राहुल गांधी पर जेपी नड्डा संसद में बोले- पढ़ोगे नहीं तो शॉक लगेगा ही
महिला आरक्षण बिल पर राज्यसभा में गुरुवार को चर्चा हो रही है.
ये बिल लोकसभा में बुधवार को पास हो गया था. लोकसभा में चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने सवाल उठाया था कि भारत सरकार के 90 सेक्रेटरी में से सिर्फ़ तीन सेक्रेटरी ओबीसी हैं.
राहुल गांधी ने लोकसभा में अपने भाषण के दौरान कहा था कि वो इस आंकड़े से हैरान थे.
अब बीजेपी अध्यक्ष और राज्यसभा से बीजेपी सांसद जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को जवाब दिया है.
जेपी नड्डा ने कहा, ''लीडर को लीडर बनना पड़ेगा, ट्यूटर से काम नहीं चलेगा. कोई लीडर हो तो समझ आता है. ये एनजीओ को लेकर आ जाता है, जिनको कोई जानकारी नहीं. वो आपको समझाते हैं और आप बोलते हैं- शैटर्ड एंड शॉक. अरे भैया शॉक तो लगेगा ही जब पढ़ोगे नहीं.''
जेपी नड्डा बोले- ''देश को पहला ओबीसी प्रधानमंत्री बीजेपी ने दिया. आज 27 मंत्री ओबीसी के हैं. 303 बीजेपी सांसदों में से 29 फ़ीसदी ओबीसी हैं.''
इससे पहले बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह भी लोकसभा में राहुल गांधी को जवाब दे चुके हैं.
अमित शाह ने कहा था, ''जिन लोगों को यह लगता है कि देश यहाँ के सेक्रेटरी चलाते हैं यह उनकी ‘समझ’ है. हमारे देश की नीतियों का निर्धारण जनता द्वारा चुनी गई सरकार और कैबिनेट करती है.''
शाह बोले थे, ''बीजेपी सांसदों में 29% यानी 85 सांसद ओबीसी हैं और सरकार में भी 29 मंत्री ओबीसी हैं. बीजेपी के 1358 विधायक में 365 यानी 27% ओबीसी के हैं. वहीं बीजेपी के 163 एमएलसी में से 40% ओबीसी हैं."