बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने संसद में बसपा सांसद दानिश अली के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, स्पीकर ओम बिरला ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, SANSAD TV
संसद के विशेष सत्र में दक्षिण दिल्ली से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने गुरुवार को लोकसभा में बसपा सांसद कुंवर दानिश अली के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया.
बिधूड़ी की टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है.
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने बिधूड़ी के भाषण का वीडियो शेयर किया है.
महुआ ने लिखा, “इस वीडियो में बिधूड़ी उग्रवादी, आतंकवादी समेत कई आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल सांसद के लिए कर रहे हैं. गरिमा के रखवाले स्पीकर ओम बिरला और विश्वगुरु पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा - कृपया कार्रवाई करें.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने बताया है कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने रमेश बिधूड़ी को चेतावनी दी है कि अगर ऐसा व्यवहार दोबारा किया तो सख़्त कार्रवाई की जाएगी.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त

इमेज स्रोत, SANSAD TV
महुआ मोइत्रा लिखती हैं, “मुसलमानों, पिछड़ों को गाली देना बीजेपी की संस्कृति का अभिन्न अंग है, ज़्यादातर लोगों को अब इसमें कुछ भी गलत नहीं दिखता. नरेंद्र मोदी ने भारतीय मुसलमानों को अपनी ही धरती पर डर की ऐसी स्थिति में जीने पर मजबूर कर दिया है कि वे मुस्कुराकर सब कुछ सह लेते हैं. लेकिन मैं इसकी निंदा करती रहूंगी क्योंकि माँ काली ने मुझे रीढ़ दी है.”
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने इस पर गुस्सा ज़ाहिर करते हुए एक्स पर लिखा, “ नफ़रत से भरे ये सांसद कितनी आसानी से ऐसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर ले रहे हैं. मुसलमानों के ख़िलाफ़ नफ़रत इस कदर मेनस्ट्रीम कभी नहीं रही. बीजेपी के मुसलमान नेता इस तरह नफ़रत रखने वालों के साथ कैसे रह पाते हैं.”











