You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अस्पताल में हमले को लेकर आरोप प्रत्यारोपः अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा इसराइल का पूरा साथ देंगे

बाइडेन ने इसराइल को पूरा समर्थन देने की बात कही और बताया कि इसराइली कैबिनेट, मिस्र से ग़ज़ा में मदद आने देने के लिए तैयार हो गई है.

लाइव कवरेज

स्नेहा and संदीप राय

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति इसराइल की यात्रा पर, ग़ज़ा के अस्पताल पर हमले के बाद क्या-क्या हुआ?

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को इसराइल के लिए रवाना हो गए हैं.

    उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब ग़ज़ा के एक अस्पताल पर हुए हमले में करीब 500 लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है.

    इसराइल ने इस हमले में खुद की भूमिका होने से इनकार करते हुए कहा है कि ये हमला 'फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद' के रॉकेट का परिणाम है. इस चरमपंथी संगठन ने भी इसकी ज़िम्मेदारी से इनकार किया है.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि अल अहली अस्पताल पर इसराइल के हवाई हमले में क़रीब 500 लोगों की मौत हो गई है.

    इस बीच जॉर्डन ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास और मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तेह अल सिसी के साथ होने वाली समिट रद्द कर दी है.

    अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकर जॉन किर्बी ने बताया है कि बाइडन सबसे पहले इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मिलेंगे.

    चरमपंथी संगठन हमास और हिज़बुल्लाह ने कहा है कि अस्पताल पर हमले के लिए इसराइल के साथ-साथ अमेरिका भी दोषी है.

    लेबनान की राजधानी बेरूत में प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार रात अमेरिकी दूतावास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.

    इस बीच अमेरिका ने लेबनान की यात्रा करने वाले लोगों के लिए एडवाइज़री जारी की है. सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा है कि वो यात्रा न करें.

  2. अस्पताल पर हमले के बाद बोले फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास- इसराइल ने सारी हदें पार कर दीं

    फ़लस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने अल अहली अस्पताल पर हुए हमले को 'भयावह युद्ध नरसंहार' बताया है.

    उन्होंने कहा, "इसराइल ने सारी हदें पार कर दी हैं."

    इसराइल ने इस हमले में ख़ुद की भूमिका होने से इनकार करते हुए कहा है कि ये हमला 'फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद' के रॉकेट का परिणाम है. इस चरमपंथी संगठन ने भी इसकी ज़िम्मेदारी से इनकार किया है.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि एक अस्पताल पर इसराइल के हवाई हमले में क़रीब 500 लोगों की मौत हो गई है.

    हमले के बाद घायलों को निकट के अल शिफ़ा अस्पताल में ले जाया गया.

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अस्पताल पर हुए हमले की निंदा की है और एक ट्वीट में कहा है, "मैं सैकड़ों फ़लस्तीनी लोगों के मारे जाने से स्तब्ध हूं. अस्पताल, क्लीनिक, चिकित्साकर्मी और संयुक्त राष्ट्र के परिसर को अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सुरक्षा प्रदान की गई है."

  3. ग़ज़ा के अस्पताल पर हमले में क़रीब 500 लोगों की मौत, इसराइल-हमास ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि एक अस्पताल पर इसराइल के हवाई हमले में क़रीब 500 लोगों की मौत हो गई है.

    बीबीसी इंटरनेशनल एडिटर जेरेमी बोवेन ने बताया है कि फ़ोन पर उन्हें इसराइली सेना के प्रवक्ता के कार्यालय ने कहा, "अस्पताल बेहद संवेदनशील इमारत होती है और वो आईडीएफ़ का निशाना नहीं है. आईडीएफ़ विस्फोट के सोर्स की जांच कर रहा है."

    वहीं, आईडीएफ़ ने ट्विटर पर एक बयान में कहा, "उनका मानना है कि अल अहली अस्पताल पर हुआ हमला फ़लस्तीनी मिलिटेंट्स द्वारा दागे गए रॉकेट का नतीजा है."

    ग़ज़ा में हमास के मीडिया कार्यालय ने इस हमले को 'युद्ध अपराध' बताया है. एक बयान में कहा गया, "अस्पताल में सैकड़ों की संख्या में बीमार, घायल और ग़ज़ा पर इसराइली हमले के बाद बेघर हुए लोग मौजूद थे. सैकड़ों पीड़ित मलबे के नीचे दबे हैं."

    बीबीसी के मिडिल ईस्ट संवाददाता टॉम बैटमैन ने बताया है कि अल अहली अरब अस्पताल से आ रही तस्वीरें भयावह हैं. शव और क्षतिग्रस्त वाहन सड़कों के बाहर देखे जा रहे हैं.

    स्थानीय लोगों ने बताया है कि अस्पताल के एक हॉल में हमले से बचने के लिए लोगों ने शरण ले रखी थी. बीबीसी ने अस्पताल के एक डॉक्टर से बात की है. उन्होंने बताया है कि यहां करीब 4,000 लोग शरण लिए हुए थे.

    उन्होंने कहा है कि अब अस्पताल में 80 फ़ीसदी सेवाएं प्रभावित हैं और सैकड़ों लोग विस्फोट के बाद या तो मारे गए हैं या घायल हैं. फ़लस्तीनी मीडिया में आई ख़बरों में बताया गया है कि फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने अस्पताल पर हुए हमले के बाद तीन दिन के शोक की घोषणा की है.

    डब्ल्यूएचओ के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस ऐडहेनॉम गेब्रीयेसोस ने अस्पताल पर हुए हमले की निंदा की है.

    उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "डब्ल्यूएचओ अल अहली अरब अस्पताल पर हुए हमले की निंदा करता है. शुरुआती जानकारियां सैकड़ों लोगों के घायल होने और मरने की तरफ़ इशारा करते हैं. हम तत्काल आम नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं मिले, इसकी मांग करते हैं."

    अल अहली अस्पताल को एंगलिकन चर्च की तरफ़ से फंड मिलता है. यरुशलम में एंगलिकन चर्च के शीर्ष अधिकारियों में से एक सेंट जॉर्ज कॉलेज के डीन कैनन रिचर्ड सेवेल ने बताया है कि उन्हें जहां तक पता है, उसके अनुसार करीब 6,000 लोग इस अस्पताल में शरण भी लिए हुए थे.

  4. नमस्कार! आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा. 17 अक्टूबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.