कश्मीर के अनंतनाग के कोकरनाग
इलाक़े में बुधवार को सेना और चरमपंथियों की मुठभेड़ में एक कर्नल, मेजर और जम्मू कश्मीर के डीएसपी की मौत हो गई है.
मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि सेना और पुलिस के तीन अधिकारी शहीद हुए तब बीजेपी मुख्यालय में जश्न मनाया जा रहा था.
सुरजेवाला ने अपने ट्वीट में लिखा है, “राष्ट्रवाद और सेना प्रेम की असलियत देश के सामने है. कश्मीर में सेना और पुलिस के तीन
अफ़सरों और एक जवान की शहादत के दिन भाजपा का उत्सव? पुलवामा हादसे के दिन भी साहेब शूटिंग में व्यस्त थे, ये पूरे देश ने देखा! भारत माता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च
बलिदान देने वाले चारों रणबांकुरों को विनम्र श्रद्धांजलि. देश को आप के शौर्य पर गर्व है. परमात्मा उनके परिजनों को ये अथाह दुख
सहने की शक्ति प्रदान करे! ”
कांग्रेस के यूथ विंग के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने पीएम मोदी के बीजेपी कार्यालय में स्वागत की तस्वीर और मारे गए सेना और पुलिस के जवान की तस्वीर शेयर कर लिखा- “तारीख: 13 सितंबर 2023. एक तरफ कश्मीर में सेना के जवानों के शवों पर फूल चढ़ाये गए वही दूसरी तरफ़ ये...”
अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कश्मीर में मारे गए तीन जवानों को लेकर कोई बयान नहीं दिया है.
बुधवार को अनंतनाग के कोकरनाग इलाक़े में सुरक्षा बलों और चरमंपथियों के बीच मुठभेड़ में कर्नल मनप्रीत सिंह, 19 आरआर के मेजर आशीष धोंचक और जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं मुज़म्मिल भट्ट की मौत हो गई.
वरिष्ठ पत्रकार संकर्षण ठाकुर ने पीएम मोदी की आलोचना करते हुए एक्स पर लिखा है- "मणिपुर में आग थमने का नाम नहीं ले रही है. कश्मीर में खून बह रहा है. नेता को बधाइयां लेने से फुर्सत नहीं है."
प्रतिबंधित रेजिस्टेंस फ़्रंट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है. माना जाता है कि पाकिस्तान के लश्कर-ए-तैयबा का यह प्रॉक्सी संगठन है.