You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अखंड भारत कब बनेगा, मोहन भागवत ने दिया इस सवाल का जवाब

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख नेता मोहन भागवत से बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान पूछा गया कि भारत एक देश के रूप में 'अखंड भारत' कब बनेगा.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अनंत प्रकाश

  1. 'इंडिया बनाम भारत' की बहस पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिया ये जवाब

    जी-20 के निमंत्रण पत्र में इंडिया की जगह भारत लिखे जाने पर छिड़े विवाद को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जवाब दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में विदेश मंत्री ने कहा है कि ये हमारे संविधान में पहले से ही मौजूद है.

    एस. जयशंकर ने कहा, "इंडिया, दैट इज़ भारत... ये हमारे संविधान में है. मैं सबको कहना चाहूंगा कि ये पढ़ें. जब आप भारत कहते हैं, तो इसके साथ एक अर्थ होता है जो हमारे संविधान में भी प्रतिबिंबित होता है."

    कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को जी-20 के डिनर इनवाइट पर राष्ट्रपति ऑफ़ भारत लिखे होने का दावा किया था. इसके बाद से विपक्षी पार्टियां बीजेपी पर हमलावर हैं.

    विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम भी 'इंडिया' है. इन पार्टियों का कहना है कि इंडिया गठबंधन से डरकर ही राष्ट्रपति ऑफ़ भारत का इस्तेमाल किया जा रहा है.

  2. एशिया कप मुक़ाबला: श्रीलंका ने जीता मैच लेकिन अफ़ग़ानिस्तान के राशिद ख़ान की चर्चा तेज़

    एशिया कप के ग्रुप स्टेज में मंगलवार को रोमांचक मुक़ाबला देखने को मिला. श्रीलंका ने अफ़ग़ानिस्तान को इस मैच में दो रनों से हरा दिया लेकिन इसके बावजूद सोशल मीडिया पर अफ़ग़ानिस्तान और ख़ासकर उनके खिलाड़ी राशिद ख़ान की ख़ूब तारीफ़ हो रही है.

    श्रीलंका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अफ़ग़ानिस्तान के सामने 292 रनों का लक्ष्य रखा था.

    इसके जवाब में अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने 37.4 ओवर में 289 रन बना दिए. लेकिन टीम यहीं ऑल आउट हो गई और एशिया कप में भी उसका सफ़र ख़त्म हो गया.

    अफ़ग़ानिस्तान को सुपर-4 में पहुंचने के लिए 37.1 ओवर में 292 रनों का लक्ष्य हासिल करना था.

    टीम के स्टार खिलाड़ी राशिद ख़ान 16 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाकर दूसरे छोर पर खड़े रहे लेकिन लगातार गिरते विकेट की वजह से मैच नहीं बचा सके.

    हार के बाद राशिद ख़ान मैदान पर ही बल्ले में सिर टिकाकर मायूस बैठ गए.

    अब सोशल मीडिया पर उनकी और अफ़ग़ानिस्तान के खेल की ख़ूब तारीफ़ हो रही है.

    एक यूज़र ने लिखा, "श्रीलंका ने अफ़ग़ानिस्तान को सिर्फ़ दो रन से हराया! इतिहास के सबसे बेहतर मुक़ाबलों में से एक- अफ़ग़ानिस्तान को इनके प्रयासों पर गर्व होना चाहिए. क्वॉलिफ़ाई करने के लिए खिलाड़ियों ने अपनी जी-जान लगा दी. राशिद ख़ान और नबी के लिए हमदर्दी है."

    एक अन्य यूज़र ने लिखा, "अफ़ग़ानिस्तान मैच हार गया लेकिन इस शख़्स (राशिद ख़ान) ने आज अरबों लोगों का दिल जीता."

  3. गाज़ियाबाद में डर के मारे बच्चे ने छिपाई कुत्ते के काटने की बात, एक महीने बाद मौत

    उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद में एक 14 साल के बच्चे की कुत्ते के काटने की वजह से मौत हो गई. इस बच्चे को करीब एक महीने पहले कुत्ते ने काटा था लेकिन डर की वजह से बच्चे ने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी नहीं दी थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया है कि आठवीं क्लास में पढ़ने वाले शाहवाज़ ने सोमवार शाम दम तोड़ दिया.

    इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफ़ी वायरल हो रहा है.

    पुलिस के अनुसार, शहवाज़ विजय नगर पुलिस थाने इलाक़े में पड़ने वाला चरण सिंह कॉलोनी का रहने वाला था. शहवाज़ को एक-डेढ़ महीने पहले पड़ोसी के कुत्ते ने काटा था लेकिन उन्होंने ये बात डर के मारे अपने मां-बाप से छिपाई.

    इसके बाद उन्हें रेबीज़ हुआ और एक सितंबर को वह असामान्य व्यवहार करने लगे. जब परिवार ने सवाल किया तो शहवाज़ ने बताया कि उन्हें पड़ोसी के कुत्ते ने काटा था.

    शहवाज़ को परिवार दिल्ली के सरकारी अस्पताल इलाज के लिए ले गया लेकिन उन्हें वहां भर्ती नहीं किया गया. परिवार ने पुलिस को बताया कि आख़िर में शहवाज़ को आयुर्वेदिक इलाज के लिए बुलंदशहर ले जाया गया.

    लेकिन बुलंदशहर से वापस गाज़ियाबाद लौटते हुए बच्चे ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया.

    कोतवाली ज़ोन के एसीपी निमिश पाटिल ने कहा कि इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और कुत्ते के मालिक के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.

  4. भारत जोड़ो के नाम पर यात्रा करने वालों को भारत माता की जय से नफ़रत क्यों: जेपी नड्डा

    भारत बनाम इंडिया की बहस के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है.

    जेपी नड्डा ने एक ट्वीट में सवाल किया है कि भारत जोड़ो के नाम पर राजनीतिक यात्रा करने वालों को 'भारत माता की जय' के उद्घोष से नफ़रत क्यों है?

    राहुल गांधी ने पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो' पदयात्रा की थी.

    दरअसल, कांग्रेस ने मंगलवार को जी-20 सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति की ओर से दिए जाने वाले डिनर के न्योते का स्क्रीनशॉट शेयर किया. इसपर 'प्रेसीडेंट ऑफ़ इंडिया' की जगह 'प्रेसीडेंट ऑफ़ भारत' लिखा था.

    इसके बाद से ही विपक्षी पार्टियां केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमलावर हैं. इनका आरोप है कि विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' से डरकर अब भारत शब्द का इस्तेमाल किया जा रहा है.

    बीजेपी चीफ़ नड्डा ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए लिखा, "कांग्रेस को देश के सम्मान एवं गौरव से जुड़े हर विषय से इतनी आपत्ति क्यों है? भारत जोड़ो के नाम पर राजनीतिक यात्रा करने वालों को 'भारत माता की जय' उद्घोष से नफ़रत क्यों है?"

    उन्होंने कहा, "स्पष्ट है कि कांग्रेस के मन में न देश के प्रति सम्मान है, न देश के संविधान के प्रति और न ही संवैधानिक संस्थाओं के प्रति. उसे तो बस एक विशेष परिवार के गुणगान से मतलब है. कांग्रेस की देश विरोधी एवं संविधान विरोधी मंशा को पूरा देश भलीभांति जानता है."

  5. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    05 सितंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.