उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह और बीजेपी के दारा सिंह चौहान के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है.
कुल 34 में से अभी 7 राउंड की ही गिनती हुई है, जिसमें सपा उम्मीदवार 25 हजार 496 वोटों के साथ पहले नंबर पर चल रहे हैं, वहीं बीजेपी के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान 18 हजार 311 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं.
कुल दस उम्मीदवार घोसी विधानसभा सीट पर मैदान में हैं, जहां मंगलवार को वोट डाले गए थे. मऊ जिले में पड़ने वाली इस विधानसभा सीट पर वोट प्रतिशत 50.77 रहा था.
दिलचस्प बात यह है कि साल 2022 के विधानसभा चुनावों में घोसी विधानसभा सीट पर दारा सिंह चौहान ने समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव जीता था, लेकिन जल्द ही वे सपा छोड़ बीजेपी में आ गए, जिसके बाद उनकी सीट खाली हो गई.
तब उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार राजभर को करीब 22 हजार वोटों से हराया था, लेकिन अब वे खुद सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह से पीछे चल रहे हैं.
इस बार दारा सिंह चौहान का साथ एनडीए गठबंधन के अपना दल, निषाद पार्टी और राजभर की सुहेलदेव समाज पार्टी दे रही है.
दूसरी तरफ एनडीए के सामने इंडिया गठबंधन की पार्टियों ने सुधाकर सिंह को अपना समर्थन दिया है, जिसमें कांग्रेस, सीपीएम, सीपीआई, आरएलडी, आप, सीपीआई-एमएल लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी शामिल है.