क्रिकेट विश्व कप: दक्षिण अफ़्रीका ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया

विश्व कप के 26वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 16 गेंदें रहते 47.2 ओवरों में एक विकेट से हरा दिया. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 270 रन बनाए थे.

लाइव कवरेज

  1. क़तर में आठ भारतीयों को फांसी की सजा सुनाए जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा- संसद में सवाल उठाया था लेकिन...

    मनीष तिवारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    क़तर में गिरफ़्तार आठ भारतीय नागरिकों को फांसी की सज़ा सुनाई गई है.

    ये आठ भारतीय नेवी के रिटायर्ड अधिकारी हैं और पिछले साल अगस्त से ही क़तर की जेल में हैं. क़तर ने उन पर लगे आरोपों को सार्वजनिक नहीं किया है.

    इस पूरे मामले पर कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने कहा है कि जब उन्होंने ये मुद्दा संसद में उठाया था तो विदेश मंत्री ने कहा था ज़रूरी क़दम उठाया जा रहा है लेकिन ज़ाहिर है वो क़दम पर्याप्त नहीं थे.

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “7 दिसंबर 2022 को मैंने ये मुद्दा लोकसभा में उठाया था. उस समय ये आठ वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारी 120 दिनों तक एकांत कारावास में थे. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 26 दिसंबर 2022 को एक चिट्ठी लिख कर बताया था कि भारत सरकार इस मामले में क्या कुछ कर रही है, लेकिन स्पष्ट रूप से वह पर्याप्त नहीं था.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारत के विदेश मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा है, “हमारे पास शुरुआती जानकारी है कि क़तर की अदालत ने अल दाहरा कंपनी के आठ भारतीय कर्मचारियों से जुड़े मामले में अपना फ़ैसला सुनाया है.”

    बयान के अनुसार, “हम फांसी दिए जाने के फैसले से स्तब्ध हैं और विस्तृत फैसले का इंतज़ार कर रहे हैं. हम उनके परिजनों और क़ानूनी टीम से संपर्क में हैं. हम 'सर्वोच्च प्राथमिकता' से इस मामले को देख रहे हैं और इस मामले को क़तरी प्रशासन के सामने उठाएंगे.”

    मंत्रालय ने कहा है कि अभी वो इस केस पर और कोई टिप्पणी नहीं कर सकता.

  2. अमेरिका ने कहा- सीरिया में किए गए हमले का इसराइल-हमास संघर्ष से लेना-देना नहीं

    इसराइल हमास

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका ने कहा है कि सीरिया में ईरान के सैन्य अड्डों पर किए गए हमले के लिए उन्होंने इसराइल के साथ कोई तालमेल नहीं किया, और न ही उन्होंने इस हमले के पहले इसराइल को इसकी सूचना दी थी.

    पेंटागन के अधिकारियों ने ये जानकारी मीडिया को दी है.

    उन्होंने दोहराया कि ये हमला इसराइल-हमास के संघर्ष से बिलकुल अलग है.

    इससे पहले अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा था कि ये स्ट्राइक ग़ज़ा में जो हो रहा है उससे ‘”बिलकुल अलग” है.

    पेंटागन के अधिकारियों का भी कहना है कि ये हमला ईरान को साफ़ संदेश देने के लिए किया गया है कि वह अमेरिकी सेना को टारगेट ना करे.

    पेंटागन के अधिकारी ने कहा, “हम चाहते हैं कि ईरान अपनी सेनाओं और प्रॉक्सी सेना को अमेरिकी सैनिकों से दूर रखे.”

    पेंटागन के अनुसार पिछले एक सप्ताह में इराक़ में अमेरिकी सैनिकों पर कम से कम 12 बार और सीरिया में चार बार हमला किया गया है.

  3. ममता बनर्जी सरकार में मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को ईडी ने किया गिरफ़्तार

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    ज्योतिप्रिय मलिक

    इमेज स्रोत, Sanjay Das/BBC

    पश्चिम बंगाल के कथित राशन वितरण घोटाला केस में ईडी ने शुक्रवार तड़के ममता बनर्जी सरकार के वन मंत्री और पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को गिरफ्तार कर लिया.

    इससे पहले गुरुवार को सुबह से ही ईडी की टीम उनके अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. करीब 20 घंटे चले इस सर्च ऑपरेशन के बाद उनको सुबह करीब तीन बजे गिरफ़्तार कर लिया गया.

    ईडी के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी.

    मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक ने गिरफ़्तारी के बाद पत्रकारों से कहा कि वे गहरी साजिश का शिकार हुए हैं. “बीजेपी ने मेरा शिकार किया है. इस साजिश में बीजेपी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी शामिल हैं.”

    मलिक को गिरफ़्तारी के बाद जोका स्थित ईएसआई अस्पताल ले जाया गया है.

    इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में ईडी की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा था कि अगर मलिक को कुछ हुआ तो बीजेपी और ईडी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की जाएगी.

  4. दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेले पाएंगे हसन अली

    हसन अली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया है कि शुक्रवार को दक्षिण अफ़्रीका के साथ होने वाला मैच तेज़ गेंदबाज़ हसन अली 'बीमार होने के कारण' नहीं खेल पाएंगे.

    गुरुवार को पीसीबी ने इसकी घोषणा की.

    अपने बयान में बोर्ड ने कहा- “तेज़ गेंदबाज हसन अली की तबियत ठीक नहीं है और इसलिए वो दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मैच में पाकिस्तान टीम का हिस्सा नहीं होंगे.”

    पीसीबी ने कहा है कि हसन अली को तेज़ बुखार है और उन्हें आगे के मैच के लिए आराम दिया जा रहा है.

    पाकिस्तानी प्रसारक जियो न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़ मोहम्मद वसीम जूनियर टीम में हसन अली की जगह लेंगे.

    वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स और श्रीलंका से मैच जीत कर बेहतरीन आगाज़ करने वाली पाकिस्तानी क्रिकेट टीम संकट के दौर से गुज़र रही है. टीम ने बीते तीन मैच में आस्ट्रेलिया, भारत और अफ़ग़ानिस्तान से हार का सामना किया है ऐसे में आज का मैच जीतना पाकिस्तान के लिए काफ़ी अहम है.

  5. अमेरिका ने सीरिया में ईरान के सैन्य ठिकानों पर किया हमला

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका का कहना है कि उसने पूर्वी सीरिया में दो ठिकानों पर हमला किया है.

    अमेरिका का दावा है कि इसका इस्तेमाल ईरानी सैन्य बल और उससे जुड़े समूह कर रहे थे.

    एक बयान में अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा है कि इराक़ और सीरिया में अमेरिकी सेना की रक्षा के लिए " आत्मरक्षा में स्ट्राइक" किया गया है, और ईरानी समर्थित मिलिशिया समूहों के हालिया हमलों के जवाब में ये हमले किए गए.

    उन्होंने कहा-“अमेरिकी सेना पर ईरानी समर्थित हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और उन्हें रोकना है. ईरान इन हमलों के पीछे होने की बात को छिपाना चाहता है और हमारी सेनाओं के ख़िलाफ़ इन हमलों में अपनी भूमिका से इंकार करना चाहता है. हम ऐसा नहीं होने देंगे.”

    ऑस्टिन ने कहा कि अमेरिकी हमले "इसराइल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष से अलग हैं.”

    इससे पहले, व्हाइट हाउस के नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने प्रेस ब्रीफ़िंग में बताया है- “उन तक एक सीधा मैसेज पहुंचाया गया है.”

    पेंटागन के अनुसार पिछले एक सप्ताह में इराक़ में अमेरिकी सैनिकों पर कम से कम 12 बार और सीरिया में चार बार हमला किया गया है.

  6. मणिपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवा 31 अक्टूबर तक सस्पेंड

    मणिपुर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फोटो

    मणिपुर सरकार ने राज्य में मोबाइल इंटरनेट पर प्रतिबंध को 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है.

    यह कदम मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के उस बयान के एक हफ्ते बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार अगले कुछ दिनों में प्रतिबंध वापस ले लेगी.

    एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार, " कुछ असामाजिक तत्व जनता की भावनाओं को भड़काने वाली तस्वीरें, नफ़रत भरे भाषण और नफ़रत भरे वीडियो फ़ैलाने के लिए बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकते हैं, इस आशंका के कारण प्रतिबंध बढ़ा दिया गया है."

    चार मई से मणिपुर में रह-रह कर हिंसा हो रही है. राज्य में रहने वाले कुकी और मैतेई समुदाय के बीच पांच महीने से जारी हिंसा के बीच इंटरनेट सेवाएं ठप है.

    बीच में कुछ दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं बहाल की गई थीं लेकिन प्रतिबंध हटते ही हिंसा फिर तेज़ हो गई थी. जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने फिर इंटरेनट सेवाएं रोक दी थी.

  7. इसराइली सेना ने कहा, हमले की योजना बनाने वाला हमास कमांडर मारा गया

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने हमास के उस कमांडर को मार दिया है जिसने सात अक्टूबर के हमले की योजना बनायी थी.

    इससे पहले इसरायली सेना ने कहा था कि हमास का एक वरिष्ठ कमांडर, जिसने सात अक्टूबर के हमलों की "योजना बनाने में मदद की थी वो मारा गया है."

    इसराइली सेना ने कहा कि लड़ाकू विमानों ने "सटीक खुफ़िया जानकारी" के आधार पर हमास इंटेलिजेंस के डिप्टी हेड शादी बरुद पर हमला किया था.

    हवाई हमले का एक वीडियो शेयर करते हुए इसराइली सेना ने दावा किया है कि इसी हमले में उन्हें मार गया है.

    इसराइली सेना आईडीएफ ने कहा कि बरुद ने ग़ज़ा में हमास के प्रमुख याहया सिनवर के साथ मिलकर सात अक्टूबर के हमले की योजना बनाई थी.

    बीबीसी इस दावे की पुष्टि नहीं कर सका है. हमास ने भी अब तक इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है.

  8. अमेरिका ने ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनेई को सीधे संदेश भेजकर दी ये चेतावनी

    ख़ामनेई, बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    व्हाइट हाउस का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई को एक "सीधे मैसेज के ज़रिए" मध्य पूर्व में अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने को लेकर चेतावनी दी है.

    व्हाइट हाउस के नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने प्रेस ब्रीफ़िंग में बताया है- “उन तक एक सीधा मैसेज पहुंचाया गया है.”

    हालांकि किर्बी ने इसे लेकर और जानकारी नहीं दी.

    पेंटागन ने कहा है कि मध्य-पूर्व में बढ़ रहे हमलों के बीच लगभग 900 अतिरिक्त अमेरिकी सैनिकों को हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वहां भेजा गया है ताकि अमेरिकी लोगों की रक्षा की जा सके.

    पेंटागन के अनुसार पिछले एक सप्ताह में इराक़ में अमेरिकी सैनिकों पर कम से कम 12 बार और सीरिया में चार बार हमला किया गया है.

    इस सप्ताह की शुरुआत में बाइडेन ने कहा था कि उन्होंने अयातुल्ला ख़ामनेई को चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका की सेना को निशाना बनाया जाता रहा तो अमेरिका जवाब देगा.

    उस समय भी व्हाइट हाउस ने ये नहीं बताया था कि इन मैसेज को ईरान के सर्वोच्च नेता तक कैसे पहुंचाया जा रहा है.

  9. चीन के पूर्व प्रधानमंत्री ली केचियांग का 68 साल की उम्र में निधन

    ली केचियांग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन के पूर्व प्रधानमंत्री ली केचियांग का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है, देश के सरकारी मीडिया ने जानकारी दी है.

    पिछले साल रिटायर होने तक वह सत्तारूढ़ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी में दूसरे सबसे शक्तिशाली व्यक्ति थे.

    सरकारी मीडिया ने बताया है कि गुरुवार को वह "आराम" कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई. वह शंघाई में थे.

    सरकारी न्यूज़ चैनल सीसीटीवी ने कहा कि उन्हें बचाने की " बहुत कोशिशों" के बावजूद बचाया नहीं जा सका.

    पावर बेस ना होने के बावजूद ली पार्टी रैंक में आगे बढ़ते रहे थे और एक समय तो उनके राष्ट्रपति बनने की चर्चा भी जोरों पर थी

    अपने अंतिम कार्यकाल में वह एकमात्र शीर्ष अधिकारी थे जो चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के वफादारों की लिस्ट में शामिल नहीं थे.

    जानी-मानी पेकिंग यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाले केचियांग आर्थिक नीतियों में व्यावहारिक तरीके अपनाने के लिए जाने जाते थे.

    उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में जाना जाता था जो गरीबों के लिए काम करते हैं, उनका ज़ोर उन नीतियों को बनाने पर था जिससे कम कीमत में लोगों को आवास मिले और गरीब-अमीर के बीच की खाई को कम किया जा सके.

    वह एक अर्थशास्त्री थे जिन्हें उनके शुरुआती दिनों में चीन की अर्थव्यवस्था की बागडोर दी गई थी, लेकिन हाल के सालों में उन्हें पार्टी में साइडलाइन कर दिया गया गया था.

  10. नमस्कार!

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा. 26 अक्टूबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए .यहां क्लिक करें