You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने बताया ‘युद्ध अपराधी’, इसराइल ने वापस बुलाए राजदूत

तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने शनिवार को इसराइल को 'युद्ध अपराधी' क़रार दिया, जिसके जवाब में इसराइल ने तुर्की से अपने राजनयिकों को वापस बुला लिया है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and संदीप राय

  1. प्रियंका गांधी से सीएम शिवराज सिंह ने पूछे सवाल, कहा- झूठ की दुकान सज रही है

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका का आज, 28 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के दमोह में चुनावी दौरा है.

    इस दौरे से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई सवाल उठाए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश में कांग्रेस की झूठ की दुकान सज रही है. आज फिर प्रियंका जी आ रही हैं. मैं सबसे पहले तो उनसे यह पूछना चाहता हूं कि भगवान राम और भगवान राम के मंदिर से आपको तकलीफ क्या है."

    "कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि भगवान राम मंदिर के होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, उन्हें निकाला जाए. भगवान महाकाल महालोक के चित्र लगे हैं, उन्हें निकालो."

    "भगवान राम तो रोम रोम में बसे हैं. राम इस देश के जन-जन की सांस में बसे हैं. कभी आप राम को काल्पनिक बताते थे, जो करोड़ों- करोड़ों के आराध्य हैं. भगवान राम के बिना इस देश का काम नहीं चल सकता."

    "कभी कहते थे, मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे. अब तो तारीख पता है, 22 जनवरी. भव्य और दिव्य राम मंदिर बनकर तैयार है और प्रधानमंत्री जी के हाथों प्राण प्रतिष्ठा होगी. महाकाल महालोक बना. आपने झूठे आरोप लगा दिए, आखिर महाकाल महालोक से चिढ़ क्या है आपको और अब होर्डिंग उतरवाने की बात करते हैं."

    मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए एक फेज में 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 3 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी.

    चुनाव आयोग के मुताबिक प्रदेश के कुल 5.6 करोड़ मतदाताओं में 2.88 करोड़ पुरुष और 2.72 करोड़ महिला मतदाता हैं.

  2. इसराइल का दावा, हमास के हवाई हमलों का नेतृत्व करने वाले कमांडर की मौत

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने हमास के हवाई हमलों का नेतृत्व करने वाले कमांडर को मार दिया है.

    इसराइल का कहना है कि इस कमांडर ने 7 अक्टूबर को हमला करने वालों को निर्देश दिया था. इसी कमांडर के निर्देश पर हमास के पैरा ग्लाइडर इसराइल में घुसे थे.

    इसराइली सेना की चौकियों पर ड्रोन हमले में भी इसी कमांडर का हाथ बताया जा रहा है.

    इसराइल डिफेंस फोर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''पिछली रात चली लड़ाई के दौरान आईडीएफ के लड़ाकू विमानों ने हमास के हवाई हमलों का निर्देश देने वाले असीम अबु रकाबा पर हमला किया और उसे मार डाला.''

    इस पोस्ट में आगे कहा गया है, ''अबु रकाबा हमास के यूएवी, ड्रोन, पैरा ग्लाइडर, एरियल डिटेक्शन और डिफेंस के लिए जिम्मेदार था. 7 अक्टूबर के हमले में इसराइल में घुस आने वाले चरमपंथियों को उसने निर्देश दिया था. वो आईडीएफ की सैन्य चौकियों पर ड्रोन हमले के लिए भी जिम्मेदार था.''

  3. एशियन पैरा ओलंपिक में भारत ने पूरा किया पदकों का शतक

    भारत ने चीन के हांगज़ो शहर में चल रहे एशियन पैरा ओलंपिक गेम्स में पदकों का शतक पूरा कर लिया है.

    पैरा ओलंपिक गेम्स में भारत के 100 से ज़्यादा पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी है.

    खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''एशियन पैरा ओलंपिक गेम्स में 100 मेडल. खुशियों का वो क्षण जिसका कोई सानी नहीं.''

    उन्होंने लिखा, ''ये कामयाबी सिर्फ कड़ी मेहनत, प्रतिभा और एथलीटों की दृढ़ता का नतीजा है. ये मील का पत्थर हमारे दिलों को गर्व से भर देता है. मेरी ओर से इन एथलीटों को बहुत-बहुत बधाई. ये जीत हमें प्रेरित करती है. यह हमारे युवाओं को बताती है कुछ भी असंभव नहीं है.''

    भारत ने एशियन पैरा ओलंपिक गेम्स में अब तक 28 गोल्ड, 31 सिल्वर, 34 ब्रॉन्ज समेत 108 पदक जीत चुका है.

    मेडल तालिका में भारत पांचवें नंबर पर है.

    मेडल तालिका में सबसे ऊपर चीन है, जिसमें 212 गोल्ड, 166 सिल्वर, 14 ब्रॉन्ज समेत 518 मेडल जीते हैं.

  4. इसराइल पर हमास के हमले के तीन हफ्ते पूरे, अभी क्या हालात हैं?

    इसराइल पर हमास के हमले के तीन हफ्ते बीत चुके हैं. हमास ने इसराइली ठिकानों पर 7 अक्टूबर को हमला किया था. इसमें इसराइल के 1400 नागरिकों की मौत हो गई थी.

    हमास ने इसराइल के 200 लोगों को बंधक बना लिया था. इसके बाद इसराइल ने ग़ज़ा पट्टी पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी थी. ये कार्रवाई जारी है.

    इसराइल की सेना ग़ज़ा में लगातार हमले जारी रखे हुए. इसमें बड़ी तादाद में नागरिकों की मौत हुई है. ग़ज़ा का आसमान बमों को धुएं से भरा है और यहां दागे गए रॉकेट की चमक देखी जा सकती है.

    इसराइल की सेना ने कहा है कि वो अब अपने जमीनी हमले का दायरा और बढ़ा रही है. हालांकि इसराइली सरकार के प्रवक्ता इलॉन लेवी ने इस बात की पुष्टि से इनकार किया है कि यह हमास के ख़िलाफ़ जमीनी हमले की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि वो इस ऑपरेशन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे.

    दूसरी ओर, हमास ने कहा है कि वो उत्तरी और मध्य ग़ज़ा में इसराइली सेना से संघर्ष कर रहा है. उसने कहा है कि दक्षिणी इसराइल से ग़ज़ा पर रॉकेटों से हमला हो रहा है.

    इस बीच ग़ज़ा में हजारों फ़लस्तीनी नागरिक भारी मुसीबत से घिरे हैं. वो इसराइल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष में बम धमाकों और खाने-पीने की चीजों की भारी किल्लत के बीच फंसे हुए हैं.

    ताज़ा ख़बरों के मुताबिक़ इसराइली हमले में ग़ज़ा पट्टी में अब तक 7000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं.

  5. ग़ज़ा पर यूएन के इस अहम प्रस्ताव पर वोटिंग से दूर क्यों रहा भारत

    भारत ने यूएन जनरल असेंबली में ग़ज़ा संकट पर लाए गए प्रस्ताव पर वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया.

    प्रस्ताव ग़ज़ा में नागरिकों की सुरक्षा और वहां क़ानूनी और मानवीय क़दमों को जारी रखने के समर्थन में था. लेकिन भारत इस पर वोटिंग से दूर रहा.

    दूसरी ओर भारत ने 'हमास के चरमपंथी हमले' की निंदा करने वाले कनाडा के संशोधित प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है.

    हालांकि दो तिहाई बहुमत न होने से यूएन जनरल असेंबली में ये ड्राफ्ट प्रस्ताव गिर गया.

    भारत के अलावा जापान, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, इराक़, इटली, स्वीडन, यूक्रेन, ज़िम्बाब्वे जैसे देशों ने भी इसमें हिस्सा नहीं लिया.

  6. ग़ज़ा में लोगों पर हो रहे जुल्म पर परदा डाल देगी ठप पड़ी दूरसंचार सेवा - ह्यूमन राइट्स वॉच

    ह्यूमन राइट्स वॉच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि ग़ज़ा में दूरसंचार सेवाएं लगभग पूरी तरह बंद कर दिए जाने से वहां बड़ी तादाद में लोगों पर होने वाले जुल्म पर परदा पड़ सकता है.

    ह्यूमन राइट्स वॉच में सीनियर टेक्नोलॉजी और ह्यूमन राइट्स रिसर्चर डेबोरा ब्राउन ने एक ऑनलाइन पोस्ट में कहा है कि ग़ज़ा में जिस तरह से सूचनाओं को ब्लैकआउट करने की कोशिश हो रही है,उससे लोगों पर होने वाले जुल्म को छुपाए जाने का ख़तरा पैदा हो गया है. इससे मानवाधिकार के दमन को और बढ़ावा भी मिल सकता है.

    इससे पहले कमेटी टु प्रोटेक्ट जर्नलिस्टस (सीपीजे) ने भी वहां सूचनाओं के ब्लैकआउट पर चिंता जताई थी. कमेटी ने कहा था कि वहां जल्द से जल्द संचार सेवाओं को बहाल किया जाना चाहिए.

    संगठन का कहना था कि इसके न होने से दुनिया को इस संघर्ष के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है. संगठन ने कहा है कि ग़ज़ा पट्टी से आने वाली नाकाफी सूचनाओं का नतीजा घातक प्रोपगंडा और भ्रामक सूचनाओं में तब्दील हो सकता है.

    सीपीजे ने कहा है 7 अक्टूबर को इसराइल पर हमास के हमले के बाद संघर्ष को कवर करने के दौरान अब तक 29 पत्रकारों की मौत हो चुकी है.

  7. अमेरिकी सेना का दावा- सीरिया में हथियार डिपो किया ध्वस्त, ईरान कर रहा था इस्तेमाल

    अमेरिकी रक्षा विभाग ने कहा है कि उसके लड़ाकू विमानों ने सीरिया में हमले के दौरान ईरानी सेना की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले एक हथियार भंडार को ध्वस्त कर दिया है.

    पेंटागन के मुताबिक़ इसका इस्तेमाल ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कर रही थी.

    अमेरिका ने कहा है कि ये हमला उसने अपने लोगों को बचाने के लिए किया है. हमले में कोई घायल नहीं हुआ है.

    पेंटागन के ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने कहा है कि पूर्वी सीरिया पर उसके हमले का संबंध इसराइल और हमास संघर्ष से नहीं है.

    राइडर ने बताया कि 17 अक्टूबर से इराक़ और सीरिया में अमेरिका और गठबंधन की फौजों पर 20 से ज्यादा हमले हुए हैं. इनमें से ज्यादातर हमले रॉकेट और वन वे ड्रोन से किए गए हैं. हालांकि अधिकतर हमले नाकाम कर दिए गए हैं.

  8. नमस्कार!

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    27 अक्टूबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.