You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन 'भारत - मिडिल ईस्ट - यूरोप' को जोड़ने वाले आर्थिक गलियारे पर क्या बोला?

चीन ने अपने 'बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव' से इटली के पीछे हटने के सवाल को ज्यादा तवज्जो नहीं दी

लाइव कवरेज

  1. सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइस जेट के डायरेक्टर अजय सिंह को तिहाड़ भेजने की चेतावनी दी, क्या है मामला?

    सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइस जेट के डायरेक्टर अजय सिंह को कर्ज न चुकाने पर जेल भेजने की चेतावनी दी है.

    शीर्ष अदालत ने कहा है कि स्पाइस जेट 15 सितंबर तक क्रेडिट सुइस को पांच लाख डॉलर और 22 सितंबर तक दस लाख डॉलर अदा कर दे.

    इसके अलावा एयरलाइंस कंपनी को दस लाख डॉलर डिफॉल्ट राशि भी देने के निर्देश दिए गए हैं. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर ये रकम अदा नहीं की गई तो स्पाइस जेट के डायरेक्टर अजय सिंह को तिहाड़ जेल भेज दिया जाएगा.

    सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइस जेट और क्रेडिट सुइस के बीच 2015 से चली आ रही अदालती लड़ाई के बाद ये फैसला सुनाया है. यह मुकदमा स्पाइस जेट के क्रेडिट सुइस 2.40 करोड़ का कर्जा न चुकाए जाने से जुड़ा था.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र के. मोहंती ने अदालत के इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि मामले में अगली सुनवाई 22 सितंबर को होगी.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर इसके आदेशों के मुताबिक़ पेमेंट नहीं हुआ तो कानून के मुताबिक़ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी. शीर्ष अदालत अगली सुनवाई के दौरान अजय सिंह को हाजिर रहने को कहा गया है.

  2. भारत-पाकिस्तान मैच: मौसम का खलल बरक़रार, मुक़ाबले की शुरुआत में देरी

    भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मैच वक़्त पर शुरू होने के आसार नहीं दिख रहे हैं.

    ये मैच कल (रविवार) शुरुआत हुआ था. रविवार को सिर्फ़ 24.1 ओवर का खेल हो सका. जिसमें भारतीय टीम ने दो विकेट गंवाकर 147 रन बनाए. इसके बाद बारिश की वजह से खेल नहीं हो सका.

    आज (सोमवार को) मैच का रिजर्व डे है. मैच की शुरुआत तीन बजे से होनी थी. सुबह आसमान साफ था लेकिन फिर बारिश होने लगी.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक कोलंबो में बादल छाए हैं और बूंदाबांदी हो रही है.

    देखें वीडियो

  3. जी20: कांग्रेस नेता सचिन पायलट बोले- प्रधानमंत्री मोदी की सरकार खड़गे को आमंत्रित करती तो...

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जी20 समिट के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से दिए गए डिनर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को न बुलाए जाने को लेकर सवाल उठाया है.

    उन्होंने कहा कि सरकार के पास ऐसा करते हुए इस अहम आयोजन के दौरान भारत की एकजुटता का संदेश देने का मौका था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सचिन पायलट ने कहा, "प्रधानमंत्री जी और भारत सरकार विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन) खड़गे साहब को भी वहां पर आमंत्रित करते, जैसे उन्होंने अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाया था. अगर खड़गे जी को आमंत्रित करते तो और शोभा बढ़ती. दुनिया देखती कि विश्व पटल स्थल पर भारत एक है."

    पायलट ने आगे कहा, " ये एकजुटता का संदेश रखने की ज़िम्मेदारी मैं समझता हूं कि केंद्र सरकार की थी, जी 20 एक सफल आयोजन हुआ. इसका स्वागत है."

    जी20 सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार रात डिनर दिया था. इसमें विदेशी मेहमानों के अलावा केंद्र सरकार के मंत्रियों और भारत के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की.

    इनमें विपक्षी दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, नीतीश कुमार और सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल हुए थे. खड़गे को न बुलाए जाने पर कांग्रेस के दूसरे नेता भी सवाल उठा चुके हैं.

  4. लखनऊ में भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव. ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता अनंत झणाणें

  5. पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने क्या कहा

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ अल सऊद दिल्ली में हुए जी 20 सम्मेलन के बाद भारत के राजकीय दौरे पर हैं.

    इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की.

    बैठक के बाद क्राउन प्रिंस ने कहा, “इस (भारत-सऊदी अरब) रिश्ते के इतिहास के दौरान कोई असहमति नहीं रही है, आज हम भविष्य के अवसरों पर काम कर रहे हैं... मैं भारत को जी 20 शिखर सम्मेलन के प्रबंधन और मध्य पूर्व, भारत और यूरोप को जोड़ने वाले आर्थिक गलियारे सहित हासिल की गई कई पहल के लिए बधाई देता हूं, ज़रूरी है कि हम इसे बनाने के लिए लगन से काम करें.”

    क्राउन प्रिंस तीन दिन के नई दिल्ली दौरे पर हैं और रविवार को ख़त्म हुए जी20 शिखर सम्मेलन के बाद सोमवार को उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की.

    इससे पहले फरवरी 2019 में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भारत का दौरा किया था ये उनका दूसरा राजकीय दौरा है.

    भारत ने जी20 के दौरान भारत-मध्य-पूर्व-यूरोप के बीच आर्थिक और रेल कॉरिडोर बनाने का समझौता हुआ है. इस समझौते को चीन के बेल्ट एंड रोड एनिशिएटिव के मुक़ाबले में किया जा रहा प्रयास माना जा रहा है.

  6. तोरखम बॉर्डर को बंद करने के पीछे पाकिस्तान ने बताई वजह

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने बीते दिनों तोरख़म बॉर्डर बंद करने के पाकिस्तान सरकार के फ़ैसले को लेकर नाखुशी जाहिर की थी. इस पर अब पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है.

    तालिबान सरकार ने कहा था कि अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान की सीमा पर ‘अनुचित कारणों’ से तोरखम बॉर्डर को बंद करना दोनों देशों के बीच हुई अब तक के सभी समझौतों के विपरीत है.

    इस पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा, “ अफ़ग़ान विदेश मंत्रालय का बयान हैरान करने वाला है क्योंकि अंतरिम अफ़ग़ान सरकार के अधिकारी तोरखम में पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा को अस्थायी रूप से बंद करने के कारण अच्छी तरह से जानते हैं.”

    बयान में कहा गया है, “पाकिस्तान अपने क्षेत्र के अंदर अंतरिम अफ़ग़ान सरकार द्वारा किसी भी ढांचे के निर्माण को स्वीकार नहीं कर सकता क्योंकि ये उसकी संप्रभुता का उल्लंघन है.”

  7. सऊदी क्राउन प्रिंस एमबीएस से मुलाक़ात के बाद पीएम मोदी ने रेल-पोर्ट कॉरिडोर को लेकर ये कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ अल सऊद के बीच दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक हुई.

    इस बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि ये बैठक दोनों देशों के रिश्तों को नए आयाम पर ले जाएंगी.

    उन्होंने कहा, “हम अपने संबंधों में नए और आधुनिक आयाम जोड़ रहे हैं. भारत के लिए सऊदी अरब अहम स्ट्रैटिजिक साझेदारों में से एक है. विश्व की दो तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में हमारी साझेदारी पूरे क्षेत्र की शांति के लिए महत्वपूर्ण है. क्राउन प्रिंस के साथ बैठक के दैरान हमने अपनी साझेदारी को अगले पड़ाव पर ले जाने के लिए कई इनिशिएटिव की पहचान की है. इस बैठक से हमारे संबंधों को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी.”

    पीएम मोदी ने कहा, “भारत ने पश्चिम एशिया और यूरोप के बीच कॉरिडोर स्थापित करने के लिए ऐतिहासिक शुरुआत की है. इससे बस दो देश ही आपस में नहीं जुड़ेंगे बल्कि यूरोप और एशिया के बीच आर्थिक सहयोग, ऊर्जा के विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी को बल देगा. क्राउन प्रिंस आपके विजन 2030 के तहत सऊदी अरब जिस तरह तेज़ी से प्रगति कर रहा है उसके लिए आपका हृदय से अभिनंदन करता हूं.”

    क्राउन प्रिंस तीन दिन के नई दिल्ली दौरे पर हैं और रविवार को ख़त्म हुए जी20 शिखर सम्मेलन के बाद सोमवार को पीएम मोदी से अपने राजकीय दौरे के दौरान मुलाकात की.

    इससे पहले सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान औपचारिक स्वागत समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे. यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया था.

  8. भारत-पाकिस्तान मैच: कोलंबो में कैसा है मौसम, वसीम अकरम ने बताया

    पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और क्रिकेट कमेंटेटर वसीम अकरम ने कोलंबो के मौसम के हाल की जानकारी दी है.

    कोलंबो में एशिया कप के सुपर 4 राउंड के दौरान आज (सोमवार को) भारत और पाकिस्तान के मुक़ाबला होना है. ये मैच कल शुरू हुआ था. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाज़ी का न्योता दिया था. भारत ने 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बनाए हैं.

    बारिश के बाद कल (रविवार को) आगे का खेल नहीं हो सका. आज ये मैच पूरा होना है.

    सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए वसीम अकरम ने बताया, "अपडेट कोलंबो से. बारिश होती रही है, ऑन एंड ऑफ़, ओवरनाइट (रात भर रुक रुक कर)."

    वो आगे कहते हैं, "अभी आसमान साफ़ है. पूरी तरह नहीं. आप बादलों को देख सकते हैं. अभी तो ठीक लग रहा है कि लेकिन जब मैच शुरू होगा तब क्या होगा?"

    वसीम अकरम ने कहा, "मैं जानता हूं कि ये हर किसी के लिए निराश करने वाली बात है. लेकिन मौसम पर आप काबू नहीं कर सकते हैं. उम्मीद करते हैं कि मौसम बेहतर हो जाए और आप अच्छी क्रिकेट का लुत्फ लें."

    भारत की ओर से विराट कोहली आठ और केएल राहुल 17 रन बनाकर नाबाद हैं. कप्तान रोहित शर्मा 56 और शुभमन गिल 58 रन बनाकर आउट हुए.

    भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का पहले खेला गए मैच में भी बारिश ने खलल डाला था. ये मैच रद्द हो गया था.

  9. एआर रहमान के कार्यक्रम में बदइंतज़ामी से लोग नाराज़, संगीतकार ने कहा...

    चेन्नई में संगीतकार एआर रहमान के लाइव कॉन्सर्ट में हुई बदइंतज़ामी को लेकर लोगों में गुस्सा है.

    10 सितंबर को चेन्नई में एआर रहमान के कॉन्सर्ट के दौरान लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

    लंबे ट्रैफ़िक जाम, कॉन्सर्ट के गेट के बाहर जुटी भारी भीड़ ऐसी की धक्का- मुक्की जैसी स्थिति पैदा हो गई. कई फ़ैंस टिकट होने के वाबजूद कॉन्सर्ट नहीं देख सके. उन्हें वापस जाना पड़ा.

    कई लोगों ने इसका वीडियो भी शएयर किया.

    आलोचनाओं के बीच अब रहमान ने ट्वीट कर कहा है कि जिन लोगों ने टिकट खरीदी थी और कॉन्सर्ट तक नहीं पहुंच सके वो उनकी टीम से संपर्क करें.

    उन्होंने लिखा, “प्रिय चेन्नई मक्कले, आप में से जिन लोगों ने टिकट खरीदे हैं और दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों के कारण प्रवेश नहीं कर पाए हैं, कृपया अपनी टिकट की एक प्रति अपनी शिकायतों के साथ arr4chennai@btos.in पर साझा करें.हमारी टीम जल्द जवाब देगी.”

  10. लालू प्रसाद यादव ने पूछा- जी20 में इतना खर्च करने से देश की जनता को क्या मिला?

    जी20 शिखर सम्मेलन पर हुए खर्च को लेकर राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने सवाल उठाया है. उन्होंने पूछा कि इससे देश के लोगों से क्या फ़ायदा हुआ है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक लालू यादव ने कहा, "इससे देश की जनता को क्या फ़ायदा हुआ?"

    जी20 की नई दिल्ली समिट के आयोजन को लेकर देश और दुनिया में तारीफ हो रही है. सम्मेलन में हिस्सा लेने आए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत दुनिया के कई नेताओं ने जी20 अध्यक्षता और मेजबानी के लिए भारत की तारीफ की है. भारत ने इसे कामयाब आयोजन बताया है.

    लेकिन, लालू यादव ने इसे लेकर सवाल किया है, "लोगों को बुलाकर इतना खर्च करके, देश के आम जनता को क्या फ़ायदा हुआ?"

    जी-20 समिट के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विदेशी महमानों को डिनर दिया था. इसमें विपक्षी दलों के गठबंधन में शामिल दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे.

    इनमें पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार और हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल थे.

    बिहार में लालू यादव की पार्टी आरजेडी सरकार में शामिल है.

    जी20 समिट में हिस्सा लेने आए दुनिया भर के नेताओं से सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्विपक्षीय बातचीत की. इनमें आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौते हुए.

  11. यूपी के घोसी उपचुनाव में मिली जीत के बाद शिवपाल यादव ने ली ओमप्रकाश राजभर पर चुटकी

    उत्तर प्रदेश के घोसी विधानसभा के उपचुनाव में मिली जीत के बाद समाजवादी पार्टी नेता शिवपाल यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर पर चुटकी ली है. शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी की जीत में राजभर ने अहम रोल निभाया है.

    शिवपाल यादव ने कहा, "ये स्टार प्रचारक के रूप में आए तो समाजवादी पार्टी को और ज़्यादा वोट मिला."

    घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के दारा सिंह चौहान को 40 हज़ार से ज़्यादा वोटों से हराया. दारा सिंह चौहान समाजवादी पार्टी को छोड़कर बीजेपी में आए हैं और उपचुनाव उनके विधानसभा से इस्तीफ़ा देने की वजह से हुआ.

    ओमप्रकाश राजभर की पार्टी साल 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सहयोगी थी. अब वो बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए का हिस्सा बन चुकी है.

    घोसी उपचुनाव के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने बीजेपी प्रत्याशी के लिए जमकर प्रचार किया था.

    चुनाव नतीजे के बाद शिवपाल यादव ने कहा, " उनके बारे में तो पूरे प्रदेश के लोगों को पता है. कई बार हम उनके बारे में बोल भी चुके हैं.देखिए एक तरह से ओम प्रकाश राजभर जी और संजय निषाद जी को एक तरह से समाजवादी पार्टी का स्टार प्रचारक मानकर चलो."

    उन्होंने आगे कहा, " उनके बारे में तो हमने विधानसभा में मुख्यमंत्री जी (योगी आदित्यनाथ) से सिफारिश की थी कि इन्हें जल्दी मंत्री बना दो नहीं तो ये हमारी तरफ आ जाएंगे. उनका कोई ठिकाना तो है नहीं."

  12. लालू यादव ने झारखंड के बासुकीनाथ धाम में पूजा करने के बाद पीएम मोदी के लिए ये कहा

    राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने झारखंड के बाबा बासुकीनाथ धाम में पूजा की.

    लालू यादव के साथ उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी भी थीं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पूजा के बाद लालू यादव ने मीडिया से बात की और कहा, "हमने कामना किया कि (भगवान) देश को बदलिए. (विपक्षी दलों का गठबंधन) इंडिया जो संगठन बना है, उसको जीत दिलाइए."

    उन्होंने आगे कहा, " देश और दुनिया में अत्याचार और अनाचार बढ़ गया है. (पीएम) नरेंद्र मोदी ने कुछ काम नहीं किया. खाली झूठ बोला."

    लालू यादव का राष्ट्रीय जनता दल विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' का प्रमुख हिस्सा है.

    गठबंधन की बिहार, बेंगलुरू और मुंबई की बैठक में लालू यादव ने बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था और आने वाले लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' की जीत का दावा किया था.

  13. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी से मिले सऊदी क्राउन प्रिंस, कहा- साथ मिलकर काम करेंगे दोनों देश

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ अल सऊद औपचारिक स्वागत समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे.

    यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी आगवानी की.

    स्वागत के बाद मीडिया से बात करते हुए क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कहा, “ भारत आकर मुझे बहुत खुशी हुई है. भारत को जी20 सम्मेलन के लिए बधाई. बैठक में कई सारे ऐसे एलान किए गए जिससे जी20 देशों को फ़ायदा होगा. हम दोनों देशों बेहतर भविष्य के लिए एक साथ काम करेंगे. ”

    आज की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग के मुद्दे पर बात हो सकती है.

    क्राउन प्रिंस तीन दिन के नई दिल्ली दौरे पर हैं और रविवार को पूरी हुए जी20 शिखर सम्मेलन के बाद सोमवार को पीएम मोदी से मुलाकात कर रहे हैं.

    इसके पहले विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा था, “यात्रा के दौरान, वह 9-10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और 11 सितंबर को भी भारत में ही ठहरेंगे.”

    क्राउन प्रिंस शाम करीब साढ़े छह बजे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वो नई दिल्ली से रात 8.30 बजे सऊदी अरब के लिए उड़ान भरेंगे.

    इससे पहले फरवरी 2019 में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भारत का दौरा किया था ये उनका दूसरा राजकीय दौरा है.

    भारत ने जी20 के दौरान भारत-मध्य-पूर्व-यूरोप के बीच आर्थिक और रेल कॉरिडोर बनाने का समझौता हुआ है. इस समझौते को चीन के बेल्ट एंड रोड एनिशिएटिव के मुक़ाबले में किया जा रहा प्रयास माना जा रहा है.

  14. अगले साल ब्राज़ील में होने वाले जी20 सम्मेलन पर राष्ट्रपति लूला ने क्या कहा

    ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुईस ईनास्यू लूला डा सिल्वा ने सोमवार को नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि उम्मीद है कि ब्राज़ील की अध्यक्षता तक यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध ख़त्म हो जाएगा और व्लादिमीर पुतिन , शी जिनपिंग ब्राज़ील में होने वाले समिट में भाग लेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के सवाल का जवाब हुए डा सिल्वा ने कहा- “ मुझे आशा है कि जब हम ब्राज़ील में शिखर सम्मेलन शुरू करेंगे तो युद्ध समाप्त हो चुका होगा.”

    उन्होंने कहा- “मैं शिखर सम्मेलन को बेहतरीन ढंग से आयोजित करने के लिए भारत को बधाई देना चाहता हूं. हमें भारतीय लोगों से बहुत गर्मजोशी मिली है.' ब्राज़ील अगले साल जी20 का मेज़बान देश है.हम ब्राज़ील के कई शहरों में कार्यक्रम आयोजित करना चाहते हैं. मुझे नहीं पता कि राष्ट्रपति पुतिन और शी जिनपिंग ने इस बार जी20 में भाग क्यों नहीं लिया लेकिन मैं उन्हें आमंत्रित करूंगा और मुझे उम्मीद है कि वे ब्राजील आएंगे और शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. ”

    रविवार को पूरे हुए जी20 शिखर सम्मेलन की मेज़बानी भारत कर रहा था. शनिवार की शाम को सर्वसम्मति से नई दिल्ली डिक्लेयरेशन जारी किया गया, भारत ने कूटनीतिक समझ का परिचय देते हुए सभी देशों को यूक्रेन-रूस युद्ध पर जिस पर साथ लाया उसकी तारीफ़ की जा रही है

  15. कांग्रेस नेता थरूर ने जी20 को बताया भारत की कूटनीतिक जीत

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जी20 शिखर सम्मेलन में नई दिल्ली डिक्लेयरेशन को भारत की कूटनीतिक जीत बताया है.

    जी20 शेरपा अमिताभ कांत की तारीफ़ करते हुए थरूर ने ट्वीट किया- “शाबाश अमिताभ कांत, ऐसा लगता है कि आपके भारतीय प्रशासानिक सेवा चुनने से भारतीय विदेश सेवा को एक बेहतरीन राजनायिक मिलने से रह गया. ‘चीन और रूस के साथ बातचीत आखिरी वक्त तक जारी रही. एक रात पहले फ़ाइनल ड्राफ्ट तैयार किया गया.’ जी20 में भारत को बड़ी जीत हासिल हुई. ”

    हालांकि थरूर ने सेंट्रल दिल्ली को तीन दिन तक बंद रखने और विपक्ष के नेता को जी20 की दावत में ना बुलाने की निंदा की.

    एएनआई से बात करते हुए थरूर ने कहा, “ ये अध्यक्षता पिछली अध्यक्षता से अलग रही है और इसमें अच्छे और बुरे दोनों तत्व हैं. जी-20 शिखर सम्मेलन में ही हमने दो बेहद निराशाजनक घटनाक्रम देखे. तीन दिनों के लिए दिल्ली बंद होने से दिहाड़ी मजदूरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, शिखर सम्मेलन के संदर्भ में दूसरा नकारात्मक पक्ष विपक्ष को समायोजित करने में विफलता रही.”

    “विपक्ष के नेता को नहीं बुलाया गया. संसद के विपक्षी सदस्यों को आमंत्रित नहीं किया गया, यहां तक कि विदेशी मामलों से संबंधित संसदीय समितियों के सदस्यों को भी नहीं बुलाया गया. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है.”

  16. देखें- जब शाहीन अफ़रीदी ने दिया जसप्रीत बुमराह को तोहफ़ा

    पाकिस्तानी गेंदबाज़ शाहीन शाह अफ़रीदी ने भारतीय गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को एक तोहफ़ा दिया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.

    दरअसल, जसप्रीत बुमराह हाल ही में पिता बने हैं और रविवार को शाहीन अफ़रीदी जसप्रीत के बेटे के लिए तोहफ़ा लेकर आए.

    इसका वीडियो पाकिस्तानी खिलाड़ी ने एक्स (पहले ट्विटर) पर शेयर किया, जिसमें वो बुमराह को बेटे के लिए तोहफ़ा देते हुए बधाई दे रहे हैं.

    ये तब हुआ जब रविवार को भारत पाकिस्तान के बीच सुपर 4 मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया और खिलाड़ी मैदान से वापस जा रहे थे.

    इस वीडियो में शाहीन अफ़रीदी कहते हैं- “भाई बहुत-बहुत मुबारक हो, मेरी ओर से छोटा सा गिफ़्ट. अल्लाह उसे खुश रखे और वो नया बुमराह बने.”

    बीते सोमवार को जसप्रीम बुमराह ने पिता बनने की जानकारी देते हुए कहा था- “हमारा परिवार बड़ा हो गया है. आज सुबह हमारे बेटे अंगद जसप्रीत बुमराह का दुनिया में आगमन हुआ.”

  17. सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और पीएम मोदी के बीच आज होगी मुलाकात

    सऊदी अरब के प्रधानमंत्री क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में ये मुलाकात होगी.

    क्राउन प्रिंस तीन दिन के नई दिल्ली दौरे पर हैं और रविवार को पूरी हुए जी20 शिखर सम्मेलन के बाद सोमवार को पीएम मोदी से मुलाकात करने वाले हैं.

    इससे पहले विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा था- “यात्रा के दौरान, वह 9-10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और 11 सितंबर को भी भारत में ही ठहरेंगे.”

    क्राउन प्रिंस शाम करीब साढ़े छह बजे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वो नई दिल्ली से रात 8.30 बजे सऊदी अरब के लिए उड़ान भरेंगे.

    इससे पहले फरवरी 2019 में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भारत का दौरा किया था ये उनका दूसरा राजकीय दौरा है.

    भारत ने जी20 के दौरान भारत-मध्य-पूर्व-यूरोप के बीच आर्थिक और रेल कॉरिडोर बनाने का समझौता हुआ है. इस समझौते को चीन के बेल्ट एंज रोड एनिशिएटिव का प्रतिद्वंदी माना जा रहा है.

  18. विदेश मंत्री जयशंकर ने बताए वो पांच अहम फ़ैसले जो जी20 समिट में लिये गए

    नई दिल्ली में चल रहा जी20 शिखर सम्मेलन रविवार को पूरा हुआ. भारत की मेज़बानी में हुई इस समिट में नई दिल्ली डिक्लेयरेशन पर सभी देशों की सहमति बनाने पर भारत की तारीफ़ हो रही है.

    खास कर इसमें यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर इस्तेमाल की गई भाषा पर सबको एकमत कर पाना भारत की उपलब्धि मानी जा रही है. भारत ने समिट में ‘वन अर्थ,वन फैमिली,वन फ्यूचर’ का नारा दिया.

    इस शिखर सम्मेलन के पूरा होने पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि हमने नए विचार सामने लाने, मतभेदों को पाटने का काम किया और जी20 का पूरा फ़ोकस ग्लोबल साउथ पर रखा.

    उन्होंने एक एक्स (ट्विटर) पर लिखा-“जी20 शिखर सम्मेलन और इसकी द्विपक्षीय बैठकें नई दिल्ली में संपन्न हुईं. नई दिल्ली डिक्लेयरेशन से पता चलता है कि हमारी अध्यक्षता विचारों को सामने रखने, वैश्विक मुद्दों को आकार देने, विभाजन को पाटने और आम सहमति बनाने में सक्षम थी. हमने ग्लोबल साउथ पर फोकस बनाए रखा. हमनेवैश्विक जैव ईंधन गठबंधन और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप इकॉनमिक कॉरिडोर (आईएमईसी) जैसे ऐतिहासिक पहलों की शुरुआत की. ”

    उन्होंने इस बैठक से सामने आए पांच महत्वपूर्ण फ़ैसलों का ज़िक्र किया.

    -ग्रीन डेवलपमेंट पैक्ट

    -एक्शन प्लान ऑन ससटेनेबल डेवलपमेंट

    -भ्रष्टाचार विरोधी पर उच्च स्तरीय सिद्धांत

    -डिजिटल इंफ्रॉस्ट्रक्चर के लिए समर्थन

    -बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधार

  19. बाइडन ने भारत में मानवाधिकार की रक्षा और प्रेस की आज़ादी पर क्या कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत में मानवाधिकार की रक्षा के महत्व और प्रेस की आज़ादी का मुद्दा उठाया.

    भारत में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे राष्ट्रपति बाइडन का ये पहला भारत दौरा था. उन्होंने अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी के साथ व्यापक बातचीत की और द्विपक्षीय साझेदारी को और "गहरा करने और उसमें विविधता लाने" को लेकर बात की.

    दिल्ली के बाद राष्ट्रपति बाइडन रविवार को एक दिन के लिए वियतनाम पहुंचे.

    हनोई में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा- “मैं एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को उनके नेतृत्व और जी20 की मेज़बानी के लिए धन्यवाद देता हूं. हमने दोनों देशों के बीच साझेदारी कैसे मज़बूत करना जारी रखेंगे इस पर पर्याप्त चर्चा की है.”

    “जैसा कि मैं हमेशा करता हूं, मैंने पीएम मोदी के साथ बातचीत में मानवाधिकारों के सम्मान और एक मजबूत और समृद्ध देश में सिविल सोसायटी और प्रेस की आज़ादी के महत्व का भी मुद्दा उठाया”

  20. नोवाक जोकोविच ने जीता यूएस ओपन, 24 ग्रैंडस्लैम जीतने का बनाया रिकॉर्ड

    टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने डेनिल मेदवेदेव को हरा कर यूएस ओपन जीत लिया है और इसके साथ ही वो 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले टेनिस स्टार बन गए हैं.

    जोकोविच ने टेनिस की दुनिया में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मानी जाने वाली मारग्रेट कोर्ट के रिकॉर्ड की बराबरी की है.

    रविवार की शाम को न्यूयॉर्क में हुए इस मुकाबले में सर्बियन खिलाड़ी जोकोविच ने 3 घंटे 17 मिनट के मैच में रूसी खिलाड़ी मेदवेदेव को 6-3, 7-6 (7/5) 6-3 से हराया.

    ऑस्ट्रेलियन और फ्रेंच ओपन जीतने के बाद यह जीत जोकोविच का सीज़न का तीसरा ग्रैंड स्लैम ख़िताब है. इस सीज़न में उन्होंने सिर्फ़ विंबलडन हारा है.

    साल 2021 में जोकोविच ने मेदवेदेव से ये मुकाबला हारा था. खेल के जानकार कह रहे हैं कि उन्होंने रूसी खिलाड़ी से दो साल बाद अपनी हार का बदला ले लिया है. साल 2022 में कोविड की वैक्सीन ना लेने के कारण जोकोविच ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था.