You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नई दिल्ली जी20 घोषणापत्र में युद्ध पर रूस का नहीं किया गया है ज़िक्र, यूक्रेन ने क्या कहा

भारत ने कहा है कि इस बयान को जारी करने में विकासशील देशों की अग्रणी भूमिका रही है.

लाइव कवरेज

मानसी दाश and दीपक मंडल

  1. भारत, यूएई, सऊदी और अमेरिका की रेल परियोजना के बारे में व्हाइट हाउस ने दी और जानकारी

    भारत, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब को रेल मार्ग से जोड़ने की अमेरिका की कोशिश के बारे में अमेरिका के डिप्टी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइनर ने और जानकारी दी है.

    अब से कुछ देर पहले एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि "सबसे पहले मैं आपको ये बता दूं कि ये केवल एक रेल परिजयोजना नहीं है बल्कि ये एक शिपिंग और रेलवे परियोजना है."

    उन्होंने कहा, "लोगों के लिए ये समझना ज़रूरी है कि ये बेहद महत्वाकांक्षी परियोजना है और बड़े पैमाने पर होगी."

    मध्य-पूर्व के इलाक़े की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि "अमेरिका इस इलाक़े में कुछ जगहों पर जो तनाव है उसे कम करने की कोशिश कर रहा है और चाहते हैं कि इस इलाक़े में स्थिरता आए और यहां के मुल्क एक दूसरे से जुड़े हों."

    दो दिन पहले अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुविलन ने कहा था कि अमेरिका मानता है कि मध्य-पूर्व से होते हुए भारत को यूरोप से जोड़ना बेहद ज़रूरी है और इससे इसमें शामिल देशों को आर्थिक और रणनीतिक फायदे हो सकते हैं.

    माना जा रहा था कि इसे लेकर भारत में हो रहे जी-20 सम्मेलन के दौरान बातचीत हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा को लेकर अब तक कुछ कहा नहीं गया है.

    अमेरिका की इस परियोजना को चीन की बेल्ट एंड रोड परियोजना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.

  2. जी-20 के शिखर सम्मेलन के लिए 'भारत मंडपम' पहुंचे पीएम मोदी

    जी-20 सम्मेलन में आ रहे विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों का स्वागत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रगति मैदान में बने 'भारत मंडपम' पहुंच चुके हैं.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जी-20 सम्मेलन में आने वाले सभी विदेशी प्रतिनिधियों का स्वागत किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत की अध्यक्षता में हो रहा ये सम्मेलन सफल होगा.

    आज का कार्यक्रम

    दिल्ली के प्रगति मैदान में बने भारत मंडपम में कार्यक्रम सवेरे 9.30 बजे से शुरू होगा, जहां विदेश से आए नेता पहुंचेंगे.

    पहला सेशन 'वन अर्थ' पर होगा जिसके बाद कई द्विपक्षीय वार्ताएं होनी हैं. इसके बाद 'वन फैमिली' शीर्षक का दूसरा सेशन होगा.

    आज ब्रिटेन, इटली, जापान और जर्मनी के राष्ट्राध्यक्षों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय वार्ता होगी.

    शाम के सात बजे के बाद रात्रिभोज के लिए सभी नेता एक बार फिर एकजुट होंगे.

  3. 18वें जी-20 का आग़ाज़. भारत के लिए क्या होगा इसका हासिल?

    जी-20 सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे दुनिया भर के नेता. राष्ट्रपति बाइडन से प्रधानमंत्री मोदी की हुई मुलाक़ात.

    भारत के लिए कितना बड़ा है यह मौक़ा और दुनिया की राजनीति में कितना बढ़ेगा भारत का क़द. करेंगे चर्चा कवर स्टोरी में.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, मोरक्को: मराकेश के पास 6.8 तीव्रता का भूकंप, अब तक 296 लोगों की मौत

    मोरक्को के गृह मंत्रालय ने कहा है कि केंद्रीय मोरक्को में 6.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है, जिसमें कम से कम 296 लोगों की मौत हुई है.

    अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा है कि भूकंप का केंद्र मराकेश के दक्षिण-पश्चिम में 71 किलोमीटर (44 मील) दूर हाई एटलस पर्वत में था. इसका केंद्र ज़मीन के 18.5 किलोमीटर गहराई में बताया जा रहा है.

    भूकंप के केंद्र से 350 किलोमीटर दूर राजधानी रबात में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. साथ ही कैसाब्लांका और एस्सोइरा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए.

    भूकंप स्थानीय समयानुसार रात के 23:11 बजे (22:11 जीएमटी) पर आया.

    सोशल मीडिया एक्स पर कई अपुष्ट वीडियो शेयर किए जा रहे हैं जिनमें भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त इमारतों और सड़कों पर मलबा बिखरा दिख रहा है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स को एक निवासी ने बताया कि मराकेश के पुराने शहर में कुछ इमारतें गिर गई हैं.

    एक और व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने भूकंप के "तेज़ झटके" महसूस किए और उन्होंने "इमारतों को हिलते हुए" देखा.

    अब्दुलहक अल अमरानी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "लोग सदमे में थे, दहशत में थे. बच्चे रो रहे थे."

    भूकंप के कारण बिजली और फ़ोन लाइनें लगभग दस मिनट तक बंद रहीं.

    मोरक्को में आए भूकंप को लेकर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और कहा है कि भारत हर तरह से मोरक्को की मदद करने के लिए तैयार है.

    सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा, "मोरक्को में भूकंप के कारण हुई मौतों का मुझे दुख है. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं. जिन लोगों ने अपनों को खो दिया है उनके प्रति मेरी सहानुभूति है. मैं प्रार्थना करता हूं कि घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ हो. इस मुश्किल वक्त में भारत मोरक्को की हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है."

  5. जी-20 सम्मेलन का आग़ाज़ आज, क्या कुछ होगा ख़ास

    दिल्ली में हो रहे जी-20 देशों का शिखर सम्मेलन शनिवार को आधिकारिक रूप से शुरू हो रहा है.

    इससे पहले बीते कल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रितानी प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली पहुंचे हैं.

    इस सम्मेलन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग नहीं आ रहे हैं, उनकी जगह चीनी प्रीमियर ली चियांग शामिल हो रहे हैं. वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस सम्मेलन में शिरकत नहीं कर रहे हैं.

    शी जिनपिंग के न आने को लेकर आधिकारिक रूप से अब तक कुछ नहीं कहा गया है. हालांकि दोनों देश बीते कुछ वक्त से सीमा विवाद में उलझे हैं.

    सम्मेलन के शुरू होने से पहले शुक्रवार शाम को भारत के जी-20 अधिकारियों ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि दो दिन के बाद जो घोषणापत्र जारी होना है, उसका मसौदा लगभग तैयार है, उन्हें उम्मीद है कि सभी की सहमति के साथ एक साझा बयान जारी किया जा सकेगा.

    इससे पहले भारत की अध्यक्षता में जी-20 की कई ग्रुप मीटिंग्स हुई हैं उनमें साझा बयान के लिए रूस यूक्रेन युद्ध को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी.

    वहीं मोदी ने एक बार फिर दोहराया है कि उन्हें उम्मीद है कि ये सम्मेलन मानव केंद्रित और समावेशी विकास के लिए नई राह खोलेगा.

    आज का कार्यक्रम

    दिल्ली के प्रगति मैदान में बने भारत मंडपम में कार्यक्रम सवेरे 9.30 बजे से शुरू होगा, जहां विदेश से आए नेता पहुंचेंगे.

    पहला सेशन 'वन अर्थ' पर होगा जिसके बाद कई द्विपक्षीय वार्ताएं होनी हैं.

    इसके बाद 'वन फैमिली' शीर्षक का दूसरा सेशन होगा.

    आज ब्रिटेन, इटली, जापान और जर्मनी के राष्ट्राध्यक्षों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय वार्ता होगी.

    शाम के सात बजे के बाद रात्रिभोज के लिए सभी नेता एक बार फिर एकजुट होंगे.

    इससे पहले बीते कल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई जिसके बाद दोनों की तरफ से एक साझा बयान भी जारी किया गया.

    • इस बयान में भारत को संयुक्त राष्ट्र में स्थायी सदस्य बनाने के लिए अमेरिका ने समर्थन दोहराया. साथ ही कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 2028-29 में भारत के लिए अस्थायी सीट का अमेरिका समर्थन करता है.
    • इंडो-पैसेफ़िक क्षेत्र को स्वतंत्र रखने के लिए क्वाड की अहमियत पर सहमति दी.
    • बाइडन ने चंद्रयान 3 और आदित्य एल 1 मिशन के लिए भारत को बधाई दी, साथ ही इसरो और नासा के बीच सहयोग बढ़ाने पर ज़ोर दिया.
    • दोनों के बीच सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को और बेहतर करने पर भी हुई बात. इस क्षेत्र में अमेरिका भारत में कुल 700 मिलियन डॉलर का निवेश करेगा.
    • भारत अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को जारी रखने पर दोनों नेताओं ने सहमति जताई. क्वांटम कंप्यूटर के क्षेत्र में भी आने वाले वक्त में साथ मिलकर काम कने के लेकर दोनों में सहमति बनी है.
  6. ब्रेकिंग न्यूज़, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू गिरफ़्तार

    तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को शनिवार के तड़के नंदयाल ज़िले में पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया.

    नायडू को स्किल डिवेलपमेंट मामले में गिरफ़्तार किया गया है. आरके फ़ंक्शन हॉल में नायडू कैंप किए हुए थे जहां पर नंयदाल रेंज के डीआईजी रघुरामी रेड्डी और सीआईडी की टीम का भारी दल पहुंचा.

    तड़के 3 बजे सुरक्षाबल उन्हें हिरासत में लेने पहुंचा. उस समय नायडू अपने समर्थकों के साथ आराम कर रहे थे.

    उन्हें हिरासत में लेने का टीडीपी के कार्यकर्ताओं के अलावा एसपीजी के सुरक्षा गार्डों ने भी विरोध किया क्योंकि नियम के तहत सुबह साढ़े पांच बजे तक उनसे कोई नहीं मिल सकता था.

    आख़िरकार सुबह 6 बजे नायडू को उनके वाहन से निकालकर उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.

    डीआईजी ने उन्हें बताया कि उन्हें एपी स्किल डिवेलपमेंट कॉर्पोरेशन घोटाले में गिरफ़्तार किया जा रहा है जिसमें वो अभियुक्त नंबर वन हैं. इसके बाद उन्हें नोटिस थमा दिया गया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार चंद्रबाबू नायडू के वकील ने कहा है कि उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज़ का पता लगने के बाद सीआईडी सबसे पहले उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए लेकर गई है. हम उनकी ज़मानत के लिए हाई कोर्ट का रुख़ कर रहे हैं.

  7. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    08 सितंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.