लालू प्रसाद यादव की बढ़ी मुश्किलें, केंद्र सरकार ने सीबीआई को दी मंज़ूरी
- Author, विष्णु नारायण
- पदनाम, बिहार से बीबीसी हिंदी के लिए
'राष्ट्रीय जनता दल' के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के खिलाफ 'लैंड फॉर जॉब्स' यानी नौकरी के बदले ज़मीन मामले में नया केस चलेगा.
सीबीआई को केंद्र सरकार की ओर से इस बात की अनुमति मिल गई है. सीबीआई ने मंगलवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट को इस बारे में जानकारी दी है.
एक महीने पहले सीबीआई ने केंद्र सरकार से लालू के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी थी.
नए केस में भी लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को अभियुक्त बनाया गया है.
राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बीबीसी से कहा, ''अब इस बात को तो देश की सारी जनता समझ चुकी है कि भाजपा राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ पा रही है तो वो लालू प्रसाद और उनकी फ़ैमिली को परेशान कर रही है.''
वो बोले, ''सीबीआई और ईडी जैसी जांच एजेंसियों का सरकार अपने पक्ष में इस्तेमाल कर रही है. भाजपा लालू प्रसाद के एलान और इंडिया गठबंधन की एकजुटता से डरी हुई है.''
वहीं, बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर सीबीआई की ओर से दायर चार्जशीट पर दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में मंगलवार को होने वाली सुनवाई टल गई है.
सुनवाई की अगली तारीख़ 21 सितंबर तय की गई है.
सीबीआई ने तेजस्वी यादव के ख़िलाफ़ बीती 3 जुलाई को चार्जशीट दाखिल की थी. अगली सुनवाई में तय होगा कि चार्जशीट को स्वीकार किया जाएगा या नहीं.