इसराइल-हमास संघर्ष: अल-शिफ़ा अस्पताल से बाहर निकलने वालों पर चली गोलियां
ग़ज़ा पट्टी में इसराइली सेना और हमास के बीच संघर्ष का केंद्र बने अल-शिफ़ा अस्पताल में हालात लगातार ख़राब होते जा रहे हैं.
लाइव कवरेज
चंदन शर्मा and अनंत प्रकाश
इसराइल-हमास संघर्ष: अल-शिफ़ा अस्पताल से बाहर निकलने वालों पर चली गोलियां

इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अल-शिफ़ा अस्पताल ग़ज़ा पट्टी में इसराइली सेना और हमास के बीच संघर्ष का केंद्र बने अल-शिफ़ा अस्पताल में हालात लगातार ख़राब होते जा रहे हैं.
बीबीसी संवाददाता रुश्दी अबुलॉफ को मिली जानकारी के मुताबिक़, बीते 48 घंटों में किसी को अस्पताल के अंदर जाने या बाहर आने नहीं दिया गया है.
इस क्षेत्र में मौजूद चुनिंदा पत्रकारों में से एक इस सूत्र ने ये भी बताया है कि कल लोगों ने अल-शिफ़ा अस्पताल से बाहर निकलने की कोशिश की थी लेकिन उनकी टांगों पर गोलियां चलाई गईं.
इसके बाद घायल अवस्था में उन्हें दो घंटे तक सड़क पर पड़े रहने दिया गया और मेडिकल टीम को अपनी जान दांव पर रखकर इन लोगों को अस्पताल के अंदर लाना पड़ा.
बीबीसी इस अस्पताल के अंदर जाकर इसकी पुष्टि नहीं कर सकी है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में भीषण गोलीबारी जारी है.
वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि ग़ज़ा के 60 फीसद से ज़्यादा अस्पतालों में कामकाज ठप हो गया है. और इसकी वजह ईंधन, हमले, असुरक्षा और नुकसान बताई जा रही है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ये भी कहा कि 36 में 22 अस्पतालों में काम बंद हो गया है और शेष बचे 14 अस्पतालों में भी मरीजों का इलाज करने के लिए ज़रूरी चीजें कम होती जा रही हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से तुरंत संघर्ष विराम की अपील की गई है.
एल्विश यादव मामले में नोएडा पुलिस ने दी नयी जानकारी

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राजस्थान में पुलिस की ओर से रोके गए एल्विश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस ने मंगलवार को एल्विश यादव से जुड़े स्नेक वैनम केस में नयी जानकारी दी है.
नोएडा पुलिस के एडीसीपी शक्ति अवस्थी ने बताया है, "इस मामले में पुलिस को पांचों अभियुक्तों की रिमांड मिली थी जो अब ख़त्म हो गयी है."
इस मामले में एल्विश यादव के ख़िलाफ़ भी एफ़आईआर दर्ज की गई है. पिछले दिनों पुलिस ने एल्विश यादव से पूछताछ भी की है.
लेकिन अब तक एल्विश यादव को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
एडीसीपी अवस्थी ने इस मामले में राहुल यादव को मुख्य अभियुक्त बताया है.
उन्होंने कहा, "इस मामले में लगातार सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि विधिक कार्यवाही पूरी की जा सके. पुलिस की ओर से एक बार फिर राहुल यादव की रिमांड मांगी गयी है क्योंकि वही इस मामले में मुख्य अभियुक्त हैं."
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
पुलिस ने बताया है कि 54 घंटों की रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में हमें लगा कि राहुल से और पूछताछ करने पर नयी जानकारियां सामने आ सकती हैं. इसी लिहाज़ से पुलिस ने एक बार फिर राहुल यादव की रिमांड मांगी है.
राहुल यादव को एल्विश यादव का मैनेजर बताया जाता है.
इस मामले में पुलिस को एक डायरी भी मिली है जिसे केस के लिहाज़ से काफ़ी अहम माना जा रहा है.
हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले पर टिप्पणी देने में बेहद सावधानी बरत रही है.
एडीसीपी अवस्थी ने डायरी का ज़िक्र करते हुए कहा है कि एक डायरी मिली है जिसकी भी जांच की जा रही है.
इसराइल हमास युद्ध: पेरिस और लंदन की सड़कों पर फ़लस्तीनियों के समर्थन में उतरे लोग
ऐश्वर्या राय पर अब्दुल रज्जाक़ क्या बोले कि शोएब अख़्तर को गुस्सा आया

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी अब्दुल रज़्ज़ाक़ पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय अभिनेत्री ऐश्वर्या राय पर एक ऐसी टिप्पणी की है जिस पर विवाद खड़ा हो गया है.
अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने क्रिकेट से जुड़े एक कार्यक्रम में पाकिस्तानी क्रिकेट में बेहतरी आने से जुड़े विषय पर ऐश्वर्या राय का ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, "हमारी नियत है नहीं कि किसी चीज़ को बेहतर बनाया जाए. खिलाड़ियों को बेहतर बनाया जाए. अगर आपकी सोच ये है कि मैं ऐश्वर्या से शादी करूं तो वहां से एक बड़ा नेक - परहेज़दार बच्चा पैदा हो तो ये कभी नहीं हो सकता. आपको पहले अपनी नीयत ठीक करनी पड़ेगी."
इस मामले में अब्दुल रज़्ज़ाक को भारत से लेकर पाकिस्तान में आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.
रज़्ज़ाक ने जिस कार्यक्रम के दौरान ये टिप्पणी की है, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इस वीडियो में उनके बगल में बैठे शाहिद अफ़रीदी और उमर गुल रज़्ज़ाक की इस टिप्पणी पर तालियां बजाते दिख रहे हैं.
बाद में शाहिद अफ़रीदी ने पाकिस्तान के एक टीवी चैनल से बताया कि उन्हें शुरू में समझ ही नहीं आया कि रज़्ज़ाक़ क्या कह रहे हैं.
अफ़रीदी ने कहा, "मुझे समझ नहीं आई, मैं यूं ही हंस दिया. मैं जब घर आया तो लोगों ने ये क्लिप शेयर की तो मुझे पता चला कि आख़िर उसने कहा क्या है. तब मुझे बड़ा अजीब लगा. अब मैं उन्हें कहूँगा कि वो सॉरी मांगे."
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज़ रहे शोएब अख़्तर ने ट्वीट करके इस टिप्पणी की निंदा की है.
भारतीय खिलाड़ी रहे आकाश चोपड़ा ने शोएब अख़्तर की ओर से किए गए इस ट्वीट की सराहना करते हुए लिखा है - अच्छी गेंदबाजी.
सलमान ख़ान की टाइगर 3 ने दूसरे दिन ही 100 करोड़ का आंकड़ा पूरा किया

इमेज स्रोत, Instagram/yrf
इमेज कैप्शन, बॉलीवुड अभिनेता सलमान ख़ान की फ़िल्म टाइगर 3 का पोस्टर बॉलीवुड अभिनेता सलमान ख़ान की फ़िल्म टाइगर 3 ने रिलीज़ के दूसरे दिन ही 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है.
फ़िल्मों के व्यापार पर नज़र रखने वाले विश्लेषक तरन आदर्श ने ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी है.
उन्होंने लिखा है, "टाइगर 3 ने दूसरे दिन ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. साल 2023 में दूसरे दिन ही 100 करोड़ रुपये की कमाई पूरी करने वाली ये तीसरी फ़िल्म हिंदी फ़िल्म है. इससे पहले जनवरी में पठान ने और सितंबर में जवान ने दो दिन के अंदर 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था."
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
वर्ल्ड कप का पहला सेमीफ़ाइनल: रोहित शर्मा बोले- ‘जानते हैं क्या हैं न्यूज़ीलैंड की कमज़ोरी’

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल के पहले कहा है कि उनकी टीम को न्यूज़ीलैंड की ताक़त और कमज़ोरियों की जानकारी है.
सेमीफ़ाइनल में भारत का मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड के साथ है. भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं हारी है और लीग राउंड में इसने न्यूज़ीलैंड को चार विकेट से हराया था.
धर्मशाला में खेले गए उस मैच में न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन चोटिल होने की वजह से नहीं खेले थे. विलियमसन मुंबई में होने वाले सेमीफ़ाइनल में खेलेंगे और उन्होंने है कि दोनों ही टीमों के पास ‘बराबरी के मौके होंगे.’
वहीं, न्यूज़ीलैंड को ‘सबसे अनुशासित टीम’ बताते हुए रोहित शर्मा ने कहा, “वो बहुत स्मार्ट तरीके से खेलते हैं. वो हमारे कई खिलाड़ियों के साथ खेले हैं. वो हमारी मानसिकता को समझते हैं.”
रोहित शर्मा ने कहा, “हम भी जानते हैं कि वो कैसे खेलते हैं. हमें पता है कि उनकी ताक़त क्या है और कमज़ोरी क्या है.”

इमेज स्रोत, Getty Images
कितना परेशान करती है 2019 की हार?
न्यूज़ीलैंड ने साल 2019 के वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में भारत को हराया था.
क्या भारतीय टीम के खिलाड़ी पुराने प्रदर्शन पर गौर करते हैं, इस सवाल पर रोहित शर्मा ने कहा, “ इस टीम की ये खूबी है कि जब हमने (1983 में) पहला वर्ल्ड कप जीता तो टीम के आधे खिलाड़ी पैदा नहीं हुए थे और जब (2011 में) दूसरा वर्ल्ड कप जीता तो इनमें से आधे खेल नहीं रहे थे.”
भारतीय कप्तान ने कहा, “ मैं उन्हें पिछले मैचों के बारे में बात करते नहीं देखता. मैं उन्हें आज की बात करते देखता हूं कि वो ख़ुद को कैसे बेहतर बना सकते हैं.”
रोहित शर्मा ने ये भी कहा कि सेमीफ़ाइनल ही नहीं भारतीय टीम जो भी मैच खेलती है, उस पर उम्मीदों का दवाब होता है लेकिन खिलाड़ी उसका मुक़ाबला करना जानते हैं.
भारतीय टीम लीग राउंड में बाकी टीमों पर भारी रही लेकिन सेमीफ़ाइनल में हारने वाली टीम के पास वापसी का मौका नहीं होगा. रोहित शर्मा और उनके खिलाड़ी भी इससे वाकिफ हैं.
रोहित शर्मा ने कहा, “हमें इस हफ़्ते की अहमियत पता है. (वर्ल्ड कप में अब तक) हम जो कुछ करते आ रहे हैं, हमें उससे कुछ अलग करने की ज़रूरत नहीं है.”
ग़ज़ा के अल-शिफ़ा अस्पताल में सामूहिक क़ब्र तैयार, 'दिन भर' सुनिए मोहम्मद शाहिद और सुमिरन प्रीत कौर से
छोड़िए YouTube पोस्टGoogle YouTube सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल- भारत बनाम न्यूज़ीलैंड: कैसी है वानखेड़े स्टेडियम की पिच?
....में - Author, नितिन श्रीवास्तव, बीबीसी संवाददाता

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच कल (बुधवार को) वर्ल्ड कप 2023 का पहला सेमीफ़ाइनल खेला जाएगा.
भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप में अब तक कोई मैच नहीं गंवाया है और उसे फेवरिट माना जा रहा है लेकिन न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा है कि दोनों टीमों के पास ‘बराबर के मौके होंगे.’
जीत हार के दावों के बीच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम की पिच को लेकर भी चर्चा हो रही है.
भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप में यहां श्रीलंका के ख़िलाफ़ बड़ी जीत हासिल की थी. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आठ विकेट पर 357 रन बनाए थे और जवाब में श्रीलंका टीम सिर्फ़ 55 रन पर आउट हो गई थी.
भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच और मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट लिए थे.
बुधवार के मैच में इस्तेमाल होने वाली पिच को अंतिम रूप दे दिया गया है. ये पिच देखकर बल्लेबाज़ यकीनन खुश होंगे.
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
टॉस का रोल होगा अहम
ये पिच बल्लेबाज़ों के माकूल दिखाई देती है. लेकिन सूरज ढलने और लाइट जलने के बाद यहां सीम गेंदबाज़ों को मदद मिल सकती है.
श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच के दौरान भारत के तेज़ गेंदबाज़ों ने लाइट जलने के बाद क़हर ढा दिया था.
यहां ओस भी असर डाल सकती है. ऐसे में टॉस की भूमिका अहम हो जाती है. श्रीलंका की टीम भारत के ख़िलाफ़ मैच में पिच और माहौल को पढ़ने में नाकाम रही थी. श्रीलंका के टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी थी और ये फ़ैसला उनके ख़िलाफ़ गया था.
बिहार के मंत्री ने जमुई में दरोगा कुचलकर मारे जाने को बताया 'सामान्य घटना'

इमेज स्रोत, Twitter/ProfShekharRJD
इमेज कैप्शन, बिहार के शिक्षा मंत्री एवं राजद नेता चंद्रशेखर बिहार के शिक्षा मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल नेता चंद्रशेखर ने मंगलवार को जमुई में बालू माफ़िया की ओर से एक दरोगा को कुचले जाने की घटना को 'सामान्य' बताया है.
जमुई पुलिस के मुताबिक़, गरही थाना से जुड़े दरोगा प्रभात रंजन मंगलवार को 'बालू के अवैध खनन के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने' गए थे. लेकिन उनकी हत्या करने के इरादे से उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया. इस हमले में उनकी मौत हो गयी. इसके साथ ही एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुआ.
इसी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर ने कहा, "ये नयी घटना है? पहली बार हुई है? इससे पहले कभी नहीं हुई है? उत्तर प्रदेश में नहीं होता, मध्य प्रदेश में नहीं होता. ये घटना एक अपराध है. अपराधी हैं. ये तो इस तरह की घटनाएं होती रही हैं."
इसके बाद उन्होंने कहा कि "ये घटनाएं समय समय पर होती हैं. अपराधियों को मुंह तोड़ जवाब दिया जाता है. अपराधी कितनी देर बच पाते हैं."
उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. लोग इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठा रहे हैं.
इसराइल-हमास संघर्ष: वेस्ट बैंक में हिंसक संघर्ष, अब तक सात की मौत
....में - Author, जोएल गुंटर
- पदनाम, बीबीसी न्यूज़, यरूशलम से

इमेज स्रोत, Reuters
इसराइली नियंत्रण वाले फ़लस्तीनी क्षेत्र वेस्ट बैंक में आज सुबह आम फ़लस्तीनियों और इसराइली सैनिकों के बीच छिड़े संघर्ष में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है. ये संघर्ष वेस्ट बैंक के तुलकरेम शरणार्थी शिविर में हो रहा है.
स्थानीय अस्पताल थाबेट-थाबेट हॉस्पिटल में सर्जन डॉ अमीन खादेर ने कहा है कि तीन लोगों की मौत गोला-बारूद से हुई है. वहीं, चार लोगों की मौत धमाकों से निकले छर्रों से हुई है.
उन्होंने कहा है कि इस मामले में अब तक 12 लोग घायल हुए हैं जिनमें से चार लोग गंभीर रूप से जख़्मी हैं. कुछ लोगों का अभी भी इलाज जारी है.
इसराइल ने इन हिंसक झड़पों पर बयान जारी किया है. इसमें इसराइल ने कहा है कि उसके सुरक्षाकर्मियों पर गोलियां चलाई गईं जिसके जवाब में उन्होंने भी गोलियां चलाईं और कई फ़लस्तीनी बंदूकधारी मारे गए.
मौके पर मौजूद एक स्थानीय पत्रकार ने बताया है कि थाबेट-थाबेट अस्पताल से कुछ 100 मीटर दूर ही हिंसक झड़पें जारी हैं
उन्होंने कहा, “मैं अभी भी गोलियों और धमाकों की आवाज़ें सुन सकता हूं. मुझे नहीं पता कि ये इसराइली हैं या फ़लस्तीनी हैं. यहां पर हल्के हथियारों से गोलीबारी काफ़ी हो रही है.”
उन्होंने कहा कि इसराइली सेना ने इस क्षेत्र में सड़कें और इमारतें तबाह कर दी है और वे यहां बख्तरबंद वाहनों के साथ मौजूद हैं.
आज सुबह स्थानीय फ़लस्तीनियों की ओर से शेयर किए गए वीडियोज़ में इसराइली बुलडोज़र सड़कें उखाड़ते दिख रहे हैं.
फ़लस्तीनी अथॉरिटी के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, सात अक्टूबर के बाद से अब तक वेस्ट बैंक में कम से कम 180 फ़लस्तीनी लोग मारे जा चुके हैं.
सचिन तेंदुलकर ने बताया, बचपन में थे कितने शरारती, दोस्तों के साथ मिलकर ऐसा करते थे...

इमेज स्रोत, Getty Images
क्रिकेट के महानतम बल्लेबाज़ों में गिने जाने वाले भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने बाल दिवस के मौके पर अपने बचपन की यादों को साझा किया है.
उन्होंने बताया है कि वह अपने दोस्तों के साथ किस तरह की शरारतें करते थे.
उन्होंने कहा, "थोड़ी बहुत शरारत के बिना बचपन अधूरा होता है. जब मैं छोटा था तो मैं और मेरे दोस्त गाड़ियों के टायर पंक्चर कर देते थे और हम चारों टायर पंक्चर करके ही दम लेते थे. आप भी यादें ताज़ा करते हुए अपने बचपन की कोई सबसे शरारती बात बताइए, तब तक मैं अपनी कार के टायर देखकर आता हूं."

ब्रेकिंग न्यूज़, भारत के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल के पहले न्यूज़ीलैंड के कप्तान की चेतावनी, “मुंबई में कुछ भी हो सकता है”

इमेज स्रोत, Getty Images
वर्ल्ड कप के पहले सेमीफ़ाइनल से पहले न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने भारतीय टीम को आगाह किया है कि मुंबई में ‘कुछ भी हो सकता है.’
दोनों टीमें कल (बुधवार को) मुंबई में भिड़ेंगी. भारतीय टीम वर्ल्ड कप 2023 में अब तक अजेय है और लीग राउंड में इसने न्यूज़ीलैंड को भी मात दी थी.
उस मैच में केन विलियमसन नहीं खेले थे. तब वो चोट की वजह से प्लेइंग इलेवन से बाहर थे.
मैच के पहले मीडिया से बात करते हुए केन विलियमसन ने कहा, “अगर हम अपनी क्षमता से खेले तो कुछ भी हो सकता है.”
आईसीसी के टूर्नामेंट में न्यूज़ीलैंड का भारत का ख़िलाफ़ रिकॉर्ड अच्छा है. साल 2019 के वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड की टीम भारत पर भारी पड़ी थी.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में भी न्यूज़ीलैंड ने भारत को हराया था.
न्यूज़ीलैंड के कप्तान ने कहा कि वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन ख़ास रहा है लेकिन सेमीफ़ाइनल में दोनों टीमों के पास बराबर के मौके होंगे.
उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि अगर दिन हमारा हो और हम बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे होते हैं तब हमारे पास सबसे अच्छा मौका होता है.”
मुंबई में होने वाले सेमीफ़ाइनल के सारे टिकट बुक हो चुके हैं और ज़्यादातर दर्शक भारतीय टीम का हौसला बढ़ा रहे होंगे.
इस स्थिति को लेकर विलियमसन ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सेमीफ़ाइनल में पूरा स्टेडियम नीला (भारतीय जर्सी के रंग का) होगा. हमारी टीम के खिलाड़ी के पास हर परिस्थिति में खेलने का अनुभव है. जब आपको ऐसे माहौल में खेलने का मौका मिलता है तो ये ख़ास होता है."
अदानी के सलाहकार को पर्यावरण मंत्रालय के पैनल में जगह, विपक्षी दलों ने ये कहा

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी अदानी समूह की कंपनी अदानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड से जुड़े जनार्दन चौधरी को पर्यावरण मंत्रालय के पैनल में शामिल किए जाने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है.
विपक्षी दलों ने इसे हितों के टकराव का मामला बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है.
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने हाइड्रो-इलेक्ट्रिसिटी और रिवर वैली प्रोजेक्ट्स के लिए अपनी विशेषज्ञ समिति में अदानी समूह से जुड़े जनार्दन चौधरी को शामिल किया है.
चौधरी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया है कि उन्होंने बीती 17 अक्टूबर को हुई मीटिंग में हिस्सा लिया था. लेकिन अदानी समूह के तराली प्रोजेक्ट के लिए किए गए सेशन से खुद को अलग रखा था.
वह एजीइएल के लिए एक सलाहकार के रूप में काम करते हैं. लेकिन उन्हें कंपनी की ओर से तनख़्वाह नहीं मिलती है.
चौधरी पिछले 36 सालों से एनएचपीसी में कार्यरत थे. और साल 2020 के मार्च महीने में डायरेक्टर (टेक्निकल) के पद से रिटायर हुए थे.
इसके बाद साल 2022 के अप्रैल महीने में उन्होंने एजीइएल में सलाहकार के पद पर काम करना शुरू किया था.
उन्होंने कहा है कि उन्होंने पर्यावरण मंत्रालय को अदानी समूह के साथ अपने संबंध के बारे में पहले ही बता दिया था.
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इस मामले पर टिप्पणी करते हुए हितों के टकराव का मुद्दा उठाया है.
उन्होंने लिखा, "जनार्दन चौधरी से मिलिए, वह अदानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में एक अहम सलाहकार हैं. केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटी एवं रिवर वैली प्रोजेक्ट के लिए अपनी विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति में सात ग़ैर-संस्थागत सदस्यों में जनार्दन चौधरी को शामिल किया गया है."
"आपको क्या लगता है कि पहली मीटिंग में किस मुद्दे पर चर्चा हुई. जी हां, सतारा में स्थित एजीईएल का 1500 मेगावॉट वाला तराली पंपिंग स्टोरेज़. और सुझाव एजीईएल के पक्ष में आया. प्लीज़ हितों के टकराव की बात मत करिएगा. ये दूसरों पर लागू होता है, फ्रैंड्स विद बेनिफिट्स पर नहीं."
ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइली सेना ने की 19 साल की महिला बंधक की मौत की पुष्टि

इमेज स्रोत, IDF
इसराइल की सेना ने 19 साल की नोआ मारिसिआनो की मौत की पुष्टि की है. नोआ को हमास के लड़ाकों ने सात अक्टूबर को बंधक बना लिया था.
हमास ने इसी दिन इसराइल पर हमला किया था और इसके लड़ाके 200 से ज़्यादा लोगों को अपने साथ बंधक बनाकर ले गए थे.
इसराइल की सेना ने उन्हें ‘मारी गईं सैनिक’ बताया है लेकिन उनकी मौत की वजह नहीं बताई है.
इसके पहले नोआ का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो अपनी पहचान बताती दिख रही हैं और ये बता रही हैं कि उन्हें चार दिन से पकड़कर रखा गया है.
इसके बाद वीडियो में ग्राफिक्स इमेज दिखती हैं. जिन्हें देखकर लगता है कि उनका शव दिखाने का प्रयास किया गया है.
ये माना जा रहा है कि वीडियो में कहे गए शब्द उनके नहीं हैं. बंधकों से जुड़े ज़्यादा वीडियो को लेकर ऐसा ही अनुमान जाहिर किया जाता है.
हमास ने दावा किया है कि नोआ की मौत इसराइल के हवाई हमले में हुई है.
ग़ज़ा संघर्ष: अमेरिका- ब्रिटेन की अपील के बीच इसराइल का हमास पर ये आरोप

इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock
अमेरिका और ब्रिटेन की ओर से ग़ज़ा में नागरिक अधिकारों को लेकर दिए गए सुझावों के बीच इसराइल ने दावा किया है कि हमास ने अल शिफ़ा अस्पताल का 'संकट दुष्प्रचार के लिए खड़ा किया है.'
अमेरिका और दूसरे पश्चिमी देशों ने सात अक्टूबर को हुए हमास के हमले के बाद इसराइल के साथ समर्थन का एलान किया था.
इन देशों ने ग़ज़ा पर इसराइल की जवाबी कार्रवाई के दौरान भी अपना समर्थन बरकरार रखा.
लेकिन हाल में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ब्रितानी प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने फ़लस्तीनी अस्पतालों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवाज़ उठाई है.
अमेरिका में राष्ट्रपति बाइडन ने मीडिया से कहा है कि उन्हें अल-शिफ़ा अस्पताल के पास इस तरह की आक्रामकता की उम्मीद नहीं थी. अल-शिफ़ा ग़ज़ा सिटी का सबसे बड़ा अस्पताल है.
उन्होंने मानवीय आधार पर इस संघर्ष पर अस्थाई विराम लगाने की अपील की है ताकि अस्पताल के अंदर फंसे लोग निकल सकें.
उधर, इसराइली सरकार का दावा है कि हमास ने 'अल-शिफ़ा अस्पताल से जुड़े संकट को प्रोपेगेंडा के लिए पैदा किया है.'
बीबीसी इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने में सक्षम नहीं हुई है.
ब्रितानी प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी बीती रात इस बारे में बात करते हुए कहा कि ग़ज़ा में बहुत सारे लोगों की मौत हो रही है.
उन्होंने भी इस संघर्ष को विराम देने की अपील की है.
हालांकि, अमेरिका और ब्रिटेन ने पूर्ण संघर्ष विराम की अपील नहीं की है जबकि फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की ओर से इस बारे में दबाव बनाया जा रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर प्रदेश: ग़ाजियाबाद में पटाखे से घायल युवक की मौत, एक गिरफ़्तार
....में - Author, दिलनवाज़ पाशा
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता

इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद में दिवाली के दिन पटाखे से घायल हुए एक युवक की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया है.
ट्रांस हिंडन पुलिस के मुताबिक़ झंडापुर थाना क्षेत्र में कुछ युवक पाइप से पटाखा फोड़ रहे थे. इस दौरान अफजल नाम का युवक घायल हो गया.
पुलिस ने बताया है कि 'कुछ युवक पाइप वाला पटाखा फोड़ रहे थे, इस दौरान अफजल नाम का एक युवक शरीर के पीछे की तरफ पटाखा लगने से घायल हो गया. पैर में पीछे की तरफ उसकी नस फट गई और रक्तस्त्राव होने लगा. घायल अवस्था में युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.'
पुलिस ने इस घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया है और पटाखा फोड़ने वाले अभियुक्त को गिरफ़्तार किया है.
ट्रांस हिंडन के डीसीपी शुभम पटेल ने बीबीसी को बताया है, "अभियुक्त के ख़िलाफ़ धारा आईपीसी 304 यानी गैर इरादतन हत्या का मुक़दमा दर्ज किया गया है."
डीसीपी के मुताबिक़ अभियुक्त प्रदीप और मृतक अफजल एक दूसरे को जानते थे और पाइप में विस्फोटक रखकर फोड़ने के दौरान ये घटना हुई.
वर्ल्ड कप: भारत-न्यूज़ीलैंड सेमीफ़ाइनल के पहले टिकटों की कालाबाज़ारी, दो टिकटों के साथ एक गिरफ़्तार

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय टीम कल (बुधवार को) मुंबई में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ वर्ल्ड कप 2023 का पहला सेमीफ़ाइनल खेलेगी.
भारतीय टीम ने लीग राउंड के सारे मैच जीतकर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई है.
दमदार प्रदर्शन और खिलाड़ियों की फ़ॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम को ख़िताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
इस वजह से सेमीफ़ाइनल मैच के टिकटों की मांग बढ़ गई है और टिकटों की कालाबाज़ारी की रिपोर्टें भी सामने आई हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग के एक केस की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है.
गिरफ़्तार व्यक्ति के पास दो कॉम्पिलीमेंट्री टिकट बरामद की गईं हैं जिनमें हर टिकट की कीमत 1.2 लाख बताई गई है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये टिकट वीआईपी लोगों के लिए हैं.
पुलिस ने इसके पहले टिकटों की ब्लैक-मार्केटिंग के आरोप में इवेंट मैनेजर आकाश कोठारी को गिरफ़्तार किया.
पुलिस का आरोप है कि वो चार से पांच गुना कीमत पर टिकट बेच रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच के दौरान इस व्यक्ति के बारे में जानकारी हुई. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है.
ग़ज़ा के अल शिफ़ा अस्पताल को घेरे हुए हैं टैंक, अंदर मौजूद व्यक्ति ने बताया आंखों देखा हाल
....में - Author, रश्दी अबु ओलॉफ़
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, गज़ा

इमेज स्रोत, Getty Images
बीते आधे घंटे के दौरान मैंने अल-शिफ़ा अस्पताल के अंदर मौजूद एक व्यक्ति को फ़ोन किया.
उन्होंने बताया कि अस्पताल के अंदर तनाव की स्थिति जस की तस है. उनके मुताबिक बीती रात कुछ धमाकों और गोलीबारी की आवाज़ सुनाई दी.
उन्होंने मुझे बताया कि टैंकों ने सभी दिशाओं से अस्पतालों को घेरा हुआ है. अस्पताल के अंदर और बाहर आना जाना मुमकिन नहीं है.
अस्पताल में मौजूद व्यक्ति ने बताया कि अस्पताल के अंदर भी एक इमारत से दूसरी इमारत तक जाने में बड़ा ख़तरा है.
उन्होंने बताया कि अस्पताल में बिजली, पानी और पर्याप्त दवाएं नहीं हैं. इसकी वजह से लोगों की मौत हुई है.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के एक वरिष्ठ सलाहकार मार्क रेगेव ने सोमवार को बताया था कि इसराइली सेना ने अल शिफ़ा अस्पताल में रविवार को 300 लीटर तेल पहुंचाने का प्रयास किया था लेकिन हमास ने इसे लेने से इनकार कर दिया.
हमास ने इस दावे को ख़ारिज किया है.
अस्पताल के अंदर मौजूद मेरे संपर्क के व्यक्ति ने कहा कि अगर तेल मिल भी जाता तो ये सिर्फ़ आधा घंटा ही चलता.
उन्होंने बताया कि हर दिन अस्पताल में कम से कम 10 हज़ार लीटर तेल की ज़रूरत होती है.
इसराइल का आरोप है कि अस्पताल के नीचे हमास का कमान ऑफ़िस है लेकिन हमास इसे ख़ारिज करता रहा है.
मैं ख़ुद सैंकड़ों बार अस्पताल के अंदर गया हूं. मैं वहीं पैदा हुआ था. मेरा बेटा वहीं पैदा हुआ. मेरी मां की ज़िंदगी के आखिरी दो महीनों में मैं कई बार वहां गया. वो किडनी डायलिसिस सेंटर में थीं और मैं उन्हें रोज़ मिलने जाता था.
इस बात की पुष्टि करना मुश्किल है कि अस्पताल के नीचे क्या है?
मैंने अपनी आंखों से अस्पताल की इमारत के नीचे कोई सैन्य क्षमता नहीं देखी है.
...जब एक कुत्ते की वजह से गोवा एयरपोर्ट पर नहीं उतर पाया विमान, बेंगलुरू लौटा

इमेज स्रोत, Getty Images
गोवा के डैबोलिम एयरपोर्ट पर एक अज़ब घटना हुई. यहां रनवे पर मौजूद एक कुत्ते की वजह से विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी और उसे बेंगलुरू लौटना पडा.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ये विमान 'विस्तारा' का था.
पीटीआई ने मंगलवार को एक सीनियर अधिकारी के हवाले से बताया है कि विमान की लैंडिंग के पहले एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर ने रनवे पर एक आवारा कुत्ते को देखा.
अधिकारी ने बताया कि पायलट से कहा गया कि वो कुछ देर विमान को हवा में ही रखे लेकिन उन्होंने बेंगलुरू लौटना बेहतर समझा.
अधिकारी के मुताबिक ये घटना सोमवार की है. गोवा का ये हवाई अड्डा नौसेना के आईएनएस हंस बेस का हिस्सा है.
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि फ्लाइट संख्या यूके 881 ने बेंगलुरू से दोपहर 12.55 पर उड़ान भरी थी और ये तीन बजकर पांच मिनट पर वापस लौटी.
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
विस्तारा ने क्या बताया
विस्तारा ने भी इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दी है.
विस्तारा एयरलाइन्स ने बताया है, "फ्लाइट यूके 881 जिसे बेंगलुरू डाइवर्ट किया गया था, 16:55 बजे बेंगलुरू से रवाना हो चुकी है और इसके 18:15 बजे गोवा पहुंचने की उम्मीद है "
गोवा के अधिकारियों ने बताया कि हवाई पट्टी पर कुत्ते के आने की घटना शायद ही कभी होती है. इसके तुरंत बाद ग्राउंड स्टाफ़ ने रनवे को क्लियर कर दिया.
