लिए काम करते हैं न कि जनता के लिए.
आप को भेजे नोटिस में चुनाव आयोग ने कहा है, “कथित टिप्पणी आम आदमी पार्टी के खुद हैंडल से पोस्ट की गई है, जोकि एक राष्ट्रीय पार्टी है और उससे उम्मीद की जाती है कि वो इस तरह की सामग्री सार्वजनिक रूप से प्रकाशित करने या वितरित करने से पहले तथ्यों की पड़ताल करने में सावधानी बरते.”
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्य सभा सदस्य अनिल बलूनी और पार्टी नेता ओम पाठक के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से संपर्क किया था.





























