You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

न्यूज़क्लिक मामले पर न्यूयॉर्क टाइम्स ने दिया बीबीसी हिंदी के सवालों का जवाब

अमेरिका के प्रतिष्ठित अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स ने भारतीय न्यूज़ वेबसाइट न्यूज़क्लिक से जुड़ी अपनी रिपोर्ट को लेकर बीबीसी हिंदी के सवालों पर प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and संदीप राय

  1. एशियन गेम्स: कबड्डी में पाकिस्तान को हराकर भारत फ़ाइनल में पहुंचा

    एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी के सेमी फ़ाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हरा कर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    भारत ने ये मुकाबला 61-14 से जीता है. इसके साथ ही भारत का एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल पक्का हो गया है.

    भारत ने अब तक एशियन गेम्स में 89 मेडल जीत लिए हैं.

    इससे पहले आज भारत ने पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के फ़ाइनल में जगह बना ली है. सेमी फ़ाइनल में भारत ने बांग्लादेश को नौ विकेट से हरा दिया.

  2. रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया ने बताया- 2000 रुपये के कितने नोट वापस आए

    इस साल मई में रिज़र्व बैंक ने 2000 के नोट वापस लेने का एलान किया था.

    अब रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया है कि अब तक कितने 2000 के नोट बैंक के पास वापस आ चुके हैं.

    उन्होंने कहा, “हमने 2000 के नोट को वापस लेने का एलान किया था और अब तक हमें 3.24 लाख करोड़ की कीमत के 2000 के नोट वापस मिले हैं. अभी भी 12 हज़ार करोड़ के नोट आने बाकी हैं. 87 फ़ीसदी नोट वापस आ चुके हैं.”

    शुक्रवार को रिज़र्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में रेपो दर का एलान किया और लागातार चौथी बार इसे ना बदलते हुए 6.5 फ़ीसदी ही रखा गया.

    आरबीआई ने शहरी सहकारी बैंकों के लिए बुलेट पेमेंट योजना के तहत गोल्ड लोन की रकम को दोगुना कर 4 लाख रुपये कर दिया है.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि जोखिमों को ध्यान में रखते हुए चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 6.5 प्रतिशत पर ही बरकरार रखा गया है.

    आरबीआई की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक 4 अक्टूबर से शुरू हुई थी, जो शुक्रवार को खत्म हो गई है.

  3. काला जादू, चुड़ैल और सुशांत सिंह राजपूत: रिया चक्रवर्ती ने ख़ुद पर चले मीडिया ट्रायल पर अब दिया जवाब

    अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने एक इंटरव्यू में मीडिया ट्रायल, जेल में गुज़ारे वक़्त और 2020 में मीडिया रिपोर्टिंग के दौरान ख़ुद को चुड़ैल कहे जाने पर बात की है.

    साल 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती ख़बरों के केंद्र में रही थीं. रिया को जेल भी हुई थी और फिलहाल वो ज़मानत पर रिहा हैं.

    इंडिया टुडे के कॉनक्लेव में बात करते हुए रिया ने कहा, ''साल 2020 में जो हुआ उसका ज़िक्र तो हमेशा किया ही जाएगा लेकिन मैं चाहती हूं कि वक्त के साथ वो ज़िक्र कम हो जाए.''

    जब सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की थी तो उसके बाद रिया चक्रवर्ती के ख़िलाफ़ सुशांत के परिवार वालों ने केस किया था. इस मामले में उनकी गिरफ़्तारी हुई और वो अपमानजनक मीडिया ट्रायल का शिकार हुईं थीं.

    रिया को कई मीडिया संस्थानों की ओर से 'चुड़ैल' और 'काला जादू करने वाली' कहा गया.

    पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने रिया से इसे लेकर सवाल पूछा, जिसके जवाब में उन्होंने कहा, "मुझे चुड़ैल नाम पसंद है. आखिर समाज में चुड़ैल किसे कहा जाता था, वही महिलाएं तो पुरुषवादी सोच का विरोध करती थीं. जिसकी खुद की सोच होती थी जो आम लोगों की सोच से अलग होती थी... तो हो सकता है मैं वो इंसान हूं, हो सकता है मैं चुड़ैल हूं. संभव है कि मुझे पता हो कि काला जादू कैसे करते हैं? क्या पता."

    अपने सपनों के बारे में बात करते हुए रिया ने कहा कि मैं 17 साल की उम्र में मुंबई आई थी और सपना था कि हीरोइन बनूं, मैं आज भी वो सपना पूरा करना चाहती हूं.

    उन्होंने कहा, "जो मैंने खोया वो मेरा निजी नुकसान है, मेरा दुख कभी ख़त्म नहीं हो सकता. बस ज़िंदगी उस दुख के इर्द-गिर्द बढ़ जाएगी लेकिन वो जो खोया है उसका दुख हमेशा मेरे साथ रहेगा."

  4. हैदराबादी बिरयानी की चर्चा पर वसीम अकरम बोले- नाराज़ मत होना मेरे भारतीय दोस्तों...

    पाकिस्तान की क्रिकेट टीम सात साल बाद भारत आई है.

    बीते दिनों जब टीम के कप्तान बाबर आज़म से पूछा गया था कि उन्हें हैदराबाद की बिरयानी कैसी लगी तो उन्होंने कहा, "इसके बारे में काफ़ी सुना था. खाकर काफ़ी पसंद आई."

    अब हैदराबाद की बिरयानी को लेकर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम ने बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, “मैंने हैदराबादी बिरयानी खाई हुई है. नाराज़ मत होना मेरे भारतीय दोस्तों... मैं सच कह रहा हूं कि जो कराची की बिरयानी है, उसका कोई मुकाबला नहीं है. हैदराबाद की बिरयानी जो मैंने खाई है वो ड्राई है, वो पुलाव की तरह है जिसमें चिकन या मटन होता है.”

    अकरम की बात को बीच में काट कर शोएब मलिक हँसते हुए कहते हैं कि हैदराबादी बिरयानी का मसाला नीचे होता है, आपने ऊपर के चावल खा लिए.

    शोएब मलिक सानिया मिर्जा के पति हैं और सानिया मिर्जा हैदराबाद की रहने वाली हैं.

    जब बीते दिनों हैदराबाद एयरपोर्ट पर पाकिस्तान की टीम उतरी तो उनके स्वागत में बड़ी संख्या में फैंस जुटे. बाबर ने इस ज़बरदस्त स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया था.

    इसके बाद टीम के कप्तानों के एक सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री ने बाबर आज़म से हैदराबाद की बिरयानी के बारे में पूछा.

    शास्त्री ने बाबर से पूछा-आपको बिरयानी कैसी लगी?

    इसके जवाब में बाबर आज़म ने हँसते हुए कहा कि, "हम शुरू से कहते आ रहे हैं कि बिरयानी काफ़ी अच्छी थी. हमने हैदराबाद की बिरयानी के बारे में काफ़ी सुना था और अब खाकर पता चला कि यह वाक़ई में काफी अच्छी होती है."

  5. प्रियंका गांधी क्यों बोलीं, 'मोदी जी वादों की तरह क्या कसमें भी भूल गए?'

    बीजेपी और कांग्रेस के बीच शुरू हुई 'पोस्टर वॉर' अब भी जारी है.

    बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से राहुल गांधी को 'नए दौर का रावण' बताया गया और एडिटिंग के ज़रिए राहुल गांधी की तस्वीर को दस सिर वाले रावण की तरह पेश किया गया.

    कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से भी चार अक्तूबर को पीएम मोदी को लेकर एक पोस्ट जारी किया गया था. इस पोस्टर में मोदी को जुमला बॉय कहा गया.

    अब राहुल गांधी को जिस तरह से बीजेपी ने रावण की तरह पेश किया गया, उस पर प्रियंका गांधी और शिवसेना नेता संजय राउत की प्रतिक्रिया आई है.

    प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ''नरेंद्र मोदी जी और जेपी नड्डा जी, आप राजनीति और बहस को गिरावट की कौन सी मंज़िल तक ले जाना चाहते हैं? आपकी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल से जो हिंसक और उकसाऊ ट्वीट किये जा रहे हैं, क्या उसमें आपकी सहमति है ?''

    प्रियंका ने कहा, ''ज़्यादा समय नहीं बीता, आपने शुचिता की क़सम खायी थी. क्या वादों की तरह क़समें भी भूल गए?''

    उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के नेता संजय राउत ने भी समाचार एजेंसी एएनआई से इस बारे में कहा, ''राहुल गांधी से आप डरने लगे हैं, ये बड़ी बात है. मोदी, शाह राहुल से डरने लगे हैं, ये 2024 में बीजेपी की हार सुनिश्चित करता है. राम और रावण का युद्ध इसी देश में हुआ था, रावण एक प्रवृति, विकृति है. सबसे ज़्यादा रावण तो बीजेपी में हैं.''

  6. एशियन गेम्स: सेमी फ़ाइनल मुकाबले में हारे बजरंग पुनिया

    एशियन गेम्स में रेसलिंग के 65 किलोग्राम श्रेणी का सेमी फ़ाइनल मुकाबला पहलवान बजरंग पुनिया हार गए हैं.

    उन्हें ईरान के पहलवान रहमान अमोज़ाद खलीली ने 8-1 हराया है.

    पुनिया ओलंपिक मेडल विजेता रह चुके हैं, उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज जीता था.

    पुनिया इकलौते ऐसे पहलवान हैं जिन्होंने वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में चार मेडल जीते हैं.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, रिज़र्व बैंक ने नहीं बदला रेपो रेट, जीडीपी ग्रोथ का अनुमान भी 6.5% पर बरकरार

    रिज़र्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में रेपो दर को ना बदलते हुए 6.5 फ़ीसदी ही रखा गया है.

    आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को इसका एलान किया है.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि जोखिमों के ध्यान में रखते हुए चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 6.5 प्रतिशत पर ही बरकरार रखा गया है.

    आरबीआई ने शहरी सहकारी बैंकों के लिए बुलेट पेमेंट योजना के तहत गोल्ड लोन की रकम को दोगुना कर 4 लाख रुपये कर दिया है.

    उन्होंने कहा कि व्यापक आर्थिक स्थिरता और समावेशी विकास हमारे देश की प्रगति के मूल सिद्धांत हैं. हाल के सालों में मुश्किलों के समय में हमने मिक्स पॉलिसी अपनायी है, उससे आर्थिक और वित्तीय स्थिरता को बढ़ावा मिला है.

    आरबीआई की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक 4 अक्टूबर से शुरू हुई थी, जो आज खत्म हो गई है.

    लागातार चौथी बार रेपो रेट ना बदलते हुए 6.5 फ़ीसदी रखा गया है.

  8. ऑस्ट्रेलिया से मैच के पहले शुभमन गिल को तेज़ बुखार की ख़बर

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ विश्व कप के ओपेनिंग मैच से पहले भारतीय टीम की चिंताएं बढ़ती दिख रही हैं. ख़बर है कि ओपनर खिलाड़ी शुभमन गिल को तेज़ बुखार है और उनका डेंगू का टेस्ट किया गया है.

    रविवार को होने वाले मैच से पहले आई इस ख़बर के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि ईशान किशन मैच की ओपेनिंग कर सकते हैं.

    पीटीआई से बीसीसीआई के एक करीबी सूत्र ने बताया है कि “चेन्नई में उतरने के साथ ही शुभमन गिल को तेज़ बुखार था, उनका टेस्ट किया गया है. शुक्रवार को भी कुछ टेस्ट होने हैं उसके बाद ये फैसला होगा कि वो ओपेनिंग मैच में खेल पाएंगे या नहीं.”

    रिपोर्ट्स के मुताबिक शुभमन गिल का डेंगू का टेस्ट हुआ है और अगर ये रिपोर्ट पॉज़िटिव आती है तो वह शुरुआती मैच नहीं खेल सेकेंगे.

    हालांकि पीटीआई से बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा है कि अभी किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए.

    “अगर ये साधारण वायरल बुखार हुआ तो वह एंटीबायोटिक्स ले कर खेल सकते हैं, हालांकि इसका फैसला पूरी तरह मेडिकल टीम को करना है.”

  9. एशियन गेम्स: भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को बुरी तरह हराया, फ़ाइनल में पहुँची

    एशियन गेम्स में भारत ने पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के फ़ाइनल में जगह बना ली है. सेमी फ़ाइनल में भारत ने बांग्लादेश को नौ विकेट से हरा दिया.

    भारत के कप्तान रितुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया. बांग्लादेश की टीम कुछ ख़ास नहीं कर पाई और 20 ओवरों में नौ विकेट पर 96 रन ही बना पाई.

    बांग्लादेश की ओर से जाकिर अली ने सर्वाधिक 24 रन बनाए, जबकि परवेज़ हुसैन ने 23 रन बनाए. भारत की ओर से साई किशोर ने 12 रन देकर तीन विकेट लिये.

    जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट लिए. भारत ने 97 रनों का लक्ष्य एक विकेट के नुक़सान 10वें ओवर में ही हासिल कर लिया.

    हालाँकि पिछले मैच के हीरो यशस्वी जायसवाल बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए थे. लेकिन कप्तान रितुराज और तिलक वर्मा ने भारत को आसानी से जीत दिला दी. रितुराज ने 40 और तिलक वर्मा ने 55 रनों की नाबाद पारी खेली.

  10. मुंबई: गोरेगांव की एक बिल्डिंग में लगी आग, छह लोगों की मौत, 40 घायल

    मुंबई के गोरेगांव में एक सात मंजिला इमारत में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई है औरकई लोग घायल हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बीएमसी के अधिकारियों ने बताया है कि शुक्रवार तड़के मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक सात मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई और 40 लोग घायल हो गए.

    राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है.

    उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा- “गोरेगांव में आग लगने की घटना में जानमाल के नुकसान के बारे में जानकर दुखी हूं. हम बीएमसी और मुंबई पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं और सभी सहायता प्रदान की जा रही है.”

    “ पीड़ितों के परिवारो के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की मैं कामना करता हूं.”

    बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि गोरेगांव पश्चिम के आजाद नगर इलाके में ग्राउंड-प्लस-सेवन के जय भवानी बिल्डिंग में सुबह करीब 3 बजे आग लग गई.

    अधिकारी ने कहा कि आग से प्रभावित लोगों को जोगेश्वरी के एक ट्रॉमा सेंटर और कूपर अस्पताल भर्ती किया गया है.

  11. ऐसा क्रूर रवैया अपनाना होगा कि आतंकवाद का इकोसिस्टम ख़त्म हो जाए- अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि आतंकवाद विरोधी एजेंसियों को ऐसा क्रूर रवैया अपनाना होगा कि देश में कोई नया आतंकवादी समूह न पनप पाए.

    एनआईए की ओर से आयोजित एक एंटी टेरर कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने ये भी कहा कि न केवल आतंकवाद, बल्कि आतंकवादियों के पूरे इकोसिस्टम को नष्ट करना होगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के कड़े फैसलों से क्रिप्टोकरेंसी, हवाला, टेरर-फंडिंग, संगठित अपराध सिंडिकेट और नार्को-टेरर लिंक की चुनौतियों से निपटने में बहुत बेहतर परिणाम मिल रहे हैं. लेकिन अब भी बहुत कुछ करने की ज़रूरत है.

    अमित शाह ने कहा- “सभी आतंकरोधी एजेंसियों को ऐसा क्रूर रवैया अपनाना होगा कि नये आतंकी संगठन न बन सकें, हम सब को एक टीम की तरह काम करते रहना चाहिए."

    "बीते नौ सालों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय जांच एजेंसियों ने मज़बूती से आतंकवादसे निपटा है. एनआईए को ना सिर्फ़ जांच करनी चाहिए बल्कि आतंकवाद से निपटने के नए और इनोवेटिव तरीके भी तलाशने चाहिए.”

  12. सेना के एक मेजर ने अपने साथियों पर चलाई गोली, फेंके ग्रेनेड, एक अधिकारी घायल

    जम्मू-कश्मीर के राजौरी में गुरुवार को सेना के एक कैंप में एक अधिकारी के कथित तौर पर फ़ायरिंग करने और ग्रेनेड हमला करने से एक दूसरे अधिकारी घायल हो गए हैं.

    सेना ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है,“5 अक्टूबर को एक अधिकारी ग्रेनेड हमले में घायल हो गए. अधिकारी का इलाज चल रहा है और उनकी हालत अभी स्थिर है.”

    समाचार एजेंसी पीटीआई का कहना है कि एक मेजर रैंक के अधिकारी ने शूटिंग अभ्यास सत्र के दौरान बिना उकसावे के अपने सहयोगियों पर गोलियां चला दीं और फिर अपने सीनियर पर हैंड ग्रेनेड फेंक दिया.

    ऐसा करके वो अधिकारी खुद सेना के शस्त्रागार में छिप गया. अधिकारी को पकड़ने में और काबू करने में आठ घंटे लगे.

    घटना रजौरी के थानामंडी के पास नीली चौकी पर हुई.

    सेना ने एहतियात के तौर पर शस्त्रागार के नजदीक के गांव को खाली करा दिया.

    पीटीआई का दावा है कि इस घटना में तीन सेना के जवानों सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं लेकिन सेना के आधिकारिक बयान में एक आधिकारी के घायल होने की बात कही गई है.

    मामले की जांच जारी है.

  13. पुतिन ने प्रिगोज़िन की मौत को लेकर ड्रग्स और शराब का ज़िक्र क्यों किया

    व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को इस बात की ओर इशारा किया कि वागनर सेना के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन की मौत का कारण कोई बाहरी हमला नहीं बल्कि ड्रग्स और शराब के नशे में विमान के भीतर हैंड ग्रेनेड फटने से हुई.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ पुतिन ने सोची में आयोजित वल्दाई डिस्कशन क्लब की एक बैठक में कहा, "दुर्घटना में मारे गए लोगों के शरीर में हैंड ग्रैनेड के टुकड़े पाए गए."

    उन्होंने कहा- “ ये तथ्य है कि विमान पर कोई भी बाहरी हमला नहीं किया गया था.”

    प्रिगोज़िन की मौत के बाद एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा था कि विमान को मार गिराया गया. विमान के दुर्घटना ग्रस्त होने के पीछे की वजहों पर भी संशय था.

    हालांकि पुतिन ने इस पर विस्तार से बात नहीं की और ना ही ये बताया कि आखिर विमान मैं बैठे- बैठे कैसे हैंड ग्रेनेड फट सकता है. लेकिन उन्होंने ये ज़रूर कहा जो लोग विमान दुर्घटना में मारे गए उनका एल्कोहल और ड्रग टेस्ट किया जाना चाहिए था.

    उन्होंने कहा- "मेरी राय में ये जांच की जानी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ."

    उन्होंने कहा कि सेंट पीटर्सबर्ग में वागनर के दफ़्तरों की तलाशी में जांचकर्ताओं को 10 अरब रूबल नकद और 5 किलोग्राम कोकीन ड्रग्स मिला है.

    हालांकि इस जांच को करने वाले अधिकारियों ने इसे लेकर अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है.

  14. सिक्किम: बाढ़ में कम से कम 18 की मौत, सेना के 22 जवानों सहित 98 लोग लापता

    सिक्किम की तीस्ता नदी बेसिन में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 18 हो गई है. एकाएक पुल टूटने से कई लोग बह गए. सेना और एनडीआरएफ की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सेना के 22 जवानों सहित 98 लोग अब भी लापता है.

    राज्य के मुख्य सचिव वीबी पाठक ने बताया कि बुधवार तड़के उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से तेज़ बारिश हुई और इसने फ्लैश फल्ड यानी अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा की.

    जिन 18 लोगों की मौत हुई है उनमें से चार की पहचान सेना के ‘जवानों’ के रूप में हुई है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार अधिकारियों ने बताया है कि सड़कें "गंभीर रूप से" क्षतिग्रस्त हो गई हैं और 14 पुल बह गए हैं.

    बचावकर्मी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए संघर्ष कर रहे हैं. संचार व्यवस्था काट दी गई है. लोगों के लिए 25 राहत शिविर बनाए गए हैं.

    सिक्किम सरकार ने कहा कि पहले ही मानसून के कारण नदियां उफ़ान पर थीं, लेकिन ऊपरी हिस्से में ल्होनक झील के ऊपर बादल फटा तो इसका पानी बह कर नीचे आया और इसने नदी में जल का स्तर और बढ़ा दिया जिससे कई पुल,घर, सड़कें बह गईं.

  15. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो. ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा. 5 अक्टूबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहांक्लिककरें..