You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ज़ाः अल शिफ़ा अस्पताल में इसराइली सैनिक ले रहे हैं तलाशी, 24 घंटों का अपडेट

इसराइली सेना ग़ज़ा सिटी के सबसे बड़े अस्पताल अल-शिफ़ा में कार्रवाई कर रही है और लोगों की तलाशी ली जा रही है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. उत्तरकाशी टनल में 72 घंटे से फँसे मज़दूर अब तक नहीं निकले, अब दिल्ली से जा रही है दूसरी मशीन

      • Author, आसिफ़ अली
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले की सुरंग में 40 मज़दूरों को फँसे क़रीब 72 घंटे से अधिक समय हो चुका है. लेकिन वहां से उन्हें निकालने की हर संभव कोशिश अब तक नाकाम साबित हुई है.

    मलबे को ड्रिल करने वाली ऑगर मशीन मंगलवार को सुरंग में भेजे जाने के बाद से लग रहा था कि जल्द ही रेस्क्यू आपरेशन पूरा हो जाएगा. लेकिन बुधवार सुबह पता चला है कि वो मशीन सही तरीके से ड्रिल नहीं कर पा रही है.

    ऐसे में उस मशीन के लिए जो बेस बनाया गया था उसे हटाकर अब फिर से नया बेस तैयार किया जा रहा है.

    SDRF के इंस्पेक्टर भास्कर ने बीबीसी को बताया, “कंपनी वालों ने बताया है कि ऑगर मशीन में कुछ तकनीक ख़राबी आई है. अब यह ख़राबी क्या है, ये तो टेक्निक़ल टीम ही सही से बता पाएगी.”

    उन्होंने बताया, “कंपनी वालों ने बताया है कि अब दूसरी मशीन दिल्ली से एयरलिफ़्ट करके मँगवाई जा रही है.”

    'सुरक्षित हैं सभी श्रमिक'

    SDRF के असिस्टेंट कमांडेंट कर्मवीर सिंह भंडारी के अनुसार, “सुरंग में फँसे सभी लोग सुरक्षित हैं. सभी से बात की जा रही है और खाने पीने का समान भी पहुँचाया जा रहा है.”

    उन्होंने बताया, “अंदर लोगों ने बुधवार सुबह 5.30 बजे खाने का सामान माँगा था, जिसे उन्हें सप्लाई किया गया है. सुरंग में जहाँ पर लोग हैं, वहाँ लाइटिंग की व्यवस्था भी है और टेम्प्रेचर भी ठीक है.”

    उनके अनुसार, “वहाँ काम रुका नहीं है. काम 24 घंटे चालू है और हमारी दो टीमें यहाँ हर वक़्त तैनात है. बेस में जो दिक्कत आ रही है, उसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है.”

  2. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने ऐश्वर्या राय से मांगी माफ़ी लेकिन क्यों?

  3. बिरसा मुंडा की जयंती पर रांची पहुंचे पीएम मोदी, झारखंड स्थापना दिवस पर दी बधाई

    आदिवासियों के भगवान कहे जाने वाले बिरसा मुंडा की जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की रात रांची पहुंचे.

    नरेंद्र मोदी बुधवार को बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी) जाने के लिए रांची पहुंचे. पीएम मोदी रांची एयरपोर्ट से राजभवन के बीच की 10 किलोमीटर की दूरी तक चले रोड शो में भी शामिल हुए.

    बुधवार को झारखंड के स्थापना की 23वीं वर्षगाँठ भी है.

    पीएम मोदी ने कुछ देर पहले सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि और झारखंड स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी है.

    उन्होंने लिखा, ''भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि. देशभर के मेरे परिवारजनों को इस विशेष अवसर से जुड़े 'जनजातीय गौरव दिवस' की ढेरों शुभकामनाएं.''

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट लिखकर झारखंड के लोगों को बधाई दी है.

    उन्होंने लिखा, ''झारखंड अपनी खनिज संपदाओं के साथ-साथ जनजातीय समाज के साहस, शौर्य और स्वाभिमान के लिए सुविख्यात रहा है. यहां के मेरे परिवारजनों ने देश की उन्नति में अपना अहम योगदान दिया है. राज्य के स्थापना दिवस पर मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं, साथ ही प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं.''

    रांची पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, ''मध्य प्रदेश में यादगार रैलियों और रोड शो के बाद रांची पहुंच चुका हूं. कल 15 नवंबर का दिन बहुत विशेष है. मुझे झारखंड के लोगों के साथ भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर मनाए जाने वाले 'जनजातीय गौरव दिवस' में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा.''

    उन्होंने लिखा, ''उनकी जन्मस्थली उलिहातू जाने का सुअवसर मिलने से बहुत ही गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. इस दौरे में खूंटी में जहां 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' को हरी झंडी दिखाऊंगा, वहीं आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए 24,000 करोड़ रुपए की ऐतिहासिक योजना का भी शुभारंभ करूंगा.''

    उलिहातू में पीएम मोदी धरती आबा कहे जाने वाले बिरसा मुंडा की प्रतिमा को नमन करने के साथ उनके परिजनों से मिलेंगे. वो वहां जाने वाले पहले देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे.

    नरेंद्र मोदी इससे पहले पुराना जेल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति पार्क और म्यूज़ियम भी जाएंगे. वो उस कमरे में भी जाएंगे, जहां मुंडा को अंग्रेज़ों ने क़ैद किया था.

  4. इसराइल पर हमास के हमले से जुड़े अकरम अल-अजौरी को अमेरिका ने वैश्विक आतंकवादी' घोषित किया

    अमेरिका ने पिछले महीने इसराइल पर हुए हमास के हमलों में शामिल होने के आरोप में फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद (PIJ) के नेता अकरम अल-अजौरी को 'वैश्विक आतंकवादी' घोषित कर दिया है.

    अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को हमास के उस हमले से जुड़े लोगों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाने के तीसरे दौर का एलान किया.

    अमेरिका ने ये भी कहा है कि हमास और उसके समर्थकों पर इन प्रतिबंधों को प्रभावी बनाने के लिए वो ब्रिटेन के साथ मिलकर इसे अंज़ाम देगा.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, ''फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद (पीआईजे) के नेता होने के कारण अकरम अल-अजौरी को 'विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी' के रूप में नामित किया जा रहा है.''

    बयान में बताया गया कि अजौरी पीआईजे के उप-महासचिव और इसके मिलिटेंट विंग 'अल-कुद्स ब्रिगेड' के नेता हैं.

    इसके अनुसार, अमेरिका का वित्त मंत्रालय ने उन सात लोगों और दो संस्थाओं को भी नामित कर रहा है, जिन्होंने हमास या पीआईजे की मदद की है या उसके लिए काम किया है.

    इसमें आरोप लगाया गया है कि हमास और पीआईजे को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से धन, हथियार और प्रशिक्षण के रूप में मदद मिलती है.

    इस बारे में अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने कहा है, "हमास की गतिविधियों से भारी पीड़ा हुई है और इससे पता चला है कि आतंकवाद अलग-अलग नहीं होता है. इसलिए अमेरिका अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम करेगा."

  5. विश्व कप: पहले सेमीफ़ाइनल में भारत और न्यूज़ीलैंड का मुक़ाबला आज, कैसी है पिच और क्या रहेगी टॉस की भूमिका

    विश्व कप के पहले सेमीफ़ाइनल में भारत और न्यूज़ीलैंड मुंबई में आज आमने-सामने होंगे.

    भारत के पास 2019 के विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड से मिली हार का हिसाब बराबर करने का सुनहरा अवसर होगा.

    वैसे विश्व कप सहित आईसीसी के टूर्नामेंट में न्यूज़ीलैंड का भारत के ख़िलाफ़ रिकॉर्ड बहुत बेहतर है.

    अभी तक आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच 10 मैच हुए हैं, जिसमें से 8 मैच में न्यूज़ीलैंड विजयी रहा है.

    वैसे लीग चरण के दौरान भारत ने धर्मशाला में न्यूज़ीलैंड को चार विकेट से पटखनी दी थी, जो ​​2003 के विश्व कप के बाद पहली बार हो पाया था.

    भारत ने विश्व कप के लीग मैच में भारत ने अपने सभी नौ मैचों में जीत दर्ज की है.

    जहाँ तक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इस विश्व कप में भारत के श्रीलंका के साथ हुए मैच की बात है, तो उस मैच में भारत ने श्रीलंका को 302 रनों के भारी अंतर से हराया था.

    श्रीलंका की टीम मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज की शानदार गेंदबाज़ी के सामने महज 55 रन पर सिमट गई थी.

    इस मैदान पर भारत ने अब तक 21 मैच खेले हैं, जिसमें 12 में जीत और 9 में हार का सामना करना पड़ा.

    कैसी है पिच और क्या होगी टॉस की भूमिका

    बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया था कि वानखेड़े की पिच बल्लेबाज़ों के माकूल दिखाई देती है. हालांकि सूरज ढलने और लाइट जलने के बाद यहां सीम गेंदबाज़ों को मदद मिल सकती है.

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच के दौरान भारत के तेज़ गेंदबाज़ों ने लाइट जलने के बाद क़हर ढा दिया था.

    यहां ओस भी असर डाल सकती है. ऐसे में टॉस की भूमिका अहम हो जाती है.

    रोहित ने कहा- पता है न्यूज़ीलैंड की ताक़त और कमज़ोरी

    न्यूज़ीलैंड को ‘सबसे अनुशासित टीम’ बताते हुए रोहित शर्मा ने मंगलवार को कहा, “वो बहुत स्मार्ट तरीके से खेलते हैं. वो हमारे कई खिलाड़ियों के साथ खेले हैं. वो हमारी मानसिकता समझते हैं.”

    रोहित शर्मा के अनुसार, “हम भी जानते हैं कि वो कैसे खेलते हैं. हमें पता है कि उनकी ताक़त क्या है और कमज़ोरी क्या है.”

    क्या भारतीय टीम के खिलाड़ी पुराने प्रदर्शन पर गौर करते हैं, इस सवाल पर रोहित शर्मा ने कहा, “ इस टीम की ये खूबी है कि जब हमने (1983 में) पहला वर्ल्ड कप जीता तो टीम के आधे खिलाड़ी पैदा नहीं हुए थे और जब (2011 में) दूसरा वर्ल्ड कप जीता तो इनमें से आधे खेल नहीं रहे थे.”

    भारतीय कप्तान ने कहा, “ मैं उन्हें पिछले मैचों के बारे में बात करते नहीं देखता. मैं उन्हें आज की बात करते देखता हूं कि वो ख़ुद को कैसे बेहतर बना सकते हैं.”

    रोहित शर्मा ने ये भी कहा कि सेमीफ़ाइनल ही नहीं भारतीय टीम जो भी मैच खेलती है, उस पर उम्मीदों का दवाब होता है लेकिन खिलाड़ी उसका मुक़ाबला करना जानते हैं.

    क्या कहा विलियमसन ने?

    वहीं न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने मंगलवार को कहा कि दोनों टीमों के पास ‘बराबर के मौके होंगे.’

    मैच के पहले मीडिया से बात करते हुए केन विलियमसन ने कहा, “अगर हम अपनी क्षमता से खेले तो कुछ भी हो सकता है.”

    मुंबई में होने वाले सेमीफ़ाइनल के सारे टिकट बुक हो चुके हैं और ज़्यादातर दर्शक भारतीय टीम का हौसला बढ़ा रहे होंगे.

    इस स्थिति को लेकर विलियमसन ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सेमीफ़ाइनल में पूरा स्टेडियम नीला (भारतीय जर्सी के रंग का) होगा. हमारी टीम के खिलाड़ी के पास हर परिस्थिति में खेलने का अनुभव है. जब आपको ऐसे माहौल में खेलने का मौका मिलता है तो ये ख़ास होता है."

  6. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    14 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.