You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ग़ज़ाः अल शिफ़ा अस्पताल में इसराइली सैनिक ले रहे हैं तलाशी, 24 घंटों का अपडेट
इसराइली सेना ग़ज़ा सिटी के सबसे बड़े अस्पताल अल-शिफ़ा में कार्रवाई कर रही है और लोगों की तलाशी ली जा रही है.
लाइव कवरेज
चंदन शर्मा and संदीप राय
वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल: वानखेड़े की पिच पर क्यों हो रहा है बवाल, आईसीसी और गावस्कर ने क्या कहा
ग़ज़ाः अल शिफ़ा अस्पताल में इसराइली सैनिक ले रहे हैं तलाशी, बुधवार को और क्या-क्या हुआ?
इसराइली सेना ग़ज़ा सिटी के सबसे बड़े अस्पताल अल-शिफ़ा में कार्रवाई कर रही है और लोगों की तलाशी ली जा रही है.
इसराइली सेना का कहना है कि उसका लक्ष्य सटीक और टार्गेटेड अभियान चलाना है.
बीते 24 घंटे में अल-शिफ़ा अस्पताल में क्या हुआ, आईए जानते हैंः
इसराइल की सेना का कहना है कि उसके सैनिक अल शिफ़ा अस्पताल में हमास के ढांचे, विस्फ़ोटक उपकरणओं और अन्य ‘आतंकी चीजों’ की स्कैनिंग कर रहे हैं.
इसराइली सेना ने कहा है कि उसने इमारत में ट्रांसलेटर और मेडिकल टीम भेजी हैं जो इस अस्पताल में चलाए जाने वाले संवेदनशील माहौल में अभियान चलाने के लिए प्रशिक्षित हैं.
हालांकि मेडिकल चैरिटी ने कहा है कि अल शिफ़ा के अंदर 300 मरीज़ और स्टाफ़ अभी भी हैं. इसराइली सैनिक एक एक कमरे में जाकर पूछताछ कर रहे हैं.
ग़ज़ा के क्या हाल हैं?
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि ईंधन की कमी के चलते रफ़ाह में तीन सीवेज और 10 वॉटर पम्प बंद हो गए हैं.
फ़लस्तीनी रेफ्यूजी मामलों की संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के प्रमुख थॉमस व्हाइट ने कहा कि यहां ईंधन ख़त्म हो गया है.
बुधवार को मिस्र से सटे रफ़ाह क्रॉसिंग के रास्ते संयुक्त राष्ट्र को 23,000 लीटर ईंधन मिला है. लेकिन ये सिर्फ मानवीय सहायता में ही इस्तेमाल हो सकता है.
लाखों लोग उत्तरी ग़ज़ा से दक्षिणी ग़ज़ा में विस्थापित हुए हैं और इसराइल का कहना है कि वहां नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित माहौल है लेकिन यहां के हालात बेहद ख़राब हैं.
ग़ज़ा में बुधवार को भारी बारिश हो रही है और संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि यहां हालात और ख़राब होंगे. यहां आए लाखों लोग टेंट में रह रहे हैं.
अमेरिका, ब्रिटेन और फ़्रांस का रुख़ में बदलाव?
बीबीसी इंटरनेशनल एडिटर जेरेमी बोवेन के मुताबिक बीते कुछ दिनों से अमेरिका, ब्रिटेन और फ़्रांस के रुख़ में बदलाव आया है.
पिछले सप्ताहांत अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने फ़लस्तीनी नागरिकों की मौतों के बारे में कहा था- ‘बहुत अधिकमारे गए हैं.’ हालांकि अभी तक युद्ध विराम को लेकर उनके रुख़ में कोई बदलाव नहीं आया है.
बंधकों को छोड़ने का क़तर का नया प्रस्ताव
क़तर के मध्यस्थों ने इसराइल और हमास के सामने एक नया प्रस्ताव रखा जिसके तहत युद्ध विराम के बदले कुछ बंधक छोड़े जा सकते हैं.
धिकारियों ने बताया कि प्रस्ताव के तहत तीन दिन के युद्ध विराम के बदले 50 नागरिक बंधकों को छोड़ने पर हमास राजी हो गया है लेकिन इसराइल की ओर से अभी कोई जवाब नहीं आया है.
ग़ज़ा में युद्ध विराम के बदले बंधकों को छोड़ने का क़तर का नया प्रस्ताव
क़तर के मध्यस्थों ने इसराइल और हमास के सामने एक नया प्रस्ताव रखा जिसके तहत युद्ध विराम के बदले कुछ बंधक छोड़े जा सकते हैं.
सात अक्टूबर को इसराइल पर हमला करके हमास 240 बंधकों को अगवा कर ग़ज़ा ले गया था.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, क़तर के अधिकारियों ने बताया कि जिस प्रस्ताव पर इसराइल और हमास को राज़ी करने की कोशिश हो रही है उसके तहत तीन दिन के युद्ध विराम की शर्त हमास ने रखी है.
जिसके बदले हमास 50 नागरिक बंधकों को छोड़ने पर राजी हो गया है और इसराइल की ओर से भी वहां जेलों में बंद फ़लस्तीनी कैदियों को छोड़ने की मांग की गई है.
अधिकारियों ने कहा कि हमास इस समझौते पर लगभग राज़ी हो गया है लेकिन इसराइल ने अभी तक तक कोई रज़मांदी नहीं दी है और वार्ता जारी है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के नए टेस्ट और टी-20 कप्तान घोषित
बाबर आज़म के पाकिस्तान की टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद शान मसूद को टेस्ट कप्तान और शाहीन शाह अफ़रीदी को अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैचों का कप्तान बनाया गया है.
शाहीन शाह अफ़रीदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ार्म एक्स पर लिखा है, "आपके अनुकरणीय नेतृत्व में, सच्चे टीम वर्क और दोस्ताना व्यवहार देखना ख़ुशकिस्मती की बात है. टीम की एकता और सामूहिक सफलता के लिए आपका अग्रणी नेतृत्व और प्रतिबद्धता सराहनीय है. मैं आपको और अधिक बल्लेबाजी रिकॉर्ड तोड़ते देखने का इंतजार कर रहा हूं."
इससे पहले बुधवार को बाबर आज़म ने टीम की कप्तानी छोड़ने की सूचना एक्स पर देते हुए लिखा था, "आज मैं पाकिस्तान क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट से बतौर कप्तान हटने का फ़ैसला कर रहा हूं. यह मुश्किल फ़ैसला है लेकिन मुझे लगता है कि इसके लिए यही माकूल वक़्त है.मैं सभी तीन फ़ॉर्मेट में बतौर खिलाड़ी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करता रहूंगा. मैं अपने अनुभव और समर्पण से नए कप्तान और टीम का पूरा समर्थन करूंगा."
एक दिवसीय वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा था.
लीग के अपने नौ मैच में पाकिस्तान चार मैच हार कर वर्ल्ड कप से बाहर हो गया.
ऐसे यहूदी जो इसराइल के ख़िलाफ़ और फलस्तीन के पक्ष में हैं
प्रियंका गांधी की 'विश्वासघात' वाली टिप्पणी पर ज्योतिरादित्य सिंधिया भड़के
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के 'विश्वासघात' वाली टिप्पणी पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पटलवार करते हुए उनके भाषण को 'निम्न स्तर' का बताया और जनता को कांग्रेस को सबक सिखाने को कहा है.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "ग्वालियर-चंबल की मेरी जनता से अनुरोध है कि इस अपमान और निम्न स्तर के भाषण का उत्तर ज़रूर 17 नवंबर को अपना मतदान करके दें और कांग्रेस पार्टी को सबक़ सिखाएँ."
प्रियंका गांधी ने एक भाषण में ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए उनके 'छोटे कद', 'महाराज' कहलाने और 'अहंकार' को लेकर तीखा तंज कसा था.
प्रियंका गांधी ने क्या कहा था?
प्रियंका गांधी ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में एक चुनावी सभा में कहा था, "सिंधिया जी के साथ मैंने यूपी में काम किया. क्या है कि कद में छोटे पड़ गए लेकिन अहंकार में तो वाह भाई वाह. कार्यकर्ता कहते कि अगर इन्हें महाराज न कहा जाए तो कोई काम ही नहीं होता...."
"उन्होंने अपने परिवार की परम्परा अच्छे से निभाई है. विश्वासघात तो बहुतों ने किया है लेकिन इन्होंने ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया है."
प्रियंका ने कहा, "आपकी पीठ में छुरा भोंका है.बनी बनाई सरकार गिरा दी. और वो बनी बनाई सरकार आपकी थी, आपने वोट दिया था उसके लिए. बीते साढ़े तीन साल में इस सरकार ने कितना रोज़गार दिया. छत्तीसगढ़ में देखिए वहां बेरोज़गारी का स्तर क्या है?"
छत्तीसगढ़ चुनाव: क्या धान के किसान तय करेंगे नई सरकार
दिल्ली से बिहार जा रही ट्रेन की बोगी में आग लगी
दिल्ली से बिहार जा रही एक ट्रेन की कुछ बोगियों में आग लग गई.
ये ट्रेन नई दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी.
आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल कर्मी पहुंच गए हैं और आग बुझा ली गई है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ट्रेन नंबर 02570 दरभंगा क्लोन स्पेशल जब उत्तर प्रदेश के सराय भूपत रेलवे स्टेशन पर पहुंची, उसके एस-1 बोगी में आग लग गई.
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई ख़बर नहीं है.
सीपीआरओ के अनुसार, "इटावा के पास नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस के एस-1 कोच में धुआं सराय भूपत स्टेशन मास्टर ने देखा. इसके बाद ट्रेन रोकी गई. यात्रियों को उतार फायर ब्रिगेड बुलाई गई. आग बुझा ली गई है. ट्रेन रवाना होने वाली है."
दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः जिनपिंग पाँच साल बाद अमेरिका क्यों पहुंचे?
बाबर आज़म ने पाकिस्तान टीम की कप्तानी छोड़ी, भावुक पोस्ट कर ये बोले
नौ में से चार मैच हार कर वर्ल्ड कप 2023 से बाहर हुई पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आज़म ने क्रिकेट के सभी तीन फ़ॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फ़ैसला किया है. उन्होंने इसकी जानकारी एक ट्वीट से दी.
बाबर ने ट्वीट किया, "मुझे अच्छे से वो पल याद है जब पीसीबी ने 2019 में पाकिस्तान की टीम का नेतृत्व करने के लिए मुझे कॉल किया था."
"बीते चार सालों में मुझे मैदान के भीतर और बाहर कई अच्छे और बुरे पलों का अनुभव हुआ है लेकिन मैंने पूरे उत्साह और शिद्दत के साथ दुनिया भर की क्रिकेट के सामने पाकिस्तान के अभिमान को बरकरार रखने का लक्ष्य रखा."
"सफ़ेद गेंद के फ़ॉर्मेट में नंबर- 1 के पायदान पर पहुंचना खिलाड़ियों, कोच और मैनेजमेंट के सामूहिक प्रयास का नतीजा है और मैं पाकिस्तान के जूनूनी क्रिकेट प्रशंसकों को उनके लगातार समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं."
"आज मैं पाकिस्तान क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट से बतौर कप्तान हटने का फ़ैसला कर रहा हूं. यह मुश्किल फ़ैसला है लेकिन मुझे लगता है कि इसके लिए यही माकूल वक़्त है."
"मैं सभी तीन फ़ॉर्मेट में बतौर खिलाड़ी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करता रहूंगा. मैं अपने अनुभव और समर्पण से नए कप्तान और टीम का पूरा समर्थन करूंगा."
"इस महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी को मुझे सौंपने के लिए मैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं."
वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल: वानखेड़े की पिच पर विवाद, ‘डेली मेल’ का दावा, गावस्कर और माइकल वॉन बोले...
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वर्ल्ड कप का पहला सेमीफ़ाइनल खेला जा रहा है. विराट कोहली के 50वें शतक के दम पर भारत ने न्यूज़ीलैंड को 398 रन का लक्ष्य दिया है.जवाब में न्यूज़ीलैंड की टीम 39 रन पर दो विकेट गंवा चुकी है.
इस बीच, सोशल मीडिया पर वानखेड़े की पिच को लेकर बहस हो रही है. मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पिच को लेकर भारतीय टीम मैनेजमेंट का अनुरोध माना गया है. आईसीसी ने भी इस पर बयान दिया है. इस बहस को लेकर भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और इंग्लैंड पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने भी अपनी राय रखी है.
‘डेली मेल’ अख़बार ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत और न्यूज़ीलैंड के ‘सेमीफ़ाइनल मैच में पहले पिच नंबर सात इस्तेमाल की जानी थी. ये पिच वर्ल्ड कप में यहां खेले गए चार मैचों में इस्तेमाल नहीं हुई थी और बिल्कुल नई पिच है.’
रिपोर्ट में दावा किया गया, “लेकिन, मंगलवार को एक ग्रुप में बीसीसीआई और आईसीसी के 50 से ज़्यादा अधिकारियों को एक व्हाट्सऐप भेजा गया. इसमें पुष्टि की गई पहला सेमीफ़ाइनल पिच नंबर छह पर होगा. यहां इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ़्रीका और भारत बनाम श्रीलंका मैच हुआ था.”
इस रिपोर्ट में आईसीसी के पिच कंस्लटेंट एंडी एटिंक्सन के मेल और इस पर बीसीसीआई के जवाब का भी ज़िक्र किया गया है.
गावस्कर ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक], भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है.
गावस्कर ने ‘इंडिया टुडे’ से कहा, “ये पिच सभी टीमों के लिए है. ऐसे में मुझे नहीं लगता कि इस पर बहुत बहस होनी चाहिए. मेरे विचार में ये भारतीय टीम किसी भी पिच के मुताबिक ढल सकती है. अब तक के टूर्नामेंट में ऐसा देखा भी गया है. अगर पिच सूखी हुई है तो इसकी वजह ये है कि बारिश का मौसम बीत चुका है और नमी ख़त्म हो गई है.”
गावस्कर ने कहा, “मुझे लगता है कि ये आम बात है. मैच से पहले आपके पास जब कुछ लिखने को नहीं है तो आप कुछ कहने की कोशिश करते हो, क्योंकि आपको अपना कॉलम भरना है.”
उन्होंने कहा, “मेरे लिए ये बेमतलब है. अगर आप टॉस के बाद पिच बदलते हैं तो बहस होनी चाहिए.”
माइकल वॉन ने क्या कहा
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी है.
माइकल वॉन ने सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “ये सीधी सी बात है, सेमीफ़ाइनल फ्रेश पिच पर खेला जाना चाहिए.”
वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल: विराट कोहली के बारे में सचिन तेंदुलकर ने क्यों याद किया वो 'प्रैंक'
विराट कोहली के शतकों का अर्द्धशतक लगाने और एक वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने पर सचिन तेंदुलकर ने सालों पहले ड्रेसिंग रूम में उन्हें लेकर हुए एक 'प्रैंक' (मज़ाक) को याद किया.
उन्होंने सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “पहली बार मैं तुमसे इंडियन टीम के ड्रेसिंग रूप में मिला था. तुम्हें टीम के बाकी सदस्यों ने प्रैंक किया और मेरे पैर छुए. उस दिन मैं बहुत हंसा."
"लेकिन जल्द ही तुमने अपने जुनून और स्किल से मेरे दिल को छू लिया है. मुझे बहुत खुशी है कि एक युवा लड़का अब एक विराट खिलाड़ी में बदल चुका है."
"मुझे इससे ज़्यादा खुशी नहीं हो सकती कि एक भारतीय ने मेरा रिकॉर्ड तोड़ा और वो भी सबसे बड़े टूर्नामेंट- वर्ल्ड कप के सेमी फ़ाइनल में और मेरे घरेलू मैदान पर...”
बुधवार को मुंबई के वानखेड़े में खेले गए वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल के पहले मैच में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ विराट कोहली ने अपने वनडे कैरियर का 50वां शतक लगाया जबकि इसी मैच में उन्होंने एक वनडे में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी कायम किया.
वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल: शतकों का अर्द्ध शतक लगाने के बाद विराट कोहली ने इन दो लोगों का किया ज़िक्र
शतकों का अर्द्धशतक लगाने के विराट कोहली ने कहा है कि ये किसी सपने के सच होने की तरह है. उन्होंने कहा कि जिनसे वो सबसे ज़्यादा प्यार करते हैं (अनुष्का शर्मा) और जो उनके हीरो (सचिन तेंदुलकर) हैं, उनके सामने ये उपलब्धि हासिल करना बहुत ख़ास है.
भारतीय पारी के बाद विराट कोहली ने कहा, "महान व्यक्ति (सचिन तेंदुलकर) ने मुझे अभी अभी बधाई दी है. ये सपने जैसा है. ये हमारे लिए बहुत बड़ा मैच था और मैंने अपनी भूमिका इस तरह निभाई कि बाकी बैट्समैन आ सकें और खेल सकें."
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पारी ख़त्म होने पर उन्होंने कहा, "मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज है अपनी टीम की जीत. इस टूर्नामेंट में मुझे एक भूमिकी दी गई थी और मैं इसे बेहतर करने की कोशिश कर रहा हूं."
लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बारे में पूछे जाने पर कोहली ने कहा, 'हालात के मुताबिक खेलें और टीम के लिए खेलें.'
शतकों का अर्द्ध शतक लगाने पर उन्होंने कहा, "ये मेरे लिए सपने जैसा है. स्टेडियम में मेरे हीरो सचिन पा जी बैठे हैं, मेरी लाइफ़ पार्टनर अनुष्का बैठी हैं. वानखेड़े में इतने सारे दर्शक हैं."
उन्होंने कहा, "400 के करीब रन बना पाना शानदार है, इसके लिए सबसे अधिक श्रेय श्रेयस को दिए जाने की ज़रूरत है. और केएल राहुल ने भी अंत में अच्छा फिनिश किया."
विराट कोहली महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर से आगे निकल गए हैं. सचिन तेंदुलकर ने वनडे में 49 शतक जमाए थे.
कोहली ने एक वनडे वर्ल्ड कप में सर्वाधिक 711 रन बनाने का भी रिकॉर्ड बनाया है. यह रिकॉर्ड भी पहले सचिन के नाम था जिन्होंने 2003 के वर्ल्ड कप में 673 रन बनाए थे.
विराट कोहली का रिकॉर्डतोड़ शतक, क्या बोले सचिन तेंदुलकर और डेविड बेकहम
सचिन तेंदुलकर ने 50वां वनडे शतक जमाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली की जमकर तारीफ की है.
सेमीफ़ाइनल मैच देखने आए इंग्लैंड के फुटबॉल सुपरस्टार डेविड बेकहम ने भी विराट कोहली की तारीफ की है.
सचिन तेंदुलकर ने विराट कोहली के वनडे क्रिकेट में 50 शतक पूरे करने को ‘अविश्वसनीय’ बताया है. विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है. सचिन के नाम वनडे में 49 शतक हैं.
भारतीय पारी के बाद सचिन तेंदुलकर ने कहा, “हम सभी को उन पर गर्व है. उनका करियर अविश्वसनीय रहा है.”
सचिन तेंदुलकर ने उस दौर को भी याद किया जब विराट कोहली पहली बार भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बने थे.
सचिन तेंदुलकर ने कहा, “बाकी खिलाड़ियों ने उनके साथ प्रैंक (मज़ाक) किया और कहा कि आप इनके (सचिन तेंदुलकर के) पैर छुओ ये आपके करियर के लिए अच्छा होगा. इस पर मैं हंस रहा था.”
‘और आज उनका करियर जिस मुक़ाम पर है उसे देखकर हम सभी को उन पर गर्व है.’
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद डेविड बेकहम ने भी विराट कोहली की तारीफ की.
बेकहम ने कहा कि वो पहली बार भारत आए हैं और उनके लिए इससे बेहतर मौका नहीं हो सकता था.
उन्होंने कहा,”ये दिवाली का मौका है और विराट कोहली जैसा खेले वो अविश्वसनीय था”
बेकहम सचिन तेंदुलकर के साथ बैठकर मैच देख रहे थे. वो दोनों यूनिसेफ़ के ब्रांड एंबेसडर हैं.
वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनलः कोहली के 50वें शतक की अनदेखी तस्वीरें, भारत ने दी 398 की चुनौती
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल के पहले मैच में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ विराट कोहली ने अपना वनडे में 50वां शतक बनाया. उनकी इस पारी के दम पर भारतीय टीम ने न्यूज़ीलैंड को 398 रन की चुनौती दी है.
इसके साथ ही वो महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर से आगे निकल गए हैं. सचिन तेंदुलकर ने वनडे में 49 शतक जमाए थे. सेमीफ़ाइनल देखने के लिए सचिन ख़ुद भी स्टेडियम में मौजूद हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल: विराट का 50वां शतक, भारत ने न्यूज़ीलैंड को दी 398 रन की चुनौती
विराट कोहली के रिकॉर्ड 50वें वनडे शतक के दम पर भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए 398 रन की चुनौती दी है.
भारतीय टीम ने 50 ओवर में चार विकेट पर 397 रन बनाए.
भारतीय पारी की हाईलाइट श्रेयस अय्यर की बल्लेबाज़ी भी रही जिन्होंने लगातार दूसरे मैच में शतक जमाया है.
भारत के लिए विराट कोहली ने 117, श्रेयस अय्यर ने 105, शुभमन गिल ने 80 रन और कप्तान रोहित शर्मा ने 47 रन बनाए.
भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी ने भारत को तेज़ शुरुआत दिलाई.
इन दोनों ने सिर्फ़ 8.2 ओवर में 71 रन जोड़ दिए. नवें ओवर में रोहित शर्मा टिम साउदी की गेंद पर आउट हुए. उन्होंने सिर्फ़ 29 गेंदों में 47 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए.
इसके बाद शुभमन गिल ने विराट कोहली के साथ मिलकर 86 गेंद में 93 रन की साझेदारी की. इस दौरान शुभमन गिल ने 41 गेंद में हाफ सेंचुरी पूरी कर ली.
विराट-श्रेयस ने दिखाया दम
शुभमन गिल 23 वें ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए. उन्होंने पैवेलियन लौटने के पहले 65 गेंद में 79 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए.
इसके बाद विराट कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ 128 गेंद में 163 रन की साझेदारी की. विराट कोहली ने 106 गेंदोंं में शतक पूरा किया और सचिन तेंदुलकर का 49वां वनडे शतकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
50वां वनडे शतक जमाने वाले विराट कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 42वें ओवर में भारत का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया.
कोहली 117 रन बनाकर साऊदी का शिकार बने. इसके बाद भी रन की रफ़्तार रुकी नहीं.
श्रेयस अय्यर ने 67 गेंद में शतक पूरा किया. वो 105 रन बनाकर ट्रैंट बोल्ड का शिकार बने.
सूर्यकुमार यादव सिर्फ़ एक रन बना सके लेकिन केएल राहुल ने तेज़ पारी खेलकर भारत को 397 रन तक पहुंचा दिया.
केएल राहुल ने 20 गेंद में नाबाद 39 रन बनाए.
रफ़ाह क्रॉसिंग से 25,000 लीटर ईंधन ग़ज़ा पहुंचा, इसराइल ने लगा रखी है पाबंदी
बुधवार सुबह को रफ़ाह क्रॉसिंग से 25,000 लीटर ईंधन ग़ज़ा में पहुंचा है. मिस्र से लगे रफ़ाह क्रॉसिंग पर मौजूद स्थानीय बॉर्डर अधिकारियों ने बीबीसी से इसकी पुष्टि की है.
संयुक्त राष्ट्र और डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर ने चेतावनी दी थी कि बुधवार तक ग़ज़ा में ईंधन ख़त्म हो जाएगा.
इसराइल ने उत्तरी ग़ज़ा के लोगों को दक्षिणी ग़ज़ा में जाने को कहा है. हालांकि दक्षिणी ग़ज़ा में ईंधन और ज़रूरी मदद की आपूर्ति पर बंदिश है और ईंधन के अलावा कुछ राहत सामग्री पहुंची है.
इसराइल का कहना है कि हमास अपने सैन्य मकसद के लिए ईंधन को चुरा सकता है या इस्तेमाल कर सकता है.
इससे पहले इसराइली सेना ने कहा था कि ग़ज़ा में राहत सामग्री पहुंचाने वाले संयुक्त राष्ट्र के कुछ ट्रकों को भी ईंधन दिया गया है.
अस्पताल युद्ध के मैदान नहींः यूएन
इस बीच संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता ममले के प्रमुख मार्टिन ग्रिफ़िथ्स ने ने ग़ज़ा सिटी के अल शिफ़ा हॉस्पीटल को लेकर चिंता ज़ाहिर की है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “नवजात शिशुओं, बीमारों, मेडिकल स्टाफ़ और सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है. अस्पताल युद्ध के मैदान नहीं हैं.”
अस्पताल में मौजूद एक पत्रकार ने बीबीसी को बताया कि इसराइली सेना अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और पुरुषों को इमारत से बाहर परिसर में इकट्ठा होने का आदेश दिया है.
अल शिफ़ा में सेना का घुसना गंभीर चिंताजनक
विश्व स्वास्थ्य संगटन अल शिफ़ा के मरीजों और स्टाफ़ लेकर गंभीर चिंता ज़ाहिर की है.
डब्ल्यूएचओ के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस एडानम ग्रेब्रेयेसस ने कहा है, “अल शिफ़ा अस्पताल में सेना के घुसने की ख़बर बहुत चिंताजनक है.”
उन्होंने कहा, “अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों से फिर से संपर्क टूट गया है. हम लोग वाक़ई मरीजों और अन्य लोगों को लेकर बहुत गंभीर रूप से चिंतित हैं.”
ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल: विराट कोहली का 50वां वनडे शतक, सचिन के घरेलू मैदान पर तोड़ा उनका रिकॉर्ड
भारतीय बल्लेबाज़ी के सुपरस्टार विराट कोहली ने वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में शतक जड़ दिया है. ये उनका वनडे में 50वां शतक है और अब वो महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर से आगे निकल गए हैं.
सचिन के नाम वनडे क्रिकेट में 49 शतक हैं. विराट कोहली ने कोलकाता के इडेन गार्डन्स मैदान में खेले गए मैच में 49वां शतक जमाते हुए सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी की थी.
अब विराट कोहली के नाम वनडे में सबसे ज़्यादा शतक हैं.
विराट कोहली ने ये रिकॉर्ड मुंबई के उसी मैदान पर बनाया है जिसे सचिन तेंदुलकर का घरेलू मैदान माना जाता है. सेमीफ़ाइनल देखने के लिए सचिन ख़ुद भी स्टेडियम में मौजूद हैं.
विराट कोहली के पिच पर आते ही पूरा स्टेडियम 'कोहली-कोहली' के नारों से गूंजने लगा और जब उन्होंने शतक पूरा किया तो फैन्स का जोश लगभग बेकाबू सा हो गया.
विराट कोहली ने न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों की ख़बर लेते हुए पूरी पारी में दबदबा बनाए रखा. विराट कोहली जब क्रीज़ पर आए थे तब न्यूज़ीलैंड ने उनके ख़िलाफ़ एलबीडब्लू की ज़ोरदार अपील की थी लेकिन रिव्यू से जाहिर हुआ कि गेंद उनके बल्ले से लगकर पैड पर लगी थी. इसके बाद विराट कोहली ने विरोधियों को कोई मौका नहीं दिया.
उन्होंने 59 गेंदों में हाफ सेंचुरी पूरी की. 50 रन के पार निकलने के बाद वो और आसानी से रन जुटाने लगे.
विराट कोहली ने 106 गेंद में शतक पूरा किया.
एक वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा रन
इसी दौरान उन्होंने किसी एक वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा रन बनाने के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया.
सचिन ने 2003 के वर्ल्ड कप में 673 रन बनाए थे. विराट कोहली के नाम अब तक 711 रन हो चुके हैं.
शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट, क्या मैच में फिर मिलेगा बल्लेबाज़ी का मौका?
वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ शानदार शुरुआत करने वाले भारतीय बल्लेबाज़ शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौट गए हैं.
उनकी जगह श्रेयस अय्यर बल्लेबाज़ी के लिए आए.
बताया जा रहा है कि शुभमन गिल क्रैम्प की वजह से मैदान से लौटे. गिल ने 65 गेंदों पर 79 रन बनाए हैं.
आईसीसी के नियमों के अनुसार, बल्लेबाज़ पारी के दौरान अम्पायर को कारण बताकर कभी भी रिटायर हो सकते हैं और दोबारा पारी की शुरुआत भी कर सकते हैं.
हालांकि, उसके लिए कुछ तय नियम हैं.
अगर बल्लेबाज़ किसी बीमारी, चोट या किसी भी अपरिहार्य वजहों से रिटायर होता है तो उसे अपनी पारी दोबारा शुरू करने का अधिकार है.
अगर बल्लेबाज़ पारी शुरू नहीं कर पाता तो उसे 'रिटायर्ड-नॉट आउट' माना जाएगा.
अगर बल्लेबाज़ ऊपर दिए गए कारणों के अलावा किसी वजह से रिटायर होगा, तो वह विपक्षी टीम के कप्तान की सहमति से ही अपनी पारी दोबारा शुरू कर सकता है.
अगर वह पारी शुरू नहीं करता है तो उसे 'रिटायर्ड आउट' माना जाएगा.