लखनऊ: केंद्रीय राज्य मंत्री के बेटे के घर गोली चलने से एक की मौत, पुलिस क्या बोली?
- Author, अमन द्विवेदी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के दुबग्गा स्थित घर पर उनके दोस्त विनय श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई है.
घटना शुक्रवार सुबह 2 से 3 बजे की बताई जा रही है.
विनय श्रीवास्तव के भाई विकास श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है, "ये सोची समझी साजिश है और मेरे भाई की हत्या की गई है."
पुलिस के मुताबिक़, जिस पिस्तौल से गोली चली वो मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर की बताई जा रही है.
इस बीच केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का बयान आया है कि घटना के समय उनके बेटे विकास किशोर दिल्ली में थे और उन्होंने खुद घटना की सूचना पुलिस को दी.
लेकिन मृतक के भाई ने सवाल उठाते हुए कहा, "अगर विकास किशोर घर से बाहर थे तो उनकी पिस्तौल जो हमेशा उनके साथ रहती थी वो घर पर क्यों छोड़ गए थे? उनको पिस्तौल भी लेकर जाना चाहिए था." अपने भाई की हत्या को वो बार-बार सोची समझी साज़िश बता रहे हैं.
पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में मृतक के भाई ने तीन लोगों अजय रावत, अंकित वर्मा, शमीम बाबा के इस आवास में रहने और उनके साथ अपने भाई के झगड़ा होने के बाद रात में गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई है.
लखनऊ के डीसीपी राहुल राज ने बताया, "विनय श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हुई है. सिर पर चोट के निशान हैं. बाकी घर में साथ में 6 लोग आए थे. साथ में खाना वगैरह खाए. उसके बाद में गोली चलने की घटना हुई. बरामद पिस्तौल विकास किशोर की बताई जा रही है. सारी छानबीन की जा रही है. फॉरेंसिक टीम हम लोगों ने लगाई है."
कांग्रेस ने इस मामले पर ट्वीट कर पीएम मोदी पर निशाना साधा है.
कांग्रेस ने आधिकारिक हैंडल से लिखा, ''पिछले दिनों आपने देखा था पीएम मोदी के एक मंत्री के बेटे ने किसानों पर थार चलाई थी. अब दूसरे मंत्री के घर में हत्या हो रही है. पीएम मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में चुन-चुनकर नगीने शामिल किए हैं.''