भारत के सूर्य मिशन आदित्य-एल1 ने अंतरिक्ष से भेजी पहली सेल्फ़ी

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने देश के सूर्य मिशन की तस्वीरें साझा की हैं.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अनंत प्रकाश

  1. उ​दयनिधि स्टालिन के लिए इनाम का एलान करने वाले अयोध्या के संत के ख़िलाफ़ मामला दर्ज

    उदयनिधि स्टालिन

    इमेज स्रोत, FACEBOOK/UDHAYANIDHI STALIN

    तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के विवादास्पद बयान के बाद अयोध्या के एक संत ने उनका सिर काटकर लाने वाले को 10 करोड़ रुपए इनाम देने का एलान किया था.

    इसके कारण तमिलनाडु में अयोध्या के संत परमहंस आचार्य के ख़िलाफ़ एक मामला दर्ज किया गया है.

    एएनआई के अनुसार, मदुरै में डीएमके लीगल विंग के समन्वयक जे देवसेनन ने मीडिया को बताया कि इस शिकायत के आधार पर सिटी क्राइम ब्रांच ने एक केस दर्ज कर लिया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    शिकायतकर्ता का दावा है कि संत के बयान से तमिलनाडु में सद्भाव पर प्रभाव पड़ा है.

    इससे पहले तमिलनाडु के तमिलनाडु के मंत्री और मुख्यमंत्री स्टालिन के पुत्र उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म का विरोध करते हुए इसका 'समूल नाश' करने का संकल्प जताया था.

    उनके इस बयान की पूरे देश में आलोचना हो रही है.

  2. आरक्षण जारी रखने के बारे में बोले मोहन भागवत, जानिए क्या कहा

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, ANI

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि जब तक समाज में ग़ैर-बराबरी है, तब तक आरक्षण की व्यवस्था जारी रहनी चाहिए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भागवत ने कहा कि समाज में ग़ैर-बराबरी अदृश्य रूप में ही सही लेकिन अब भी मौजूद है.

    उन्होंने कहा, "हमने अपने ही साथ के इंसानों को सामाजिक व्यवस्था में पीछे रखा. हमने इसकी परवाह नहीं की और यह 2000 सालों तक चलता रहा. हम जब तक उन्हें समानता नहीं देते, तब तक कुछ विशेष उपाय करने होंगे, आरक्षण उनमें से एक है.''

    मोहन भागवत ने कहा, ''इस तरह का भेदभाव होने तक आरक्षण जारी रहना चाहिए. आरएसएस संविधान में दिए गए आरक्षण को पूरा समर्थन देता है.''

  3. दिल्ली मेट्रो आठ से 10 सितंबर तक सुबह चार बजे से ही चलेगी

    दिल्ली मेट्रो

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया है कि जी-20 सम्मेलन के दौरान उसकी सेवाएं तीन दिनों (आठ से 10 सितंबर) तक सुबह चार बजे से ही शुरू हो जाएगी.

    हालांकि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन एक अपवाद होगा,जहां यात्रियों को किसी भी मेट्रो ट्रेन में चढ़ने या उतरने की अनुमति नहीं होगी.

    मालूम हो कि जी-20 नेताओं का शिखर सम्मेलन शनिवार और रविवार को प्रगति मैदान में नए बने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र और भारत मंडपम में आयोजित किएं जाएंगे.

    मेट्रो की ट्रेन सुबह 6 बजे तक हर 30 मिनट के अंतराल में चलेंगी. उसके बाद रात 11 बजे तक मेट्रो की ट्रेनें अपने तय शेड्यूल के अनुसार चलेंगी.

    दिल्ली मेट्रो के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि जी-20 प्रतिनिधियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के 'ज़रूरी' इनपुट मिलने तक मेट्रो के सभी स्टेशन खुले रहेंगे.

    दिल्ली मेट्रो

    इमेज स्रोत, ANI

    पार्किंग प्रतिबंध

    डीएमआरसी ने बताया है कि सुप्रीम कोर्ट, पटेल चौक और आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा शुक्रवार सुबह चार बजे से लेकर सोमवार दोपहर तक बंद रहेगी.

    इस बीच दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे शुक्रवार से रविवार के बीच इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर न जाएं, क्योंकि ये क्षेत्र 'नियंत्रित क्षेत्र' में शामिल हैं.

    'ऐप का उपयोग करें'

    गाड़ियों के काफ़िले के आने-जाने के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम से बचने के लिए स्पेशल पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) एसएस यादव ने लोगों को नेविगेशन एप्लिकेशन 'मैपमाइइंडिया' का उपयोग करने की सलाह दी है.

    उन्होंने बताया कि नई दिल्ली ज़िले को छोड़कर नोएडा, गाज़ियाबाद और शहर के बाक़ी हिस्सों से यातायात की आवाजाही पर प्रभाव नहीं पड़ेगा.

  4. जी-20 के पहले इंडोनेशिया पहुंचे पीएम मोदी

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के लिए इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वे विभिन्न नेताओं के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं.

    अपने ट्विटर अकाउंट से किए एक ​ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा, ''जकार्ता पहुंच गया. आसियान से संबंधित बैठकों और एक बेहतर दुनिया बनाने को लेकर विभिन्न नेताओं के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं.''

    जकार्ता पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वहां बसे भारतीय समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    आसियान-भारत और पूर्वी एशिया ​​शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी गुरुवार को भाग लेंगे. उसके बाद वे देर रात तक अपने देश लौट आएंगे.

    अधिकारियों ने बताया है कि पीएम मोदी के अतिव्यस्त कार्यक्रमों के कारण इन दोनों शिखर सम्मेलनों के अलावा कोई द्विपक्षीय बैठक आयोजित नहीं होगी.

  5. नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस ने छोड़ी बीजेपी, सुनाई खरी खोटी

    चंद्र कुमार बोस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चंद्र कुमार बोस

    नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते और भारतीय जनता पार्टी की बंगाल इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष चंद्र कुमार बोस ने बुधवार को पार्टी छोड़ने का एलान किया है.

    उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेजे अपने इस्तीफ़े को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी संलग्न किया है.

    उन्होंने अपने बयान में कहा है कि उनका यह फ़ैसला 'दूर न किए जाने वाले वैचारिक मतभेद' के आधार पर लिया गया है.

    चंद्र कुमार बोस ने अपने बयान में कहा, “मैं श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और व्यापक विकास कार्यक्रम से प्रेरित होकर 2016 में बीजेपी में शामिल हुआ था. तब मेरी चर्चा बोस बंधुओं की समावेशी विचारधारा पर केंद्रित थी. उस समय और बाद में मेरी समझ ये रही कि मैं इस विचारधारा को बीजेपी के पलेटफॉर्म पर पूरे देश में प्रचारित करूंगा.''

    चंद्र कुमार बोस ने लिखा, ''धर्म, जाति और संप्रदाय के बावजूद सभी समुदायों को भारतीय के रूप में एकजुट करने की नेता जी की विचारधारा का प्रचार करने के प्राथमिक उद्देश्य के साथ बीजेपी के ढांचे के भीतर एक 'आज़ाद हिंद मोर्चा' बनाने का भी निर्णय लिया गया. मेरे अनुसार यह हमारे देश को एकजुट रखने और सभी समुदायों की समावेशी प्रगति के लिए आवश्यक है.''

    बोस ने कहा, “पश्चिम बंगाल में प्रशंसा के योग्य इन उद्देश्यों को हासिल करने के मेरे उत्साहजनक प्रचार प्रयासों को केंद्र या राज्य स्तर पर बीजेपी से कोई समर्थन नहीं मिला.

    मैंने बंगाल के लोगों तक पहुंचने के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव रखा था. लेकिन मेरे प्रस्ताव नजरअंदाज़ कर दिए गए. ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण हालात को देखते हुए, मेरे लिए बीजेपी के सदस्य के रूप में बने रहना असंभव हो गया है.''

  6. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    06 सितंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.