इसराइल-हमास संघर्षः राहत की पहली खेप ग़ज़ा पहुंची, 24 घंटे में क्या क्या हुआ पढ़ें
ग़ज़ा की मिस्र से लगती सीमा पर स्थित रफ़ाह क्रॉसिंग को शनिवार को खोला गया. इसराइल ने राहत सामग्री से लदे 20 ट्रकों को ग़ज़ा में आने की इजाज़त दी है.
लाइव कवरेज
दिलनवाज़ पाशा and संदीप राय
हमास ने दो अमेरिकी बंधकों को रिहा किया, अमेरिका ने क़तर का शुक्रिया अदा किया

इमेज स्रोत, Government of Israel
हमास ने 7 अक्तूबर के हमले के दौरान बंधक बनाए गए दो लोगों को रिहा कर दिया है. ये हमले के बाद किसी बंधक की पहली रिहाई है.
हमास ने बताया है कि एक मां और बेटी को मानवीय कारणों की वजह से रिहा किया गया है. क़तर ने बंधकों की रिहाई के लिए मध्यस्थता की थी. रिहा की गईं जूडिथ और नैटली रानन की पहली तस्वीरें आई हैं.
राष्ट्रपति जो बाइडन ने उनकी रिहाई पर ख़ुशी ज़ाहिर की है और एक बयान जारी कर कहा है कि अग़वा किए गए दस अन्य अमेरिकी नागरिकों की रिहाई के लिए वो 24 घंटे काम कर रहे हैं.
व्हाइट हाउस के मुताबिक़ राष्ट्रपति बाइडन ने जूडिथ और नैटली से फ़ोन पर बात की है.
महिलाओं की रिहाई में मदद करने वाली संस्था रेड क्रॉस ने कहा है कि ये रिहाई उम्मीद की एक किरण है.
वहीं बंधकों कि रिहाई के बाद मीडिया से बात करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि क़तर ने बंधकों की रिहाई में मध्यस्थता की है.
हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी.
जब पत्रकारों ने रिहा की गईं बंधकों की सेहत के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि मेडिकल टीमें अभी उनके पास भेजी गई हैं.
हालांकि जो पहली तस्वीर सामने आई है उसमें जूडिथ और नैटली सैनिकों का हाथ पकड़कर चलते हुए नज़र आ रही हैं.
वहीं हमास ने कहा है कि वह मध्यस्थों के साथ मिलकर सभी नागरिक बंधकों को रिहा करने पर काम कर रहा है. अगर सुरक्षा हालात बेहतर होते हैं तो बंधकों को रिहा किया जाएगा.
नमस्कार!
आपका दिन शुभ हो.
ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा. 20 अक्टूबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
