You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस के कमांडरों पर यूक्रेन का हमला, कई के मारे जाने का दावा

यूक्रेन ने शुक्रवार को सेवास्तोपोल में हुए मिसाइल हमले के बारे में अधिक जानकारियां दी हैं. यूक्रेन का कहना है कि क्राइमिया में किए गए मिसाइल हमले को नोसैनिक कमांडरों की बैठक को निशाना बनाने के लिए किया गया था.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and दिलनवाज़ पाशा

  1. इस उल्कापिंड के टुकड़े से खुलेगा धरती पर जीवन की शुरुआत का राज़

    इस वीकेंड पर वैज्ञानिकों और स्टार गेज़र्स की नज़र अमेरिका के यूटा राज्य के आसमान पर होगी.

    यहां राइफ़ल की गोली से भी 15 गुना ज़्यादा स्पीड से आकर एक कैप्सूल गिरेगा.

    इसके अंदर एक उल्कापिंड की चट्टान के हिस्से और धूल होगी...हमारी धरती असल में कैसे बनी?

    ये सैंपल इस बारे में अहम जानकारी दे सकता है. देखिए बीबीसी संवाददाता रेबेका मोरेल की ये रिपोर्ट.

  2. चीन को लेकर ताइवान की चेतावनी- हालात के बेक़ाबू होने का ख़तरा मंडरा रहा है

    ताइवान के रक्षा मंत्री ने आस-पास के क्षेत्रों में चीन की सैनिक गतिविधि के बढ़ने को लेकर आगाह किया है.

    उन्होंने कहा कि ताइवान की सरकार इस बात को लेकर चिंतित है कि एक छोटी सी चिनगारी भी किसी बड़ी लड़ाई को भड़का सकती है.

    ताइवान के रक्षा मंत्री चिउ क्युओ-चेंग ने कहा कि हालात के बेक़ाबू होने का ख़तरा मंडरा रहा है.

    पिछले कुछ समय से चीन ताइवान के आस-पास के इलाके में युद्धपोत, ड्रोन और लड़ाकू विमानों की तैनाती कर रहा है.

    हालांकि चीन की ये गतिविधियां युद्धाभ्यास के नाम पर की जा रही है.

    चीन का दावा है कि ताइवान उससे अलग हो गया प्रांत है और एक दिन वो इसे अपनी मुख्य भूमि में मिला लेगा चाहे इसके लिए ताक़त का ही इस्तेमाल क्यों न करना पड़े.

  3. COVER STORY: यूक्रेन जंग के ज़ख़्मों पर प्यार का मरहम

    रूस के ख़िलाफ़ जंग के मोर्चे से अपाहिज होकर लौटे यूक्रेन के कई नौजवान अब सदमे से लड़ रहे हैं, जिससे उबरने में उन्हें कई साल लग सकते हैं.

    ज़ख़्मों और सदमों से जूझते यूक्रेन के एक सैनिक के लिए प्यार बना मरहम. कवर स्टोरी में आज उन्हीं की कहानी.

  4. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा- दानिश अली के अमर्यादित आचरण की भी जांच हो...

    बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी के साथ-साथ बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के अमर्यादित शब्दों और आचरण की जांच करने के लिए भी कहा है.

    रमेश बिधूड़ी ने गुरुवार को संसद में बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली की धार्मिक पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.

    निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रमेश बिधूड़ी जी के लोकसभा में दिए बयान को कोई भी सभ्य समाज ठीक नहीं कह सकता, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है लेकिन लोकसभा स्पीकर जी को सांसद दानिश अली के भी अमर्यादित शब्दों और आचरण की जॉंच करनी चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "लोकसभा के नियम प्रक्रियाओं के तहत किसी सांसद के निर्धारित समय के बीच टोकना, बैठे-बैठे बोलना, रनिंग कमेंट्री करना भी सजा के दायरे में आता है."

    निशिकांत दुबे ने कहा, "मैं पिछले 15 साल से सांसद हूँ, लोकसभा के खुलने से लेकर बंद होने तक सबसे ज़्यादा समय तक मैं सदन में रहता हूँ, ऐसा दिन देखने को मिलेगा कभी सोचा नहीं था."

  5. रमेश बिधूड़ी प्रकरण: संसद की गरिमा और मर्यादा क्या केवल कहने की बातें हैं? - नज़रिया

  6. साइबर-आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग पर क्या बोले पीएम मोदी

    शनिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय अधिवक्ता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइबर-आतंकवाद, मनी लॉन्ड्रिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विभिन्न मुद्दों पर सहयोग के लिए ग्लोबल फ्रेमवर्क तैयार करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

    उन्होंने कहा, "एक तरह से ये अंतरराष्ट्रीय अधिवक्ता सम्मेलन वसुधैव कुटुम्बकम की भारत की भावना का प्रतीक बन गई है. मैं यहां आए सभी अंतरराष्ट्रीय मेहमानों का मैं भारत में बहुत बहुत स्वागत करता हूं. किसी भी देश के निर्माण में वहां की लीगल फैटरनिटी की बहुत बड़ी भूमिका होती है."

    "भारत में वर्षों से न्यायपालिका और बार देश की न्याय व्यवस्था के संरक्षक रहे हैं. लीगल प्रोफ़ेशनल्स के अनुभव ने आजाद भारत की नींव को मजबूत करने का काम किया है. आज भारत के प्रति विश्व का जो भरोसा बढ़ रहा है, उसमें भी भारत की न्याय व्यवस्था की बड़ी भूमिका है."

    पीएम मोदी ने कहा, "आज यह सम्मेलन एक ऐसे समय में हो रहा है जब भारत कई ऐतिहासिक निर्णयों का साक्षी बना है. एक दिन पहले ही भारत की संसद ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का कानून पास किया है."

    अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा, "नारी शक्ति वंदन कानून भारत में वीमन लेड डेवेलपमेंट को नई दिशा और ऊर्जा देगा. कुछ ही दिन पहले जी-20 के ऐतिहासिक आयोजन में दुनिया ने हमारी डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी, और हमारी डिप्लोमेसी की झलक भी देखी. एक महीने पहले आज ही के दिन भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के समीप पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बना था."

    पीएम मोदी बोले, "साइबर-आतंकवाद हो, मनी लॉन्ड्रिंग हो, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हो, विभिन्न मुद्दों पर सहयोग के लिए ग्लोबल फ्रेमवर्क तैयार करना सिर्फ किसी शासन या सरकार से जुड़ा मामला नहीं है. इसके लिए अलग-अलग देशों के क़ानूनी ढांचे को भी एक दूसरे से जुड़ना होगा. भारत में तो सदियों से पंचायत के जरिए विवादों के निपटारे की व्यवस्था रही है. इस अनौपचारिक व्यवस्था को एक व्यवस्थित रूप देने के लिए भी भारत सरकार ने मध्यस्थता अधिनियम बनाया है."

  7. कनाडा के लिए अमेरिका क्या जाएगा भारत के ख़िलाफ़?

  8. आशुतोष गोवारिकर बनाएंगे आदि शंकराचार्य पर फ़िल्म

    फ़िल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास के साथ मिलकर आदि शंकराचार्य पर फ़िल्म बनाएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, फ़िल्म निर्माताओं ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि इस फ़िल्म का नाम ‘शंकर’ होगा.

    गोवारिकर 'लगान', 'जोधा अकबर' और 'पानीपत' जैसी फ़िल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं.

    बयान में निर्देशक ने कहा, “न्यास और एकता धाम के साथ मिलकर आदि शंकराचार्य के जीवन पर एक फ़िल्म बनाने का जो मौका मिला है, उससे मैं गौरवान्वित हूं.”

    एक दिन पहले ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खंडवा के ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की 108 फ़ुट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया. 2,141 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस मूर्ति को ‘स्टैच्यू ऑफ़ वननेस’ का नाम दिया गया.

  9. कनाडा ने भारत के दावे को किया ख़ारिज, ट्रूडो ने अब कही नई बात

  10. भारतीय मूल के कनाडाई सिंगर के समर्थन में उतरीं हरसिमरत कौर

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इंडो-कनाडाई सिंगर शुभनीत का समर्थन किया है.

    शुभनीत सिंह पर खालिस्तान समर्थक होने का आरोप है और इस वजह से उनका प्रोग्राम 'स्टिल रोलिन टूर फॉर इंडिया' रद्द कर दिया गया है.

    हरसिमरत कौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "शुभ हम आपके साथ खड़े हैं. आपको अपनी देशभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि तुम्हारे जैसे बेटे पर पंजाब और भारत को गर्व है. अकाली दल, देशवासियों से अपील करता है कि वे शुभ और पंजाब के लिए बोलने वाले दूसरे लोगों को देशद्रोही करार देने की साजिशों में न फंसे."

    4 अगस्त को शुभनीत के ‘स्टिल रोलिन टूर फॉर इंडिया’ की घोषणा की गई थी. तीन महीने लंबे टूर में नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, लुधियाना, चंडीगढ़, गुरुग्राम, मुंबई, कोलकाता, पुणे जैसे शहर शामिल थे.

    अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक बयान में, शुभ ने अपना भारत दौरा रद्द होने पर दुख जाहिर किया है.

    उन्होंने लिखा कि वे पिछले दो महीनों से भारत दौरे के लिए तैयारी कर रहे थे और प्रोग्राम में परफॉर्म करने को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.

    शुभ ने लिखा, "भारत मेरा भी देश है. मैं यहां पैदा हुआ था. यह मेरे गुरुओं और मेरे पूर्वजों की धरती है, जिन्होंने इस धरती की आजादी, इसकी महिमा और परिवार की खातिर बलिदान देने के लिए एक क्षण भी नहीं सोचा."

  11. मीरवाइज़ ने चार साल बाद कश्मीर की जामा मस्जिद से क्या तक़रीर की – प्रेस रिव्यू

  12. जयराम रमेश ने नए संसद भवन को कहा- 'मोदी मल्टीप्लेक्स', बीजेपी ने दिया जवाब

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखकर नए संसद भवन की आलोचना की है.

    उन्होंने कहा कि नए संसद भवन को 'मोदी मल्टीप्लेक्स' या 'मोदी मैरियट' कहा जाना चाहिए.

    जयराम रमेश ने कहा, "चार दिनों के बाद मैंने देखा कि दोनों सदनों के अंदर और लॉबी, दोनों जगह बातचीत में खत्म हो गई है. अगर वास्तुकला लोकतंत्र को मार सकती है, तो प्रधानमंत्री बिना संविधान को फिर से लिखे बिना ही सफल हो चुके हैं."

    उन्होंने लिखा, "एक-दूसरे को देखने के लिए दूरबीन की जरूरत पड़ती है, क्योंकि हॉल बिल्कुल आरामदायक और कॉम्पैक्ट नहीं हैं. पुराने संसद भवन का खास एक माहौल था जहां बातचीत करना आसान होता था. सदनों, सेंट्रल हॉल और गलियारों के बीच चलना आसान था, जिसके चलते संसद भवन को चलाना आसान होता था, लेकिन नए संसद भवन में यह नहीं है. दोनों सदनों के बीच जल्दी में कॉर्डिनेट करना भी मुश्किल हो गया है."

    वे लिखते हैं, "पुरानी इमारत में अगर आप गुम हो जाते थे तो आपको अपना रास्ता फिर से मिल जाता था, क्योंकि वह बिल्डिंग गोलकार थी. नई इमारत में अगर रास्ता भूल जाते हैं, तो आप भूलभुलैया में खो जाते हैं. पुरानी इमारत आपको खुलेपन का एहसास देती थी जबकि नई इमारत में घुटन महसूस होती है."

    जयराम रमेश लिखते हैं, "संसद में आराम से घूमने का जो आनंद था, अब वो गायब हो गया है. पुरानी बिल्डिंग में जाने के लिए मैं उत्सुक रहता था लेकिन नई संसद में जाना पीड़ादायक है. मुझे यकीन है कि पार्टी लाइन से अलग मेरे कई साथी भी ऐसा ही महसूस करते हैं. मैंने सचिवालय के कर्मचारियों से भी यह सुना है कि नए भवन के डिजाइन में उनके काम को ध्यान में नहीं रखा गया है. ऐसा तब होता है जब बिल्डिंग का इस्तेमाल करने वाले लोगों के साथ कोई बातचीत नहीं की जाती."

    उन्होंने लिखा, "शायद 2024 में सत्ता परिवर्तन के बाद नए संसद भवन का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा."

    जयराम रमेश के इस पोस्ट पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने नाराजगी व्यक्त की है.

    उन्होंने लिखा कि यह जयराम रमेश की यह एक दयनीय मानसिकता है, जो 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का अपमान करने के अलावा कुछ नहीं है.

    नड्डा ने लिखा, "वैसे भी यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस संसद का विरोध कर रही है. उन्होंने 1975 में कोशिश की, जिसमें वे बुरी तरह फेल साबित हुए."

  13. भारतीय फ़ाइटर पायलट के पाकिस्तान से बचकर पैदल भारत आने की दास्तान- विवेचना

  14. रमेश बिधूड़ी के मामले में एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने पूछा- क्या यह लोकतंत्र है?

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले ने रमेश बिधूड़ी के विवादास्पद बयान के मामले में स्पीकर को शिकायत की है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "वह (रमेश बिधूड़ी) अपराधी हैं और मैंने तृणमूल कांग्रेस के नेता के साथ स्पीकर को पत्र लिखा है, हम उनके ख़िलाफ़ एक विशेषाधिकार प्राप्त प्रस्ताव ला रहे हैं."

    सुप्रिया सुले ने कहा, "यह व्यवहार करने का कोई तरीका नहीं है. दो दिन पहले भी उन्होंने एक वरिष्ठ सांसद के साथ धक्का-मुक्की की थी. क्या यह लोकतंत्र है?"

    उन्होंने आगे कहा, "मैं ऐसे किसी भी अनियंत्रित व्यवहार की निंदा करती हूं और विशेषाधिकार प्राप्त प्रस्ताव पेश किया जाना चाहिए और मैंने ऐसा किया है."

  15. भारतीय टीम का नंबर वन बनना और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जीत

  16. चीन ने जिन खिलाड़ियों को नहीं दिया वीज़ा, उसे लेकर साई ने क्या कहा

    चीन के हांगज़ो में 19वें एशियाई गेम्स आज से शुरू हो रहे हैं जिसमें अरुणाचल प्रदेश से आने वाले भारतीय खिलाड़ियों को प्रवेश देने से चीन ने इनकार कर दिया है. इस मामले में अब स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की प्रतिक्रिया आई है.

    स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "एशियन गेम्स 2022 में हिस्सा लेने वाले तीन वुशु खिलाड़ियों के साथ हम खड़े हैं और इस वक्त उनका हम बहुत ख्याल रख रहे हैं. तीनों खिलाड़ियों की देखभाल साई हॉस्टल में की जा रही है."

    भारत ने इसे 'एशियाई गेम्स की भावनाओं का उल्लंघन' बताया है.

    भारत ने जताई आपत्ति

    चीन, अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा करता रहा है. हाल ही में चीन ने एक नया नक्शा जारी किया था, इसमें एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश को चीनी सीमा में दिखाया गया था.

    भारत ने चीन के दावे को ख़ारिज किया था.

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारतीय नागरिकों के साथ जातीय या इलाक़ाई आधार पर भेदभाव वाले बर्ताव को भारत दृढ़ता से अस्वीकार करता है और उसका लंबे समय से यही स्टैंड रहा है.

    बागची ने कहा, “हमारे कुछ खिलाड़ियों को लेकर चीन की ओर से जानबूझकर और चुनिंदा तरीके से बाधा पैदा करने के खिलाफ़ हमने कड़ा विरोध दर्ज कराया है.”

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी ट्वीट कर चीन के इस कदम की निंदा की है.

    उन्होंने ट्वीट किया, "अरुणाचल प्रदेश से हमारे वुशु एथलीट्स को चीन ने हांगज़ो में हो रहे एशियन गेम्स में शामिल होने के लिए वीज़ा नहीं दिया, मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं."

  17. भारत पर कनाडा के लगाए गंभीर आरोपों पर पहली बार बोले अमेरिका के विदेश मंत्री

    खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या मामले में अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी जे ब्लिंकन ने प्रतिक्रिया दी है.

    कनाडा ने निज्जर की हत्या में भारत के संभावित एजेंटों के हाथ होने की बात की है, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है.

    ब्लिंकन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिका इस मामले में कनाडा के साथ बातचीत कर रहा है और चाहता है कि वह जांच को आगे बढ़ाए और भारत उसका सहयोग करे.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका, कनाडा के आरोपों को लेकर काफी चिंतित है और इन्हें बहुत गंभीरता से लेता है.

    निज्जर हत्या मामले में अमेरिका के विदेश मंत्री की यह पहली टिप्पणी है. उनका यह बयान ऐसे समय पर आया है जब भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने नौ दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं, जहां वे संयुक्त राष्ट्र महासभा के सालाना अधिवेशन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं.

    इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन ने कहा था कि इस मामले में अमेरिका, भारत को कोई ‘विशेष छूट’ नहीं देगा.

    उनका कहना था कि इस मामले में अमेरिका, उच्च स्तर पर भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं.

  18. बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी की आपत्तिजनक टिप्पणी पर अब तक किसने क्या कहा?

    संसद के नए भवन में विशेष सत्र के दौरान गुरुवार को लोकसभा में बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी की ओर से बसपा सांसद दानिश अली के लिए अपशब्द कहे गए, जिसे लेकर विपक्ष हमलावर है और कार्रवाई की मांग कर रहा है.

    दानिश अली, उत्तर प्रदेश के अमरोहा से बहुजन समाज पार्टी के सांसद हैं. उन्होंने कहा, ''ये हेट स्पीच का मामला है. अब तक ये संसद से बाहर होता रहा है. मगर कल बीजेपी सांसद ने सदन के अंदर हेट स्पीच दी है. बीजेपी सांसद ये सब संघ की शाखा में सीख रहे हैं या पीएम मोदी के नए भारत की नई प्रयोगशाला में ये सीख रहे हैं?''

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बसपा प्रमुख मायावती ने लिखा, ''दिल्ली से भाजपा सांसद का बसपा सांसद दानिश अली के ख़िलाफ़ सदन में आपत्तिजनक टिप्पणी को स्पीकर ने रिकॉर्ड से हटाकर उन्हें चेतावनी भी दी है. वरिष्ठ मंत्री ने सदन में माफ़ी मांगी. लेकिन पार्टी की ओर से उनके ख़िलाफ़ अभी तक समुचित कार्रवाई नहीं करना, दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है.''

    समाजवादी पार्टी ने क्या कहा?

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "लोग केवल चेहरे से ही नहीं पहचाने जाते हैं, बल्कि अपनी ज़बान से भी पहचाने जाते हैं. भारतीय जनता पार्टी के केवल एक नेता के ऐसे विचार नहीं हैं. अगर हम पुराना इतिहास उठाकर देखें तो बहुत से ऐसे नेता मिलेंगे जिन्होंने न जाने कितनी असंसदीय भाषा में टिप्पणियां की हैं... इन पर हमेशा हमेशा के लिए पाबंदी लगा देनी चाहिए ताकि ये कभी चुनाव न लड़ पाएं."

    कांग्रेस ने क्या कहा?

    बसपा सांसद दानिश अली को संसद में अपशब्द कहे जाने के विवाद के बीच राहुल गांधी शुक्रवार शाम उनसे मिलने पहुंचे. मुलाक़ात के बाद दानिश अली और राहुल गांधी ने “नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान” का मुहावरा दोहराया.

    मुलाक़ात के बाद दानिश अली ने पत्रकारों से कहा, "राहुल जी खाली एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए, मेरा हौसला बढ़ाने के लिए वो यहां आए कि अकेला मत समझिए, इस देश का हर वो व्यक्ति जो लोकतंत्र में विश्वास रखता है, वो आपके साथ खड़ा है. राहुल गांधी ने कहा कि इसे दिल पर मत लीजिए और अपनी सेहत का ख्याल रखिए."

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “जितनी भी निंदा की जाए, वो कम होगी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने माफी मांगी है, वो अपर्याप्त है. ऐसी भाषा मैंने कभी नहीं सुनी, ये भाषा कहीं भी इस्तेमाल नहीं होनी चाहिए. ये सभी सांसदों का अपमान है. नई संसद में पीएम कहते हैं कि इसकी शुरुआत नारी शक्ति बिल से हुई है, मैं कहता हूं इसकी शुरुआत बिधूड़ी के शब्दों से हुई है. ये बीजेपी की मंशा को दर्शाता है. ये बिधूड़ी जो कह रहे हैं, वो बीजेपी की मंशा है… इस सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए."

    कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, "अब समय आ गया है कि नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत को सार्वजनिक रूप से ऐसे विचारों को ख़ारिज करना चाहिए. इसके बजाय उन्हें भारत को तोड़ने की नहीं बल्कि एकजुट करने की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए, नहीं तो नफ़रत का ये ज़हर हमारे समाज और देश को तोड़ देगा."

    ओवैसी ने क्या कहा?

    एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने एक्स पर लिखा, ''मेरा सुझाव है कि नरेंद्र मोदी इस वीडियो को जल्द अरबी में डब करें और अपने हबीबियों को भेजें.’

    ओवैसी ने आरोप लगाते हुए लिखा, “इस वीडियो में "चौंकाने वाला" कुछ नहीं है. भाजपा एक अथाह खाई है, इसलिए हर दिन एक नया निचला स्तर मिल जाता है. मुझे भरोसा है कि इनके ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होगी. संभावना है कि आगे इन्हें भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा. आज भारत में मुसलमानों के साथ वैसा ही सुलूक हो रहा है, जैसा हिटलर के जर्मनी में यहूदियों के साथ किया जाता था.”

    तृणमूल कांग्रेस

    टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, “इस वीडियो में बिधूड़ी उग्रवादी, आतंकवादी समेत कई आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल सांसद के लिए कर रहे हैं. गरिमा के रखवाले स्पीकर ओम बिरला और विश्व गुरु पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा - कृपया कार्रवाई करें.”

    आम आदमी पार्टी

    आप नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा, “मैंने सदन में मणिपुर हिंसा का मुद्दा उठाया, तो निलंबित कर दिया, इसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रहा है. कोई कार्रवाई देखी है आपने? ये अजीब बात है कि विपक्ष को तुरंत बर्खास्त करो और जहां बीजेपी का सांसद है, वो किसी को गाली दे, सदन में मां-बहन की गालियां शुरू हो जाएंगी…पीएम इस तरह की भाषा को मंजूरी देते हैं. आरएसएस में यही सिखाया जाता है. यही संस्कार बीजेपी ने दिया है…अगर ओम बिरला जी में जरा सी भी नैतिकता है, तो इस सांसद के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए."

    आरजेडी ने क्या कहा?

    बिहार सरकार के मंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा, “सरकार को उनकी सदस्यता रद्द करनी चाहिए. उनका कोई अधिकार नहीं बनता है कि वो किसी सदस्य को इस तरह के शब्द कहें. ये निंदनीय है. भाजपा का जो आचरण है उसे देश के लोग देख रहे हैं, कि किस तरह से ये लोग भारत की भूमि और लोगों को तोड़ने का काम कर रहे हैं. ये लोग संविधान और तिरंगे झंडे को नहीं मानते. इसके ऊपर प्रधानमंत्री को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. इस तरह की भाषा, लोकतंत्र पर हमला है.”

    आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, “मुझे दुख जरूर हुआ, लेकिन आश्चर्य नहीं हुआ, प्रधानमंत्री जी के वसुधैव कुटुंबकम की सच्चाई यही है. गोडसे को देशभक्त बताने वाला सांसद कौन है? किस पार्टी का है? टिम्बकटू में नहीं है. भोपाल से सांसद है. कल जो भाषा सदन के अंदर बोली गई सांसद के लिए, अगर सदन में ये भाषा बोली जा रही है."

    "सोचिए सड़कों, गलियों, नुक्कड़ और गांवों में मुसलमानों, दलितों और वंचितों के खिलाफ किस तरह की जुबान को वैधता दी गई है. प्रधानमंत्री जी सबका साथ, सबका विकास को जीना पड़ता है. रमेश बिधूड़ी जी आपके माननीय सांसद है और उनके लिए आप एक शब्द नहीं बोल पाए अभी तक, कुछ भी नहीं. मैं मानूंगा ना कि ये आपकी मर्जी से हो रहा है. आपके मर्जी के बिना तो आपके दल में पत्ता नहीं हिलता है, तो बिधूड़ी कैसे हिल गए?

    क्रिकेटर इरफान पठान

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने लोकसभा में दक्षिण दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी के बयान की ओर इशारा करते हुए ट्वीट किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “अगर उकसाना बंद नहीं होता तो ये फ़ैशन बन जाएगा.”

    बीजेपी के नेता बोले

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''मैंने देखा कि ट्विटर पर मेरा नाम ट्रेंड कर रहा है. लोकसभा में दो सांसदों का एक-दूसरे के ख़िलाफ़ असंसदीय भाषा इस्तेमाल किए जाने के मामले में मेरा नाम घसीटा जा रहा है.''

  19. संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान ने छेड़ा कश्मीर का मुद्दा, भारत ने दिया ये जवाब

    पाकिस्तान के अंतरिम प्रधानमंत्री अनवर उल हक काकड़ के संयुक्त राष्ट्र महासभा में कश्मीर का मुद्दा उठाने के बाद भारत ने जवाब दिया है.

    काकड़ ने भारत और पाकिस्तान के बीच शांति के लिए कश्मीर को शांति की कुंजी की तरह बताया था.

    उनका कहना था कि भारत ने जम्मू-कश्मीर पर अवैध रूप से क़ब्ज़ा किया हुआ है और वहां पर जनमत-संग्रह होना चाहिए.

    जवाब में संयुक्त राष्ट्र में भारत की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान हर बार भारत के ख़िलाफ़ आधारहीन और दुष्प्रचार करने के लिए प्रतिष्ठित मंच का दुरुपयोग करता है.

    उन्होंने कहा, “संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देश और अन्य बहुपक्षीय संगठन अच्छी तरह से जानते हैं कि पाकिस्तान मानवाधिकारों पर अपने ख़राब रिकॉर्ड से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान हटाने के लिए ऐसा करता है.”

    “हम फिर से कहते हैं कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है. केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से संबंधित मामले पूरी तरह से भारत के आंतरिक मामले हैं और पाकिस्तान को हमारे घरेलू मामलों में टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है.”

    पेटल गहलोत ने कहा कि 'जब पड़ोस की बात आती है तो पाकिस्तान साफ़तौर पर एक अपवाद है और हम आतंकवाद को सामान्य कर देने की इजाज़त नहीं दे सकते हैं.'

    14 फरवरी, 2019 को पुलवामा हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था, जिसमें केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवानों की जान चली गई थी.

    जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में हवाई हमला कर जवाब देने का दावा किया था.

    उसी वर्ष भारत ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटा दिया था और जम्मू-कश्मीर को मिलने वाला विशेष दर्जा ख़त्म कर दिया था.

  20. रमेश बिधूड़ी के बयान पर शशि थरूर ने पीएम मोदी और मोहन भागवत को क्या दी सलाह

    कांग्रेस नेता शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत से रमेश बिधूड़ी पर कार्रवाई करने की मांग की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली के साथ जो भयावह व्यवहार किया है, इसकी हर तरफ निंदा की गई है. मैं उन सभी लोगों के साथ हूं, जो सज़ा की मांग कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऐसा फिर से न हो."

    थरूर ने लिखा कि इससे उस मानसिकता का भी पता चलता है कि जो एक वर्ग के ख़िलाफ़ उनकी आस्था के कारण गहरी नफ़रत से भरी हुई है और इस तरह के रवैये को भाजपा और आरएसएस ने खुली छूट दी हुई है.

    उन्होंने कहा कि इस तरह की भयावह बातें अब हमारी संसद में भी की जा रही हैं.

    थरूर ने कहा, "अब समय आ गया है कि नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत को सार्वजनिक रूप से ऐसे विचारों को ख़ारिज करना चाहिए. इसके बजाय उन्हें भारत को तोड़ने की नहीं बल्कि एकजुट करने की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए, नहीं तो नफ़रत का ये ज़हर हमारे समाज और देश को तोड़ देगा."

    दरअसल गुरुवार को संसद में चंद्रयान की सफलता को लेकर चर्चा हो रही थी और इसी दौरान बीच बहस में बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली को धार्मिक पहचान के आधार पर अपशब्द बोले और धमकी दी, जिसका वीडियो वायरल हो गया.

    हालांकि संसद की कार्यवाही से बिधूड़ी के अपशब्दों को हटा दिया गया है और बीजेपी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बिधूड़ी के बयान पर कहा है कि अगर ऐसा व्यवहार दोबारा किया गया तो सख़्त कार्रवाई होगी.

    वहीं दानिश अली ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, ''ये हेट स्पीच का मामला है. अब तक ये संसद से बाहर होता रहा है. मगर कल बीजेपी सांसद ने सदन के अंदर हेट स्पीच दी है. बीजेपी सांसद ये सब संघ की शाखा में सीख रहे हैं या पीएम मोदी के नए भारत की नई प्रयोगशाला में ये सीख रहे हैं?''