सीरिया के हवाईअड्डों पर इसराइली हमले में दो लोगों के मारे जाने की ख़बर
सीरिया के हवाई अड्डों पर इसरायली हमले में दो लोगों के मारे जाने की खबर है.
सीरिया की सरकारी मीडिया के मुताबिक इसराइल की मिसाइलों ने देश के दो मुख्य हवाई अड्डों को निशाना बनाया है.
सीरियाई अरब समाचार एजेंसी का कहना है कि दमिश्क और अलेप्पो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर हमला किया गया है.
इस हमले में हवाई अड्डों पर बने रनवे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके बाद से यहां उड़ाने बंद हो गई हैं.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सीरियाई सरकार के मौसम विज्ञान महानिदेशालय का हवाला देते हुए बताया है कि दमिश्क हवाई अड्डे पर कम से कम दो लोगों की मौत हुई है.
सीरिया के दमिश्क और अलेप्पो हवाई अड्डे का इस्तेमाल न सिर्फ यात्री करते हैं बल्कि इन्हें सैन्य हवाई अड्डों की तरह भी इस्तेमाल किया जाता है.
कथित तौर पर इन हवाई अड्डों की मदद से हिज़बुल्लाह को ईरान के हथियार भेजे जा रहे थे. हिज़बुल्ला सीरिया और लेबनान दोनों जगह काफी शक्तिशाली है.
पिछले हफ्ते भी इसराइल ने इन दोनों एयरपोर्ट्स को निशाना बनाया था.