समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण को लेकर बीजेपी को निशाने पर लिया है.
उन्होंने कहा कि ये आरक्षण कब लागू होगा, इसे लेकर कोई सही जानकारी नहीं है.
अखिलेश यादव ने कहा, "कोई कह रहा है कि दो लोकसभा चुनाव हो जाएंगे, उसके बाद लागू होगा."
मध्य प्रदेश के रीवा में पार्टी के एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी 20 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देंगे.
उन्होंने बीजेपी से सवाल किया कि क्या पार्टी 33 प्रतिशत महिलाओं को चुनाव में टिकट देगी?
महिला आरक्षण की बात करते हुए उन्होंने फूलनदेवी का भी ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने फूलनदेवी को चुनाव लड़ाने का फ़ैसला किया तब कई लोगों ने उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी थी.
अखिलेश यादव ने कहा, " नेताजी ने किसी की परवाह नहीं की.फूलनदेव जेलों में पड़ी थीं, उनको भी लोकसभा में पहुंचाने का काम समाजवादी लोगों और नेताजी ने किया था."
अखिलेश यादव ने कहा, "हम हमेशा पिछड़े और आदिवासियों को मौका देते हैं."
मध्य प्रदेश में विपक्षी दलों के गठजोड़ 'इंडिया' के तहत चुनाव लड़ने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, "पार्टी साइकिल के चुनाव चिन्ह पर ही मैदान में उतरेगी. "
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी अपनी मजबूती को परखना चाहती है.