You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एशियन गेम्सः रविवार को भारत ने जीते तीन गोल्ड, कुल पदक हुए 50

रविवार को हांगज़ो में मेडल के मामले में सबसे सुनहरा दिन रहा. भारत को तेजिन्दर पाल सिंह तूर (शॉटपुट), अविनाश साबले (3000 मीटर की स्टीपलचेज़) और और पुरुषों की ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में गोल्ड मिले.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, तुर्की की राजधानी अंकारा में संसद के पास धमाका

    तुर्की की राजधानी अंकारा में रविवार को संसद के पास धमाका हुआ है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़- तुर्की के आंतरिक मामलों के मंत्री ने कहा, ''मंत्रालय की बिल्डिंग के बाहर दो आतंकवादियों ने हमला किया. एक को जवाबी कार्रवाई में मार दिया गया है, दूसरे ने ख़ुद को उड़ा लिया है.''

    आंतरिक मामलों के मंत्री ने कहा कि हमले में दो सुरक्षाबल भी घायल हुए हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, धमाका संसद की बिल्डिंग के पास हुआ है.

    तुर्की के आंतरिक मंत्रालय ने बताया है, ''रविवार सुबह साढ़े नौ बजे दो आतंकवादी गाड़ी पर सवार होकर आए और मंत्रालय के के गेट के पास धमाका किया है.''

    ज़्यादा जानकारी का इंतज़ार है.

  2. मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया- राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग के सामने कौन सी मांगें रखीं?

    चुनाव आयोग ने राजस्थान में चुनावी तैयारियों का जायज़ा लिया है.

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने रविवार को राजस्थान में चुनाव की तैयारियों के बारे में मीडिया को जानकारी दी.

    उन्होंने कहा, ''पिछले दो महीने में चुनाव आयोग के अधिकारियों से अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. प्रवर्तन एजेंसियों और केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों से भी बात हुई. इसके बाद जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, पुलिस महानिरीक्षकों और उप निरीक्षकों से भी विचार-विमर्श हुआ.''

    राजीव कुमार ने कहा, ''आयुक्तों और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाक़ात की गई. सभी का कहना था कि राज्य में निष्पक्ष और स्वतंत्र सुनिश्चित किया जाना चाहिए. अहम और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती भी सुनिश्चित करने की मांग की गई.''

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि राजनीतिक दलों ने भी कुछ मांगें रखी हैं. इनमें बगैर तथ्य के जाति से जुड़े आंकड़ों का मीडिया के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग शामिल है. राजनीतिक कारणों से मतदान केंद्रों की संख्या में कमी या बढ़ोतरी या फिर उन्हें बदलने पर रोक की मांग की गई.

    उनका कहना था कि जिन पुलिस अधिकारियों ने तीन साल की ट्रांसफर अवधि पूरी कर ली है उन्हें दोबारा उनकी पुरानी जगह पर बहाल किया जाए.

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि वोटर बगैर किसी डर या आशंका के मतदान केंद्र पहुंच कर वोटिंग में हिस्सा लें.

  3. राहुल गांधी ने लिखा- हिंदू इतना कमज़ोर नहीं कि घृणा, क्रोध का ज़रिया बन जाए

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदू धर्म पर एक पोस्ट साझा की.

    राहुल गांधी ने इस पोस्ट को सत्यम शिवम सुंदरम शीर्षक दिया है.

    राहुल गांधी ने लिखा, ''एक हिंदू का आत्म इतना कमज़ोर नहीं होता कि वह अपने भय के वश में आकर किसी किस्म के क्रोध, घृणा या प्रतिहिंसा का माध्यम बन जाए.''

    राहुल गांधी ने लिखा, ''हिंदू सभी प्राणियों से प्रेम करता है और वह जानता है कि इस महासागर में तैरने के सबके अपने अपने तरीके हैं. सबको अपनी राह पर चलने का अधिकार है. वह सभी रास्तों से प्रेम करता है, सबका आदर करता है और उनकी उपस्थिति को बिलकुल अपना मानकर स्वीकार करता है.''

  4. एशियन गेम्स: ट्रैप शूटिंग में भारत की पुरुष और महिला टीम ने जीता गोल्ड, सिल्वर मेडल

    भारत के लिए रविवार का दिन मेडल के लिहाज से काफी अच्छा रहा. भारतीय टीम में शामिल पृथ्वीराज टोन्डईमैन, क्यानन चेनाई और जोरावर सिंह संधू ने इस गेम का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. इन खिलाड़ियों ने 361 का स्कोर हासिल किया.

    वहीं महिलाओं ने ट्रैप शूटिंग के टीम इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया.

    महिला टीम की सदस्य राजेश्वरी कुमारी, मनीषा कीर और प्रीति रजक ने मिल कर 337 का स्कोर बनाया. इससे पहले अदिति अशोक के गोल्फ में सिल्वर जीतने के बाद ट्रैप शूटिंग में महिलाओं ने सिल्वर मेडल जीत लिया है.

    एशियन गेम्स में भारत ने अब तक 41 पदक जीते हैं. इनमें 11 गोल्ड, 16 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. चीन मेडल लिस्ट में सबसे ऊपर है. उसने अब तक 115 गोल्ड, 69 सिल्वर, 36 ब्रॉन्ज समेत 220 मेडल जीते हैं.

  5. एशियन गेम्स: अदिति अशोक ने रचा इतिहास, गोल्फ़ में जीता सिल्वर मेडल

    चीन के हांगज़ो में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय गोल्फ़र अदिति अशोक ने सिल्वर मेडल जीत लिया है.

    अदिति गोल्फ़ में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं.

    अदिति गोल्ड की प्रबल दावेदार लग रही थीं. लेकिन उनका एक राउंड खराब रहा.

    16वें होल में उन्हें डबल बोगी मिली और गोल्ड जीतने का मौका उनके हाथ से निकल गया.

    शूटिंग में भारतीय पुरुषों ने ट्रैप शूटिंग के टीम इवेंट का गोल्ड मेडल जीता है.

    भारत ने महिलाओं के ट्रैप शूटिंग के टीम इवेंट का सिल्वर मेडल भी जीत लिया है.

    एशियन गेम्स में भारत ने अब तक 38 पदक जीते हैं. इनमें दस गोल्ड, 14 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.

    चीन मेडल लिस्ट में सबसे ऊपर है. उसने अब तक 114 गोल्ड, 68 सिल्वर, 34 ब्रॉन्ज समेत 218 मेडल जीते हैं.

  6. जयशंकर ने अपने भाषण में राजीव गांधी और मनमोहन को क्यों याद किया?

    विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राजीव गांधी के 1985 और मनमोहन सिंह के 2005 के अमेरिकी दौरे को याद किया है.

    इन दिनों अमेरिका के दौरे पर वॉशिंगटन में मौजूद जयशंकर ने कहा, ''लोग 1985 में राजीव गांधी की अमेरिकी यात्रा को याद करते हैं. उस समय में मैं अमेरिका में ही था."

    "2005 में जब मनमोहन सिंह का दौरा हुआ था तब भी मैं अमेरिका में मौजूद था. लोग पीएम मोदी की अमेरिकी यात्रा को भी याद करते हैं. लेकिन ये अलग था. इसका दायरा ही अलग था. अगर मुझसे पूछेंगे कि क्या बदला है तो मैं कहूंगा कि पहले हम अमेरिका से सौदा किया करते थे लेकिन अब दोनों देश मिल कर काम करते हैं.''

    जयशंकर नौ दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे हैं. गुरुवार को उनकी मुलाकात अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से हुई.

    विदेश मंत्री ने उनसे अमेरिका और भारत के बीच 2+2 की बैठक की तैयारियों पर भी चर्चा की.

  7. स्कॉटलैंड के गुरुद्वारे ने भारतीय उच्चायुक्त को रोकने की निंदा की

    ग्लासगो के गुरु ग्रंथ साहिब गुरुद्वारा ने ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी का रास्ता रोके जाने की घटना की निंदा की है.

    स्कॉटलैंड में ग्लासगो गुरुद्वारा ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर भारतीय उच्चायुक्त के साथ हुए व्यवहार की कड़ी निंदा की है और कहा है कि गुरुद्वारा हर समुदाय और पृष्ठभूमि के लोगों के लिए खुला है. वो अपने धार्मिक विश्वास के आधार पर हर किसी का खुले मन से स्वागत करता है.

    विक्रम दोरईस्वामी जब अपनी स्टॉकलैंड यात्रा के दौरान राजधानी ग्लासगो के इस गुरुद्वारे में जा रहे थे तो उनका रास्ता खालिस्तान समर्थक माने जाने वाले आंदोलनकारियों ने रोक दिया था.

    दोरईस्वामी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ग्लासगो के अलबर्ट ड्राइव पर स्थित गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब जाने वाले थे. लेकिन 'सिख यूथ्स यूके' के सदस्यों ने गुरुद्वारा के अधिकारियों के साथ हुई अपनी बहस का वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट किया है जिसमें उनमें से कुछ लोग उच्चायुक्त की कार की तरफ़ बढ़ते और उन्हें वहां से जाने के लिए कहते हुए दिखाई दे रहे हैं.

    भारतीय उच्चायोग ने इस घटना को अपमानजनक और शर्मनाक करार दिया है.

    विक्रम दोरईस्वामी के साथ ये घटना कनाडा की संसद में प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के बयान के बाद घटी है.

    जस्टिन ट्रूडो ने कनाडा की संसद में बताया था कि खालिस्तानी अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में भारतीय एजेंटों का हाथ हो सकता है.

    भारत सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है और इसे 'बेतुका और प्रेरित' बताया है.

  8. अमेरिका में टला शटडाउन का संकट, संसद में आख़िरी वक़्त पर हुआ समझौता

    अमेरिका में फ़ेडरल शटडाउन का संकट फ़िलहाल टल गया है. अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में शटडाउन संकट टालने के लिए समझौते पर मंज़ूरी बन गई है.

    सरकारी कामकाज चलाने के लिए ज़रूरी खर्चे के नवंबर के मध्य तक की फ़ंड को मंज़ूरी मिल गई है. लेकिन इसमें यूक्रेन के लिए नई मदद का ख़र्चा शामिल नहीं है.

    सीनेट में शटडाउन संकट को टालने के लिए लाए गए बिल को सीनेट में 88 वोटों से मंज़ूरी मिल गई.

    45 दिन के लिए ज़रूरी ख़र्चे का इंतज़ाम करने वाले बिल को हाउस स्पीकर केविन मैकार्थी ने प्रस्तावित किया.

    बिल पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ ही फेडरल सेवाओं में गतिरोध की आशंका खत्म हो जाएगी.

    शटडाउन की स्थिति में हज़ारों फेडरल कर्मचारियों को बिना वेतन के घर बैठने को कहा जा सकता था. इससे सरकार की सेवाएं ठप हो जातीं.

  9. मालदीव में चीन समर्थक मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव

    चीन समर्थक माने जाने वाले मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने मालदीव के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है.

    उन्होंने निवर्तमान राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह को हराया है, जिन्होंने भारत के साथ अपने देश के संबंधों को मज़बूत करने की कोशिश की थी.

    मोहम्मद मुइज़्ज़ू को 54 फीसदी वोट हासिल हुए हैं. इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने अपनी हार मान ली है. उन्होंने चुनाव जीतने के लिए मुइज़्ज़ू को बधाई दी है.

    माले के मेयर मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने 'इंडिया आउट' के नारे के साथ अपना अभियान शुरू किया था. प्रोग्रेसिव अलायंस के उम्मीदवार मोहम्मद मुइज़्ज़ू चीन के साथ घनिष्ठ संबंधों की वकालत करते हैं.

    मोहम्मद मोइज़्ज़ू का जन्म 1978 में हुआ था और उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है. उन्होंने 2012 में राजनीति में एंट्री की थी.

  10. नमस्कार! आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    30 सितंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.