रूस ने पनडुब्बी से परमाणु मिसाइल परीक्षण का दावा किया, यूक्रेन ने उठाये सवाल
रूस की सरकारी न्यूज़ एजेंसीज़ के मुताबिक़ रूस की एक नई परमाणु शक्ति संचालित पनडुब्बी से बुलावा अंतरमहादेशीय बैलिस्टिक मिसाइल का कामयाब परीक्षण किया गया है.
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों का हवाला देते हुए समाचार एजेंसियों ने बताया है कि मिसाइल को व्हाइट सी में सक्रिय एंपरर एलेक्ज़ेंडर तृतीय नाम की पनडुब्बी से लांच किया गया. अधिकारियों के मुताबिक़ ये इस मिसाइल के परीक्षणों का अंतिम चरण है. ये अंतरमहादेशीय मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि व्हाइट सी की एक गुप्त लोकेशन से समंदर के भीतर से पनडुब्बी ने इस मिसाइल को लांच किया. रक्षा मंत्रालय ने इस परीक्षण को कामयाब बताया है वहीं यूक्रेन का दावा है कि ये परीक्षण नाकाम रहा है. रूस और यूक्रेन के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती है.
बीते सप्ताह ही राष्ट्रपति पुतिन ने रूस को सीटीबीटी (व्यापक परमाणु परीक्षण प्रतिबंध संधि) से अलग कर लिया था. इसे लेकर पुतिन की तीखी आलोचना भी हुई है. 1996 का सीटीबीटी समझौता सभी तरह के परमाणु धमाकों, जिनमें लाइव टेस्ट भी शामिल हैं, पर रोक लगाता है.
हालांकि ये समझौता पूरी तरह से कभी लागू नहीं हो सका क्योंकि अमेरिका और चीन जैसे महत्वपूर्ण देशों ने इसे कभी इसकी पुष्टि नहीं की.