चंद्रयान-3: इसरो ने बताया, चांद पर क्या-क्या मिला

इसरो के अनुसार चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सल्फर, ऑक्सीजन समेत कई पदार्थों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and अनुराग कुमार

  1. यूपी: प्रयागराज में 10वीं क्लास के छात्र की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने क्या बताया?

      • Author, अमन द्विवेदी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
    प्रयागराज में छात्र के परिजनों का विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Manvendra Singh

    इमेज कैप्शन, प्रयागराज में छात्र के परिजनों का विरोध प्रदर्शन

    उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 10वीं क्लास के छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है.

    इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.

    मौक़े पर पुलिस कमिश्नर समेत दूसरे अधिकारी पहुंचे और हालात को क़ाबू करने की कोशिश की.

    पुलिस ने मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    क्या है मामला?

    घटना प्रयागराज के खीरी इलाक़े की है.

    आरोप है कि जिस छात्र की हत्या की गई, उसका स्कूल में दूसरे समुदाय के छात्रों से विवाद हुआ था.

    विवाद को स्कूल टीचर ने सुलझाने की कोशिश की थी लेकिन जब शाम को छुट्टी के बाद छात्र अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूल से लौट रहा था, तब कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया.

    आरोप है कि इन युवकों ने छात्र की चचेरी बहन से छेड़खानी की और विरोध करने पर छात्र की पिटाई की.

    पुलिस ने छेड़खानी की घटना से इंकार किया है.

    एडिशनल एसपी संतोष कुमार मीणा ने मीडिया को बताया, "परमानंद स्मारक इंटर कॉलेज में बच्चों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था, जिसको टीचर्स ने शांत करवाया. स्कूल से छूटने के बाद बच्चों में झगड़ा हुआ, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई.''

    मीणा बताते हैं, ''परिजनों की दी तहरीर में मुक़दमा पंजीकृत किया गया है. तीन लोगों के हिरासत में लिया गया है और जो धरना प्रदर्शन चल रहा था उसको समाप्त कराया गया है."

  2. 'इंडिया' गठबंधन की मुंबई बैठक के बारे में संजय राउत ने क्या बताया?

    संजय राउत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के नेता संजय राउत ने 'इंडिया' गठबंधन की मुंबई में होने वाली बैठक के बारे में मंगलवार सुबह जानकारी दी है.

    'इंडिया' गठबंधन की बैठक 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होनी है.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने कहा, ''देखिए मुंबई में 'इंडिया' की बहुत महत्वपूर्ण बैठक है, जहां हमारी सरकार नहीं है. सरकार हमारी जिस प्रकार से तोड़ दी गई है, पार्टी को तोड़ा है, एनसीपी को तोड़ा है, शिवसेना को तोड़ा है. इस भूमि पर हम ये बैठक करने जा रहे हैं.''

    संजय राउत बोले,''मीटिंग होगी. सभी नेतागण आएंगे. राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव आ रहे हैं. बैठक में नीतीश कुमार, डॉ अब्दुल्लाह जी, केजरीवाल, स्टालिन, ममता बनर्जी आ रही हैं. हेमंत सोरेन आ रहे हैं. कौन चाहिए आपको? आप नाम ले लो, वो सब आ रहे हैं. बैठक में उद्धव ठाकरे, शरद पवार आएंगे.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    बीजेपी शासित राज्यों में बैठक करने से कोई बग लगाया गया और आपकी बैठक की जानकारियां लीक हो सकती हैं?

    प्रेस वार्ता में पूछे गए इस सवाल के जवाब में संजय राउत ने कहा, ''बग लगा दो या बम लगा दो. हम डरने वाले नहीं हैं.''

    बीजेपी के ख़िलाफ़ विपक्षी दलों के गठबंधन को पार्टियों ने 'इंडिया' नाम दिया था. इस गठबंधन के तहत 26 राजनीतिक दल साथ आए हैं.

    इस गठबंधन की पहली बैठक पटना और दूसरी बैठक बेंगलुरु में हुई थी.

    इसी क्रम में तीसरी बैठक मुंबई में होनी है.

    'इंडिया' गठबंधन की बेंगलुरु में बैठक के दिन ही एनडीए गठबंधन की भी बैठक हुई थी. बीजेपी नेताओं ने बताया था कि एनडीए गठबंधन की बैठक में 38 दल शामिल हुए थे.

  3. पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग की कमान गीतिका श्रीवास्तव को मिली, जानिए इनकी शख़्सियत

    आईएफएस अधिकारी गीतिका श्रीवास्तव

    इमेज स्रोत, Twitter/IndiaFoundation

    इमेज कैप्शन, आईएफएस अधिकारी गीतिका श्रीवास्तव

    आईएफएस अधिकारी गीतिका श्रीवास्तव पाकिस्तान में भारत के उच्चायोग की ज़िम्मेदारी संभालेंगी.

    ये पहली बार होगा, जब पाकिस्तान में कोई महिला भारत के उच्चायोग की ज़िम्मेदारी संभालेंगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, गीतिका श्रीवास्तव फिलहाल विदेश मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी हैं.

    गीतिका पाकिस्तान में सुरेश कुमार की जगह लेंगी.

    गीतिका 2005 बैच की भारतीय विदेश सेवा यानी आईएफएस अधिकारी हैं.

    फिलहाल वो विदेश मंत्रालय के इंडो पैसेफिक डिविजन में जॉइंट सेक्रेटरी हैं.

    इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, गीतिका को मंदारिन भाषा आती है. वो चीन में भारतीय दूतावास में 2007-2009 तक थीं.

    गीतिका कुछ वक़्त के लिए कोलकाता के पासपोर्ट ऑफिस में भी रही थीं.

    इंडियन एक्सप्रेस अपनी रिपोर्ट में लिखता है कि साल 1947 से भारत पाकिस्तान उच्चायोग की ज़िम्मेदारी संभालने के लिए पुरुष डिप्लोमैट्स को ही भेजता रहा है.

    पाकिस्तान में भारत के अंतिम उच्चायुक्त अजय बिसरिया थे. 2019 में कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद पाकिस्तान और भारत के कूटनीतिक संबंधों में दूरियां आई थीं.

    दोनों देशों में उच्चायुक्त पदों पर कोई उच्चायुक्त नहीं हैं. तब ले उच्चायोग की ज़िम्मेदारी जॉइंट सेक्रेटरी रैंक के अधिकारी संभाल रहे हैं.

    भारत महिला अधिकारियों को पाकिस्तान उच्चायुक्त भेजता रहा है, पर पहली बार है जब शीर्ष ज़िम्मेदारी संभालने के लिए किसी महिला को भेजा गया है

  4. चीन ने नए नक़्शे में अरुणाचल प्रदेश को अपना बताया, सुब्रमण्यम स्वामी का मोदी सरकार पर तीखा तंज़

    शी जिनपिंग और नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन ने सोमवार को नया नक़्शा जारी किया है. इसे वह ''स्टैंडर्ड मैप'' कह रहा है.

    इस नक़्शे में अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चिन को एक बार फिर चीन का हिस्सा बताया गया है.

    चीन के इस नक़्शे में दक्षिणी चीन सागर, ताइवान को भी चीन का हिस्सा बताया गया है. चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना का मुखपत्र माने जाने वाला अंग्रेज़ी दैनिक ग्लोबल टाइम्स ने इस नक़्शे को साझा करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, ''चीन का 2023 का स्टैंडर्ड मैप सोमवार को जारी हुआ है. ये मैप प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय की वेबसाइट पर लॉन्च किया गया है. ये नक़्शा चीन और दुनिया के दूसरे देशों के ड्रॉइंग मैथड के आधार पर बनाया गया है.''

    सुब्रमण्यम स्वामी

    चीन के इस नए नक़्शे पर बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने तंज़ भऱी प्रतिक्रिया दी है.

    सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा, ''मोदी से कहिए कि अगर वो भारत माता की किसी मजबूरी की वजह से रक्षा नहीं कर सकते तो कम से कम पद छोड़िए और मार्गदर्शक मंडल में जाइए. झूठ से हिन्दुस्तान की रक्षा नहीं की जा सकती. भारत एक और नेहरू झेल नहीं पाएगा.''

    ये नक़्शा ऐसे वक़्त में जारी हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाक़ात हुई थी.

    दोनों देशों के नेताओं ने सीमा विवाद पर भी बात की थी.

    इससे पहले अप्रैल 2023 में चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश के 11 स्थानों के नाम बदलने को मंज़ूरी दी थी.

    चीन, अरुणाचल प्रदेश में 90 हज़ार वर्ग किलोमीटर ज़मीन पर अपना दावा करता है जबकि भारत कहता है कि चीन ने पश्चिम में अक्साई चिन के 38 हज़ार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर अवैध रूप से क़ब्ज़ा कर रखा है.

    भारत चीन सीमा विवाद: ख़ास बातें

    भारत और चीन विवाद समझिए
  5. ममता बनर्जी बोलीं- अगर 2024 में बीजेपी सत्ता में लौटी तो...

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, FB/MAMATA

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दावा किया कि बीजेपी शायद दिसंबर में लोकसभा चुनाव करवा सकती है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ममता ने दावा किया कि बीजेपी ने चुनाव प्रचार के लिए सभी हेलिकॉप्टर्स बुक कर लिए हैं.

    ममता बनर्जी ने कहा, ''अगर बीजेपी सत्ता में तीसरी बार आई तो देश को निरंकुश शासन का सामना करना होगा. मुझे डर है कि बीजेपी दिसंबर या जनवरी में लोकसभा चुनाव करवा सकती है.''

    आरोप लगाते हुए ममता ने कहा, ''बीजेपी ने पहले से ही देश में समुदायों के बीच नफ़रत फैलाई है. अगर वो सत्ता में फिर लौटी तो वो इस देश को नफरत का देश बना देगी.''

    साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं.

    ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं. इस गठबंधन की अगली बैठक मुंबई में होनी है.

  6. मुज़फ़्फ़रनगर वीडियो: ओवैसी बोले- बच्चा सो नहीं पा रहा है, टीचर को गिरफ़्तार क्यों नहीं किया?

    ओवैसी

    इमेज स्रोत, AIMIM

    उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर में छात्र के वायरल वीडियो मामले में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने फिर सवाल उठाए हैं.

    ओवैसी ने कहा, ''टीचर को समझ नहीं आ रहा कि उन्होंने मासूम बच्चों के ज़रिए ज़हर बोया है.''

    आरोप लगाते हुए ओवैसी ने कहा, ''टीचर बैठकर बच्चों से कह रही हैं कि मोमडन (मुस्लिम) बच्चों को मारो. वो कह रही हैं कि हल्का क्यों मारा, ज़ोर से मारो. आप टीचर हैं और आप वहां बैठकर बच्चों को हिंदू मुसलमान बता रही हैं.''

    ओवैसी सवाल उठाते हैं कि टीचर को अब तक गिरफ़्तार क्यों नहीं किया गया है?

    ओवैसी बोलते हैं, ''ये क्या तमाशा है कि बुलाकर बच्चों को गले मिलवाया जा रहा है. आज मैंने देखा कि वो बच्चा कह रहा है कि रातों को नींद नहीं आ रही है. आप मासूम बच्चे की यादों को बर्बाद कर रहे हैं.''

    ओवैसी बताते हैं, ''मैंने उस बच्चे के बाप से बात की है. वो बता रहे हैं कि उनसे कहा गया कि गांव में माहौल ख़राब हो जाएगा. एक बाप अपने बच्चे की इज़्ज़त की लड़ाई नहीं लड़ सकता? इससे माहौल ख़राब हो जाएगा?''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    शुक्रवार की रात से मुज़फ़्फ़रनगर के एक निजी स्कूल की क्लास का वीडियो वायरल हुआ था.

    इस वीडियो में टीचर तृप्ता त्यागी के कहने पर एक छात्र को दूसरे छात्र गाल और पीठ पर थप्पड़ लगाते हुए देखे जा सकते हैं.

    इस दौरान तृप्ता ये भी कहती सुनी जा सकती हैं- ''मैंने डिक्लेयर कर दिया है. जितनी भी मोमडन(मुस्लिम) मांएं हैं, वो मायके जाएं तो बच्चों को छोड़कर जाएं.''

    ये सुनकर वहां वीडियो बना रहे शख्स कहते हैं- हां बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो जाता है.

    ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल रहा और लोगों का कहना है कि बच्चे को मुस्लिम होने की वजह से पीटा गया.

    इस मामले में पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज कर ली थी.

    तृप्ता त्यागी ने बीबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा था- ''ये मामला हिंदू-मुसलमान का नहीं है और वीडियो को ग़लत तरीके से पेश किया जा रहा है.''

  7. 'गुजराती ठग' बयान पर तेजस्वी यादव को गुजरात की अदालत ने भेजा समन, जानिए पूरा मामला

    बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, FB/TEJASWI YADAV

    इमेज कैप्शन, बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव

    बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को अहमदाबाद के मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने सोमवार को समन जारी किया है.

    ये समन आपराधिक मानहानि से जुड़े केस में है.

    ये केस तेजस्वी यादव के उस बयान के ख़िलाफ़ दर्ज हुआ है, जिसमें तेजस्वी ने 'गुजराती के ठग होने' की बात कही थी.

    21 मार्च 2023 में मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा था, ''दो ठग हैं न. जो ठग हैं. ठगी को अनुमति जो है आज के, देश के हालात में देखा जाए तो सिर्फ़ गुजराती ही ठग हो सकते हैं और उनके ठग को माफ़ किया जाएगा.''

    तेजस्वी यादव ने कहा था- ''एलआईसी, बैंक का पैसे दे दो. ये पैसा लेकर वो लोग भाग जाएगा तो कौन ज़िम्मेदार होगा. या ये भाजपाई भाग जाएं तो क्या होगा. आप लोग तो जान ही रहे हैं कितने लोग हैं इनके दोस्त, जो भ्रष्टाचार कर रहे हैं. पर इनका तोता तो पिंजरा से बाहर नहीं निकलता है.''

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एडिशनल मेट्रोपोलिटन मैजिस्ट्रेट डीजे परमार ने 22 सितंबर को तेजस्वी को पेश होने के लिए कहा है.

    तेजस्वी यादव पर आईपीसी की धारा 499, 500 के तहत केस दर्ज किया गया है.

    ये केस 69 साल के सामाजिक कार्यकर्ता और कारोबारी हरेश मेहता की शिकायत पर दर्ज हुआ है.

    मेहता ने अपनी शिकायत में कहा कि तेजस्वी के सार्वजनिक बयान गुजरातियों का अपमान हुआ है.

    इसी साल गुजरात के सूरत की एक अदालत ने राहुल गांधी को भी आपराधिक मानहानि केस में दो साल की सज़ा सुनाई थी.

    इसके बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता चली गई थी और सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद राहुल की सांसदी फिर से बहाल की गई थी.

    राहुल गांधी पर ये केस मोदी सरनेम मामले में बीजेपी विधायक पूर्णेश मोदी ने दर्ज करवाया था.

    अहमदाबाद की ही अदालत ने दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पार्टी नेता संजय सिंह पर भी आपराधिक मानहानि केस में समन भेजा था.

    ये समन पीएम मोदी की डिग्री से जुड़े मामले में की गई टिप्पणी को लेकर भेजा गया था.

    दोनों आप नेताओं को 31 अगस्त को कोर्ट में पेश होना है.

  8. नीरज चोपड़ा की माँ ने पाकिस्तानी खिलाड़ी नदीम को हराने के सवाल पर क्या कहा?

    नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी

    वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाला फेंककर गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा की चर्चा बीते दो दिनों से जारी है.

    नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रविवार को गोल्ड जीतकर इतिहास रचा था.

    नीरज चोपड़ा ने 88.17 मीटर की थ्रो के साथ यह कामयाबी हासिल की. पाकिस्तान के अरशद नदीम 87.82 मीटर की थ्रो के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे.

    ऐसे में जब नीरज चोपड़ा ने गोल्ड जीता तो मीडिया उनके माता-पिता के पास भी पहुँचा.

    नीरज चोपड़ा के पिता सतीश कुमार और माँ सरोज देवी ने बेटे की सफलता पर ख़ुशी जताई. मगर नीरज की माँ का दिया एक जवाब सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है.

    ये सवाल पाकिस्तान के खिलाड़ी नदीम को मुक़ाबले में हराने पर था.

    नीरज चोपड़ा की माँ सरोज देवी से पूछा गया- पाकिस्तान के खिलाड़ी को हराकर विश्व चैंपियन बने हैं, नीरज चोपड़ा और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है.

    इस सवाल के जवाब में सरोज देवी कहती हैं, ''देखो जी, मैदान में जाने वाले सारे खिलाड़ी हैं. सारे खेलने वाले हैं. कोई न कोई तो जीतेगा ही. उसमें पाकिस्तान और हरियाणा की कोई बात नहीं. बड़ी ख़ुशी की बात है. पाकिस्तान वाला जीतता तो उसकी भी बड़ी ख़ुशी थी. नीरज जीता इसकी भी बड़ी ख़ुशी है.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    2018 के एशियाई खेलों के दौरान नीरज चोपड़ा और नदीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 2018 के एशियाई खेलों के दौरान नीरज चोपड़ा और नदीम

    अरशद नदीम ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फ़ाइनल में सिल्वर मेडल जीता. ये पाकिस्तान के लिए वर्ल्ड एथलेटिक्स में पहला मेडल भी है.

    मैच ख़त्म होने का बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा था.

    इसमें देखा जा सकता था कि नीरज चोपड़ा तिरंगे के साथ खड़े हैं और वो तस्वीर खींचे जाते वक़्त नदीम को भी पास बुलाते हैं. दोनों खिलाड़ी मुस्कुराकर साथ खड़े होते हैं और तस्वीर खिंचवाते हैं.

    इससे पहले भी नदीम और नीरज की चर्चा कई बार हो चुकी है.

    ओलंपिक खेलों में नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन की नदीम ने तारीफ़ की थी.

    एक अख़बार में छपे इंटरव्यू में नीरज के हवाले से कहा था कि वो अपना भाला ओलंपिक मैच से पहले खोज रहे थे, पर वो नदीम के पास था. इस ख़बर को भारतीय मीडिया ने जिस तरह से पेश किया, उस पर नीरज ने अफसोस जाहिर किया था.

    नीरज ने एक वीडियो जारी कर कहा था, ''ये बहुत सिंपल सी बात है कि जो हमारा निजी भाला होता है, उसे हम खेल के वक़्त रखते हैं और उसको सभी भाला फेंकने वाले इस्तेमाल कर सकते हैं. ये नियम है. इसमें ऐसा कुछ ग़लत नहीं है. मुझे इस बात का दुख है कि मेरा सहारा लेकर इस बात का इतना बड़ा मुद्दा बना रहे हैं. मैं आप सभी से यही विनती करता हूँ कि ऐसा ना करें. स्पोर्ट्स सभी को मिलकर चलना सिखाता है."

  9. ब्रिटेन में हज़ारों हवाई यात्रियों के सफ़र पर असर, वजह क्या है?

    एयरपोर्ट पर फँसे यात्री

    इमेज स्रोत, EPA

    ब्रिटेन में हज़ारों हवाई यात्रियों को दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है.

    ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी दिक़्क़तों की वजह से हज़ारों यात्रियों की फ्लाइट रद्द हुई हैं और फ्लाइट्स काफ़ी देर से भी चल रही हैं.

    ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल को संभालने वाली नेट्स ने बताया है कि फ्लाइट्स से संबंधित प्लानिंग करने वाला सिस्टम ख़राब हुआ है.

    इस वजह से अब फ्लाइट्स के आने-जाने की प्लानिंग बिना किसी सिस्टम के करनी होगी. यानी जिस स्पीड में कोई काम मशीन किया करती थी, अब वो काम इंसानों को करना पड़ रहा है. लिहाजा इसमें देरी होना तय है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एयर इंडिया ने बताया है कि ब्रिटेन में हुई इस गड़बड़ का एयरलाइन की उड़ानों पर कोई ख़ास असर नहीं होगा और कंपनी हालात पर नज़र बनाए हुए है.

    इस तकनीकी गड़बड़ से लोग ब्रिटेन और विदेशों में फँसे हुए हैं.

    यात्री, ब्रिटेन

    इमेज स्रोत, EPA

    नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विस ने प्लेन लैंड करने वाले विमानों की संख्या सीमित कर दी है.

    एयरपोर्ट और एयरलाइन कंपनियों की ओर से कहा गया है कि भले ही समस्या को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया था पर अब भी देरी का सामना करना पड़ेगा.

    एक यात्री ने बीबीसी को बताया कि उनकी फ्लाइट दोपहर की थी मगर आधी रात बीत जाने के बाद भी वो जा नहीं सकीं.

    ऐसी भी चेतावनी दी जा रही हैं कि यात्रियों को इस दिक़्क़त का सामना कई दिनों तक करना पड़ सकता है.

    लंदन के हिथ्रो एयरपोर्ट ने सोमवार देर रात कहा है कि जिन यात्रियों को मंगलवार को सफ़र करना है वो एयरपोर्ट आने से पहले एयरलाइन कंपनी से संपर्क करें.

    दूसरे एयरपोर्ट्स की ओर से भी यात्रियों को ऐसी ही सलाहें दी गई हैं.

    इस तकनीकी समस्या का असर ब्रिटिश एयरवेज़, वर्जिन एटलांटिक, टीयूआई की फ्लाइट्स पर भी देखने को मिल रहा है.

  10. हिंसा शुरू होने के बाद आज से मणिपुर में शुरू होगा विधानसभा सत्र

    मणिपुर में हिंसा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मणिपुर में मंगलवार से विधानसभा सत्र की शुरुआत हो रही है.

    3 मई को शुरू हुई हिंसा के बाद ये पहली बार है, जब विधानसभा का सत्र मणिपुर में होगा.

    हालांकि इस सत्र में विधायक सवाल नहीं पूछ सकेंगे.

    इस विधानसभा सत्र में सुरक्षा का हवाले देते हुए 10 कुकी विधायकों ने शामिल नहीं होने का फ़ैसला किया है.

    विधानसभा सत्र बुलाए जाने की मांग लंबे वक़्त से की जा रही थी. मगर राज्यपाल की ओर से इस बारे में अधिसूचना नहीं जारी की गई थी, इसी वजह से विधानसभा सत्र नहीं बुलाया गया था.

    नियम कहते हैं कि विधानसभा के दो सत्रों के बीच में छह महीने से ज़्यादा का अंतराल नहीं होना चाहिए.

    इसी वजह से 21 अगस्त को राज्यपाल ने अधिसूचना जारी की थी.

    बीते लगभग चार महीनों में मणिपुर में हुई हिंसा में 160 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है और हज़ारों लोग बेघर हुए हैं.

    मणिपुर में कुकी और मैतई समुदाय के बीच हिंसा को ख़त्म करने का कोशिशें विफल रही हैं.

    मणिपुर के मुद्दे पर संसद के मॉनसूत्र सत्र में भी काफी हंगामा देखने को मिला था.

  11. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    28 अगस्त के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.